बिहार के गांव से बड़े पर्दे तक: AI समिट में पहुंचे बच्चों की सच्ची कहानी पर बनेगी फिल्म, नवादा में हुआ भव्य मुहूर्त

ओरैना पंचायत के बच्चों की प्रेरक यात्रा अब बनेगी मिसाल, ‘गांव से एआई तक’ दिखाएगी कैसे खेत-खलिहानों से निकलकर तकनीक की दुनिया में पहुंच रहे ग्रामीण युवा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। बिहार के एक छोटे से गांव की बड़ी उड़ान अब बड़े पर्दे पर दिखाई देगी। नवादा की ऐतिहासिक ओरैना पंचायत, जिसने अपने प्रतिभाशाली बच्चों को बिहार एआई समिट 2026 तक पहुंचाकर पूरे राज्य में नई पहचान बनाई, उसकी प्रेरणादायक कहानी अब शॉर्ट फिल्म ‘गांव से एआई तक’ के जरिए देश-दुनिया के सामने आएगी। शनिवार को नगर के अस्पताल रोड स्थित द सेलिब्रेशन होटल में फिल्म का भव्य मुहूर्त संपन्न हुआ, जहां कलाकारों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

फिल्म के निर्देशक एवं बॉलीवुड अभिनेता सागर इंडिया ने कहा कि सच्ची घटनाओं और वास्तविक संघर्षों पर फिल्म बनाना सबसे बड़ी चुनौती होती है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत में छिपी प्रतिभाओं, सपनों और संभावनाओं की जीवंत कहानी है। उन्होंने बताया कि फिल्म में एक ऐसे युवा और उन बच्चों की यात्रा को दिखाया जाएगा, जो गांव के खेतों और सीमित संसाधनों से निकलकर आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ते हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन नवादा नगर परिषद की मुख्य पार्षद पिंकी कुमारी ने किया, जबकि पूर्व मुख्य पार्षद संजय साव उद्घाटनकर्ता के रूप में मौजूद रहे। फिल्म का निर्माण परू एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। इसके निर्माता संजय साव हैं, जबकि बिहार छात्र संसद इस परियोजना की सहयोगी संस्था है। फिल्म की कास्टिंग की जिम्मेदारी काशिका कास्टिंग को सौंपी गई है। फिल्म की कहानी उन ग्रामीण बच्चों की वास्तविक यात्रा पर आधारित है, जिन्होंने संसाधनों की कमी के बावजूद बिहार एआई समिट 2026 में भाग लेकर तकनीकी दुनिया से परिचय प्राप्त किया।

इसमें यह भी दिखाया जाएगा कि किस तरह अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों को इस मंच तक पहुंचाने के लिए सामाजिक प्रयास किए गए और सहयोग जुटाया गया। फिल्म से जुड़े लोगों का मानना है कि ‘गांव से एआई तक’ केवल एक शॉर्ट फिल्म नहीं, बल्कि बदलते भारत की नई तस्वीर है, जहां गांव के बच्चे भी अवसर मिलने पर विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। यह फिल्म युवाओं को सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी। शुभ मुहूर्त समारोह में फिल्म अभिनेत्री अनुराधा पंडित, सौरभ मुग्दल, अविनाश निराला समेत कई कलाकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page