Home Blog Page 85

नवादा में एक बालक के लिए कैसे भगवान बने धर्मशीला देवी हॉस्पिटल के न्यूरो सर्जन डॉ ब्रजेश, पढ़ें पूरी खबर

0

बालक को मौत के मुंह से निकाल न्यूरो सर्जन डॉ ब्रजेश कुमार ने दी नई जिंदगी, काफी उंचाई से गिरने से सिर के अंदरूनी हिस्से मे गहरी चोट लगने से बालक को बेहोशी की हालत में लाया गया था अस्पताल

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार 

धरती पर आज भी डॉक्टर्स को भगवान का दूसरा रूप यूं ही नहीं कहा जाता है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण नवादा शहर के केंदुआ बाइपास स्थित धर्मशीला देवी हॉस्पिटल में देखने को मिला है, जहां न्यूरो सर्जन डॉ ब्रजेश कुमार ने एक बालक की जान बचाकर नई जिंदगी दिया है।

दरअसल, पकरीबरावां निवासी भगवान दास का 6 वर्षीय पुत्र कार्तिक कुमार छत से गिरकर बेहोश हो गया था, जब धर्मशीला देवी हॉस्पिटल नवादा लाया गया तब उसकी हालत काफी चिंतजानक थी। धर्मशीला देवी अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ ब्रजेश कुमार और उनकी टीम ने जब बालक की जांच की तब पाया कि काफी उंचाई से गिरने के कारण सिर के अंदरूनी हिस्से में गहरी चोट लगी है,

जिससे बालक बेहोशी की हालत में था। जिसके बाद डॉ ब्रजेश ने तुरंत डॉक्टर्स की टीम और क्रिटिकल केयर की टीम के साथ बालक का सघन जांच शुरू किया। जांच मे पता चला कि सिर के अंदरूनी हिस्से में गहरी चोट के साथ बेहोशी के कारण मुंह का लार जो पेट में जाता है वह फेफड़े में जा रहा था, जिससे फेफड़े के अंदर पानी भर गया था।

फेफड़े में पानी भरने के कारण ऑक्सीजन की मात्रा काफी कम हो गई थी, जिसे निमोनिया भी कहते हैं, जो सीधा बच्चे के ब्रेन में प्रभाव डाल रहा था। साथ ही बच्चा हाइपोक्सइक इंजूरी का भी शिकार था। डॉ ब्रजेश ने बताया कि बालक की हालत को देखते हुए उसे तुरंत वेंटीलेटर पर डाला गया और उसके सिर पर लगी चोट के साथ निमोनिया का भी उपचार शुरू किया गया।

तीन दिनों में उक्त बालक वेंटीलेटर से बाहर आ गया और उसके सेहत में तेजी से सुधार होने लगी। बालक अब बिलकुल स्वस्थ्य है और पहले कि तरह खेल कूद रहा है। बालक के पिता भगवान दास ने बताया कि उसका पुत्र छत पर खेल रहा था और अचानक छत से गिर गया। तुरंत उन्होंने अपने पुत्र को पास के निजी क्लीनिक ले गए, जहां बालक को इंजेक्शन दिया गया।

जिससे कि उसकी हालत और भो ख़राब हो गई। फिर उस बालक को परिजनों ने  पकरीबरावां सरकारी अस्पताल ले गये, जहां उन्हें बच्चे को दूसरे शहर ले जाने को कहा गया। न्यूरो सर्जन डॉ ब्रजेश कुमार ने कहा कि बच्चे को धर्मशीला देवी अस्पताल लाने में थोड़ा भी विलम्ब होता तो उसको बचाना मुश्किल था।

बच्चे के पिता श्री दास ने इस अस्पताल के डॉक्टर्स की काफी सराहना की और कहा कि वे यहां के डॉक्टर्स का शुक्रगुजार हैं जिन्होंने उनके बच्चे को नयी जिंदगी दी है। वहीं बच्चे के मामा सत्येंद्र राम ने कहा कि धर्मशीला देवी अस्पताल और उसके डॉक्टर्स कि जितनी तारिफ की जाए कम है।

उन्होंने कहा कि बच्चे को जिस हालत में अस्पताल लाया गया था उन्हें उम्मीद ही नहीं था कि बच्चा बच पायेगा। गौरतलब हो कि धर्मशीला देवी हॉस्पिटल जिले के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यहां के चेयरमैन अविनाश कुमार ने बताया कि हर तबके के लोगों को सेवा देने के लिए इस अस्पताल को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ दिया गया है,

ताकि हर लोगों को यहां के बेहतर इलाज का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि यहां मरीजों का इलाज के लिए हर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी हर बीमारियों का इलाज के साथ-साथ कार्ड भी बनाने की व्यवस्था की गई है।

