HomeBreaking Newsझाड़-फूंक से लेकर अस्पताल तक चली...

झाड़-फूंक से लेकर अस्पताल तक चली जद्दोजहद, आखिर रंजीत की मौत का क्या है सच? पढ़ें पूरी खबर

शादी के छह माह बाद उजड़ गया सुहाग: गर्भवती पत्नी को छोड़ गया 20 वर्षीय युवक, सर्पदंश पर उठे सवाल, प्रशासन ने पोस्टमार्टम और एफआईआर कराने की दी सलाह

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के न्यू सिंगर गांव में 20 वर्षीय युवक रंजीत कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन जहां सर्पदंश की आशंका जता रहे हैं, वहीं प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना ने इसलिए भी लोगों को झकझोर दिया है क्योंकि रंजीत की शादी महज छह माह पहले हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। युवक की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर उसकी मौत के पीछे सर्पदंश था या कोई और वजह।

परिजनों के अनुसार बुधवार की शाम से ही रंजीत की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी थी। शुरुआत में परिवार के लोगों ने सामान्य बीमारी समझकर घरेलू स्तर पर इलाज का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। गुरुवार की सुबह तबीयत और ज्यादा खराब होने पर परिजनों ने झाड़-फूंक के लिए एक ओझा को बुलाया। ओझा ने युवक की गंभीर हालत देखकर सर्पदंश की आशंका जताई और तत्काल अस्पताल ले जाकर इलाज कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में रंजीत को लेकर रजौली अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. बरकत अली ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि रंजीत की शादी महज छह माह पूर्व हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। घर में जहां कुछ महीनों बाद किलकारी गूंजने की उम्मीद थी, वहीं अब मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे के जन्म से पहले ही उसके सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग सर्पदंश को मौत की वजह मान रहे हैं, जबकि कई लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं। इसी कारण पूरे इलाके में युवक की मौत चर्चा का विषय बनी हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले 22 मई को ककोलतिया जंगल में लकड़ी बीनने गई हरदिया पंचायत के कचहरिया डीह गांव निवासी नरेश राजवंशी की 17 वर्षीय पुत्री ललती कुमारी की भी कथित तौर पर सर्पदंश से मौत हो गई थी। हालांकि उस मामले में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था, जिसके कारण उन्हें सरकारी मुआवजे का लाभ नहीं मिल सका।

इस संबंध में अंचल अधिकारी (सीओ) मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि हरदिया पंचायत के एक युवक की मौत की सूचना मिली है। परिजन सांप काटने से मौत होने की बात कह रहे हैं। उन्होंने परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। सीओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत सर्पदंश से हुई है या किसी अन्य कारण से। उन्होंने बताया कि सर्पदंश से मौत की पुष्टि होने पर तथा आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार की ओर से मृतक के आश्रितों को चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाती है। वहीं रजौली थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे गांव की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह बताएगी कि आखिर 20 वर्षीय रंजीत कुमार की मौत के पीछे सर्पदंश था या फिर कोई और वजह।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page