नवादा में मचा हड़कंप, नेपाल जाने वाले गैस टैंकर में मिला शराब का खजाना! माफिया के ‘हाईटेक तस्करी मॉडल’ का पर्दाफाश

केबिन में कपड़ों के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी 262 लीटर विदेशी शराब, चालक गिरफ्तार, अकौना के शराब माफिया पर फिर कसा शिकंजा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

बिहार में शराबबंदी के बीच शराब तस्करों ने अब ऐसा तरीका अपनाया है, जिसने उत्पाद विभाग को भी हैरान कर दिया। पश्चिम बंगाल से नेपाल गैस लेकर जा रहे एक एलपीजी टैंकर को जब नवादा में रोका गया तो उसके केबिन से विदेशी शराब का पूरा जखीरा बरामद हुआ। शराब तस्करों ने गैस टैंकर को ही शराब की तस्करी का सुरक्षित जरिया बना लिया था। हालांकि उत्पाद विभाग की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की रात नेमदारगंज थाना क्षेत्र के पंचगावा के पास नाकेबंदी की गई। रात करीब 10:30 बजे रजौली की ओर से आ रहे एलपीजी गैस टैंकर (NL-01K/1197) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान टैंकर के केबिन में कपड़ों से ढंककर छिपाई गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में रॉयल स्टैग, आइकॉनिक व्हाइट, ऑफिसर च्वाइस एलीट व्हिस्की और हैवर्ड 5000 स्ट्रांग बियर शामिल हैं। कुल 261.920 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। सभी बोतलों पर “For Sale in West Bengal” अंकित पाया गया।

चालक बना तस्कर, पूछताछ में खुला बड़ा राज

शराब बरामद होने के बाद टैंकर चालक सह तस्कर मंतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह नवादा जिले के थाली थाना क्षेत्र के पिपरा गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि शराब की यह खेप नवादा के अकौना निवासी गुड्डू कुमार के लिए लाई जा रही थी और अकौना के पास इसकी डिलीवरी होनी थी।

फिर सामने आया अकौना कनेक्शन

उत्पाद विभाग के अनुसार गुड्डू कुमार का नाम पहले भी शराब तस्करी के मामलों में सामने आ चुका है। इससे पहले 1 दिसंबर 2025 को तीन गैस टैंकरों से 211.50 लीटर और 2 मार्च 2026 को दो गैस टैंकरों से 457.50 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई थी। उन मामलों में भी शराब मंगाने वाले के रूप में इसी व्यक्ति का नाम सामने आया था।

नेपाल जा रहा था गैस टैंकर

जब्त गैस टैंकर के दस्तावेजों की जांच में पता चला कि उसमें दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) से एलपीजी गैस लोड थी, जिसे नेपाल के पोखरा पहुंचाया जाना था। फिलहाल उत्पाद विभाग ने टैंकर को जब्त कर रजौली चेक पोस्ट पर सुरक्षित रखा है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page