नवादा में चोरों ने एक घर को ऐसा खंगाला कि कर दिया कंगाल, 15 लाख नगदी व 11 लाख के जेवर लेकर चंपत हुआ चोर, पढ़ें पूरी खबर 

0

नारदीगंज थाना क्षेत्र में बैंक मैनेजर के घर में भीषण चोरी से दहला इलाका, नगदी सहित करीब 35 लाख़ रूपये की संपत्ति चोरी कर फरार हुए चोर 

गृहस्वामी ने स्थानीय थाना को आवेदन देकर लगाया गुहार, जांच में जुटी पुलिस 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार  

नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित परमा गांव में बंद पड़े एक घर को चोरों ने खंगाल कर गृहस्वामी को कंगाल कर दिया है। रविवार की देर रात्रि अज्ञात चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया है। जिसमें नगदी सहित करीब 35 लाख रूपये की संपत्ति चोरी कर ली गई है।

सोमवार की सुबह जब ग्रामीणों ने घर के गेट का ताला टूटा हुआ पाया तो इसकी सूचना गृहस्वामी को दिया। साथ ही इसकी सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दिया गया। गृह स्वामी स्व गनौरी यादव का पुत्र उमेश यादव ने बताया कि हमलोग बोकारों में ट्रांसपोर्टिंग का काम करते हैं और मेरा पुत्र हर्ष रंजन आसनसोल में इंडियन बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत है।

उन्होंने बताया कि नवादा में जमीन खरीदने के लिए  15 लाख रूपये नगद गोदरेज में रखे हुए थे तथा साथ ही घर के लॉकर में रखा बहू का 11 लाख रूपये के जेवरात सहित कपड़ा, बर्तन व अन्य बेशकीमती समानों की चोरी कर ली गई है।

गृहस्वामी ने मीडिया सहित पुलीस को बताया की गांव के ही सुनील यादव से विवाद चल रहा था, जिसपर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नारदीगंज थाना प्रभारी राजगृह प्रसाद अपने दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच मामले की जांच में जुट गए हैं।

उन्होंने मिडिया को बताया कि चोरी की घटना घटी है, पुलिस हरेक पहलू की जांच कर रही है, साथ ही एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि जो भी दोषी है उसे बख्शा नहीं जाएगा।

घटना का लिखित आवेदन गृह स्वामी उमेश यादव के द्वारा नारदीगंज थाना में दे दिया गया है। वहीं इस घटना को लेकर पीड़ित परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।

बिग ब्रेकिंग- नवादा में दूर संचार विभाग के अधिकारी ही करा रहे थे सरकारी सम्पत्ति की चोरी, कर्मचारियों ने किया पर्दाफाश, पढ़ें पूरी खबर

0

विभाग के लाखों का केबल व अन्य कीमती सामानों की चोरी कर रहे लोगों ने विभाग के कर्मियों को देख उपकरण छोड़ हुआ फरार

दूर सचार विभाग के जेटीओ अजय कुमार पर चोरी का लगा है आरोप, उच्चाधिकारियों को दिया गया घटना की सूचना, सोमवार को दर्ज कराया जायेगा प्राथमिकी

Report by Nawada News xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भारत सरकार के दूर संचार निगम के इंचार्ज जेटीओ अजय कुमार के द्वारा विभाग के सरकारी सम्पत्ति की चोरी कराने का मामला उजागर हुआ है।

रविवार को जिला मुख्यालय स्थित मुख्य कार्यालय में पीकअप ट्रक पर बीएसएनएल टावर में उपयोग होने वाले बेश कीमती केबल की चोरी कर लोड किया जा रहा था, जिसका कीमत करीब 5-7 लाख रूपये आंका जा रहा है।

तभी वहां पहुंचे विभाग के कर्मियों ने ट्रक पर केबल लोड होते देखकर इसकी जानकारी लेना चाहे, तो चोरी में संलिप्त सभी लोग अपना उपकरण छोड़कर फरार हो गये। इस दौरान वहां चोरी में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरणों में गैस सिलेंडर तथा कटर सहित भारी संख्या में औजार को जब्त कर विभाग के जीएम व एजीएम को सूचना दिया गया।

उच्चाधिकारियों ने इस सूचना के बाद वहां मौजूद कर्मियों को निर्देश दिया कि वाहन के चक्के का हवा निकालकर चोरी में इस्तेमाल किये जा रहे उपकरणों को जब्त कर लिया जाय। साथ ही सोमवार को इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए अधिकारी को भेजा जायेगा।

विभाग के कर्मी टेक्नीशियन अमित कुमार व कर्मी दिलीप कुमार रावत सहित वहां मौजूद अन्य कर्मियों ने बताया कि यहां के इंचार्ज व जेटीओ अजय कुमार कीमती केबल व अन्य सामानों की चोरी करा रहे थे। इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब चालक से कर्मियों ने पूछताछ की।

