Home Blog Page 90

क्या है जन सुराज विचार मंच, जिसने राजनीति गालियारे में मचाया हलचल, नवादा में जन सुराज से जुड़ने वालों की बढ़ रही तादात, पढ़ें पूरी खबर 

0

बैठक में शामिल समाजसेवी उदय शंकर ने कहा व्यवस्था परिवर्तन के लिए करना होगा भरोसा

जन सुराज विचार मंच की बैठक में मौजूद बुद्धिजीवियों ने रखी अपनी राय, कहा- व्यवस्था परिवर्तन के लिए 1974 से ज्यादा प्रखर आंदोलन की है जरूरत, नगर भवन में जन सुराज की होगी बड़ी बैठक

Report Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

बिहार में जन सुराज विचार मंच की बढ़ती लोकप्रियता ने राजनीति गालियारे में हलचल मचा दिया है।

नवादा जिला मुख्यालय स्थित आरएमडब्ल्यू कॉलेज के समीप डॉ श्रीकृष्ण सिंह स्मारक में रविवार को जन सुराज विचार मंच की एक बैठक आयोजित किया गया। जिसमें समाजसेवी उदय शंकर सिंह ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए प्रशांत किशोर पर एक बार तो भरोसा करना ही होगा,

अन्यथा हम जीवन भर खुद को ठगने वाले राजनीतिक चक्रव्यूह में फंसे रहेंगे। समाजसेवा के अपने लंबे अनुभवों की चर्चा करते हुए इन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर की बातें समाज सुधार की दिशा में मिल का पत्थर साबित होने वाला है। श्री सिंह ने जन सुराज के गठन को एक सराहनीय व साहसिक कदम बताया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सेवानिवृत शिक्षक अवधेश कुमार ने कहा कि जन सुराज की गतिविधियां और प्रशांत किशोर की कार्यशैली आम जनों के लिए कल्याणकारी होने वाली है। इन्होंने 1974 के जेपी आंदोलन की चर्चा की। प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल के सेवानिवृत प्रधानाध्यापक सुरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रशांत किशोर सही सोच वाले व्यक्ति हैं।

लिहाजा इनके विचार भी सकारात्मक होंगे। इन्होंने जिले वासियों से अपील की है कि समाज की भलाई के लिए प्रशांत किशोर की बातों को अपनाया जाए। अपने लंबे राजनीतिक अनुभवों की चर्चा करते हुए नवादा पूर्वी की जिला पार्षद वीणा देवी ने कहा कि लंबे समय से राजनीतिज्ञों द्वारा हम ठगे गए हैं।

लिहाजा अब एक नई सोच के व्यक्ति व संगठन से जुड़े हैं। इन्होंने महिलाओं की समस्याओं को उदृत करते हुए कहा कि महिलाएं हमेशा से समस्याओं की जकड़न में रही है। इसे दूर करने के लिए एक प्रगतिशील सोच वाले व्यक्ति की जरूरत है।

कार्यक्रम की शुरुआत विचार मंच के जिला प्रभारी अजय कुमार ने की। इन्होंने प्रशांत किशोर और जन सुराज के उद्देश्यों से लोगों को अवगत कराया। इन्होंने कहा कि इसी माह नगर भवन में विचार मंच व जन सुराज की एक जिला स्तरीय बैठक बुलाई गई है। इसमें प्रशांत किशोर के शामिल होने की संभावना है।

बैठक को जन सुराज से जुड़े सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर अनिल गौतम, वाहिनी कैंप इंचार्ज विकास कुमार, सेवानिवृत प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार, समाजसेवी लालकेश्वर प्रसाद, सेवानिवृत्ति लिपिक प्रवीण चंद्र राय तथा प्रो राजन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

जेठ ही निकला अपने भाई की पत्नी का हत्यारा, छह दिनों पूर्व गोली मारकर की गई थी हत्या, पढ़ें पूरी खबर 

0

पुराने जमीनी विवाद को लेकर जेठ ने अपने सहयोगियों से कराया हत्या, एसपी ने किया खुलासा 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में छह दिनों पूर्व एक जुलाई 2024 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र में जिस महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी, उसका खुलासा एसपी ने कर दिया। इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि जिस जेठ ने हत्या करवाया उसी के बयान पर प्राथमिकी भी दर्ज किया गया। मृतक महिला का जेठ जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी स्व भगवान सिंह का पुत्र राजेश प्रसाद है।

राजेश के बयान पर केस दर्ज होने के बाद कांड का अनुसंधान प्रारंभ किया गया था। उक्त जानकारी देते हुए एसपी अम्बरीष राहुल ने इस संबंध में घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-2 हिसुआ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर एसआईटी द्वारा अनवरत प्रयास कर इस घटना का सफल उद्भेदन कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला- वर्ष 2014 से चल रहा था भूमि विवाद 

