3 रिश्ते तुड़वाने का आरोप, पूर्व में बहन की प्रेमजाल के कारण हो चुकी मौत, अब खुद प्यार में धोखा खाने पर युवती ने थाने में लगाई गुहार
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से प्रेम, धोखा और बवाल की ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी आकाश दीप ने एक युवती को शादी का भरोसा देकर अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसे दिल्ली ले गया।

वहां करीब दो महीने तक दोनों पति-पत्नी की तरह रहकर युवती का यौन शोषण करता रहा, लेकिन जैसे ही शादी की बात सामने आई, युवक बहानेबाजी करने लगा। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि युवक ने युवती की जिंदगी को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। इतना ही नहीं, जब परिवार ने दूसरी जगह रिश्ता तय करना चाहा तो आरोपी प्रेमी युवक पुराने फोटो और वीडियो रिश्तेदारों को भेजकर एक-एक कर तीन रिश्ते तुड़वा दिया। मामला यहीं नहीं रुका। पीड़िता ने दावा किया कि इस पूरे विवाद और तनाव से टूटकर उसकी छोटी बहन ने आत्महत्या तक कर ली थी।

सोमवार को जब युवती अपनी मां के साथ आरोपी के घर पहुंची और शादी की बात की, तो युवक और उसकी मां ने कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। हंगामे के बीच युवती ने डायल-112 को फोन कर मदद मांगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी आकाश दीप को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया। पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।


Recent Comments