वहीं आरोपी जेटीओ चोरी का खुलासा होने के बाद से फरार होने की बात बतायी जा रही है। कर्मियों ने बताया कि इसके पहले एक ट्रक केबल ले जाने के बाद दूसरे खेप में इसका उजागर हुआ है। कहा जा रहा है कि पूर्व में भी जेटीओ अजय कुमार के द्वारा विभाग के कीमती केबल सहित कई महत्वपूर्ण सामानों की चोरी करा चुके हैं।

फिलवक्त प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पायेगा। हालांकि वाहन मालिक अपनी गाड़ी को यहां से निकलवाने के लिए एड़ी-चोटी एक किये हुए है। बता दें कि बीएसएनएल में विभाग के इंचार्ज द्वारा चोरी कराये जाने के मामले में उच्चस्तरीय जांच के बाद कई लोगों का गर्दन फंस सकता है।

नवादा में अंतरजिला वाहन चोर गिरोह पर पुलिस ने कहां-कहां की बड़ी कार्रवाई, पढ़ें पूरी खबर

0

सिरदला में अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को चोरी के 9 बाइक व एक टेम्पो के साथ किया गिरफ्तार 

नेमदारगंज थाना कांड के ट्रक चोरी मामले में फरार अभियुक्त चढ़ा पुलिस के हत्थे 

Report by Nawada News XPRESS

नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर काफी संख्या में चोरी के वाहनों को जब्त किया गया। वहीं अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

इस बड़ी सफलता को लेकर रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने प्रेसवार्ता आयोजित कर इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अंतरजिला वाहन चोर गिरोह को लेकर नवादा पुलिस पूरी तरह से जड़-मूल समाप्त करने की तैयारी में है।

उन्होंने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देष पर वाहन चोर गिरोह की धर-पकड़ तेज कर दिया गया है। इसके लिए विषेष टीम का गठन कर आसूचना संकलन कर तकनीकी अनुसंधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का उद्भेदन किया गया।

उन्होंने बताया कि सिरदला थानाध्यक्ष के नेतृत्व में इस टीम के द्वारा थाना क्षेत्र के विजयपुर, भट्ट बिगहा, चौली एवं झगड़ी बिगहा में छापेमारी कर चोरी के 9 बाइक व एक टेम्पो बरामद किया गया है। साथ ही बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है। जिसमें थाना क्षेत्र के विजयपुर निवासी कैलाश राजवंशी का 30 वर्षीय पुत्र आशीष राजवंशी,

चौली गांव निवासी गोरेलाल का 18 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार तथा इसी गांव का निवासी सुरेश साह का 28 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का तार अन्य जिलों के वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है, जिसकी पूछताछ के बाद छापेमारी की जा रही है। 

अंतर्राजीय वाहन चोर गिरोह का इनामी अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे

रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि नेमदारगंज थाना में इसी साल जनवरी महीने में दर्ज वाहन चोरी के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जिसमें 25 हजार का इनामी फरार अपराधी थाना क्षेत्र के पचगावां निवासी राजेन्द्र प्रसाद का पुत्र गौतम कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि इस अंतर्राजीय वाहन चोर गिरोह के इनामी 11 अपराधियों को पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं चोरी के 7 ट्रकों को भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इन अपराधियों द्वारा वाहन चोरी करने के बाद

उसका इंजन नम्बर, चेचिस नम्बर तथा वाहन नम्बर को फर्जीवाड़ा कर बदल दिया जाता था और उसे बेच दिया जाता था। उन्होंने बताया कि ट्रक चोर व बाइक चोर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

कौन है वर्ष 2021 के जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी व 50 हजार का इनामी अभियुक्त, जिसे पुलिस ने किया गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर 

0

अप्रैल 2021 में हुई जहरीली शराब कांड में 15 लोगों की हो चुकी थी मौत, फरार मुख्य आरोपी पिंकू यादव को रजौली से किया गया गिरफ्तार 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

जिले में तीन साल पूर्व हुई जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी व 50 हजार इनामी अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

इसको लेकर सदर एसडीपीओ अनोज कुमार ने बताया कि अप्रैल 2021 में नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरीदी बिगहा में कुछ लोगों की अचानक मृत्यु हो गई थी। पोस्टमार्टम तथा अन्य जांच के अनुसार यह बात प्रकाश में आई की इनलोगों की मृत्यु जहरीली शराब के सेवन से हुई है।

इस संदर्भ में नगर थाना अंतर्गत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक नवादा के निर्देशानुसार एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।

