Home Blog Page 91

छह साल पूर्व पति की हत्या के बाद क्यों पत्नी की भी गोलियों से छलनी कर हुई हत्या, पढ़ें पूरी खबर 

0

दो दिनों बाद पति की हत्या मामले में पत्नी को देना था गवाही, सजा के डर से मुख्य गवाही बनी पत्नी को भी उतार दिया मौत के घाट 

भैंसूर के साथ बाइक पर जा रही थी घर, रास्ते में चारपहिया वाहन से आये अपराधियों ने गोलियों से छलनी कर किया हत्या 

Report by Nawada News Express 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक महिला की गोली मारकर निर्मम हत्या करने का सनसनी खेज मामला सामने आया है,

जिसमें अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर महिला को मौत के घाट उतार दिया। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उड़सा गांव के समीप सोमवार के रात्रि की है। मृतिका की पहचान वारसलीगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी स्व विवेकानंद प्रसाद की पत्नी ममता कुमारी के रूप में हुई है। 

घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि पूर्व से परिवार में आपसी रंजिश और भूमि विवाद चल आ रहा था। उसी को लेकर वर्ष 2018 में मृतका के पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त उन्हें अपराधियों ने 18 गोली मारी थी, जिसका मामला कोर्ट में चल रहा था।

इसमें मुख्य गवाही मृतका थी। अभियुक्तों को मृतका के गवाही उपरांत सजा मिलने की डर बनी थी, इसी को लेकर महिला की हत्या कर दी गई। वैसे पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि इस घटना ने यह साफ कर दिया कि जिले में अपराधियों के अंदर पुलिसिया खौफ नहीं रहा है।

दो दिनों बाद 3 जुलाई को कोर्ट में थी ममता की गवाही

परिजनों ने बताया कि वह सोमवार की रात्रि अपने परिजनों से मिलकर घर लौट रही थी। पूर्व के केस में 3 जुलाई को कोर्ट में ममता की गवाही होनी थी। लेकिन, गवाही से पूर्व ही अपराधियों ने चारपहिया वाहन से ओवरटेक कर पहले बाइक को रुकवाया और फिर 5-6 की संख्या में रहे अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीमार ममता की हत्या कर फरार हो गए।

उनके साथ रहे परिजन वहां से किसी भी तरह जान बचाकर भागे। परंतु तब तक महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले के अनुसंधान के जुट गई है। मृतका के साथ रहे भैंसूर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें कई नामजद भी हैं। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ। पति-पत्नी की हत्या गोलियों से छलनी कर किये जाने की दहशत से पूरा परिवार सहमे हुए हैं।

बेहतर चिकित्सा सेवा की संकल्प के साथ धर्मशीला देवी हॉस्पिटल में ऐसे मनाया गया डॉक्टर्स डे, पढ़ें पूरी खबर 

0

हॉस्पिटल के चेयरमैन अविनाश कुमार ने सभी डॉक्टर्स को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए दिलाया संकल्प

अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ ब्रजेश कुमार ने कहा हमारी पहली प्राथमिकता होगी कि हर मरीज़ को बेहतर चिकित्सा सेवा उचित मूल्य पर कराया जाय उपलब्ध

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर धरती के भगवान कहे जाने वाले डॉक्टर्स को सम्मानित करने के उद्देश्य से नवादा के केंदुआ स्थित धर्मशीला देवी हॉस्पिटल में डॉक्टर्स डे धूमधाम से मनाया गया।

हर वर्ष एक जुलाई को डॉ बिधान चंद्र राय को श्रद्धांजलि देते हुए डॉक्टर्स डे मनाया जाता रहा है, इसी कड़ी में सोमवार को धर्मशीला देवी हॉस्पिटल में डॉक्टर्स डे के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर हॉस्पिटल के चेयरमैन अविनाश कुमार ने अस्पताल के सभी डॉक्टर्स को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर चिकित्सा सेवा प्रदान करने का संकल्प दिलाया।

उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 1882 को ही डॉ बिधान चंद्र राय का जन्म पश्चिम बंगाल में हुआ था। संयोग की बात तो यह है कि 1 जुलाई को ही डॉ बिधान चंद्र राय का निधन भी हुआ था। उन्होंने कहा कि इतिहास के पन्नों को पलटकर देखें तो पता चलता है कि 1 जुलाई 1962 को डॉ बिधान चंद्र राय ने जीवन की अंतिम सांस ली थी।

