तालाब में 33 हजार वोल्ट का टूटकर गिरा था तार, संपर्क में आने से हुई मौत, नालंदा जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के वस्ता गांव में हुई घटना
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नालंदा जिले में करंट से नवादा जिले के एक किशोर की मौत हो गई। मामला थरथरी थाना क्षेत्र के वस्ता गांव का है।
मृतक की पहचान नवादा जिला के नारदीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनौली गांव निवासी महेश चौहान के 13 वर्षीय पुत्र विपिन चौहान के रूप में की गई है। एक सप्ताह पूर्व ही विपिन चौहान अपने ननिहाल वस्ता गांव स्व जामुन चौहान के घर आया था।
घटना के संबंध में मृतक के परिजन ने बताया कि मृतक बालक विपिन शौच के लिए कृष्णा कंधा गया हुआ था। शौच के बाद जैसे ही किशोर पानी छूने के लिए तालाब की ओर गया, तो वह करंट के संपर्क में आ गया।
बताया जाता है कि पूर्व से ही पानी में 33 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिरा हुआ था। मवेशी चरा रहे लोगों की किशोर पर नजर पड़ी तो शोर मचाने लगे, जिसके बाद ग्रामीणों व परिजनों को घटना के बारे में पता चला।
शव को पानी से बाहर निकाल कर स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इधर, बालक की मौत का खबर जैसे ही घर वालों को मिला तो परिजनों की चीत्कार से गांव गूंजने लगा। वहीं इस घटना की जानकारी नवादा स्थित गांव में परिजनों को मिला तो कोहराम मच गया।
यह घटना मंगलवार की है। ग्रामीणों ने कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण अक्सर यहां तार टूटकर गिर जाता है। विभाग ऐसे जर्जर तारों को नहीं बदल रही। जिसके कारण गांव के लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं।
थरथरी थानाध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा ने बताया कि करंट से मौत की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मुहर्रम पर्व के लिए विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम-एसपी की अध्यक्षता में हुई बैठक
डीएम ने कहा संवेदनशील स्थानों पर समुचित संख्या में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बलों की होगी प्रतिनियुक्ति
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए डीएम आशुतोष कुमार वर्मा एवं एसपी अम्बरीष राहुल की संयुक्त अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
डीएम ने कहा कि इस पर्व को मनाने के लिए सभी अधिकारी कर्तव्य के प्रति गंभीर रहेंगे। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि कुछ स्थानों से अभी तक रिपोर्ट अप्राप्त है। डीएम ने सभी बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों को कहा कि जिन्होंने रिपोर्ट नहीं दिया है, वे मंगलवार की रात तक शत-प्रतिशत रिपोर्ट तैयार कर अविलंब भेजेंगे। उन्होंने कहा कि चुनौतियों को अवसर में परिणत करना है। यह पर्व 17 और 18 जुलाई को दो दिनों तक मनाया जायेगा, जिसको शांतिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा व्यापक व्यवस्था की गयी है।
उन्होंने दोनों एसडीओ को निर्देश दिया कि जुलूस मार्ग के रूट का सत्यापन ससमय करा लें। सभी लाईसेंसधारी जुलूस को नियंत्रण करने के लिए पर्याप्त संख्या में वोलेंटियर पहचान पत्र के साथ प्रतिनियुक्त करेंगे। इस जिला में ताजियादारों में हिन्दु और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग शामिल होते हैं। नवादा साम्प्रदायिक जिला है, ऐसे में सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी एवं काफी संख्या में सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी।
उन्होंने कहा कि अति संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी का अधिष्ठापन कराया जायेगा। अधिकारी भीड़ को नियंत्रण करने के लिए माइक का प्रयोग अवश्य करेंगे। जुलूस शत-प्रतिशत लाईसेंसी होनी चाहिए। जुलूस में सादे लिबास में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। उन्होंने सभी बीडीओ व सीओ को निर्देश दिया कि प्रखंड समन्वय समिति की बैठक अवश्य कर लेंगे।
जुलूस वाले स्थानों पर विद्युत रहेगा अवरुद्ध
डीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर एवं सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर एम्बुलेंस तथा डॉक्टरों के साथ पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाएं अवश्य रखेंगे। सभी एसडीओ प्रतिनियुक्ति स्थल पर दंडाधिकारियों की उपस्थिति का हर हाल में जांच करेंगे। कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद एवं कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को जुलूस मार्ग में भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर वाटर टैंकर एवं चलंत शौचालय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। पहलाम स्थल और कर्बला में भीड़ काफी रहती है, उन स्थलों को चिन्हित कर वहां नियंत्रण रखना आवश्यक है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष एवं हेल्प डेस्क की स्थापना की जायेगी। इन स्थानों पर मजिस्ट्रेट और फोर्स की प्रतिनियुक्ति करेंगे। जुलूस वाले इलाकों में विद्युत अवरूद्ध रहेगी।
एसपी ने कहा ड्रोन के माध्यम से जुलूस और मेला पर रखी जायेगी निगरानी
एसपी श्री राहुल ने सभी थानाध्यक्षों से जुलूस वेरीफिकेशन के बारे में बारी-बारी से जानकारी लिया। उन्होंने कहा कि जिन थानों में 18 जुलाई को जुलूस नहीं निकलेगा वे थानाध्यक्ष टाउन में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त रखें एवं पेड़ों की टहनियों को भी साफ-सफाई कर दें। मंदिर और मस्जिद के आस-पास सीसीसटीवी लगाएं एवं सभी रूटों पर वीडियोग्राफी करायें।
सभी प्रखंडों में ड्रोन के माध्यम से जुलूस और मेला की निगरानी की जायेगी। 107 के तहत शत-प्रतिशत तामिला कराना सुनिश्चित करेंगे। एसपी ने सभी थानाध्यक्ष एवं सीओ से सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों के संबंध में फिडबैक प्राप्त किया। सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद और नगर पंचायत को सख्त निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में जुलूस मार्ग अतिक्रमणमुक्त करते हुए साफ-सफाई और पेयजल की बेहतर व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि जुलूस के पीछे रहने के लिए पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति अवश्य करेंगे, साथ ही जुलूस निकलने के पूर्व डीजे, पोस्टर, हथियार के बारे में सूचना देंगे। डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा, डीजे बजाने पर कार्रवाई तय है। बिजली, पानी, सीसीटीवी कैमरा, वीडियाग्राफी के बारे में संबंधित पदाधिकारियों से विस्तृत पूर्वक जानकारी प्राप्त किया। एसपी ने जुलूस रूट के अनुसार ड्रॉप गेट के निर्माण के बारे में भवन प्रमंडल, नवादा को निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि शहर में 17 जुलाई को दिन में 12ः00 बजे से 18 जुलाई को रात में 02ः00 बजे तक बड़ी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। सभी मालवाहक गाड़ियां एवं बड़ी गाड़ियां बंद रहेगी। मौके पर सदर एसडीओ अखिलेश कुमार, रजौली एसडीओ आदित्य कुमार पियूष के अलावा बंदोवस्त पदाधिकारी, अपर समाहर्त्ता, डीडीसी, डीसीएलआर नवादा सदर व रजौली सहित सभी बीडीओ, सीओ तथा थानाध्यक्ष आदि मौजूद थे।
हर्ष फायरिंग में इलाजरत जख्मी युवक की भी संलिप्ता आई सामने, एसपी ने कहा एक्सीडेंटल फायरिंग में युवक हुआ घायल Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा पुलिस ने 24 घंटा के अंदर हर्ष फायरिंग करने के मामले में आरेपी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय में एसपी अम्बरीष राहुल ने प्रेसवार्ता का आयोजन कर इसकी जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि नेमदारगंज थाना क्षेत्र के एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग में एक युवक जख्मी हो गया था। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को नेमदारगंज थाना को सूचना प्राप्त हुई कि पिछले रात थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शादी समारोह के दौरान हुए हर्ष फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लग गई है, जिससे वह जख्मी हो गया।
परिजनों द्वारा जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जख्मी युवक के फर्द बयान पर कांड अंकित किया गया। इस घटना को एसपी श्री राहुल ने गंभीरता के साथ लेते हुए प्रशिक्षु डीएसपी सह नेमदारगंज थानाध्यक्ष नीलीमा राय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर कार्रवाई का आदेश दिया।
गठित टीम ने मामले का सख्ती से अनुसंधान प्रारंभ किया। अनुसंधान के क्रम यह जानकारी मिली की नालंदा जिला अन्तर्गत वेन थाना क्षेत्र के अरौत गांव निवासी द्वारा देसी कट्टा से फायरिंग करने का प्रयास किया जा रहा था।