घटना का मुख्य कारण वर्ष 2014 से चला आ रहा भूमि विवाद है। वर्ष 2014 में ग्राम-दौलतपुर, थाना-वारिसलीगंज के देवेन्द्र लाल अपनी 7 डिसमिल जमीन अपने ही गांव के राजेन्द्र सिंह को रजिस्ट्री करने जा रहे थे, तभी उनका अपहरण कर लिया गया था, जिसमें इस कांड के वादी राजेश प्रसाद और उनके भाई विवेक सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

भूमि संबंधी यह विवाद वहीं समाप्त नहीं हुआ। वर्ष 2017 में उक्त जमीन के क्रेता राजेन्द्र सिंह के पुत्र अनिल सिंह पर गांव की ही एक नाबालिग बच्ची से बलात्कार का आरोप लगाया गया, जिसमें उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इतना ही नहीं भगवान सिंह के पुत्र विवेक सिंह के नेतृत्व में बलात्कार के पीड़ित पक्ष द्वारा अनिल सिंह की पत्नी को डायन घोषित कर सार्वजनिक रूप से गांव में घुमाया गया। जिस संबंध में वारिसलीगंज थाना में कांड दर्ज हुआ था।

इस घटना की प्रतिक्रिया में वर्ष 2018 में अनिल सिंह के पुत्र गुड्डू कुमार द्वारा अन्य लोगों के सहयोग से विवेक सिंह की हत्या कर दी गयी, जिस मामले में गांव के 11 लोगों को अनुसंधानोपरांत आरोपित किया गया। इसी क्रम में वर्ष 2023 में रिटायर्ड लिपिक उपेन्द्र सिंह की हत्या गोली मारकर कर दी गयी थी, जिसमें अनिल सिंह के पुत्र सुधांशु उर्फ लाला एवं एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इस दौरान आपसी वैमनस्य को समाप्त करने के लिए उक्त घटनाओं में शामिल प्रभावित पक्षों द्वारा समझौता किया गया,

जिसमें उक्त विवादित जमीन मृतक विवेक सिंह की विधवा ममता देवी को 29 जून 2024 को रजिस्ट्री कर दिया गया।रजिस्ट्री के ठीक एक दिन बाद एक जुलाई 2024 को संध्या करीब 7:30 बजे जब ममता देवी अपने जेठ राजेश प्रसाद के साथ बाइक से अपने गांव जा रही थी, तभी रास्ते में उनकी हत्या कर दी गयी। एसपी ने बताया कि कांड के अनुसंधान में यह बात प्रकाश में आया कि यह घटना राजेश प्रसाद द्वारा अपने सहयोगी मनोज सिंह की मदद से की गयी, क्योंकि वे समझौते से नाखुश थे और चाहते थे कि उक्त जमीन उनके नाम से रजिस्ट्री की जाए।

गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों का है अपराधिक इतिहास 

एसपी श्री राहुल ने बताया कि षड्यंत्र की योजना में इन दोनों के अतिरिक्त रौशन कुमार उर्फ चिरकुट, जो मनोज सिंह का भांजा है, वह भी शामिल था तथा घटना में प्रयुक्त अग्नेयास्त्र उसी ने उपलब्ध कराया था। ज्ञात हो कि रौशन कुमार उर्फ चिरकुट वर्ष-2021 में नवादा शहर में हुयी एक हत्या के मामले में पूर्व में जेल में था एवं हाल ही में छूटकर आया है।

मनोज सिंह भी अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है तथा हाल ही में नगर थाना के गोनावां में फायरिंग की घटना में जेल से छूटकर आया है। वहीं राजेश प्रसाद पर भी अपराधिक मामले दर्ज है। एसपी ने बताया कि राजेश प्रसाद वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी स्व भगवान सिंह का पुत्र है तथा नगर थाना क्षेत्र के गोनावां निवासी चंद्रशेखर सिंह का पुत्र मनोज सिंह व गोनावां का ही रहने वाला सुधीर सिंह का पुत्र  रौशन कुमार उर्फ चिरकुट है।

एसपी ने बताया कि इस घटना से करीब 10-12 दिन पूर्व में भी ममता देवी की हत्या मार्ग में ही करने का प्रयास उस वक्त किया गया था जब वे अपने गांव ऑटो से जा रही थी। परंतु मार्ग में कहीं एकांत जगह नहीं मिलने के कारण घटना को अंजाम नहीं दिया जा सका। गिरफ्तार तीनों अपराधियों के पास से पुलिस ने एक रिवॉल्वर, एक पिस्टल, 2 कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त किया गया है।