भारतीय चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ राय के खास योगदान को देखते हुए ही हर साल 1 जुलाई को डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ बिधान चंद्र राय एक मशहूर डॉक्टर ही नहीं थे, बल्कि बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री भी थे।

बता दें कि इस वर्ष 2024 में डॉक्टर्स डे का थीम हिलिंग हैंडस, केयरिंग हर्ट यानि उपचारात्मक हाथ, देखभाल करने वाले हृदय दिया गया है। डॉक्टर्स डे पर अस्पताल के चिकित्सकों ने एक दूसरे को शुभकामनाएं दी और केक भी काटा।

इस अवसर पर प्रख्यात न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन तथा अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ ब्रजेश कुमार ने कहा कि धरती का भगवान चिकित्सक को कहा गया है। इसलिए मानवता के नाम पर हमारी जवाबदेही बढ़ जाती है। हमें छुट्टी में भी काम करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता होगी कि हर मरीज़ को बेहतर चिकित्सा सेवा उचित मूल्य पर उपलब्ध कराया जाए। वहीं हॉस्पिटल में उपस्थित सभी डॉक्टरों ने इस दिन की महत्ता को साझा करते हुए बेहतर चिकित्सा सेवा देने के लिए गहन चर्चा भी किया।

हॉस्पिटल के कर्मियों के द्वारा इस मौके पर रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। मौके पर अस्पताल के सेंटर हेड मोहिन्दर शर्मा एवं बिज़नेस हेड विनीत सिंह सहित सभी चिकित्सक व चिकित्सा कर्मचारी मौजूद थे।

नवादा में घटिया चावल आपूर्ति करने के मामले में किन चार मिलरों पर हुई प्रथमिकी दर्ज, पढ़ें पूरी खबर  

0

रजौली एसडीओ ने की बड़ी कार्रवाई, कहा गरीबों को घटिया चावल आपूर्ति कर रहे मील मालिक, बड़े-बड़े माफिया और सम्बंधित विभागों का मचा है लूट 

प्रभारी मंत्री डॉ प्रेम कुमार से रजौली विधायक ने गरीबों को घटिया अनाज दिये जाने की शिकायत पर दिया गया था कार्रवाई का आदेश

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में एसएफसी के माध्यम से पीडीएस द्वारा गरीबों को जो अनाज दिया जा रहा है वह जानवरों के खाने लायक भी नहीं है। मिलरों द्वारा विभागीय मिली भगत से जो अनाज गरीबों को परोसा जा रहा है वह काफी घटिया है।

इस मामले को जब रजौली एसडीओ आदित्य कुमार पियूष ने गंभीरता से लिया तो राशन में क्रप्शन की पोल खुल गई। नवादा में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत घटिया चावल की आपूर्ति कर लाखों का बारा-न्यारा करने वाले जिले के चार मिलरों पर सोमवार को रजौली एसडीओ आदित्य कुमार पीयूष ने प्राथमिकी दर्ज कराई है,

ताकि व्यवस्था में सुधार हो सके। बता दें कि नवादा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ प्रेम कुमार के सामने रजौली के विधायक प्रकाश वीर ने गरीबों के मिलने वाले चावल को जानवरों के खाने लायक भी नहीं बताया गया था, जिसके बाद मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिए थे।

फिर क्या था, रजौली एसडीओ आदित्य कुमार पीयूष ने अपने अनुमंडल क्षेत्र के डीलरों की बैठक बुलाकर घटिया चावल का नमूना की मांग की थी। उन्होंने बताया कि डीलरों ने इतना खराब चावल लाया, जिसे जानवरों को भी नहीं खिलाया जा सकता था।

निश्चित तौर पर मिल मालिकों के इस तरह का रवैया अमानवीय कहा जा सकता है। एसडीओ आदित्य कुमार पीयूष ने घटिया चावल आपूर्ति करने वाले मां तारा एग्रो राइस मिल वारिसलीगंज, त्रिमुला राइस मिल नारदीगंज, दरावां राइस मिल कौआकोल तथा तेयार राइस मिल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि सरकारी दर पर मिलने वाले अनाज सब मिलाकर लगभग 38 रुपये किलो की दर से पड़ता है। जिसकी भरपाई देश के अधिकारियों, व्यवसाईयों तथा नागरिकों द्वारा दिए गए टैक्स के पैसे से की जाती है। वहीं राइस मिल मालिक इसे खैरात समझकर घटिया चावल आपूर्ति कर रुपए लूटने में लगे हैं।

जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीबों को लूटने वाले इन मिल मालिकों के विरुद्ध जांच कर सख्त अपराधिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसा कोई करने की हिम्मत भी ना करें।

एसडीओ द्वारा मिल मालिकों पर प्राथमिकी दर्ज कराए जाने से जिले के मिलरों, सहकारिता विभाग व एसएफसी सहित अनाज माफियाओं में हड़कंप की स्थिति कायम हो गई है। मिल मलकों द्वारा घटिया चावल की आपूर्ति के खेल में कई बड़े माफिया और सफेदपोश की गर्दन फंस सकती है।

नवादा नगर परिषद की बैठक में क्यों हुआ घमासान, मुख्य पार्षद ने नप कार्यपालक पदाधिकारी को बताया घोटालेबाज, पढ़ें पूरी खबर 

0

मुख्य पार्षद ने कहा घोटाला से बचने के लिए एक सोची समझी साजिश के तहत नप कार्यपालक ने मेरे उपर कराया जानलेव हमला
कहा नगर परिषद में मनमानी करना चाहते हैं कार्यपालक
नवादा नगर पालिका में किया गया घोटाला को लेकर विभाग को किया गया पत्राचार से बौखला गए हैं कार्यपालक पदाधिकारी

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा नगर परिषद में मुख्य पार्षद ने कार्यपालक पदाधिकारी पर उस वक्त गरज उठी जब गुरूवार को नगर परिषद नवादा की बैठक में उनके घोटाले का काला चिट्ठा खोल दिया गया। फिर क्या था नप कार्यपालक ने कुछ वार्ड पार्षदों को बर्गलाकर हमला करा दिया।

इस घटना को लेकर मुख्य पार्षद ने कहा कि मेरे उपर एक सोची समझी साजिश के तहत जानलेवा हमला नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के द्वारा कराया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यपालक की मनमानी करने पर रोक लगाने तथा उनके द्वारा किए गए घोटाले का पर्दाफाश करने को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी बौखला गए हैं। लेकिन, उनके द्वारा कराए गए हमले से मैं डरने वाली नहीं हूं। 

प्रेसवार्ता का आयोजन कर मुख्य पार्षद ने दी घोटाले की जानकारी 

शुक्रवार को होटल सेलिब्रेशन के सभागार में प्रेसवार्ता कर मुख्य पार्षद पिंकी कुमारी ने कही। उन्होंने घोटाले का उजागर करते हुए कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी ज्योत प्रकाश के द्वारा बगैर क्रय समिति का गठन हुए तथा मुख्य पार्षद को जानकारी दिए करोड़ों रूपये का डस्टबीन सहित अन्य उपकरणों का क्रय किया है, जिसकी शिकायत मेरे द्वारा विभागीय मंत्री से लेकर विभाग के वरीय पदाधिकारियों से की गई है। उन्होंने कहा कि 27 जून को नगर भवन में नगर परिषद के सामान्य बैठक बुलाई गई थी। 

मुख्य पार्षद ने बताया 9 एजेंडों कैसे होना था विकास कार्य 

उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए बैठक में पूर्व से निर्धारित 9 एजेंडा षष्टम राज्य वित्त आयोग मद से सभी वार्डो में नाला एवं स्लैब मरम्मति, षष्टम राज्य वित्त आयोग मद से नप के 20 स्थलों पर मुत्रालय निर्माण, नप क्षेत्र में पीपीपी मोड के तहत डिलक्स शौचालय निर्माण,

मिर्जापुर मुहल्ला स्थित दशकर्म स्थल पर बोरिंग, टंकी तथा नल लगाने, 15वीं वित्त से नप के विभिन्न शवदाह स्थलों पर चूल्हा तथा यात्री शेड का निर्माण तथा सभी वार्ड स्थित मंदिर और मस्जिद के पास एक-एक चापाकल लगवाने सहित अन्य एजेंडों पर चर्चा किया जाना था, लेकिन कार्यपालक पदाधिकारी को मेरे द्वारा बनाए गए एजेंडा पसंद नहीं था,