यह देखकर उस व्यक्ति के बहनोई तुलसी चौहान का पुत्र मुनरिक चौहान द्वारा फायरिंग को रोकने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में सुधीर चौहान द्वारा एक्सीडेंटल फायरिंग में अपने ही पैर में गोली लग गयी, जिससे वह जख्मी हो गया।
घटना में संलिप्त अभियुक्त मुनरीक चौहान को रामपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है तथा एक अभियुक्त बीम्स पावापुरी में इलाजरत है। घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा को भी बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त को नेमदारगंज थाना लाया गया एवं उनसे सघन पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया है। घटना में प्रयुक्त कट्टा एवं पिलेट को एफएसएल में जांच के लिए भेजा जा रहा है। इस तरह 24 घंटे के अंदर नवादा पुलिस द्वारा घटना का सफल उद्भेदन कर लिया गया है।
बख्तियारपुर-बिहार शरीफ सड़क मार्ग स्थित निर्माणाधीन फोरलेन पर हुई भीषण सड़क हादसा, सड़क किनारे खड़ी हाइवा में स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, आधा दर्जन हुए जख्मी
नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के हमीदपुर बारा गांव से बाढ़ जा रहे थे पूरा परिवार, गांव में मचा कोहराम
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में दिल दहला देने वाली भीषण सड़क हादसा ने सनसनी फैला दिया।
दरअसल, बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना अंतर्गत बख्तियारपुर-बिहार शरीफ सड़क मार्ग स्थित निर्माणाधीन फोरलेन के समीप हुई भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो पर सवार 12 लोगों में से 6 लोगों की मौत हो गयी। इसमें एक महिला ने बख्तियारपुर सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान अपना दम तोड़ दिया।
वहीं अन्य लोगों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो और बोलेरो दो वाहन पर सवार होकर करीब 12 लोग नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के हमीदपुर बारा गांव से पूरा परिवार बाढ़ के उमानाथ मंदिर मुंडन के लिए जा रहे थे,
तभी बख्तियारपुर में मानसरोवर पेट्रोल पंप के निकट तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने हाइवा ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया, जिसमें स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई और बाकी अन्य लोगों को सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां अस्पताल में इलाज के दौरान 2 लोगों की मौत हो गयी।
फिलहाल पुलिस जख्मी को इलाज के लिए पटना भेज दिया है। वहीं अनियंत्रित स्कॉर्पियो के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कुल 6 लोगों की मौत हो गयी है। जानकारी अनुसार पटना में इलाज के दौरान एक की मौत हो गयी है। इस घटना में अब तक 4 महिला, 2 पुरुष की मौत हो गयी है। वहीं सड़क दुर्घटना के बाद घटना स्थल पर अफरातफरी मच गया।
यह घटना सोमवार की देर रात्रि की है। घटना की सूचना पर बख्तियारपुर एसडीपीओ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच और घायलों को इलाज के लिए भेजने में जुटे रहे। मृतकों में रीतू कुमारी 5 साल, कमला देवी 55 साल, पार्वती देवी 65 साल तथा तीरथ कुमार 22 साल सहित छह लोगों की मौत हुई है।
बता दें कि नवादा जिले के नरहट के हमीरपुर बारा गांव निवासी मुकेश कुमार के पुत्र हीरालाल का बाढ़ के उमानाथ मंदिर में मुंडन संस्कार के लिए सभी लोग दो निजी वाहन से जा रहे थे। इसी बीच आगे चल रही स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बाद में पीछे से आ रही बोलेरो पर सवार परिवार वालों ने सभी को इलाज के लिए पुलिस के सहयोग से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, गांव में इस घटना को लेकर मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुर्घटना में मारने वालों का पोस्टमार्टम कराकर शव को उनके गांव भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
घटना को लेकर पुलिस ने दिखाई तत्परता, घायल युवक को बीम्स पावापुरी किया गया रेफर, हर्ष फायरिंग करने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक को गोली लगने से अफरा-तफरी मच गया। घायल युवक को इलाज के लिए बीम्स पावापुरी रेफर किया गया है।