उन्होंने बताया कि गठित एसआईटी द्वारा अवैध शराब निर्माण, भंडारण, क्रय विक्रय एवं व्यापारियों के विरुद्ध सघन छापेमारी कर इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी पूर्व में ही की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि घटना में संलिप्त एक मुख्य अभियुक्त पिंकू यादव गिरफ्तारी के भय से पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था।

फरार रहने की स्थिति में इसके उपर 50 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था। तकनीकी अनुसंधान एवं सघन छापेमारी कर फरार इनामी अभियुक्त पिंकु यादव को रजौली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जिसे पूछताछ के  उपरांत न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार पिंकू यादव उर्फ चंदन पिता छोटन यादव नगर थाना क्षेत्र के गोंदापुर का रहने वाला है। इसके उपर नगर थाना में जहरीली शराब के कुल 19 कांड दर्ज है। गौरतलब हो कि अप्रैल 2021 में होली पर्व के दौरान बड़े पैमाने पर लोगों के बीच जहरीली शराब परोसा गया था,

जिसमें 15 लोगों की मौत हुई थी। इतना ही नहीं इस मामले में तत्कालीन नगर थानाध्यक्ष तारकेश्वर नाथ तिवारी, चालक अभिनन्दन तथा बुधौल चौकीदार विकास मिश्रा को सस्पेंड किया गया था। बता दें कि इस घटना को लेकर उन दिनों काफी कोहराम मचा था, जिसमें उच्चस्तरीय जांच भी किया गया था।

अब नये लुक में ईको-पर्यटन स्थल के रुप में पर्यटकों को ऐसे लुभायेगा ककोलत जलप्रपात, सीएम ने किया उद्घाटन, क्या होगा खास, पढ़ें पूरी खबर 

0

सीएम के उद्घाटन बाद आम नागरिक उठा सकेंगे लुफ्त, 14.95 करोड़ की लागत से ककोलत जलप्रपात की सुंदरता में आया अद्भुत निखार

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा के ककोलत को नये स्वरुप में परोसने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को उद्घाटन करने ककोलत पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीएम ने ककोलत के वादियों का अवलोकन कर इसका लोकार्पण किया। नवादा जिले का भौगोलिक पटल प्राकृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध मनोरम है। गोविन्दपुर प्रखंड के एकतारा जंगल में मनोरम पहाड़ियों के बीच ककोलत जल प्रपात प्राकृतिक का अद्भुत उपहार है। प्रकृति की गोद में अवस्थित यह जलप्रपात अपनी शीतलता और नैसर्गिक सौन्दर्य से बरबस ही किसी को भी आकर्षित कर लेता है।

उंची पहाड़ियों और घने वन के बीच कल-कल करके बहती झरने का मधुर संगीत पर्यटकों का मन मोह लेता है। ककोलत जलप्रपात का नैसर्गिक जलप्रपात, हरे-भरे जंगल तथा शिलाखंड बिहार प्रान्त में कश्मीर की वादियों का एहसास कराती है। पौराणिक एवं ऐतिहासिक रूप से यह जिला अति प्राचीन धरोहरों को अपने सदियों से समेटे हुए है। ककोलत, जिसे गंगा के मैदानी क्षेत्र का कश्मीर कहा जाता है,

इसके झरने की धार से कई मीटर दूर रहने पर भी शीतलता की अनुभूति होने लगती है और प्रचंड गर्मी में भी उसके झरने के नीचे पहुंचते ही ठंड का सुखद एहसास होता है। हजारीबाग की पर्वतमाला के मध्य नवादा जिले की सीमा के अन्दर लोहदंड पर्वतमाला के 160 फीट से भी लगभग कुछ अधिक उत्तुंग शिखर से सीढ़ी-दर-सीढ़ी करके लोहबर नदी एक झरने के रूप में नीचे आती है और पर्यटकों व स्नानर्थियों को लुभाती एवं आकर्षित करती है।

किवंदती है कि ककोलत जलप्रपात के जल में पका किसी भी तरह का गरिष्ठ भोजन करने के बाद इसका जल पी लिया जाय तो वह अतिशीघ्र पच जाता है और भूख जग जाती है। इस प्राकृतिक एवं वैज्ञानिक स्थल तक पहुंचने के लिए बख्तियारपुर-रजौली NH- 20 पर फतेहपुर मोड़ से अकबरपुर-गोविन्दपुर मार्ग में स्थित थाली नामक स्थान से लगभग 5 किलोमीटर दक्षिण की ओर जाने पर नवादा जिले का गौरव व सुप्रसिद्ध एवं सुरम्य ककोलत जलप्रपात समाने ही दिखता है।