क्योंकि उक्त सभी कार्य में उन्हें घोटाला करने की जगह नहीं बन रहा था, जिससे खार खाए नप कार्यपालक ने पूर्व से ही उक्त सभी योजना को बैठक में स्वीकृति नहीं मिले इसके लिए वार्ड पार्षदों को बहला फुसलाकर तथा उल्टा-सीधा पट्टी पढ़ाकर मेरे उपर हमला कराया गया। उन्होंने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी तथा वार्ड पार्षदों द्वारा मेरे उपर बैठक नहीं बुलाने की सवाल पर मुख्य पार्षद ने कहा कि

जब भी मेरे द्वारा बैठक बुलाया गया, तब उस बैठक में एक भी वार्ड पार्षद को बैठक में उपस्थित होने नहीं दिया गया, जिससे कोरम के अभाव में बैठक स्थिगित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मैं सभी वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर नगर का विकास करना चाहती हूं, लेकिन कार्यपालक पदाधिकारी विकास में बाधा उत्पन्न करते रहते हैं।

मुख्य पार्षद ने कहा जनता से की गई वादे को पूरा करने के लिए हर सितम झेलने को हूं तैयार

मुख्य पार्षद ने कहा कि नवादा नगर परिषद का विकास करना मेरी पहली प्राथमिकता है, मैं मुख्य पार्षद का शपथ लेने के समय नगरवासियों से नवादा का चहुंमुखी विकास करने का वादा किया था, जिसे मैं पूरा करने के लिए सदैव तत्पर रहूंगी, चाहे मुझे जितनी भी परेशानियों का सामना करना पड़े, मैं अपने जनता मालिक से किए गए वादे को पूरा करके ही दम लूंगी।

उन्होंने साफ कहा जनता से किये गए वादों को पूरा करने के लिए हर सितम झेलने को तैयार हूं। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी के द्वारा क्रय किए गए उपकराणों और डस्टबीन की जांच उच्च पदाधिकारियों से कराने की मांग किया। मौके पर पूर्व उपमुख्य पार्षद सह मुख्य पार्षद प्रतिनिधि राजेश कुमार मुरारी, पर्व मुख्य पार्षद संजय साव तथा जदयू नेता जयशंकर चन्द्रवंशी सहित अन्य लोग मौजूद थे। 


नवादा में अंतरजिला गिरोह को पुलिस ने ऐसे दबोचा, हथियारों के साथ किसी घटना को अंजाम देने की थी योजना

0

चारों अभियुक्त नवादा के हिसुआ से हुआ गिरफ्तार, 14 दिनों पूर्व भी नवादा के हिसुआ में अपराधिक घटना को दे चुके थे अंजाम 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र से पुलिस ने चार अंतरजिला अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार भी बरामद किया गया।

हिसुआ पुलिस को सूचना मिली कि हिसुआ-राजगीर पथ पर एक वैगन आर कार में कुछ संदिग्ध लोग हैं, जो किसी अपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई को लेकर एसपी अम्बरीष राहुल के निर्देशानुसार हिसुआ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम गठित कर उक्त स्थान पर पहुंच वाहन चेकिंग की जाने लगी।

वाहन चेकिंग के दौरान राजगीर रोड स्थित बगोदर हाई स्कूल के पास एक वैगन आर कार की तलाशी ली गई, तो उनलोगों के पास से दो अवैध देसी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 4 मोबाइल, नोट की गड्डी जैसा दिखने वाला कागज का गड्डी तथा दिल्ली नंबर का वैगन आर बरामद किया गया है। बरामद हथियार व वाहन के साथ गिरफ्तार सभी अपराधियों को थाना परिसर लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई।

उन्होंने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया की वे लोग बैंक में जाते थे और वहां अकेले महिला तथा पुरुष को अपने झांसे में फसाकर सुनसान जगह पर ले जाकर उनके पैसे ले लेते थे और अगर कोई उनके झांसे को समझ जाता था तो हथियार का भय दिखाकर उनसे पैसे छीन लेते थे।