वहीं पुलिस घटना को लेकर जांच में जुट गई है। दरअसल, जिले में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करना आम बात हो गया है। जयमाला का समय हो या समधी मिलन का माहौल हो, ऐसे मौके पर हर्ष फायरिंग करना एक शौक बन गया है। आये दिन शादियों में लोग हर्ष फायरिंग करते देखे जाते हैं।
कई ऐसे मामले आए, जिसमें शादी का उत्सवी माहौल गमगीन हो गया है, बावजूद लोग हर्ष फायरिंग को अपनी शान और शौकत मानते हैं। ताजा मामला जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र का है, जहां थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में एक युवक हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के बीम्स पावापुरी रेफर कर दिया। जख्मी युवक की पहचान नालंदा जिला अन्तर्गत बेना थाना क्षेत्र के अरौत गांव निवासी सुबेलाल चौहान का पुत्र सुधीर चौहान के रूप में किया गया है।
बताया जाता है कि सुधीर चौहान अपनी बहन के यहां आया हुआ था। बहन के पड़ोस के घर में शादी समारोह हो रहा था, तभी जयमाला के समय किसी ने हर्ष फायरिंग कर दिया। हर्ष फायरिंग के दौरान निकली गोली सुधीर चौहान के पैर में जाकर लगी। गोली लगने के बाद युवक जख्मी हो गया।
गोली चलने की अबाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है। हर्ष फायरिंग में युवक के घायल होने की सूचना पर पहुंची नेमदारगंज थाना पुलिस त्वरित कार्रवाई में जुट गई। थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु एसडीपीओ नीलीमा राय ने बताया कि सुबह नेमदारगंज थाना को सूचना प्राप्त हुई कि
रविवार की रात्रि थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में शादी समारोह के दौरान हुए हर्ष फायरिंग में एक युवक के पांव में गोली लग गई है और जख्मी युवक को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।सूचना की सत्यापन के लिए पुलिस की एक टीम घटना स्थल पर पहुंचकर पूछताछ किया तथा दूसरे टीम के द्वारा हॉस्पिटल में जख्मी का फर्दबायन लिया गया।
उन्होंने बताया कि फर्दबयान के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। साथ ही आयोजकों और स्थानीय लोगों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द इस कांड का उद्भेदन कर लिया जाएगा तथा कांड में संलिप्त सभी अपराधियों की l शादी समारोह में अक्सर हर्ष फायरिंग देखने को मिलता है।
हर्ष फायरिंग पर पुलिस का ध्यान नहीं रहता, क्योंकि शादी समारोह में पटाखे भी तेज आवाज के छोड़े जाते हैं। पुलिस को भनक तब लगती है, जब इस दौरान कोई घटना हो जाता है। हालांकि, पुलिस हर्ष फायरिंग पर रोक लगाने के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध है, बावजूद लोग पुलिस से बचकर ग्रामीण क्षेत्रों में हर्ष फायरिंग करने से बाज नहीं आते हैं। ऐसे मामलों को चौकीदार की मदद से ही अंकुश लगने की संभावना है।
श्रावणी मेला को लेकर 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का मिला सौगात, श्रद्धालुओं को मिलेगी सहूलियत
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पूर्व मध्य रेल द्वारा पटना एवं गया से मधुपुर के लिए, जयनगर से आसनसोल के लिए तथा रक्सौल एवं सरायगढ़ से देवघर के लिए एक-एक जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का बड़ा सौगात मिला है। उक्त जानकारी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी।
पटना जंक्शन से खुलने वाली ट्रेन-
श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों में गाड़ी संख्या- 03266/03265 पटना-मधुपुर-पटना श्रावणी मेला स्पेशल जो मोकामा-किउल-झाझा-जसीडीह के रास्ते मधुपुर तक जाने वाली गाड़ी संख्या- 03266 पटना-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल 21 जुलाई 2024 से 20 अगस्त 2024 तक प्रतिदिन पटना से 23.10 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 4.10 बजे जसीडीह रूकते हुए 4.50 बजे मधुपुर पहुंचेगी। यही ट्रेन वापसी में गाड़ी संख्या- 03265 बनकर मधुपुर-पटना श्रावणी मेला स्पेशल 22 जुलाई 2024 से 21 अगस्त 2024 तक प्रतिदिन मधुपुर से सुबह 5 बजे खुलकर 5.45 बजे जसीडीह रूकते हुए दोपहर 12 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
गया जंक्शन से खुलने वाली ट्रेन-
