एनएच-20 पर ट्रेलर में घुसी ट्रेलर, चालक की मौके पर मौत; अज्ञात वाहन ने वृद्ध को रौंदा, ट्रैक्टर-बाइक टक्कर में युवक गंभीर
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे के भीतर जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए तीन भीषण सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ट्रेलर चालक की मौके पर मौत हो गई, अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक वृद्ध ने दम तोड़ दिया, जबकि ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

सोमवार की अहले सुबह नेमदरगंज थाना क्षेत्र के पंचगामा ओवरब्रिज पर खड़े एक खराब ट्रेलर में पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि चालक केबिन में फंस गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र के तेतर बिगहा निवासी पप्पू कुमार यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि खराब ट्रेलर पिछले दो दिनों से ओवरब्रिज पर खड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर, गयाजी-नवादा मुख्य मार्ग पर हिसुआ थाना क्षेत्र के उड़सा गांव के पास अज्ञात वाहन ने एक वृद्ध को रौंद दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद पहचान के लिए सदर अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखा है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। वहीं कौआकोल-रोह मुख्य पथ के चोंगवा मोड़ के पास रविवार देर शाम ट्रैक्टर और बाइक की सीधी टक्कर में बरियारपुर निवासी नवीन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले में बढ़ते सड़क हादसे लोगों के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।


Recent Comments