Home Blog Page 84

नवादा में धू-धूकर कैसे जलने लगी बाइक, स्टेशन के समीप रेलवे फाटक पार करने के दौरान लगी आग से मची अफरा-तफरी, पढ़ें पूरी खबर 

0

नवादा से जमुई जा रही बाइक में अचानक अगलगी की घटना पर रेल पुलिस और दमकल विभाग जुटे आग बुझाने में, नगर थाना को पीड़ित ने दिया आवेदन 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

पूर्व मध्य रेल अन्तर्गत दानापुर मंडल के किउल-गया रेलखंड पर नवादा शहर से गुजरने वाली नवादा-जमुई पथ पर स्थित रेलवे फाटक के पास चलती बाइक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

बाइक को जलता देख वहां रहे आरपीएफ के जवानों ने एहतियात बरतते हुए सबसे पहले रास्ते से गुजरने वाली वाहनों के परिचालन पर रोक लगाया। तत्पश्चात रेल पुलिस ने अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद घटना स्थल पर पहुंची अग्निशमन दस्ता आग पर काबू पाने का जब तक प्रयास करते

तब तक बाइक धू-धूकर जलकर राख हो गया। बताया जाता है कि अगलगी में जलने वाली टीभीएस विक्रांता बाइक जमुई जिले के दीपक कुमार का है, जो नवादा से जमुई अपने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कामख्या एक्सप्रेस के आने की सूचना पर रेलवे फाटक बंद था।

उक्त बाइक मालिक अपने बाइक को खड़ी कर कुछ खरीदने लगे, तभी ट्रेन पास होने के बाद जब फाटक खुला तो उन्होंने अपनी बाइक को स्टार्ट कर जैसे ही रेलवे क्रॉसिंग पार करने लगे कि बाइक से धूंआ निकलने लगा।

आग को बुझाने के लिए जैसे ही उसपर पानी दिया गया तो उसमें आग की लपटें तेज हो गई। इस घटना के बाद वहां पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस घटना की सूचना के बाद रेल पुलिस मदद के लिए दौड़ी और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।

आग पर किसी तरह काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक वह पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका था। हालांकि, इस घटना से किसी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई है। इस घटना के बाद बाइक मालिक दीपक कुमार नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दिया है।

गौरतलब हो कि बाइक में आग लगने की अभी तक ठोस कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस इसकी जांच में जुटी है। फिलवक्त यह घटना शहर में चर्चा का विषय बन गया है। 



नवादा पहुंचे कांग्रेस के जिला प्रभारी अरविन्द शर्मा ने क्यों कहा बिहार की बदहाली और विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए होगा चरणबद्ध आंदोलन, पढ़ें पूरी खबर 

0

जिलाध्यक्ष सतीश कुमार मंटन ने कहा भाजपा व जदयू के ढुलमुल नीति के खिलाफ किया जायेगा धरना प्रदर्शन, बिहार की बदहाली व विशेष राज्य का दर्जा को लेकर किया प्रेसवार्ता

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा पहुंचे कांग्रेस पार्टी के जिला प्रभारी अरविन्द शर्मा ने प्रेसवार्ता कर साफ कहा कि बिहार की बदहाली व बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विशेष राज्य का दर्जा को लेकर भाजपा और जदयू के ढुलमूल नीति अब नहीं चलेगी। सोमवार को जिला कार्यालय में कांग्रेस पार्टी के जिला संगठन प्रभारी अरविंद शर्मा तथा जिलाध्यक्ष सतीष कुमार उर्फ मंटन सिंह ने प्रेसवार्ता बिहार की दशा और दिशा पर मीडिया से मुखातिब हुए।