गिरफ्तार अपराधियों द्वारा यह भी बताया गया कि पिछले दो माह में उक्त अपराधियों द्वारा विभिन्न जिलों में करीब सात से आठ जगहों पर ऐसी घटना को अंजाम दिया है। हिसुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि 11 जून 2024 को हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत टीएस कॉलेज के पास एक महिला से इनलोगों ने 28 हजार रूपये झांसा देकर ले लिया था।

जिसको लेकर पीड़ित महिला ने हिसुआ थाना में कांड संख्या- 363/24 दर्ज कराई थी। इस गिरोह का सरगना मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र स्थित तितरा अलानंद गांव निवासी बद्री राम का 40 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मुकेश पर मुजफ्फरपुर नगर थाना में पूर्व से कांड संख्या 620/13 दर्ज है, जिसमें भादवि की 25(1-बी)ए, 26 आर्म्स एक्ट लगा हुआ है। वहीं दूसरा प्राथमिकी मुजफ्फरपुर नगर थाना कांड संख्या 826/14 एवं अन्य दर्ज है।

इसके अलावा गिरफ्तार इस गिरोह के सदस्यों में समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी रामचंद्र पासवान का 42 वर्षीय पुत्र राजाराम पासवान तथा बेगुसराय जिले के रानी पिलवाड़ा थाना क्षेत्र के बछवाड़ा गांव निवासी बिन्देश्वर का 27 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार तथा इसी थाना क्षेत्र के गोदना गांव निवासी राजकिशोर मिश्रा का 25 वर्षीय पुत्र पवन कुमार शामिल है।

नवादा पुलिस ने महिला के चाकू मारने का ऐसे किया खुलासा, पत्नी की हुई मौत तो प्रेमिका को साथ रहने का बना रहा था दबाव, पढ़ें पूरी खबर 

0

घायल विवाहित प्रेमिका हुई पटना रेफर, चाकू मारने वाला विवाहित प्रेमी हुआ गिरफ्तार 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के रोह बाजार स्थित वीरू कुआं के नजदीक एक व्यक्ति द्वारा देर रात्रि में एक नव विवाहित महिला को चाकू मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया गया था। उस व्यक्ति द्वारा महिला के शरीर पर पांच बार चाकू से प्रहार किया गया था।

पुलिस ने हमला करने वाले पूर्व के प्रेमी को पुलिस ने 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में सफल रही। वहीं इस मामले में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय इमरान परवेज अशरफ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरी मामले की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि महिला को धारदार हथियार से गला सहित शरीर पर वार कर हत्या के प्रयास मामले में पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। यह घटना 21 जून की देर रात्रि की है, जहां रोह थाना क्षेत्र के रोह बाजार स्थित एक घर में एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से एक महिला के गला सहित शरीर के कई हिस्सों पर वार कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया गया।

महिला के परिजनों द्वारा महिला को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। इस मामले में जिले के एसपी अंबरीष राहुल के निर्देश पर रोह थानाध्यक्ष बसंत कुमार राय के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने इस मामले में अनुसंधान प्रारंभ किया गया। वहीं तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर घटना में संलिप्त थाना क्षेत्र के बंशीचक निवासी अभियुक्त बसंत पासवान के 27 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार पासवान को  48 घंटे के अंदर रोह बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं गिरफ्तार अभियुक्त ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि उसकी पत्नी का हाल ही में देहांत हुआ है। जख्मी महिला का उससे पूर्व से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। पत्नी के देहांत के बाद उसने विवाहित प्रेमिका महिला को वापस अपने साथ रहने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

महिला द्वारा इस बात का विरोध किया जाता रहा था। घायल महिला के पति के मुंबई जाने का फायदा उठाकर वह घर में घुसा और महिला को छत पर बुलाकर चाकू से वार कर घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हुआ

चाकू को बरामद कर लिया गया है। अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं घायल महिला पटना में अभी इलाजरत है और जिंदगी मौत से जूझ रही है।

नवादा में मृतक मुखिया से मिलने पहुंचे मंत्री रत्नेश सदा ने क्यों कहा प्राथमिकी में एससीएसटी एक्ट नहीं लगाना पुलिस की बड़ी लापरवाही, पढ़ें पूरी खबर 