क्या है पौराणिक गाथा 

माना जाता है कि नवादा जिला में स्थित सीतामढ़ी में जन्में लव व कुश के लिए यह स्थान क्रीड़ा-स्थल तो था ही, पंडावों ने भी अपने अज्ञातवास का कुछ समय यहीं बिताया था। इतना ही नहीं श्रीकृष्ण की प्रेरणा से द्रौपदी ने छठ व्रत कर इसी की जलधारा में सूर्य को अर्घ्य देकर एक राजा को सर्पयोनी से मुक्ति दिलायी थी, तब से इसमें स्नान कर सर्पयोनि से मुक्ति पाने की अवधारणा आज भी कायम है। इसी कारण दूर-दूर से बड़ी संख्या में लोग इस झरने में स्नान करने आते हैं। वैशाख और चैत्र संक्रांति के अवसर पर विशुआ मेला का आयोजन हर साल होता है। इस मेले से ही  ककोलत आने की औपचारिक शुरुआत हो जाता है, क्योंकि यह गर्मियों की शुरूआत में मनाया जाता है।

मनमोहक इस वन क्षेत्र में रहते हैं कई प्रकार के वन्यजीव

एकतारा सुरक्षित वन में स्थित ककोलत जलप्रपात अपने क्षेत्राधिकार में अनेकों वृक्षों एवं वन्यजीव को आश्रय प्रदान करता है। यह वन नम पर्णपाती वन है, जहां गर्मीयों में भी वन हरा-भरा देखने को मिलता है। यह वन क्षेत्र अपनी जैवविविधता के लिए भी प्रसिद्ध है, जिसमें वृक्षों में मुख्य प्रजाति सखुआ, महुआ, परमी, गुल्लर, बरगद, पीपल, खैर, पियार, पाकड़, बेल, बैर तथा आसन आदि है। वन्यजीव में भालू, हिरण, सांभर, जंगली सूअर, साहिल, मोर, बंदर तथा लंगूर आदि पाये जाते हैं।

ऐसे हुई परियोजना की शुरूआत

27 मई 2022 को सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ककोलत यात्रा के दौरान ईको टूरिज्म को लेकर विकास कार्यों का यथा शीघ्र प्रारंभ करने के लिए निर्देशित किया था। पूर्व में इस स्थल पर पर्यटन अव्यवस्थित तरीके से चल रहा था। गर्मियों के समय प्रतिदिन लगभग 5 हजार पर्यटक यहां आते थे तथा छु‌ट्टियों के दिन लगभग 12 से 15 हजार लोग यहां जलप्रपात का आनंद लेने आते थे। अव्यवस्थित पर्यटन के कारण प्रायः यहां अप्रिय घटनाएं घटित होते रहता था तथा मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के कारण पर्यटकों को काफी परेशानी होती थी। इन सब असुविधाओं को देखते हुए ककोलत जलप्रपात के विकास को लेकर परियोजना तैयार की गई।

ककोलत जलप्रपात के ईको-पर्यटन विकास कार्य फेज-1 में क्या हुआ कार्य 

ककोलत जलप्रपात परियोजना फेज-1 की स्वीकृति 4 फरवरी 2023 को 14.95 करोड़ रूपये की मिली, जिसे दो वित्तीय वर्ष वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में किया जाना था। प्रथम फेज परियोजना का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसमें कुंड का निर्माण, जल कुंड क्षेत्र का जीर्णोद्धार, चट्टान स्थिरीकरण कार्य के अलावा बुनियादी सुविधाओं का निर्माण, जैसे- चेन्जिंग रूम, शौचालय, गजेबो, व्यू पॉइंट क्षेत्र, जल उपचार संयंत्र, पार्किंग सुविधाएं, क्लोक रूम, विद्युतीकरण व्यवस्था, बच्चों और वृद्धों के लिए जलप्रपात के निचले हिस्से में प्राकृतिक पत्थर कुंड का निर्माण, प्रशासनिक ब्लॉक, स्टाफ डॉर्मिटोरी, वन विश्रामागार तथा अन्य संरक्षण संरचनाओं का निर्माण शामिल है।

फेज- 2 में क्या-क्या होगा विकास कार्य 

फेज- 2 के लिए परियोजना की स्वीकृति 16 मार्च 2024 को हुआ, जिसमें 6.76 करोड़ राशि से सीधी सुदृढ़ीकरण का कार्य, रेलिंग का कार्य पूर्ण होने के कगार पर है। उसके अतिरिक्त चिल्ड्रेन पार्क, वेंडिंग जोन अन्तर्गत 60 दुकानों का निर्माण, लकड़ी का पूल, घेरान का कार्य, सुरक्षा दीवार आदि कार्य प्रगति पर है। बता दें कि ककोलत को अत्याधुनिक तौर पर विकसित और सौंदर्यकरण किया गया है। नवादा वासियों को प्राप्त प्राकृति का अनुपम ककोलत जलप्रपात अब पूर्व से अधिक सुगम, सुरक्षित और सुन्दर बन गया है, जो पर्यटकों के लिए अत्याधिक आनन्द प्रदायी और आकर्षण का केन्द्र बन गया है। 

