आईआईएम बोध गया बना युवाओं के स्टार्टअप सपनों का मंच

यूथ एंटरप्रेन्योरशिप समिट 2026 में जुटे देशभर के 1000 युवा, निवेश, इनोवेशन और आइडियाज पर मंथन

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बोध गया ने 6 और 7 फरवरी को आयोजित यूथ एंटरप्रेन्योरशिप समिट 2026 के जरिए देशभर के युवाओं को उद्यमिता की नई दिशा दिखाई। दो दिवसीय इस भव्य आयोजन में देश के 250 से अधिक प्रतिष्ठित संस्थानों से करीब 1000 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्टार्टअप, निवेश व बिज़नेस रणनीतियों पर गहन चर्चा की।

समिट का उद्घाटन आईआईएम बोध गया के एनविजन सेल की चेयरपर्सन प्रो. दीपिका आर. गुप्ता ने किया। उद्घाटन सत्र में स्टार्टअप और कॉर्पोरेट जगत की कई नामचीन हस्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। इस अवसर पर रारा नाउ के संस्थापक करण भारद्वाज, फ्लेक्सीक्लाउड की सह-संस्थापक व सीईओ अनुजा बशीर, ज़ेप्टो के एसोसिएट डायरेक्टर सक्षम प्रशर, पेटीएम के सीनियर मैनेजर सौरव सेन और स्किलस्पेड सॉल्यूशंस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. अमनपाल सिंह चावला ने अपने अनुभव साझा किए।

फंडिंग से स्केलिंग तक, हर पहलू पर हुई चर्चा

समिट के दौरान निवेशकों की सोच को समझना, सही समय पर फंड जुटाने की रणनीति, स्पष्ट बिज़नेस विज़न, सही मेट्रिक्स के जरिए स्टार्टअप को अलग पहचान देना और शॉर्ट टर्म प्रॉफिट बनाम लॉन्ग टर्म ग्रोथ के बीच संतुलन जैसे अहम विषयों पर विस्तार से मंथन हुआ। वक्ताओं ने युवाओं को बताया कि किसी भी बिज़नेस को बड़ा बनाने के लिए एक ही मापदंड काफी नहीं होता, बल्कि सोच, रणनीति और धैर्य का मेल जरूरी है।

पिच परफेक्ट 7.0 बना आकर्षण का केंद्र

समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण रहा पिच परफेक्ट 7.0, जिसमें ₹2.5 लाख से अधिक की इनामी राशि रखी गई थी। इस प्रतियोगिता में युवा संस्थापकों को विशेषज्ञों के पैनल के सामने अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत करने का सुनहरा मौका मिला। इसके अलावा बेस्ट मैनेजर 3.0, बिज़नेस वॉर्स 5.0, स्टॉकॉपोली, फिश टैंक और फन फिएस्टा जैसे रोमांचक प्रतियोगी कार्यक्रमों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता और बिज़नेस समझ को परखा।

सरकारी सहयोग से मिली मजबूती

यूथ एंटरप्रेन्योरशिप समिट 2026 को नाबार्ड, स्टार्टअप बिहार, बिहार सरकार और उद्योग विभाग का मजबूत सहयोग प्राप्त हुआ, जबकि कैंपा इस आयोजन का बेवरेज पार्टनर रहा।

समिट ने न केवल युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित किया, बल्कि यह भी साबित किया कि आईआईएम बोध गया भारत में उभरते लीडर्स को सशक्त बनाने और स्टार्टअप इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page