HomeBreaking Newsरातभर लापता रहा युवक, सुबह छिलका...

रातभर लापता रहा युवक, सुबह छिलका किनारे मिला शव, हत्या की आशंका से पकरीबरावां में बवाल

19 वर्षीय संदीप की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, पिता ने दर्ज कराई हत्या की प्राथमिकी; आक्रोशित लोगों ने नवादा-जमुई मार्ग किया जाम, एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब राजेबीघा-धेवधा छिलका के पास एक 19 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान रामनगर निवासी प्रसिद्ध पंडित के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। युवक का शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार संदीप पकरीबरावां बाजार स्थित एक आभूषण दुकान में काम करता था। वह सोमवार को रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मंगलवार सुबह छिलका किनारे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली।

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराई, जिसके बाद मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और संदीप के रूप में उसकी पहचान की। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी, पुलिस इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार और थानाध्यक्ष रंजन चौधरी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शव के पास संदीप की साइकिल भी बरामद हुई है।

मृतक के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर, युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने वारिसलीगंज मोड़ के समीप नवादा-जमुई मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोग हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।

संदीप परिवार का कमाऊ सदस्य था। पिता दिल्ली में नौकरी करते हैं, जबकि उसकी मां मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जाती हैं। मां का इलाज कराने और परिवार की जिम्मेदारियां संभालने वाला संदीप अब इस दुनिया में नहीं रहा। उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page