रेलवे युनियन चुनाव से पहले ऐसे हुई तैयारी तेज, तिलैया जंक्शन पर ईसीआरकेयू की हुई सम्मेलन में युवा संगठन का हुआ विस्तार, पढ़ें पूरी खबर

0

ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के युवा कमेटी में नवादा शाखा के अध्यक्ष बने आयुष व सचिव बने सरोज, संगठन के केन्द्रीय कमेटी ने लिया हिस्सा, कार्यकर्ताओं व अधिकारियों में दिखा उत्साह

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

किउल-गया रेलखंड स्थित तिलैया जंक्शन पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के युवा कमेटी का गठन शुक्रवार को केंद्रीय कमेटी के नेतृत्व में हर्षोल्लास के साथ किया गया।

संगठन का विस्तार करने व युवाओं को नई जवाबदेही देने के उद्देश्य से युवा कमेटी का गठन किया गया। इस सम्मेलन के माध्यम से युवा कमेटी का गठन पूर्व मध्य रेलवे के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव, दानापुर के मंडल मंत्री एसएसडी मिश्रा, मुगलसराय के मंडल मंत्री मिथिलेश कुमार, उपाध्यक्ष मनोज पांडेय व विरेन्द्र यादव,

हरनौत कारखाना के शाखा मंत्री पूर्णेन्दू मिश्रा, युवा जोनल सेक्रेट्री संतोष कुमार सिंह तथा जोनल अध्यक्ष राजीव रंजन के माध्यम से सर्वसम्मति से किया गया। जिसमें उप स्टेशन प्रबंधक आयुष कुमार को अध्यक्ष तथा सरोज कुमार को मनोनित किया गया।

इस दौरान आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व मध्य रेल के महामंत्री एनएनपी श्रीवास्तव ने कहा कि ईसीआरकेयू ही एक ऐसा संगठन है जो पूरी तरह से मान्यता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यह संगठन हमेशा से रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर कटिबद्ध रहा है।

उन्होंने पुराना पेंशन योजना को लागू करने तथा नवादा के तिलैया जंक्शन पर गार्ड व ड्रावरों के रहने व उनकी सुविधाओं को लेकर आवाज उठाने का अश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वर्षों से छोटे स्टेशन पर तैनात गार्ड व ड्राइवरों को बड़े स्टेशनों पर स्थानांतरण नहीं किया गया है, इसके लिए रेलवे के उच्चाधिकारियों से वार्ता करने की बात कही।

उन्होंने आह्वान किया कि संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने में अपनी भूमिका को निभाएं। गौरतलब हो कि आने वाले दिनों में रेलवे यूनियन का चुनाव होना है, इसको लेकर तैयारी तेज हो गई है। इस सम्मेलन की अध्यक्षता किउल-गया रेलखंड शाखा के सचिव एके सुमन तथा अध्यक्ष चन्द्रिका यादव ने संयुक्त रूप से किया।

इस कार्यक्रम को लेकर संगठन के लोगों में काफी उत्साह देखा गया, जिसमें सैंकड़ों की संख्या में संगठन से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। मौके पर चीफ कंट्रोलर जयकांत कुमार, बीएन मिश्रा, सत्येन्द्र प्रसाद, वाणिज्य निरीक्षक अंजन शिवान तथा यातायात निरीक्षक राजेश कुमार सिन्हा सहित सैंकड़ों लोग मौजूद थे। 

नवादा पुलिस ने कर दिया बड़ा काम, ऐसे किया अंतरजिला चारपहिया वाहन चोर गिरोह का उद्भेदन, पढ़ें पूरी खबर

0

अंतरजिला चार पहिया वाहन चोर गिरोह के 3 अपराधी हुआ गिरफ्तार, नवादा से चोरी हुई दोनों वाहनों को किया गया बरामद

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का उद्भेदन किया है, जो चारपहिया वाहनों की चोरी किया करता था। इस अंतरजिला गिरोह में नवादा के दो सदस्य और पटना के एक कबाड़ी वाले को पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार नवादा के दोनों सदस्यों की निशानदेही पर पटना के एक कबाड़ी वाले को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया है। इन सभी के निशानदेही पर अंतर जिला वाहन चोर गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान की जा रही है। नवादा एसपी अम्बरीष राहुल ने बताया कि 3 जुलाई 2024 को जिले के नरहट थाना क्षेत्र निवासी मो सफीकुल्लाह के पुत्र मो सेराजुद्दीन ने स्थानीय थाना में अपने स्कॉर्पियो की चोरी को लेकर प्राथमिकी संख्या-242/24 दर्ज कराया था।