नवादा में बेटियों को सशक्त और निडर बनाने के लिए ऐसे पढ़ाया जा रहा नये कानून का पाठ, जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल में हुआ आयोजन, पढ़ें पूरी खबर 

0

नगर थाना की महिला दारोगा ने महिला सशक्तिकरण पर स्कूल की किशोरी छात्राओं से उनकी भावनाओं को जान बताया निडर होने गुर 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में पुलिस ने अब स्कूली छात्राओं को सशक्त व निडर बनने का पाठ पढ़ा रही है। इसी कड़ी में नगर के जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल की छात्राओं को जागरूक कर उन्हें निडर होने का गुर सिखाया गया।

नगर थाना की महिला एसआई रीना कुमारी और एसआई आर्या कुमारी ने अपने एक महिला कांस्टेबल के साथ जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल नवीन नगर पहुंच महिला सशक्तिकरण सभा का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि पुलिस के द्वारा यह एक अच्छी पहल की जा रही है।

महिला हेल्प लाईन की पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में जाकर स्कूली छात्राओं को एक जुलाई 2024 से लागू की गई नए कानून की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जीवन ज्याति पब्लिक स्कूल में महिला सशक्तिकरण सभा के माध्यम से विद्यालय के किशोरियों को आत्म सुरक्षा तथा नए कानून की जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानून को नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में नागरिक घटनास्थल या उससे परे कहीं भी केस दर्ज करा सकते हैं। पीड़ित को केस की एक निःशुल्क प्रति प्राप्त करने का हकदार होंगे। पुलिस द्वारा पीड़ितों को 90 दिनों के अंदर जांच की प्रगति के बारे में सूचित करना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि महिला अपराध की स्थिति में 24 घंटे के अंदर पीड़िता की सहमति से उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी साथ ही 7 दिनों के अंदर चिकित्सक उसकी मेडिकल रिपोर्ट भेजेंगे। अभियोजन पक्ष की मदद के लिए कानून को खुद का कानूनी प्रतिनिधित्व करने का अधिकार है।

केस वापसी के पहले न्यायालय को पीड़ित की बात सुनने का अधिकार दिया गया है। कोर्ट में आवेदन करने पर पीड़ितों को आदेश की निःशुल्क प्रति प्राप्त करने का अधिकार दिया गया है। कानूनी जांच पूछताछ और मुकदमे की कार्यवाही को इलेक्ट्रॉनिक रूप से आयोजित करने का प्रावधान किया गया है। बताया गया कि नए कानून में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों की जांच को प्राथमिकता दी गयी है।

मामले दर्ज किए जाने के दो महीने के अंदर जांच पूरी की जाएगी। पीड़ितों को 90 दिनों के अंदर अपने मामले की प्रगति पर नियमित रूप से जानकारी पाने का अधिकार होगा। आरोपी तथा पीड़ित दोनों को प्राथमिक पुलिस रिपोर्ट, आरोप पत्र, बयान, स्वीकारोक्ति और अन्य दस्तावेज 14 दिन के अंदर पाने का अधिकार होगा। दुष्कर्म पीड़िताओं का बयान कोई महिला पुलिस अधिकारी उनके अभिभावक या रिश्तेदार की मौजूदगी में दर्ज करेगी

और मेडिकल रिपोर्ट 7 दिनों के अंदर देनी होगी। उन्होंने बताया कि मॉव लीचिंग करने पर अब दोषियों को मृत्युदंड की सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजद्रोह की जगह देशद्रोह शब्द का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें भारत की एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाली आपराधिक गतिविधि शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस को तलाशी और जब्ती में ऑडियो, वीडियो रिकॉर्डिंग करना अनिवार्य है।

गवाहों के लिए ऑडियो, वीडियो से बयान रिकॉर्ड कराया जाएगा। उन्होंने स्कूल की छात्राओं के साथ एकांत कमरे में बगैर पुरुषों की कई जानकारियां लेते हुए उन्हें निडर होकर रहने के लिए प्रेरित किया। मौके पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ आरपी साहू ने कहा जब तक हमारी बेटियां निडर नहीं होंगी, तब तक गलत नजर रखने वालों के अंदर दहशत नहीं होगा। उन्होंने पुलिस के इस पहले को सराहनीय कदम बताया।

नवादा गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के फाउंडर सदस्य बने रवि गुप्ता, गरीब छात्र-छात्राओं को मिलेगा सहयोग, पढ़ें पूरी खबर

0

नवादा के बुधौल में बना सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाये गए कुल नौ सदस्यों में रवि गुप्ता भी हैं शामिल, बधाई देने वालों की लगी तांता

