टीबी के खिलाफ नवादा का बड़ा अभियान: 135 मरीजों तक पहुँची पोषण किट, जनसेवा की मिसाल बना रोटरी और रेड क्रॉस

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली नई ताकत, डीएम रवि प्रकाश ने वितरित की पोषण किट; रोटरी क्लब और रेड क्रॉस की पहल बनी मरीजों के लिए जीवनदायी सहारा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। “जब समाज और प्रशासन साथ आते हैं, तब सिर्फ किट नहीं बंटती… उम्मीद, पोषण और नई जिंदगी का भरोसा भी मिलता है। नवादा की यह पहल वास्तव में जनसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।” दरअसल, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को नवादा में जनसेवा और सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। रोटरी क्लब ऑफ नवादा एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में समाहरणालय परिसर तथा बाद में सदर अस्पताल में 135 टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक आहार से युक्त पोषण किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने मरीजों को अपने हाथों से पोषण किट देकर किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार चौधरी सहित जिला टीबी उन्मूलन पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा रोटरी और रेड क्रॉस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने कहा कि टीबी अब लाइलाज नहीं, बल्कि पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने मरीजों से नियमित दवा लेने के साथ पौष्टिक भोजन करने की अपील करते हुए कहा कि सही इलाज और पोषण से मरीज जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब सरकारी प्रयासों के साथ समाज की संस्थाएं भी इसी तरह आगे आएंगी। डीएम ने रोटरी क्लब एवं रेड क्रॉस सोसायटी की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

रोटरी क्लब ऑफ नवादा के अध्यक्ष नीरज लोहानी ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि संतुलित और पौष्टिक भोजन से भी जीती जा सकती है। इसी सोच के साथ क्लब जरूरतमंद मरीजों तक पोषण किट पहुंचा रहा है, ताकि उनका स्वास्थ्य तेजी से सुधरे और वे जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार एवं समाज के बीच सामान्य जीवन जी सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रोटरी क्लब भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में ऐसे जनकल्याणकारी अभियान लगातार चलाता रहेगा।

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, नवादा के अध्यक्ष डॉ आर.पी. साहू ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों की सहायता का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से टीबी मुक्त भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सचिव सहित प्रह्लाद कुमार, पंकज झुनझुनवाला, नागेंद्र कुमार नवीन, डॉ. पंकज कुमार सिन्हा, मनोज कुमार, नित्यानंद प्रसाद चौरसिया, अविनाश प्रसाद गुप्ता, शंभु कुमार और पीयूष कुमार उपस्थित रहे। वहीं रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से विनय कुमार सिन्हा, विजय कुमार, सुधीर कुमार और चंद्र मौलेश्वर प्रसाद सहित कई सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में टीबी उन्मूलन अभियान को जनआंदोलन बनाने और जरूरतमंद मरीजों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page