शव वाहन न मिलने पर बिलखते परिजनों का फूटा गुस्सा, अस्पताल में किया हंगामा, फिर किया एनएच-20 जाम, जांच में जुटी पुलिस
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रजौली में बुधवार की दोपहर केंदुआ गांव के पास NH-20 पर ऐसा खौफनाक मंजर दिखा, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी। सिरदला से रजौली आ रहे तीन दोस्त अचानक बाइक से गिर पड़े—लेकिन असली त्रासदी तो उसके बाद शुरू हुई। पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी ने तीनों को बेरहमी से कुचल दिया और मौके से फरार हो गई।

खून से लथपथ युवकों को ग्रामीणों ने किसी तरह ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. परितोष कुमार ने दो युवकों—सूरज कुमार और लीटो कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीसरा युवक रोहित कुमार जिंदगी और मौत के बीच जूझता हुआ नवादा रेफर किया गया है।

शव वाहन नहीं… फूट पड़ा गुस्सा!
जैसे ही परिजनों को पता चला कि शव को ले जाने के लिए वाहन तक उपलब्ध नहीं है, उनका आक्रोश फूट पड़ा। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार के बीच तोड़फोड़ शुरू हो गई। गुस्साए परिजन शवों को स्ट्रेचर पर रख NH-20 पर पहुंच गए और प्राणचक मोड़ को जाम कर दिया।

रोती मां, तड़पते बाप… और सिस्टम पर सवाल!
सड़क पर रखे जवान बेटों के शव और बिलखते मां-बाप को देख हर आंख नम थी। हर जुबां पर एक ही सवाल—क्या गरीब के बेटे को मरने के बाद भी सम्मान नहीं मिलता? मौके पर पहुंचे सीओ कृष्णकांत चैबे, इंस्पेक्टर रंजीत कुमार और पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया। पुलिस अब CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि मौत बनकर आई गाड़ी का सुराग मिल सके।

एक हादसा… दो घरों में मातम, पूरे गांव में पसरा सन्नाटा!
इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ दो जिंदगियां छीन लीं, बल्कि पूरे इलाके को गम और गुस्से में डुबो दिया। गांव में चूल्हे नहीं जले, हर चेहरे पर बस एक ही सवाल था कि आखिर कब सुधरेगा सिस्टम?


Recent Comments