उन्होंने कहा कि बिहार की बदहाली को दूर करने तथा बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को चरणबद्ध तरीके से आंदोलन के रुप में चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के कैबिनेट में बिहार के कई मंत्री शामिल हैं, बावजूद बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने में कोई पहल नहीं की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार महागठंधन के साथ सरकार में थे, तब उनका विशेष राज्य का दर्जा एक श्लोगन बन गया था, लेकिन अब इस बिन्दु पर कोई आवाज नहीं उठाया जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस ने इस मुद्दे को उठाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि बंगला देश के मुद्दे पर जब भारत सरकार खामोश है तो विपक्ष में बैैठे हमारे नेता राहुल गांधी ने साथ देने का आवाज उठा चुके हैं। जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि बिहार की बदहाली और विशेष राज्य की दर्जा मुद्दे पर कांग्रेस प्रखंड स्तरीय धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि 13-14 अगस्त को प्रखंड स्तर पर धरना दिया जायगा, इसके बाद जिला स्तर पर भी धरना दिया जायगा। इस अवसर पर सभी प्रखंड अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, प्रकोष्ठ पदाधिकारी तथा बहुत सारे कांग्रेसी सदस्य उपस्थित रहे।

मौके पर पार्टी के वरीय बंगाली पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष आभा देवी, मनीष कुमार, श्याम सुन्दर कुशवाहा, सकलदेव सिंह, गोरेलाल सिंह, अंजनी कुमार, सुचित कुमार, एजाज अली मुन्ना, रामाशीष कुमार, फखरूदीन अहमद, मुकेश कुमार,

जागेश्वर पासवान, रुकुन उद्दीन, अरविन्द वारसी, द्रोण कुमार, सत्येन्द्र कुमार, राकेश कुमार, कृष्णा कुमार सिंह, संजीत सुनार, अब्दुल्ला आजमी तथा कारू सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

हाइवे पर इंट्री माफिया के पांच सरगना ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे, खनन विभाग की कार्रवाई में अवैध गिट्टी लदा सात ट्रक को किया गया जब्त, पढ़ें पूरी खबर 

0

बिहार-झारखंड सीमा पर रजौली चेकपोस्ट के समीप खनन विभाग ने किया संयुक्त कार्रवाई, इंट्री माफिया का स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने किया जब्त

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा के रजौली स्थित बिहार-झारखंड सीमा पर निर्माणाधीन फोरलेन पर इंट्री माफियाओं का साम्राज्य कायम हो गया है। सीमा पर स्थित रजौली चेकपोस्ट के समीप शेरे पंजाब ढाबा पर अवैध गिट्टी लदा 7 ट्रकों को खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर जब्त किया है।

इस दौरान पांच इंट्री माफिया भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। इंट्री माफियाओं का स्कॉर्पियो को भी जब्त कर रजौली थाना लगाया गया है। उक्त जानकारी देते हुए जिला खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन ने बताया कि पटना विभाग से सूचना प्राप्त हुआ कि नवादा के सीमा से बड़ी संख्या में अवैध गिट्टी लदा 8 ट्रक प्रवेश करने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि सूचना पश्चात एक टीम तैयार किया गया, जिसमें रजौली थाना पुलिस, एमभीआई, खनन इंस्पेक्टर तथा स्वाट जवान शामिल थे। उन्होंने बताया कि टीम के द्वारा उक्त ढाबा पर घेराबंदी कर छापेमारी की गई, लेकिन पुलिस व पदाधिकारियों को देख सभी अवैध गिट्टी लदा ट्रकों के चालक वहां से फरार हो गये।

वहीं एक ट्रक को चालक के साथ हिरासत में लिया गया, जिसके चलान की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक ट्रक जिसका चलान मौजूद था, उसे छोड़कर अन्य 7 ट्रक अवैध गिट्टी लोड पाया गया। इस कार्रवाई के दौरान गिट्टी लोड अवैध ट्रकों को इंट्री कराने वाले माफिया गिरोह के पांच सदस्यों को भी एक स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार किया गया।

