HomeBreaking Newsनवादा में ड्रग्स के ब्लैक स्पॉट...

नवादा में ड्रग्स के ब्लैक स्पॉट होंगे चिन्हित, स्कूलों के समीप 200 मीटर में तंबाकू बिक्री पर सख्ती का आदेश

डीएम रवि प्रकाश ने अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी—अवैध खनन, नशे के कारोबार और स्कूलों के पास तंबाकू बिक्री पर चलेगा सख्त अभियान

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की विधि-व्यवस्था, मद्य निषेध, नारकोटिक्स नियंत्रण, अवैध खनन, भूमि विवाद, बाल श्रम उन्मूलन और किशोर श्रम निषेध जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कई मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मद्य निषेध की समीक्षा के दौरान सामने आया कि फरवरी माह में शराब की बरामदगी और गिरफ्तारी की संख्या जनवरी की तुलना में बढ़ी है। हालांकि, लगभग 23 हजार लीटर जब्त शराब का विनष्टीकरण लंबित पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द विनष्टीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही ककोलत व आसपास के जंगलों में महुआ चुनने के दौरान आग लगाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

भूमि विवाद मामलों की समीक्षा में पाया गया कि भूमि सुधार उपसमाहर्ता नवादा सदर के पास 159 अधिहरण वाद लंबित हैं। इस पर बताया गया कि सभी मामलों के निष्पादन के लिए 28 मार्च 2026 की तिथि तय की गई है। जिलाधिकारी ने इन मामलों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जब्त वाहनों की नीलामी को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। बताया गया कि 164 वाहनों का मूल्यांकन अभी लंबित है, जिनमें पुलिस थाना के 41 और उत्पाद विभाग के 121 वाहन शामिल हैं। वहीं 168 वाहनों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और उनकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को लंबित मूल्यांकन जल्द पूरा करने को कहा। नारकोटिक्स नियंत्रण की समीक्षा में जिले में अवैध अफीम और गांजा की खेती के विनष्टीकरण के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही ड्रग्स से जुड़ी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मामलों की जांच की प्रगति पर लगातार नजर रखने की बात कही गई। स्कूल-कॉलेजों में मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।

जिलाधिकारी ने शहर के उन ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित करने का निर्देश दिया, जहां मादक पदार्थों की बिक्री या सेवन की संभावना रहती है। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी और उत्पाद विभाग को ऐसे स्थानों पर नियमित निगरानी रखने को कहा। शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि स्कूलों के 200 मीटर के दायरे में तंबाकू बिक्री पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर कोटपा (COTPA) के तहत कार्रवाई करने को कहा गया।

अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा में जिला खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 13,657.04 लाख के लक्ष्य के विरुद्ध 12,261.21 लाख रुपये राजस्व प्राप्त हुआ है। अप्रैल 2025 से अब तक अवैध खनन के खिलाफ 1,478 छापेमारी, 236 प्राथमिकी, 70 गिरफ्तारी, 475 वाहन जब्त और 602.81 लाख रुपये की वसूली की गई है। डीएम ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया।

बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में इस वित्तीय वर्ष में 231 ईंट भट्ठे संचालित हैं, जिनमें 110 ने पूर्ण भुगतान किया है जबकि 121 भट्ठे अभी शून्य भुगतान की श्रेणी में हैं। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी रजौली, भूमि सुधार उपसमाहर्ता नवादा सदर, उत्पाद अधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी, ग्रामीण कार्य विभाग के पदाधिकारी, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता, डीपीओ शिक्षा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page