गाड़ी संख्या- 03653/03654 गया-मधुपुर-गया श्रावणी मेला स्पेशल जो नवादा-किउल-झाझा-जसीडीह के रास्ते गाड़ी संख्या- 03653 गया-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल 21 जुलाई 2024 से 20 अगस्त 2024 तक प्रतिदिन गया से शाम 17 बजे खुलकर उसी दिन रात्रि 23.05 बजे जसीडीह रूकते हुए 23.50 बजे मधुपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या- 03654 मधुपुर-गया श्रावणी मेला स्पेशल 22 जुलाई 2024 से 21 अगस्त 2024 तक प्रतिदिन मधुपुर से रात्रि 1.00 बजे खुलकर 1.30 बजे जसीडीह रूकते हुए उसी दिन सुबह 10.25 बजे गया पहुंचेगी।
जयनगर जंक्शन से खुलने वाली ट्रेन-
गाड़ी संख्या- 05597/05598 जयनगर-आसनसोल-जयनगर श्रावणी मेला स्पेशल सप्ताह में तीन दिन दरभंगा-समस्तीपुर-बरौनी-मुंगेर-किउल-झाझा-जसीडीह गाड़ी संख्या- 05597 जयनगर-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल 23 जुलाई 2024 से 20 अगस्त 2024 तक सप्ताह के मंगलवार, शुक्रवार एवं रविवार को जयनगर से 22.00 बजे खुलकर
अगले दिन 9.10 बजे जसीडीह रूकते हुए 11.30 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में यह गाड़ी संख्या- 05598 बनकर आसनसोल-जयनगर श्रावणी मेला स्पेशल 24 जुलाई 2024 से 21 अगस्त 2024 तक सप्ताह के प्रत्येक बुधवार, शनिवार एवं सोमवार को आसनसोल से 13.00 बजे खुलकर 14.32 बजे जसीडीह रूकते हुए अगले दिन 4.20 बजे जयनगर पहुंचेगी।
रक्सौल जंक्शन से खुलने वाली ट्रेन-
गाड़ी संख्या- 05551/05552 रक्सौल-देवघर-रक्सौल श्रावणी मेला स्पेशल सप्ताह में तीन दिन सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर-बरौनी-किउल-जमालपुर-सुलतानगंज-भागलपुर गाड़ी संख्या- 05551 रक्सौल-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल 21 जुलाई 2024 से 20 अगस्त 2024 तक सप्ताह के रविवार, मंगलवार एवं गुरूवार को रक्सौल से 5.15 बजे
खुलकर उसी दिन 13.38 बजे सुलतानगंज रूकते हुए 16.45 बजे देवघर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या- 05552 देवघर-रक्सौल श्रावणी मेला स्पेशल 21.07.2024 से 20.08.2024 तक सप्ताह के प्रत्येक रविवार, मंगलवार एवं गुरूवार को देवघर से 17.45 बजे खुलकर 21.30 बजे सुलतानगंज रूकते हुए अगले दिन 6.00 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
सरायगढ़ जंक्शन से खुलने वाली ट्रेन-
गाड़ी संख्या- 05573/05574 सरायगढ़-देवघर-सरायगढ़ श्रावणी मेला स्पेशल सुपौल-सहरसा-मानसी-खगड़िया-मुंगेर-सुलतानगंज-भागलपुर गाड़ी संख्या- 05573 सरायगढ़-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल 21 जुलाई 2024 से 20 अगस्त 2024 तक प्रतिदिन सरायगढ़ से 3.05 बजे
खुलकर उसी दिन 7.50 बजे सुलतानगंज रूकते हुए 11.30 बजे देवघर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या- 05574 देवघर-सरायगढ़ श्रावणी मेला स्पेशल 21 जुलाई 2024 से 20 अगस्त 2024 तक प्रतिदिन देवघर से 11.45 बजे खुलकर 15.23 बजे सुलतानगंज रूकते हुए उसी दिन 22.15 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखंड स्थित धमौल बाजार में लहराया गया फिलिस्तीन का झंडा, इस्लामिक मजहबी संस्था ने कहा यह हरकत गैर कानूनी है इससे बचें
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में मुहर्रम जुलूस के दौरान फिलिस्तीन का झंडा लहराने का मामला ने सनसनी फैला दिया है। इसको लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
बता दें कि मोहर्रम पर्व के दौरान मजार पर चादरपोशी करने जा रहे जुलूस में युवकों के द्वारा फिलिस्तीन का झंडा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि शुरू में तो इस वायरल वीडियो की पुष्टि पुलिस नहीं कर रही थी, लेकिन बाद में जांचोपरान्त से यह साफ हो गया कि वायरल वीडियो नवादा का ही है।
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि जुलूस में युवकों के द्वारा फिलिस्तीन का झंडा लहराया जा रहा है। झंडा लहराये जाने के बाद स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। दरअसल यह मामला पकरीबरावां प्रखंड के धमौल बाजार की है, जहां पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया है,
साथ ही एक घर से फिलिस्तीन का झंडा भी बरामद किया है। इस पूरे मामले में नवादा के पकरीबरावां पुलिस उपाधीक्षक द्वारा कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि धमौल बाजार में रविवार की शाम बगैर लाइसेंस के छोटा जुलूस निकाला गया था,
जिसमें कुछ युवकों द्वारा मजहबी झंडा के साथ गैर कानूनी हरकत करते हुए दूसरे मुल्क फिलिस्तीन का झंडा लहराया जा रहा है। गठित टीम ने देर रात तक छापेमारी कर एक घर से फिलिस्तीन का झंडा बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि मुहर्रम पर्व के दौरान दरभंगा और यूपी में भी इसी तरह का मामला सामने आया है।