खनन पदाधिकारी श्री अमन ने बताया कि जिस वक्त पुलिस सभी ट्रकों को जब्त किया, उस वक्त इंट्री माफिया स्कॉर्पियो से लाइनर का काम कर रहा था, तभी शक के आधार पर उसके वाहन को रोककर जांच किया गया, जिसमें एक डायरी मिला, उस डायरी में सैंकडों वाहनों का नम्बर व इंट्री विवरण पाया गया।

जिसके बाद पुलिस ने सभी इंट्री माफिया को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए थाना लाया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार इंट्री माफियाओं में चार झारखंड के कोडरमा जिले का रहने वाला है व एक नवादा का रहने वाला है।

गिरफ्तार इंट्री माफियाओं में कोडरमा के बहादुर यादव, महेन्द्र यादव, अनिल यादव, मनोज यादव तथा नवादा के बब्लू यादव शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जब्त ट्रकों में हाइवा ट्रक भी शामिल है, जिसमें बीआर-2एए/5181, जेएच-12 जी/8984, बीआर-20 जी/ 0692, बीआर-27एच/7071, जेएच-02बीएल/5850, सीएच-04जेओ/5529 तथा जेएच-02बीपी/1898 शामिल है।

गौरतलब हो कि खनन पदाधिकारी श्री अमन द्वारा इसके पूर्व भी अवैध बालू खनन को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 27 ट्रैक्टर जब्त किया था। बता दें कि अवैध खनन को लेकर इन दिनों जिले में बड़ी कार्रवाई की जा रही है, जिससे खनन माफियाओं में हड़कम्प मचा हुआ है। 

रामायण धारावाहिक की सीता और लक्ष्मण के आने से भक्तिमय में हुआ तुलसी जयंती समारोह, कैसे एक झलक पाने के लिए उमड़ी भीड़, पढ़ें पूरी खबर

0

मॉडर्न में रामचरितमानस पाठ का संगीतमय गायन का अद्भुत दिखा नजारा, भक्ति भाव में सराबोर हुए श्रद्धालु 

लगभग 5000 विद्यार्थियों ने एक साथ रामचरितमानस के बाल कांड का संगीतमय किया  गायन

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

मॉडर्न शैक्षणिक समूह नवादा की संस्था मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंती नगर नवादा के प्रांगण में गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती पर रामायण धारावाहिक की सीता और लक्ष्मण नवादा पहुंचे। उनका एक झलक पाने के लिए श्रोता उतावले दिखे। इस अवसर पर लगभग 5000 विद्यार्थियों ने एक साथ रामचरितमानस के बाल कांड, सीता स्वयंवर और धनुष यज्ञ प्रसंग पर आधारित रामचरितमानस के दोहा संख्या- 240 से 285 तक का संगीतमय पाठ किया। 

रामचरितमानस पाठ शुरू करने के पूर्व रामायण धारावाहिक में सीता माता की भूमिका निभाने वाली दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी जब सुबह 9 बजे विद्यालय प्रांगण में पधारे तो हजारों छात्र-छात्राओं ने उनपर पुष्प वर्षा कर शानदार ढंग से उनका स्वागत किया। यह एक अद्भुत नजारा था जब विद्यार्थियों के एक हाथ में एक तरफ रामचरितमानस दूसरे हाथ में रेहल और भगवा वस्त्र पहन कर नंगे पैर हजारों हजार विद्यार्थी जय श्री राम के नारे लगाते नजर आ रहे थे।

सीता माता और लक्ष्मण जी के स्वागत में पुष्प वर्षा को देखने वाले दंग रह गए। एक तरफ अतिथि गण दूसरी तरफ विद्यार्थी और उनके माता-पिता सहित श्री राम के भक्तजन सभी माता सीता रूपी दीपिका और भगवान श्री लक्ष्मण रूपी सुनील लहरी से मिलने के लिए व्याकुल हो रहे थे। सभी किसी भी तरह उनको अपने कैमरे में क़ैद कर लेना चाहते थे। खेल शिक्षक अलखदेव प्रसाद के नेतृत्व में विद्यालय के विद्यार्थियों ने जब ड्रम और बैंड बाजा से उनका स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा की तो रामायण काल का वह दृश्य सामने आ गया और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा था।