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा को सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज का सौगात मिलने के साथ ही इसके नौ फाउंडर सदस्य भी बनाये गए हैं, जिसमें नवादा के समाजसेवी व व्यवसायी रवि गुप्ता को फाउंडर सदस्य बनाया गया है।

जिससे जिले वासियों में काफी खुशी देखी जा रही है। रवि गुप्ता को गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज नवादा के सोसाइटी में सदस्य बनाये जाने पर उनको बधाई देने लोग पहुंच रहे हैं। यह गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज जिला मुख्यालय स्थित बुधौल में है,

जिसका कैम्पस 7.5 एकड़ में फैला हुआ है। वर्तमान में रवि गुप्ता सामाजिक जीवन में बहुत से पदों पर भी हैं, इसके अलावा इन्हे एक और पद के रूप में गवर्नमेंट इंजिनिरिंग कालेज़ नवादा के फाउंडर सदस्य बनाया गया है। नवादा जिले के तमाम लोगों द्वारा बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस कॉलेज के बनने से नवादा के आर्थिक रुप से असमर्थ बच्चे और बच्चियों के लिए सुनहरा अवसर मिलेगा। साथ ही श्री गुप्ता के सामाजिक समरसता की वजह से गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज का भी विकास होगा। इस सोसाइटी में कुल नौ सदस्य नियुक्त हुए हैं,

जिसमें रवि गुप्ता के आलावा एक सदस्य वर्रीय अधिकारी जो बिहार सरकार साइंस ऑफ टेक्नोलॉजी एंड टेक्निकल एजुकेशन के सचिव हैं तथा शेष सदस्यों में कॉलेज के प्रिंसिपल के आलावा कॉलेज के ही प्रोफेसर शामिल हैं।

इनकी नियुक्ति की जानकारी बिहार सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ साइंस ऑफ टेक्नोलॉजी एंड टेक्निकल एजुकेशन के द्वारा 21 जून को ही पत्र के माध्यम से प्राप्त हुआ। इनके द्वारा सभी सदस्यों के साथ साइंस टेक्नोलॉजी भवन में भी रजिस्ट्रेशन हुआ।

श्री गुप्ता के इस कॉलेज में सदस्य बनने पर नवादा के भाजपा नेता अजीत यादव, डॉ आरपी साहू, अधिवक्ता निरंजन कुमार सिंह, अधिवक्ता शशि भूषण सिंह, पारस कुमार सिंह, उपेन्द्र कुमार विश्वकर्मा, सुनील कुमार गुप्ता, सत्येंद्र यादव, गोरे लाल साव, शिक्षक सुभाष कुमार तथा अशोक चौहान आदि लोग बधाई व शुभकानाएं देने जुट रहे हैं।

स्थानांतरण के बाद भी नवादा के सहायक निदेशक खान क्यों डटे हैं नवादा में, 30 जून को हुआ था तबादला, पढ़ें पूरी खबर 

0

स्थानांतरित पदाधिकारी का नवादा से नहीं हो रहा मोह भंग, नवादा के नये सहायक खान निदेशक बने प्रत्यय अमन 

हिसुआ से पकड़े गए अंतर जिला बालू माफिया गिरोह का कहीं विभागीय संरक्षण तो नहीं मिल रहा था, पुलिस की तरह क्यों नहीं कार्रवाई कर रही विभाग, जांच के बाद हो सकता है खुलासा   

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में खनन विभाग के सहायक निदेशक खान मुकेश कुमार का तबादला नालंदा जिला हो चूका है, साथ ही अतिरिक्त प्रभार शेखपुरा जिला मिला है। यह स्थानांतरण 30 जून को हुआ है, जिसको लेकर विभाग ने उक्त तिथि को पत्र जारी कर चुका है।

वहीं नवादा जिले के लिए पूर्णिया के खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन को पदभार सौंपा गया है। लेकिन दुर्भाग्य इस बात का है कि अभी तक नवादा के सहायक निदेशक खान मुकेश कुमार इसी जिले में कुंडली मारे बैठे हैं। उधर, पूर्णिया से स्थानांतरित हुए प्रत्यय अमन भी अपना पदभार ग्रहण करने नहीं पहुंचे हैं।

दोनों पदाधिकारियों का स्थानांतरण हुए छह दिन बीत चुके हैं, बावजूद अपने-अपने जिलों से मोह भंग नहीं हो रहा है। इधर, नवादा के सहायक निदेशक खान मुकेश कुमार की बात करें तो इनके कार्यकाल में नवादा जिले में नदी से बालू उठाव पर रोक लग चूका है। ऐसे में जिलेवासियों को बालू आपूर्ति के लिए स्टॉक प्वाईंट बनाया गया है।