फेडरेशन के अध्यक्ष ने कहा फिलिस्तीन के प्रति हमदर्दी जताने का गलत है तरीका
इधर, नेशनल इस्लामिक फेस्टिवल्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नेजाम खां कल्लू ने कहा कि फिलिस्तीन से मुसलमानों को हमदर्दी है और हमदर्दी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उसका तरीका यह है कि जो मुहर्रम के जलसे हो रहे हैं उसमें जगबंदी के लिए दुआ करें और
फिलिस्तीन के मुसलमानों के लिए तहफ्फुस और बका करें। साथ ही फिलिस्तीन के सालमियत के लिए खूब अल्लाह की बारगाह में गिड़गिड़ा कर दुआ करें, मगर फिलिस्तीन का झंडा जगह-जगह जुलूसों में लहराना व इस्तेमाल करना यह अख़लाकत जुर्म है और गैर कानूनी भी है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलिस्तीन के लिए बड़ी राहत और मदद भेजी है। इतना ही नहीं जो सालाना 6 करोड़ का मदद मिलता था उसे पीएम मोदी ने बढ़ाकर 15 करोड़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार भी फिलिस्तीन के प्रति हमदर्दी का इजहार करती है। ऐसे में मुसलमानों को भी चाहिए कि फिलिस्तीन के साथ इजहारे हमदर्दी करें।
उन्होंने कहा कि भारत में मजहबी जुलूसों में किसी मुल्क का झंडा लहराना गैर कानूनी है। उन्होंने अपील किया कि ऐसी हरकतों से बचें और फिलिस्तीन की हिफाजत के लिए दुआएं करें। अध्यक्ष ने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सख्त हिदायत दिया जा चूका है कि कोई भी गलत हरकत नहीं करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने ताजिया जुलूस के लाइसेंसी को इसके लिए खुद जिम्मेदार बनकर जिला प्रशासन के निर्देशों को पालन करने की अपील की।
इमामबाड़ों पर चढ़ाये जा रहे छोटे ताजिया, किया गया नेयाज फातिया, हाय हसन-हाय हुसैन के साथ इमामबाड़े व करबला के दर्शन में भाग दौड़ करते नजर आने लगे पैकार
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
मुहर्रम इस्लामिक कैलेंडर का पहला महीना होता है। इस महीने का दसवां दिन बेहद अहम होता है। कहा जाता है कि इसी दिन पैगंबर हजरत मोहम्मद के नाती हजरत इमाम हुसैन एक धर्मयुद्ध में शहीद हुए थे। इस दिन को अशुरा यानि मुहर्रम कहा जाता है।
इस पर्व का मुख्य आकर्षण बांस की पतली लकड़ियों से बने ढांचे के होते हैं जिन्हें ताजिया कहा जाता है। इसका वर्णन इस्लाम धर्म की धार्मिक पुस्तक हदीस में देखने को मिलता है। यह बातें नेशनल इस्लामिक फेस्टिवल्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नेजाम खां कल्लू ने कही,
उन्होंने कहा कि समय के साथ ताजिया निर्माण में काफी बदलाव आया है। मक्का-मदीना आदि के स्वरूप का ताजिया बनाया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम के 7वें दिन से पैकार बनने की परम्परा भी शुरू हो चुकी है। शहर के विभिन्न इमामबाड़ों पर लोग पैकार बनकर आस्था के साथ खाली पांव अराधना करने झुंड बनाकर निकलते हैं।
खाली पांव सड़कों पर पैदल चलकर तीन दिनों तक इमामबाड़े व कर्बला पर पहुंच इबादत किया जाता है। यह एक ऐसा पर्व है जिसमें मुस्लिम ही नहीं बल्कि हिन्दुओं का भी भरपुर सहयोग मिलता है। इस पर्व में पैकार बनने वाले हिन्दु मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग होते हैं। इसे सौहार्द का पर्व भी कहा जाता है।
क्यों मनाया जाता है मुहर्रम अध्यक्ष बताते हैं कि इस महीने में इमाम हुसैन की शहादत को याद किया जाता है। याजीद की सेना के विरुद्ध जंग लड़ते हुए इमाम हुसैन के पिता हजरत अली का संपूर्ण परिवार मौत के घाट उतार दिया गया था और मुहर्रम के दसवें दिन इमाम हुसैन भी इस युद्ध में शहीद हो गए थे।
जिसके बाद शहीद हसन-हुसैन की याद में मुहर्रम के दसवें दिन ही मुस्लिम संप्रदाय द्वारा ताजिया निकाले जाते हैं। जिसमें लकड़ी, बांस व रंग-बिरंगे कागज से सुसज्जित ये ताजिए हजरत इमाम हुसैन के मकबरे के प्रतीक माने जाते हैं। ताजिया जुलूस में इमाम हुसैन के सैन्य बल के प्रतीक स्वरूप अनेक शस्त्रों के साथ युद्ध की कलाबाजियां दिखाते हुए लोग चलते हैं।
मुहर्रम के जुलूस में लोग इमाम हुसैन के प्रति अपनी संवेदना दर्शाने के लिए बाजे पर शोक-धुन बजाते हैं और शोक गीत (मर्सिया) गाते हैं। मुस्लिम संप्रदाय के लोग शोकाकुल होकर विलाप भी करते हैं और अपनी छाती पीटते हैं। इस प्रकार इमाम हुसैन की शहादत को याद किया जाता है।