0

मृतक मुखिया के परिजनों से मिलकर दिया सांत्वना, कहा पुलिस एससी-एसटी धारा को प्राथमिकी में नहीं लगाई है तो इसपर एसपी से धारा लगाने का करूंगा बात 

दोसूत गांव में जदयू नेता अजय कुमार रविकांत के नेतृत्व में मंत्री का हुआ भव्य स्वागत, गांव के तालाब में नाव वोट का उद्घाटन

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में पिछले दिनों हुई महादलित मुखिया पप्पू मांझी की हत्या को लेकर बिहार सरकार के अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री रत्नेश सदा पीड़ित परिजनों से मिलने पहुंचे।

रविवार को मृतक मुखिया पप्पू मांझी का गांव पकरीबरावां थाना क्षेत्र के बुधौली गांव पहुंचकर पूरी घटना का वृत्तान्त लिया। वहीं अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या की घटना का निंदा करते हुए मृतक मुखिया के परिजनों से मिलकर सांत्वना दिया। मंत्री श्री सदा ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है।

मैं उस विभाग के मंत्री के नाते पीड़ित परिवार से मिलने आया हूं। उन्होंने कहा कि मृतक मुखिया को सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी लाभ दिलाने का प्रयास करूंगा। मृतक मुखिया की पत्नी के द्वारा काराई गई प्राथमिकी में पुलिस के द्वारा एससी-एसटी की धारा नहीं लगाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं प्राथमिकी का अवलोकन नहीं किया हूं।

उन्होंने कहा कि यदि पुलिस एससी-एसटी धारा को प्राथमिकी में नहीं लगाई है तो यह दुर्भाग्य की बात है। इसपर एसपी से धारा लगाने के लिए बात करूंगा। बुधौल गांव से लौटने के क्रम में मंत्री श्री सदा जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के दोसूत गांव पहुंचे, जहां रविकांत-पूनम बीएड काॅलेज के सचिव अजय कुमार रविकांत के नेतृत्व में ढोल-बाजे के साथ अगुवानी कर गांव लाया गया।

दोसूत गांव पहुंचने पर मंत्री श्री सदा को अजय कुमार रविकांत ने गीता का ग्रन्थ, शॉल, बुके तथा फूल माला से लादकर स्वागत किया गया। इस दौरान दोसूत गांव के दर्जनों लोगों ने मंत्री से आवास योजना के साथ-साथ नल-जल योजना सहित विभिन्न योजनाओं से वंचित रहने की शिकायत की।

उसके बाद मंत्री श्री सदा ने दोसूत गांव स्थित तालाब में नाव वोट का उद्घाटन किया। तत्पश्चात भोजन करने के बाद मंत्री पटना के लिए रवाना हो गए। बता दें कि दोसूत गांव में मंत्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया।

मंत्री श्री सदा के गांव में कार्यक्रम कराने को लेकर ग्रामीण जदयू नेता व रविकांत-पूनम बीएड काॅलेज के सचिव अजय कुमार रविकांत का प्रशंसा करते नहीं थक रहे थे। साथ ही ग्रामीण यह भी चर्चा कर रहे थे कि श्री रविकांत के कारण इस छोटे से गांव में श्री सदा जैसे मंत्री का आना और ग्रामीणों की समस्याओं से रु-ब-रु कराना सौभाग्य की बात है।

इस दौरान मंत्री श्री सदा मीडिया से भी मुखातिब हुए और सरकार के जन कल्याणकारी की जानकारी दी। मौके पर मुखिया सुलेखा देवी, सरपंच फूलमंती रविदास, हर्ष प्रधान, रामाशीष सिंह, उपेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र कुमार तरूण, संजीव सिंह, पिंकू कुमार, छोटे सिंह, सुबोध सिंह, गोलू कुमार, छोटू कुमार तथा सुब्बू सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

बिग ब्रेकिंग- नीट यूजीसी पेपर लीक मामले में रजौली पहुंची सीबीआई की टीम पर क्यों हुआ हमला, वाहन भी किया क्षतिग्रस्त, पढ़ें पूरी खबर 

0

मोबाइल लोकेशन के आधार पर दिल्ली से नवादा पहुंची सीबीआई की टीम को नकली बताकर ग्रामीणों ने किया मारपीट 

नवादा स्थित रजौली थाना क्षेत्र के कसियाडीह गांव में हुई घटना, कार्रवाई के दौरान सीबीआई की टीम ने दो मोबाइल फोन को किया जब्त 