परंतु दुर्भाग्य यह है कि अभी तक जिले में बनाये गए स्टॉक प्वाईंट का डिटेल आम जनता के बीच सार्वजनिक नहीं किया गया है। इतना ही नहीं स्टॉक प्वाईंट के नाम पर विभागीय संरक्षण के तहत खुलकर लूट मची है। गौरतलब हो कि हिसुआ में जिस तरह से पुलिस ने कार्रवाई कर अंतर जिला बालू माफिया गिरोह का उजागर किया है, उसमें कहीं न कहीं विभागीय संरक्षण होने की चर्चा है।

एक तरफ पुलिस अवैध बालू खनन को लेकर कार्रवाई करने में जुटी है तो दूसरी तरफ विभागीय अधिकारी कार्रवाई के नाम पर कुंडली मारे बैठे हैं। इससे यह साफ होता है कि जिले में बालू माफियाओं को विभागीय संरक्षण प्राप्त है। यही वजह है कि सहायक निदेशक खान मुकेश कुमार स्थानांतरण के बाद भी इसी जिले में डटे हैं। इनका पुराना इतिहास देखा जाय तो इनपर निलंबन की कार्रवाई भी हो चुकी है। 

स्टॉक प्वाइंट पर कम बालू संग्रह से बालू माफिया हुआ सक्रिय 

बता दें कि नवादा में बालू के अवैध उत्खनन के पीछे खनन विभाग का बड़ा हाथ है। जिस तरह से जिले में बालू उठाव पर चार माह का रोक लगाया गया है, उस स्तर से बालू संग्रह नहीं किया गया है। विभाग के पास जितना स्टॉक प्वाइंट का आंकड़ा है वह उंट के मुंह में जीरा का फोरन है।

नदी से बालू उठाव पर रोक से दो दिन पूर्व 13 जून तक खनन विभाग के पास बालू स्टॉक का जो आंकड़ा था वह चौंकाने वाला था, उस वक्त जिले के स्टॉक प्वाइंट पर मात्र 2 लाख 85 हजार एमटी ही बालू स्टॉक था। जबकि स्टॉक प्वाइंट की जांच की जाय तो खनन विभाग के काले कारनामों का पर्दाफाश हो सकता है।

फिलवक्त बालू माफिया अवैध बालू उठाव के लिए विभाग और पुलिस से बेखौफ है, जो अगले चार माह तक पुलिस और विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रहेगा।

नवादा पुलिस ने फ़र्ज़ीवाड़े तरीक़े से अवैध बालू खनन व परिवहन कर रहे अंतर जिला सिंडिकेट का ऐसे किया खुलासा, पढ़ें पूरी खबर 

0

हिसुआ के भदसेनी से जब्त हुआ बालू लदा दो हाइवा और एक ट्रक, 6 अंतर जिला बालू माफियाओं को किया गया गिरफ़्तार

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में नदी से बालू उठाव पर चार माह के लिए रोक लगने के बाद बालू माफिया पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में नवादा पुलिस ने बालू माफियाओं का एक ऐसे अंतर जिला गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल कि है, जो फर्जी चलान के माध्यम से बालू तस्करी कर रहा था।

दरअसल 30 जून 2024 को हिसुआ थाना को सूचना मिली की ग्राम भदसैनी से तीन अवैध बालु लदे वाहन आ रहे हैं। सूचना सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई को लेकर हिसुआ थाना की एक विशेष टीम रेपुरा पहुंची एवं भदसैनी के रास्ते की ओर आगे बढ़ी तो देखा भदसैनी के रास्ते से दो बालु लदे हाइवा एवं एक ट्रक आ रही है जिसमें बालु लदा था।

जब पुलिस ने उक्त तीनों वाहन से बालू परिवहन का चालान मांगा गया तब उनके द्वारा दिखाये गये चालान पर अनुज्ञप्ति संख्या- K-GAYA/5/2024 तथा K- GAYA/58/2024 व अनुज्ञप्तिधारी का पता गया ज़िला पाया गया। पूछताछ के क्रम में वाहन चालकों के द्वारा बताया गया कि ये लोग भदसैनी के पास स्थित मां लक्ष्मी क्रिएटिव स्टॉक से बालु लोड कर ला रहे थे तथा वहीं से उनको चालान भी मिला था।

इनलोगों का चालान के अनुसार गया से बालु लोड करना था, परंतु ये लोग फर्जीवाड़ा तरीके से भदसैनी से बालू लोड कर ले जा रहे थे। पुलिस के द्वारा जब भदसेनी स्थित मां लक्ष्मी क्रिएटिव स्टॉक की छापेमारी की गई तो वहां पर पुलिस को एक लैपटॉप बरामद हुआ, जिसमें गया के अनुज्ञप्तिधारी रंजीत कुमार का आईडी लॉग-इन था।