स्वागत के बाद उन्हें मंच पर ले जाते समय हजारों भक्त उनके पैर छूने के लिए और उनसे आशीर्वाद लेने के लिए व्याकुल हो रहे थे। मंच पर पहुंचते ही माता सीता ने जय श्री राम के नारे लगाकर पूरे माहौल को राममय कर दिया। मंच पर उनका स्वागत करते हुए विद्यालय की दो छात्राएं नाम्या माथुर और श्रुति आर्या ने रामायण काल से लेकर तुलसीदास और रामायण धारावाहिक के निर्देशक रामानंद सागर के बारे में सभी भक्तजनों को विस्तार से बताते हुए कार्यक्रम का उद्घाटन कराया। उद्घाटन पश्चात निदेशक डॉ अनुज व सचिव शैलेश ने दोनों अतिथियों को राम दरबार का मोमेंटो भेंट किया।

सीता हरण का प्रसंग सुन श्रोता हुए भाव विभोर  

भक्त जनों ने माता सीता की भूमिका निभा रहे दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी से अनुरोध किया कि आप अपने रामायण धारावाहिक का एक ऐसा प्रसंग सुनाइए जिसमें आप दोनों के बीच संवाद हुआ है। इसपर उन्होंने सीता हरण का का प्रसंग प्रस्तुत किया जिसमें भगवान राम मृग रूपी  मारिच को मारने के लिए वन में चले जाते हैं और हे लक्ष्मण हे लक्ष्मण की आवाज आती है। यह आवाज सुनकर सीता माता व्याकुल हो जाती है और वह बार-बार लक्ष्मण को कहती है कि आप वन की ओर जाइए भगवान श्री राम कहीं ना कहीं परेशानी में है। वहीं बार-बार लक्ष्मण कहते हैं कि नहीं माता भैया ठीक होंगे कहीं ना कहीं कोई यह मायावी रूप है, परंतु सीता माता नहीं मानती है।

वह लक्ष्मण को मजबूर करती है कि आप वन की ओर जाइए और अंत में लक्ष्मण रेखा खींचकर माता सीता से लक्ष्मण कहते हैं कि हे माता कोई भी आए आप इस रेखा को  मत पार करना, मैं जाता हूं भैया को देखने के लिए। रामायण धारावाहिक के इस प्रसंग को दोनों ने मंच पर भक्त जनों के बीच प्रस्तुत करने का सजीव प्रयास किया। सचमुच में लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि यह दोनों वही हैं जिन्हें हम लोग भगवान के रूप में देखते हैं। रामायण धारावाहिक देखने के बाद सनातन धर्म और हिंदू धर्म के प्रत्येक व्यक्ति यही चेहरा को भगवान के रूप में पूजा अज्ञानता वश कर देते हैं। इस दौरान दोनों ने बहुत लंबी देर तक मीडिया से भी बात किया और मीडिया से बात करते हुए उन्होंने मगध की धरती को बहुत ही गौरवशाली और ऐतिहासिक बताया।

दीप जलाकर किया गया उद्घाटन, भगवान राम और तुलसी दास को चढ़ाया माला 

तुलसीदास जयंती समारोह का शुरुआत दीप जलाकर की गई और भगवान राजा रामचंद्र जी और तुलसीदास की तस्वीर पर  माल्यार्पण दीपिका जी और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे सुनील लहरी जी एवं मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ अनुज सिंह, सचिव शैलेश कुमार, विद्यालय के प्राचार्य गोपाल चरण दास, धर्मवीर सिन्हा, सुजय कुमार, मिथिलेश विजय, मनीष कुमार पांडेय, विपुल कुमार, उमेश पांडेय, विनोद कुमार, राकेश रोशन पांडेय तथा एसके रंजन सहित कार्यक्रम को लीड कर रहे विद्यालय की 11 छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी रामचरितमानस पाठ करने वाले हजारों विद्यार्थियों ने एक साथ खड़ा होकर उद्घाटन समारोह का आनंद लिया।