वहीं थाना क्षेत्र के खनवां गांव निवासी स्व पारस सिंह का पुत्र रंजीत सिंह ने 24 जुलाई 2024 को अपना बोलेरो चोरी होने की प्राथमिकी संख्या- 257/24 दर्ज कराया था। लगातार एक माह में एक ही थाना क्षेत्र से दो चारपहिया वाहनों की चोरी होने की सूचना पर इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की गई।

वाहन चोरी के इन कांडो का उद्भेदन, चोरी हुई गाडियों की बरामदगी एवं अभियुक्तों की गिरप्तारी के लिए एसपी श्री राहुल के द्वारा थानाध्यक्ष नरहट के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया, डीआईयू की टीम को भी शामिल किया गया। गठित एसआईटी के द्वारा आसूचना संकलन, सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर उक्त अंतरजिला वाहन चोरी गिरोह का उद्भेदन किया गया।

एसपी ने बताया कि इस गिरोह के द्वारा पुराने गाड़ियों को चिन्हित कर उन्हें मास्टर चाभी के मदद से खोलकर, चोरी कर पटना के एक कबाड़ वाले को बेच दिया जाता था। नरहट थाना में वाहन चोरी में शामिल इस गिरोह के दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली गयी है। उन्होंने बताया कि जिस कबाड़ वाले को इन लोगोे ने गाडी बेचा था, उसकी भी गिरफ्तारी कर ली गयी है।

दोनों गाड़ी स्कार्पियो एवं बोलेरो को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नरहट थाना के अलावा इनके द्वारा पटना के जानीपुर थाना में एक सूमो गोल्ड की चोरी की गयी है, जिसे पूर्व से बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि चोरी के वाहनों को कबाड़ी वाला चेचिस नम्बर व वाहन नम्बर को बदलकर उसे बेचने का काम किया करता था। इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है, जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जायगी।

गिरफ्तार अभियुक्तों में गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के कजौर गांव निवासी श्रीराम सिंह  उर्फ अशोक सिंह का 26 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार, गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव निवासी संजय यादव का 18 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार है, जिसे नरहट थाना क्षेत्र के सहगाजीपुर पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।

वहीं तीसरा अभियुक्त वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के लालगंज रेपुरा निवासी, जो वर्तमान में पटना जिले के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के खलीलपुरा में रह रहा शमसुद्दीन कुरैशी का पुत्र मो हैदर कुरैशी को फुलवारी शरीफ एफसीआई रोड स्थित मो जहांगीर के घर के सामने कबाड़ी खाना से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अपराधी मोनू पर पूर्व से तीन मामले दर्ज हैं, जिसमें नरहट थाना कांड संख्या- 242/24, फुलवारी शरीफ थाना कांड संख्या- 1375/23 तथा दानापुर थाना कांड संख्या- 276/18 दर्ज है। इसके अलावा कुंदन पर नरहट थाना कांड संख्या- 242/24 तथा फुलवारी शरीफ थाना कांड संख्या- 1375/23 दर्ज है। उक्त तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने नरहट से चोरी गई बोलेरो व स्कॉर्पियो सहित तीन स्मार्ट फोन मोबाइल बरामद किया है।

बिहार में शराब के नाम पर प्रतिबंधित कफ सिरप परोसने की थी तैयारी, उत्पाद पुलिस ने ऐसे किया किया खुलासा, पढ़ें पूरी खबर 

0

उत्पाद पुलिस ने भारी मात्रा में ट्रक से पटना ले जा रहे प्रतिबंधित कफ सिरप को किया जब्त कर चालक को किया गिरफ्तार 

शराब के नाम पर बेचे जा रहे मेडिसिन को लेकर ड्रग विभाग खामोश 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

बिहार में शराबबंदी के बाद पियक्कड़ों को शराब के बदले प्रतिबंधित कफ सिरप परोसने की बड़ी तैयारी पर उत्पाद पुलिस ने पानी फेर दिया। बिहार-झारखंड सीमा पर नवादा जिला इन दिनों काफी सुर्खियों में है।

पिछले दिनों भारी मात्रा में अवैध स्पिरिट बरामद होने के बाद अब प्रतिबंधित कफ सिरप का बड़ा खेप जब्त किया गया है। झारखंड से गोविंदपुर के रास्ते लगातार यह तीसरी सफलता मिली है। रूपये कमाने के लिए शराब माफिया तरह-तरह का हथकंडा अपनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। 