वहां के ऑपरेटर से पूर्व के निर्गत चालानों का विवरणी दिखाने को कहा गया तो रंजीत कुमार एवं अन्य अनुज्ञप्तिधारी का चालान निर्गत पाया गया। ऑपरेटर अनंत कुमार के व्हाट्सएप पर भी विभिन्न मोबाइल से चालान प्राप्त किया गया था तथा अवैध बालू चोरी करने वाले व्यक्तियों की सूची एवं 284 गाड़ियों का ज़िक्र था।

पुलिस प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति में उक्त जानकारी देते हुए कहा गया कि ये लोग सिंडिकेट बनाकर जालसाज़ी कर इलेक्ट्रॉनिक कूटकर्म के ज़रिये अवैध बालु का उत्खनन एवं परिवहन कर रहे थे। इस संदर्भ में 1 जुलाई 2024 को हिसुआ थाना में धारा- 303(2)/317(2)/318(4)/336(3)/111 BNS के तहत कांड संख्या-377/24 दर्ज कर कांड में संलिप्त 6 व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया गया।

गिरफ्तार बालू माफियाओं के पास से पुलिस ने 2 अवैध बालू लदा हाइवा, 1 अवैध बालू लदा ट्रक, 4 एंड्राइड फ़ोन तथा 1 लैपटॉप बरामद किया गया। वहीं गिरफ़्तार बालू माफियाओं में नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र स्थित पुनौल गांव निवासी शम्भू यादव का 23 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार,

लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र स्थित रामपुर गांव निवासी स्व किशन देव सिंह का 55 वर्षीय पुत्र श्याम किशोर सिंह, नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित फुलमा गांव निवासी केदार प्रसाद का 55 वर्षीय पुत्र अजय सिंह, नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित बिहार शरीफ बिजवन पर निवासी रामविलास यादव का 21 वर्षीय पुत्र संटू कुमार,

नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित संदौड़ा गांव निवासी रामविलास यादव का 18 वर्षीय पुत्र विकास कुमार तथा शेखपुरा जिले के सिरारी थाना क्षेत्र स्थित कैथावो गांव निवासी रामवृक्ष सिंह का 27 वर्षीय पुत्र अनंत कुमार शामिल है।

नवादा के जीवन दीप पब्लिक स्कूल बुधौल में 5 साल की स्कूली बच्ची को बनाया हवस का शिकार, विद्यालय प्रबंधक कठघरे में, पढ़ें पूरी खबर

0

पुलिस ने किया दो नाबालिग बलात्कारियों को लिया गया हिरासत में, पीड़िता को इलाज के लिए सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नगर थाना अंतर्गत बुधौल के एक प्राइवेट स्कूल में एक 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किये जाने की घटना ने सनसनी फैला दिया है। इस कांड में संलिप्त 2 विधि विरुद्ध किशोर को हिरासत में लिया गया है। इस घटना को लेकर पीड़ित बच्ची की मां ने 1 जुलाई 2024 को नगर थाना में आवेदन दिया गया।

पीड़िता की मां ने आवेदन में लिखा कि उसकी 5 साल की पुत्री के साथ उसके स्कूल जीवन दीप पब्लिक स्कूल में 2 लड़कों ने बलात्संग किया है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर थानाध्यक्ष पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंच वहां का निरीक्षण एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।

बच्ची को इलाज एवं मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के निर्देशानुसार नगर थाना द्वारा कांड की प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। इस संदर्भ में धारा 376 AB IPC 4/6 POSCO ACT, 3(1)(WI)SC/ST एक्ट के तहत नगर थाना कांड संख्या- 733/24 दर्ज किया गया।

अनुसंधान के क्रम में नगर थाना द्वारा हॉस्पिटल एवं घटनास्थल पर जाकर साक्ष्य संकलन किया गया। अग्रतर अनुसंधान में स्कूल परिसर में पूछताछ करने पर यह बात सामने आई की 2 विधि विरुद्ध बालक द्वारा बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है।

दोनों बालक को निरुद्ध कर पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया। इस प्रकार नवादा पुलिस के द्वारा 48 घंटे के अंदर 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किये जाने के कांड का उद्भेदन करते हुए दोनों विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है,

जिसके बाद अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। इधर, इस घटना से जहां विद्यालय प्रबंधक कठघरे में आ गया है, वहीं विद्यालय की छात्राओं में दहशत कायम हो गया है। ऐसे में यहां पढ़ने वाली छात्राओं की आबरू खतरे में देख अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।

गौरतलब हो कि नारदीगंज थाना क्षेत्र में भी एक 3 साल की बच्ची का उसके फूफा द्वारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसे पुलिस ने 12 घंटे के अंदर कार्रवाई करते हुए दुष्कर्मी फूफा सुनील मांझी को गिरफ्तार किया गया जा चूका है।