हनुमान चालीसा पाठ से कार्यक्रम की हुई शुरुआत 

कार्यक्रम की शुरूआत हनुमान चालीसा पाठ और हम कथा सुनाते हैं, संगीत के साथ हुई। उसके बाद सभी ने एक साथ बालकांड के सीता स्वयंवर और धनुष यज्ञ प्रसंग जो राम, लक्ष्मण और परशुराम संवाद से संबंधित है उन दोहों को पढ़ाना शुरू किया और लगभग 2 घंटे तक लगातार हजारों विद्यार्थी एक साथ संगीतमय गायन करते रहे। जब हजारों विद्यार्थी संगीतमय गायन कर रहे थे तो इतनी सुंदर प्रस्तुति को देखकर सभी भक्तिमय होकर कार्यक्रम समाप्ति तक ताली बजाते रहे और भक्ति में संगीतमय गायन का आनंद लेते रहे।

रामचरितमानस का गायन के बाद रामा रामा रटते रटते, मंगल भवन अमंगल हारी जैसे भजन की प्रस्तुति हुई । सभी ने एक साथ रामायण जी की आरती और राजा रामचंद्र की आरती गाकर भगवान का आशीर्वाद लिया। आरती गायन के बाद तुलसी जयंती समारोह कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षक – शिक्षिकाओं की भूमिका रही, परंतु इसमें हिंदी विषय के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। तुलसी जयंती समारोह में आने वाले बहुत सारे भक्त जनों ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा कि मॉडर्न ग्रुप के शैक्षणिक संस्थाएं नवादा ही नहीं पूरे बिहार के लिए शान है और कहीं-कहीं नवादा जिला ही नहीं पूरा बिहार को नई ऊंचाई मिल रही है।

माता सीता और लक्ष्मण की आस्था में डूबे लोग छू रहे थे पैर 

रामायण धारावाहिक में माता सीता की भूमिका निभाने वाली दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी को देखकर सभी को विश्वास नहीं हो रहा था परंतु कहीं ना कहीं लोग यह समझ रहे थे कि यही वही व्यक्ति हैं जिन्हें हम लोग वर्षों से रामायण धारावाहिक में देखते आ रहे हैं और आज अपने बीच पाकर अपनी आंखों से देखकर अपने आप में सभी काफी खुश हो रहे थे। बहुत सारे राम भक्त तो दोनों अतिथियों का पैर छूने के लिए व्याकुल हो रहे थे।

मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ अनुज सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अंतर्गत संचालित गनौरी रामकली टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, त्रिवेणी कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन, मॉडर्न कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन, मॉडर्न इंग्लिश स्कूल न्यू एरिया नवादा एवं बिहार शरीफ, मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंती नगर नवादा, मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल हिसुआ एवं नारदीगंज सहित सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों के साथ-साथ आए हुए अतिथियों को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया। धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी अपने हाथों में मोबाइल पकड़े रहते थे, आज वे लोग अपने हाथों में रामचरितमानस रखे हैं। यह एक बहुत बड़ी बदलाव है और इसका सारा श्रेय शिक्षकों को जाता है।

नवादा में मॉडर्न ग्रुप इस दिन कर रहा तुलसी जयंती कार्यक्रम, शामिल होंगे रामायण धारावाहिक की सीता और लक्ष्मण, पढ़ें पूरी खबर

0

रामचरितमानस के संगीतमय पाठ के अवसर पर रामायण धारावाहिक में सीता की भूमिका में दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी होंगे मुख्य अतिथि

मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंती नगर में आयोजित होने वाली इस कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर, निदेशक डॉ अनुज ने कहा बच्चों में किताबी शिक्षा के साथ धार्मिक ज्ञान भी जरुरी 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

