HomeBreaking Newsसदर अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर...

सदर अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर चला रोगी कल्याण समिति का ‘एक्शन’, निरीक्षण में खुली कई खामियां

ब्लड जांच से लेकर इमरजेंसी सेवा तक की हुई जांच, लापरवाही पर दी गई चेतावनी, स्वास्थ्य मंत्री से भी होगी शिकायत और चर्चा, स्वास्थ्य महकमे में मचा हड़कंप 

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार 

नवादा। सदर अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जमीनी हकीकत शनिवार को उस समय सामने आ गई, जब रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई ऐसी खामियां उजागर हुईं, जिनसे रोजाना सैकड़ों मरीज और उनके परिजन परेशान हो रहे थे। समिति ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। निरीक्षण में पाया गया कि ब्लड जांच की व्यवस्था एक छोटे कमरे में संचालित की जा रही थी, जिसके कारण मरीजों और उनके परिजनों को धूप, बारिश और भीड़भाड़ के बीच घंटों इंतजार करना पड़ रहा था।

इस स्थिति को गंभीर मानते हुए समिति ने तत्काल बड़े हॉल में जांच व्यवस्था शुरू करने का निर्देश दिया। हॉल को खुलवाकर मरीजों के लिए बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई। वहीं इमरजेंसी वार्ड में कुछ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का समुचित परीक्षण किए बिना दूर से ही इलाज किए जाने की शिकायत भी सामने आई। इस पर समिति ने नाराजगी जताते हुए संबंधित चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने चैंबर में बैठकर मरीजों का विधिवत परीक्षण करें और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराएं। रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने कहा कि सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अस्पताल में मौजूद अन्य समस्याओं और आवश्यक सुधारों को लेकर जल्द ही बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की जाएगी। समिति ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर पहल जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान रोगी कल्याण समिति के सदस्य अरविंद कुमार गुप्ता, नंदकिशोर चौरसिया, निशा राजवंशी, राजेंद्र प्रसाद उर्फ ज्योति पासवान, मंजू चन्द्रवंशी, डॉ. कौशल कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा कुमारी, नगर परिषद नवादा की अध्यक्ष पिंकी कुमारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page