मासूम 3 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म करने वाला हैवान निकला फूफा, पुलिस ने कैसे किया गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर 

0

महज 12 घंटे में ही पुलिस ने किया मामले का उद्भेदन, गिरफ्तार अभियुक्त फूफा को भेजा गया न्यायिक हिरासत में, सदर अस्पताल में मासूम बच्ची का चल रहा इलाज 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में रिश्ते को तार-तार करते हुए फूफा ने अपनी ही 3 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने का घिनौना काम किया। मंगलवार की देर रात्रि आरोपी फूफा ने हवस में अंधा होकर घर में अपने परिजनों के साथ सोयी मासूम बच्ची को अगवा कर लिया और हैवानियत की सारी हदें पार कर मासूम भतीजी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

इसके बाद मासूम बच्ची का मुंह बांधकर नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित पंचाने नदी के पास फेंक कर फरार हो गया था। इसके बाद नवादा पुलिस के द्वारा 3 वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने के कांड का 12 घंटे के भीतर उद्भेदन एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी सफलता पूर्वक कर ली गई।

पुलिस उपाधीक्षक इमरान परवेज ने बताया कि 3 जुलाई 2024 को सुबह 5 बजे सूचना प्राप्त हुई की नारदीगंज थाना अंतर्गत एक 3 वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष द्वारा घटनास्थल पर पहुंच वहां का निरीक्षण किया गया एवं आसपास के लोगों से पुछताछ की गई।

बच्ची को इलाज एवं मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल नवादा भेजा गया। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के निर्देशानुसार महिला थाना द्वारा कांड की प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

इस संदर्भ में महिला थाना में धारा 65/139 बीएनएस एक्ट एवं 4/6 पॉकसो एक्ट के तहत कांड संख्या- 27/24 दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अनुसंधान के क्रम में महिला थाना एवं FSL टीम द्वारा हॉस्पिटल एवं घटनास्थल पर जाकर साक्ष्य संकलन किया गया।

इसके बाद अग्रतर अनुसंधान में परिजनों एवं आसपास के लोगों से सघन पुछताछ की गई। उन्होंने बताया कि इस क्रम में यह बात सामने आई कि बच्ची के फूफा द्वारा ही बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। बच्ची के फूफा को गिरफ्तार किया गया, जिसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

अभियुक्त सुनील मांझी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्यवाई की जा रही है। इस प्रकार नवादा पुलिस के द्वारा 12 घंटे के अंदर 3 साल के मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने के कांड का उद्भेदन करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस कांड में जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल करते हुए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से अभियुक्त को सजा दिलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नगर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी रामप्रसाद मांझी का 35 वर्षीय पुत्र सुनील मांझी है,

जो वर्तमान में नारदीगंज थाना क्षेत्र के दलित टोला पंचाना गांव में रह रहा था। गौरतलब हो कि इस घटना को लेकर पूरे जिले में सनसनी फैल गया था, जिसका खुलासा पुलिस ने 12 घंटे के अंदर कर दिया है।

पर्यावरण दिवस पर दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक ने पौधा रोपण कर ऐसा क्या लिया निर्णय कि सभी शाखाओं के लिए हुआ जरुरी, पढ़ें पूरी खबर 

0

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत डीबीजी बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विपुल सौरभ के नेतृत्व में किया गया पौधा रोपण 

राष्ट्रीय लोक अदालत में सेटलमेंट का लाभ उठाने व बैंक द्वारा चलाये जा रहे लाभकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

देश भर में पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पौधा रोपण किया गया। जिसमें पीएम मोदी ने नई दिल्ली के बुद्धा जयंती पार्क में एक पौधा लगाकर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ किया।

इसी अभियान को लेकर नवादा में दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक, नवादा के क्षेत्रीय कार्यालय एवं शाखाओं द्वारा पौधा रोपण किया गया। गौरतलब हो कि देश भर में 80 करोड़ पेड़ सितंबर तक एवं 140 करोड़ पेड़ मार्च 2025 तक लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

नवादा में पीएम मोदी के इस अभियान को बढ़ाने के लिए दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विपुल सौरभ ने जैन मंदिर परिसर के प्रांगण में एक पौधा लगाकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय नवादा के सभी कर्मियों व ग्रामीणों द्वारा भी एक-एक पौधा लगाया गया। 

पौधा रोपण के साथ-साथ सुरक्षित रखना भी अत्यंत जरुरी 

श्री सौरभ ने बताया कि सभी लोगों को कम से कम एक पौधा आवश्य लगाना चाहिए। वृक्ष लगाने से न केवल हमारे पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि वे जीवन के विभिन्न आवश्यक तत्वों को भी प्रदान करते हैं। वृक्ष हमारे लिए ऑक्सीजन का स्रोत है,

