नवादा-पटना रेलखंड पर कुसुम्भा हाल्ट को मिली बड़ी रेल सौगात!

पटना–नवादा मेमू के ठहराव की आज से होगी शुरुआत, सांसद विवेक ठाकुर दिखाएंगे हरी झंडी

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा से पटना तक चलने वाली ट्रेन अब कुसुम्भा हॉल्ट पर भी ठहरेगी। रेल यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय आवागमन को सशक्त बनाने की दिशा में दानापुर मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।

यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए गाड़ी संख्या- 63389/63390 पटना–नवादा–पटना मेमू पैसेंजर को कुसुम्भा बिहार हाल्ट पर दिनांक 07 फरवरी 2026 शनिवार से प्रायोगिक ठहराव प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले से कुसुम्भा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

सांसद दिखाएंगे हरी झंडी

इस नई सुविधा की औपचारिक शुरुआत 07 फरवरी को शाम 07:45 बजे की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पटना से नवादा आने वाली मेमू ट्रेन के कुसुम्भा बिहार हाल्ट पर आगमन के अवसर पर नवादा के सांसद विवेक ठाकुर रेल ठहराव की शुरुआत को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, रेल अधिकारियों और बड़ी संख्या में यात्रियों की मौजूदगी की संभावना है।

सुबह और शाम दोनों समय मिलेगा लाभ

दानापुर मंडल से जारी सूचना के अनुसार, नवादा से पटना जाने वाली मेमू (63390) अब सुबह 05:47 बजे कुसुम्भा हाल्ट पहुंचेगी और 05:48 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। वहीं वापसी में,

पटना से नवादा जाने वाली मेमू (63389) शाम 19:51 बजे कुसुम्भा हाल्ट पहुंचेगी और 19:52 बजे आगे के लिए रवाना होगी। यह ठहराव छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोज़मर्रा की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

स्थानीय यात्रियों में खुशी की लहर

कुसुम्भा हाल्ट पर मेमू ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब यह सुविधा मिलने से यात्रियों को अन्य स्टेशनों तक जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे न सिर्फ समय और धन की बचत होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

प्रायोगिक आधार पर लिया गया निर्णय

रेल प्रशासन ने बताया कि यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर दिया गया है। यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया के आधार पर भविष्य में इसे स्थायी ठहराव में तब्दील किया जा सकता है।

इस संबंध में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। कुल मिलाकर, कुसुम्भा हाल्ट पर मेमू ट्रेन का ठहराव स्थानीय यात्रियों के लिए राहत भरी खबर के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए विकास की नई रफ्तार लेकर आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page