नवादा उत्पाद विभाग के धावा दल ने गुप्त सूचना के आधार पर बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित गोविंदपुर चेक पोस्ट से मंगलवार की देर शाम एक डीसीएम ट्रक के साथ दो सौ कार्टून प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया। इस दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक अरूण कुमार मिश्रा ने मीडिया को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर झारखंड से गोविंदपुर के रास्ते एक ट्रक प्रतिबंधित कफ सिरप लाने की जानकारी प्राप्त हुई। सूचना बाद उत्पाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चेक पोस्ट के पास ट्रक को रोककर तलाशी लिया।

तलाशी के क्रम में उक्त ट्रक पर लदा 200 कार्टून में रहे 2000 लीटर कफ सिरप जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रक चालक का पहचान वैशाली जिला अन्तर्गत सराय थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-8 स्थित अस्कारनपुर ग्रामीण धर्मनाथ राय का 29 वर्षीय पुत्र अखिलेश राय के रुप में किया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार चालक से पूछताछ के दौरान बताया गया कि यह माल वैशाली जिला अन्तर्गत भगवानपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर ग्रामीण विश्वनाथ राय का पुत्र मनोज राय द्वारा ट्रक में लोड कर लाने के लिए बोला गया था। उसने यह भी बताया कि इस कफ सिरप को पटना पहुंचाना था,

जबकि उसके पास पेपर आनंद ड्रग एजेन्सी, बेगूसराय का 20 अलग-अलग बिल दिखाया गया अर्थात आनंद ड्रग एजेंसी का ही एक सौ लीटर का 20 अलग-अलग बिलिंग दिखाया गया। उन्होंने बताया कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत कोडिंन एक मादक पदार्थ अधिसूचित है।

इसका उपयोग शराब के सब्सीट्यूट के रूप में बिक्री की जाती है। उन्होंने बताया कि सुसंगत धाराओं के तहत गिरफ्तार चालक अखिलेश राय तथा कफ सिरप लोड करने वाला मनोज राय एवं आनंद ड्रग एजेंसी बेगूसराय के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल का नेतृत्व विभाग के एएसआई दिनेश कुमार कर रहे थे।

गौरतलब हो कि शराबबंदी के बाद शराब ही नहीं बल्कि कुछ ऐसे मेडिसिन भी हैं जो शराब के रुप में अवैध तरीके से बाजार में बेचा जा रहा है, बावजूद जिले के ड्रग अधिकारी खामोश बैठे हैं। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई ने जिले के ड्रग विभाग की शिथिलता का पोल खोल दिया है।

नवादा में किस युवक की गला रेतकर हत्या का किया गया प्रयास, सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती 

0

हिसुआ के बड़ही बिगहा गांव में युवक को घर से बुलाकर दिया घटना को अंजाम, कार्रवाई में जुटी पुलिस 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में अपराधियों का हौसला बुलंद है, लगातार जिले में हो रही पुलिसिया कार्रवाई के बाद भी अपराधियों में भय नहीं है। ताजा मामला जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के बड़ही बिगहा गांव की है,

जहां एक युवक को गांव के ही दो लोग घर से बुलाकर तेज धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का प्रयास किया। दरअसल उक्त गांव निवासी प्रदीप मिस्त्री के 25 वर्षीय पुत्र अजय कुमार को गांव के सुरेश मालाकार का पुत्र जीतेन्द्र मालाकार अपने एक साथी के साथ इस घटना को अंजाम दिया।

घायल अजय कुमार ने बताया कि सोमवार की रात्रि जब वह अपने घर में था, तभी आरोपी जीतेन्द्र ने कॉल करके घर से बाहर बुलाया और बगल के गली में ले गया, जिसके बाद मुंह बंदकर हत्या के नियत से धारदार हथियार से गले पर प्रहार कर दिया।

जब दूसरी बार गला रेतने की कोशिश की गई तब हल्ला करने पर सभी आरोपी वहां से भाग गया। घायल अजय को उसके परिजनों व ग्रामीणों की सहयोग से आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। वहीं इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है।

जिसके बाद पुलिस उक्त आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी करने में जुटी है। हालांकि इस घटना के पीछे कारणों का अभी तक सही से पता नहीं चल सका है। फिलवक्त इस घटना को लेकर घायल के परिजनों में दहशत व्याप्त है।

गौरतलब हो कि नवादा पुलिस अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई करने में जुटी है। बावजूद अपराध पर अंकुश नहीं लग रहा है।

इधर, स्थानीय पुलिस का कहना है कि हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ही बिगहा के समीप एक युवक ने अपने ही मित्र को पैसे के लेन देन में हुए आपसी रंजिश में ब्लेड मार कर जख्मी कर दिया है। फिलवक्त जांच के बाद ही मामले से पर्दा उठ सकेगा।

You cannot copy content of this page