जो जीवन के लिए अपरिहार्य है। वे वायुमंडल में स्थित कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं, जिससे वायुमंडल में प्रदूषण की मात्रा कम होती है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से कई फायदे होते हैं, यह वायुमंडल को नियंत्रित करता है।

वृक्षारोपण के कार्य को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता अत्यंत जरुरी है। हमें स्वयं सभी को पहल करनी होगी और अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे, साथ ही इसकी सुरक्षा पर भी ध्यान देना होगा, ताकि वे सही ढंग से विकसित हो सकें। 

लोक अदालत में सेटलमेंट की दी गई जानकारी 

श्री सौरभ ने वर्तमान में बैंक द्वारा चलाए जा रहे सभी योजनाओं की जानकारी दी। सभी को बैंक से जुड़कर इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही खातों को आधार एवं मोबाइल से जुड़वाने के लिए अनुरोध किया गया, बैंक द्वारा विभिन्न स्कीम के लिए ऋण मुहैया कराया गया है इसका इसका लाभ उठाने को कहा गया।

वहीं उन्होंने बताया कि आगामी 13 जुलाई 2024 को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक द्वारा विशेष छूट दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कम राशि में समझौता कराकर इसका लाभ उठायें। अंत में उन्होंने आह्वान किया कि आइए हम सभी मिलकर एक पेड़ मां के नाम पर वृक्षारोपण करें और पर्यावरण की रक्षा में अपना योगदान दें।

रेलवे के संरक्षा आयुक्त ने क्यों किया वारिसलीगंज-नवादा रेलखंड का निरीक्षण, पढ़ें पूरी खबर 

0

किउल-गया दोहरीकरण परियोजना अंतर्गत नव दोहरीकृत वारिसलीगंज-नवादा रेलखंड पर जल्द दौड़ेगी ट्रेनें  

124 किलोमीटर लंबे किउल-गया दोहरीकरण परियोजना के तहत अब तक लगभग 107 किमी का कार्य हो चूका है पूर्ण  

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

कोलकाता के पूर्वी सर्किल संरक्षा आयुक्त (रेलवे) सुवोमोय मित्रा ने मंगलवार को दानापुर मंडल के किऊल-गया दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत लगभग 19 किमी लंबे नव-दोहरीकृत वारिसलीगंज-नवादा रेलखंड का निरीक्षण किया।

इस दौरान संरक्षा आयुक्त द्वारा वारिसलीगंज और नवादा के मध्य नवनिर्मित दोहरीलाइन एवं पुल-पुलिया तथा वारिसलीगंज और नवादा स्टेशन के स्टेशन भवन, पैनलरूम, रिले रूम एवं आईपीएस रूम का निरीक्षण किया। 

साथ ही संरक्षा आयुक्त (रेलवे) द्वारा विशेष ट्रेन से वारिसलीगंज से नवादा के मध्य अधिकतम 115 किमी प्रति घंटा की गति से सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल भी किया गया। संरक्षा आयुक्त की अनुमति प्राप्त होते ही नव-दोहरीकृत रेलखंड पर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।

इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक जयंत कुमार चौधरी सहित निर्माण विभाग तथा दानापुर के उच्चाधिकारीगण भी उपस्थित थे। विदित हो कि वारिसलीगंज-नवादा नव-दोहरीकृत रेलखंड दानापुर मंडल अंतर्गत लगभग 1200 करोड़ रूपए की लागत वाली किऊल-गया दोहरीकरण परियोजना का हिस्सा है।

किऊल-गया परियोजना के तहत लगभग 124 किलोमीटर दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। उक्त जानकारी देते हुए रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने कहा कि इस परियोजना के तहत अब तक लगभग 107 किमी रेलखंड का दोहरीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है

तथा इस दोहरीकरण परियोजना के तहत अंतिम चरण में शेष बचे 17 किमी लंबे नवादा-तिलैया रेलखंड के दोहरीकरण का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा हो जाने के बाद किउल-गया रेलखंड में ट्रेनों की गति में वृद्धि होगी और क्षेत्र के औद्योगिक विकास में गति आएगी।

गौरतलब हो कि इस रेलखंड पर स्टेशनों का आधुनिकरण कर नये स्टेशन भवन का निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। इसके पूर्व विद्युतीकरण का कार्य पूरा किया जा चूका है, अब इस रेलखंड पर कार्य लगभग अंतिम चरण में है, इसके बाद इस रेलखंड पर ट्रेनें रफ्तार से दौड़ने लगेगी।

You cannot copy content of this page