करबला में होता है ताजिए का पहलाम करबला के महत्व पर उन्होंने बताया कि ताजिए का पहलाम हर साल करबला में करने की परम्परा है। बेबीलोनियाई सभ्यता के अनुसार करबला का शाब्दिक अर्थ- ईश्वर का पवित्र स्थान होता है। करबला का इस्लाम धर्म में एक अलग ही महत्व है
और इस्लाम में सिया और सुन्नी संप्रदाय के बीच विवाद में भी करबला का एक अलग स्थान है। वैसे तो मूल रूप से करबला इराक के मध्य में स्थित एक ऐतिहासिक और पवित्र शहर है। ये शहर बगदाद से 55 मील यानि 88 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में स्थित है।
घटना की सूचना बाद पहुंची पुलिस ने एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार, नारदीगंज थाना क्षेत्र के कुझा गांव में घटी घटना
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में एक युवक की हत्या ने सनसनी फैला दिया। दरअसल, एक युवक अपना बकाया रूपये मांगने गया तो दबंगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि काफी समय से गांव के रवि कुमार के यहां मृतक बजरंगी चौहान मजदूरी कर रहा था, जिसका 25 हजार रूपये बकाया हो गया था और मांगने पर नहीं दे रहा था। शनिवार की रात्रि मृतक बजरंगी जब बकाया रूपये मांगने गया
तब बकायेदार रवि कुमार अपने गुर्गों के साथ लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के भतीजा ने बताया कि उनके चाचा गांव के ही रवि कुमार के यहां मजदूरी का रुपया बाकी था,
जिसे वह मांगने गया था। रुपए मांगने पर आगबबूला हो गया। बकाया रुपया नहीं दिया, उल्टा गाली-गलौज करने लगा, जिसका विरोध करने पर उसके सहयोगियों ने लाठी-डंडे और लोहे के रॉड से जमकर पीटाई किया, जिससे उसकी मौत हो गयी।
इस सम्बंध में नवादा सदर एसडीपीओ-1 अनोज कुमार ने बताया कि घटना जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के कुझा गांव में हुई है। मजदूरी का बकाया रुपया मांगने पर युवक को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है।
जिसमें मृतक की पहचान कुझा गांव निवासी गंगा चौहान का पुत्र बजरंगी चौहान के रूप में किया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक अपना 25 हजार रूपये जो रवि कुमार के यहां बकाया था, जिसे मांगने गया, तब उसकी पिटाई कर दी, जिसकी मौत अस्पताल पहुंचते ही हो गया।
उन्होंने कहा कि इसमें प्राथमिकी दर्ज करते ही त्वरित कार्रवाई की गई, जिसमें एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर एसआईटी गठित कर छापेमारी की जा रही है। इधर, घटना के बाद आस-पास के लोगों में मातमी माहौल कायम है, वहीं परिजनों रो-रोकर बुरा हाल है।
जिला जज ने कहा लोक अदालत एक ऐसा प्लेटफार्म है जहां मुकदमों के पक्षकार को आपसी समझौता के लिये अवसर करता है प्रदान डीएम ने कहा इस अदालत से मुकदमों के निपटारा किये जाने से अदालत में मुकदमों को घटता है बोझ राष्ट्रीय लोक अदालत में 1057 मामलों का हुआ निष्पादन, जिला जज, डीएम व एसपी ने संयुक्त रुप से राष्ट्रीय लोक अदालत का किया उद्घाटन Report by Nawada News Xpress नवादा / सूरज कुमार
नवादा में राष्ट्रीय लोक अदालत ने एक ऐसा समझौता के आधार पर मामले का निष्पादन कराया कि इतिहास के पन्नों पर एक नया अध्याय जुड़ गया। जिसमें 20 वर्षों से न्याय के लिए अदालत का चक्कर लगा रहे दो लोगों को समझौता के आधार पर न्याय मिल गया। यह समझौता पूरे न्यायालय परिसर में चर्चा का विषय बन गया।
व्यवहार न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत लगाया गया, जिसका उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह जिला जज आशुतोष कुमार झा, उपाध्यक्ष सह जिला पदाधिकारी आशुतोष कुमार वर्मा, सदस्य सह पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल एवं परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रोहित शंकर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर जिला जज ने कहा कि लोक अदालत एक ऐसा प्लेटफार्म है जहां मुकदमों के पक्षकार को आपसी समझौता के लिये अवसर प्रदान करता है।
मामले के पक्षकारों को समझाने के लिये सभी बेंच पर न्यायिक पदाधिकरी के अलावा एक अधिवक्ता रहते हैं। इस अदालत का मुख्य उद्देश्य यह है कि अदालत पहुंचने वाले पक्षकार खुशी-खुशी मामले का आपसी सुलह समझौता कराकर बिना खर्च के ही घर लौट जायें। वहीं जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस अदालत से मुकदमों के निपटारा किये जाने से अदालत में मुकदमों का बोझ घटता है। जिला प्रशासन इस अदालत की सफलता के लिये सदा तत्पर है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस प्रशासन पक्षकारों को नोटिस तामिल कराती है तथा पक्षकारों को समझौता करने के लिये प्रेरित करती है।