मारपीट मामले में 8 नामजद व 150-200 अज्ञात लोगों पर रजौली थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी, एक महिला सहित चार गिरफ्तार

थानाध्यक्ष बोले-घटना की कराई गई है वीडियोग्राफी, मारपीट में शामिल लोगों पर की जाएगी कठोर कार्रवाई

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

देश भर में नीट यूजीसी पेपर लिक मामले सुर्खियों में है, इसी कड़ी में बिहार के नवादा जिले के रजौली स्थित कसियाडीह गांव जांच में पहुंची सीबीआई टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। बताया जाता है कि नीट यूजीसी पेपर लीक मामले में मोबाइल लोकेशन पर दिल्ली हेडक्वार्टर से सीबीआई की टीम जांच के लिए शनिवार की सुबह रजौली पहुंची।

इंस्पेक्टर रैंक के एक अधिकारी के नेतृत्व में रजौली पहुंची सीबीआई की टीम में दिल्ली हेडक्वार्टर से दो एवं सीबीआई के रीजनल ऑफिस से दो कुल चार लोग शामिल थे। पेपर लीक मामले में मोबाइल नंबर के लोकेशन के आधार पर रजौली पहुंची सीबीआई की टीम ने शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे से ही पेपर लीक मामले की जांच करने में जुटी थी। 

नकली सीबीआई समझकर ग्रामीणों ने किया मारपीट 

मोबाइल लोकेशन के आधार पर शनिवार की शाम नवादा टाउन थाना की एक महिला कांस्टेबल के साथ सीबीआई की टीम रजौली थाना क्षेत्र के कसियाडीह गांव पहुंची, तो गांव के ग्रामीणों ने सीबीआई अधिकारियों की टीम को नकली समझ कर उनके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया और उनके गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।

सीबीआई के अधिकारियों के साथ मारपीट किये जाने की सूचना जब रजौली पुलिस को मिली तो आनन-फानन में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार पूरे दल-बल के साथ कसियाडीह गांव पहुंचे। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों से कहा कि यदि सीबीआई की टीम नकली है तो वे लोग थाना पहुंच कर इसकी शिकायत कर सकते थे, टीम के साथ मारपीट करना उचित नहीं था। 

दो मोबाइल को जब्त कर सीबीआई ले गई अपने साथ 

हालांकि मारपीट की घटना के बाद सीबीआई की टीम ने मोबाइल नंबर के लोकेशन के आधार पर दो मोबाइल फोन को जब्त किया और उसे अपने साथ ले गई। सीबीआई के अधिकारियों ने केवल इतना कहा कि अभी वह मोबाइल नंबर के लोकेशन के आधार पर दो मोबाइल को जब्त कर ले जा रहे हैं।

मोबाइल नंबर के आधार पर जांच के बाद पेपर लीक मामले में शामिल लोगों को भी गिरफ्तार कर ले जाया जाएगा।साथ ही अधिकारियों के साथ मारपीट करने वाले लोगों में एक महिला सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसमें कसियाडीह गांव के प्रिंस कुमार व एक महिला सहित दो अन्य लोग शामिल हैं।

8 नामजद व 150-200 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों के साथ मारपीट के मामले में रजौली थाने में 8 लोगों पर नामजद एवं 150-200 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि मारपीट की घटना की वीडियोग्राफी कराई गई है। मारपीट में शामिल लोगों को चिन्हित कर उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि नीट यूजीसी पेपर लिक मामले में बड़ी कार्रवाई चल रही है, जिसको लेकर जहां-जहां इससे जुड़े मामले सामने आ रहे हैं वहां सीबीआई की टीम कार्रवाई करने पहुंच रही है।

दिवंगत मुखिया के परिजनों से मिलने बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सदा रविवार को आयेंगे नवादा, कैसे हुई तैयारी, पढ़ें पूरी खबर

0

जदयू नेता अजय कुमार रविकांत ने कहा मंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां की गई पूरी

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में रविवार को बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग मंत्री रत्नेश सदा एक दिवसीय दौरे पर नवादा आ रहे हैं। वे पकरीबरावां प्रखंड के बुधौली गांव जायेंगे, जहां दिवंगत मुखिया पप्पू मांझी के घर पहुंचकर पीड़ित परिजनों को सांत्वना देंगे।

उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। जदयू नेता अजय कुमार रविकांत ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मंत्री दिवंगत मुखिया के घर जायेंगे। शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात कर ढाढ़स बंधायेंगे।

वहां से चलकर दोसूत गांव आयेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दोसूत गांव में भोजन करने के उपरांत वे नवादा परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करेंगे, जहां सरकार के विकास योजनाओं पर प्रकाश डालेंगे। 

बता दें कि 13 जून की रात मुखिया पप्पू मांझी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद 18 जून को नवादा सांसद विवेक ठाकुर और 19 जून को बिहार के लघु सिंचाई मंत्री संतोष कुमार सुमन पीड़ित परिजनों से मुलाक़ात कर चुके हैं।

हालांकि इस मामले का पुलिस द्वारा उद्भेदन सफलता पूर्वक करने का दावा कर चुकी है, जिसमें हत्या में संलिप्त पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बावजूद, पुलिस द्वारा की गई अब तक की कार्रवाई पर परिजन संतुष्ट नहीं है।

फिलवक्त मंत्री रत्नेश सदा के आगमन को लेकर काफी उत्साहित हैं। वहीं सम्बंधित विभागों के अधिकारी भी अपने स्तर से मंत्री के आगमन को लेकर तैयारी में जुटे हैं।

जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल के निदेशक ने छात्रों से क्यों कहा शिक्षा के साथ स्वस्थ्य जीवन का राज भी जानना है जरुरी, पढ़ें पूरी खबर 

0

विश्व योग दिवस पर निदेशक डॉ आरपी साहू ने खुद कराया बच्चों को योगाभ्यास, सभी शाखाओं में बच्चों को कराया गया योग 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल के सभी शाखाओं में योग शिविर आयोजित कर बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ स्वस्थ्य जीवन का राज भी जाना। प्रबंध निदेशक डॉ आरपी साहू व निदेशक रश्मि गुप्ता के नेतृत्व में बच्चों को योगाभ्यास कराया गया।

प्रबंध निदेशक डॉ साहू ने कहा कि हमारा कर्तव्य केवल बच्चों को किताबी शिक्षा देना ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि उनके अंदर  स्वस्थ्य जीवन जीने व रहन-सहन के तौर-तरीके की भी जानकारी देना हमारी जिम्मेदारी है। 

जीवन को तनावमुक्त बनाने में मददगार होता है योग
डॉ साहू ने कहा कि हर साल 21 जून को मनाए जाने वाले विश्व योग दिवस का स्वस्थ्य जीवन पाने की दिशा में बहुत महत्व है। उन्होंने कहा कि योग को प्राचीन भारतीय कला का एक प्रतीक माना जाता है। 

योग को जीवन में सकारात्मकता और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण माना जाता हैं। इस दिन को मनाने का उद्देश्य योग के प्रति लोगों में जागरुकता पैदा करना है। योग दिवस का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि यह जीवन को तनावमुक्त बनाने में मददगार होता है।

बता दें कि जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल नवीन नगर नवादा, सहजपुर तथा हिसुआ में बच्चों को योग के बारे में जानकारी दी गई तथा योग करवाया भी गया। इस अवसर पर प्रत्येक स्कूल के प्राचार्य व शिक्षकों ने हिस्सा लिया। 

प्रबंध निदेशक ने खुद कराया योग 

वहीं जीवन ज्योति नवीन नगर नवादा में स्वयं प्रबंध निदेशक ने योग करवाया। जीवन ज्योति सहजपुर में कृति नारायण व अखिलेश पांडेय ने योग कराया तथा जीवन ज्योति हिसुआ में सद्दाम हुसैन व रामनारायण पांडेय ने संयुक्त रूप से योग कराया।

सभी बच्चे उत्साहपूर्वक योग का जीवन में कितना महत्व है उसे जाना तथा उसपर अमल करने का विश्वास दिलाते हुए संकल्प भी लिया। विश्व योग दिवस के अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ आरपी साहू तथा निदेशक रश्मि गुप्ता ने सभी को बधाई  संदेश दिया कि योग अपनाओ रोग भगाओ। 

You cannot copy content of this page