मंच का संचालन पीएलभी चन्द्रमौली शर्मा ने किया। इस अवसर पर डीडीसी दीपक मिश्रा भी मौजूद रहे। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कुमारी सरोज कृति ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के संचालन में न्यायिक पदाधिकारी उपेन्द्र कुमार, सुभाष चन्द्र शर्मा, अशुतोष राय, देशमुख, विवेक विशाल, आशीष रंजन, सुस्मिता कुमारी, धीरेन्द्र कुमार पांडेय, सिया श्रुति, प्रतीक सागर, अनामिका कुमारी, देवव्रत कुमार, अनीता कुमारी, आदित्या आनंद, कमरूजमां तथा निखिल कुमार की अहम भूमिका रही, जिन्होंने पक्षकारों को सही तथ्यों की जानकारी देते हुए समझौता कराया।
शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 1057 मामलो का निपटारा आपसी समझौता के आधार पर किया गया। जानकारी देते हुए प्राधिकार के सचिव कुमारी सरोज कृति ने बताया कि आयोजित लोक अदालत के माध्यम से व्यवहार न्यायालय में लम्बित 306 मामलों को आपसी समझौता के आधार पर निपटाया गया। वहीं विभिन्न बैंको ने 746 ऋणियों के साथ समझौता किया। विभिन्न बैंकों ने आयोजित अदालत में ऋणियों के साथ समझौता कर एक करोड़ 28 लाख 76 हजार 923 रूपये प्राप्त किया। जबकि, परिवार न्यायालय के एक, बीएसएनएल के 5, वन अधिनियम के 11, बाल श्रम अधिनियम के 5, मापतौल के 3 तथा मोटर दुर्घटना दावा वाद के 26 मामलों को आपसी समझौता के आधार पर निपटारा किया गया।
क्या कहते है पक्षकार न्याय के लिए 20 सालों से अदालत का चक्कर लगा रहे दो लोगों ने अंततः मामलों को आपसी समझौता के आधार पर निपटा लिया। समझौता के बाद दोनोे पक्ष ने कहा कि आज मानसिक शांति मिली है। छोटे से विवाद को लेकर मुकदमा तो दर्ज करा दिया था, किन्तु न्याय आज मिला जब दोनो पक्ष ने आपसी सहमति से मामलों में समझौता कर लिया। नगर थाना कांड संख्या-106/2004 के सूचक इस्लाम नगर निवासी मो फिरोज ने कहा कि बीते 20 साल से अदालत का चक्कर लगा रहे थे। आज समझौता कर राहत की सांस ली है।
फिरोज ने कहा विपक्षी मो शहनवाज, मो इम्तियाज तथा मो मिनाज के साथ समझौता कर लिया, अब कोई मतभेद नही रहा। वहीं नवादा थाना कांड संख्या-127/2004 के सूचक नगर थाना क्षेत्र के गोेंदापुर मुहल्ला निवासी गुड़िया खातुन ने मो शमीम, मो कमरू उद्दीन व मो अदील से समझैता कर काफी शकुन महसुस कर रही हूं, अब विपक्षी के साथ कोई मनमोटाव नहीं रहा है। न्यायिक दंडाधिकारी अनामिका कुमारी ने 12 साल पूर्व दर्ज नगर थाना कांड कांड संख्या-407/13 के मामले का निपटारा आपसी समझौता के आधार पर किया। वहीं न्यायिक प्रतीक सागर ने ने 20 वर्ष पुराने मामला नारदीगंज थाना कांड संख्या- 56/2004 के मामले को समझौता के आधार पर निस्पादित किया।
न्यायिक दंडाधिकारी अनीता कुमारी ने भी प्रयास के बाद 18 साल पुराना वारिसलीगंज थाना कांड संख्या-4/2006 तथा हिसुआ थाना कांड संख्या-11/06 के पक्षकारों के बीच आपसी समझौता कराकर मामले को निष्पादित कर दिया। जबकि, न्यायिक दंडाधिकारी सिया श्रुति ने 10 वर्ष पुराने परिवाद पत्र संख्या-780/07 को आपसी समझौता के आधार निष्पादित किया। वहीं परिवादी जलील मियां के देहांत उपरांत परिवादी के पुत्र मो रहमत ने कांड के जिवित अभिंयुक्त सोनका देवी व राजेन्द्र यादव के साथ समझौता कर मामले का निपटारा किया। सिया श्रुति न्यायिक दंडाधिकारी ने हिसुआ थाना कांड संख्या-54/12 के सूचक अनिल यादव को कांड के आरोपी मनोज मंडल एवं अन्य के साथ समझौता कराकर वाद का निस्पादन करवा दिया।
क्या कहते हैं सूचक नगर थाना कांड संख्या-407/13 के सूचक नगर के गोपाल नगर मुहल्ला निवासी सुशील प्रसाद वर्मा ने कहा कि किसी भी विवाद का निराकरण समझौता ही है। समझौता से प्रेमभाव बना रहता है तथा मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती है। वहीं नारदीगंज थाना कांड संख्या- 56/04 के सूचक सीतामढी थाना क्षेत्र के रसलपुरा निवासी शशि भूषण प्रसाद सिंह ने कहा कि छोटे-छोटे विवाद का निराकरण समझौता ही है। हिसुआ थाना कांड संख्या-54/12 के सूचक अनिल यादव ने कहा कि आज ही वास्तविक न्याय मिला है। लोग आवेश में आकर छोटे-छोटे मामले में मुकदमा दर्ज करा तो देते हैं, लेकिन इसका निराकरण अंत में समझौता से ही होता है।