रविवार 11अगस्त को मॉडर्न शैक्षणिक समूह नवादा की संस्था मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंती नगर में तुलसी जयंती समारोह मनाने की तैयारी जोर शोर से चल रही है। मॉडर्न ग्रुप के चेयरपर्सन डॉ अनुज सिंह ने बताया कि रामचरितमानस का संगीतमय पाठ में मॉडर्न ग्रुप के संस्थाओं से काफी संख्या में विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

इसके लिए बड़े एरिया में वाटर प्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है, ताकि वर्षा होने के बावजूद कोई समस्या तुलसी जयंती के आयोजन में नहीं हो। उन्होंने कहा कि बहुत सुंदर और भावनात्मक और इंसानियत वाली माहौल के बीच हजारों बच्चे जब अपने हाथों में रामचरितमानस और रेहल के साथ गेरुआ वस्त्र पहनकर और चंदन टीका लगाकर जब आते हैं तो माहौल देखते ही बनता है।

उन्होंने कहा कि जो भी बच्चे अपने घरों में मोबाइल में लगे रहते थे, आज उन बच्चों के हाथों में रामचरितमानस है, यह एक बहुत बड़ी बात है, क्योंकि आज कल समाज में विशेष कर सनातन धर्म में इस बात की बहुत कमी देखी जा रही है कि बच्चे इन चीजों से दूर होते जा रहे हैं।

बच्चे पढ़े लिखे आगे बढ़े हर क्षेत्र में आगे बढ़े लेकिन अपनी सभ्यता संस्कृति को भी नहीं भूले। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चों में किताबी शिक्षा के साथ साथ धार्मिक ज्ञान भी दिया जाता है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर यह कार्यक्रम करवाया जा रहा है। 

विद्यालय के सैंकड़ो शिक्षक इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामायण धारावाहिक में सीता माता की भूमिका निभाने वाली दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी जी शनिवार को ही पटना पहुंच रहे हैं।

डॉ अनुज सिंह ने बताया कि दोनों मुख्य अतिथि रविवार के दिन सुबह 9 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएंगे और सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि व्यापक पैमाने पर खीर और हलवा जैसे प्रसाद खिलाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि जितने भी श्रद्धालु तुलसी जयंती के अवसर पर रामचरितमानस पाठ में आएंगे वह सभी प्रसाद खाकर ही जाएंगे।

तुलसीदास के रामचरितमानस को पढ़ने में और समझने में जिन्हें भी रुचि है वैसे श्रद्धालुओं को बैठने और आने की बड़ी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन के बारे में नवादा, नालंदा और पटना के डीएम को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि कार्यक्रम का संचालन और सुरक्षा में कोई कमी ना रहे।

विद्यालय के सैकड़ो कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी के साथ-साथ भारत टेंट हाउस के सभी पंडाल निर्माता जोर शोर से कार्य में लगे हुए हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक धर्मवीर सिंह, मणिकांत मिश्रा, मनीष कुमार, उमेश पांडेय, विपुल कुमार, वंदना कुमारी, स्वीटी कुमारी, विस्मिता साहू तथा दीपक पुष्टि के साथ-साथ संगीत शिक्षक पवन कुमार और अनिल कुमार की भी बड़ी भूमिका है। 

नवादा में एक ऐसा कांवरिया सेवा शिविर जहां पढ़ने वाले बच्चे शिक्षा के साथ कर रहे  धार्मिक सेवा, पढ़ें पूरी खबर 

0

श्री दयालु कान्हाजी फाउंडेशन के द्वारा लगाया गया शिविर में कांवरियों के अलावा सिपाही भर्ती अभ्यार्थियों को भी मिल रहा लाभ

फाउंडेशन के माध्यम से जनहित के कार्य का लगातार चलाया जा रहा अभियान, संस्थापक सौरभ कुमार ने कहा वृक्षा रोपण सहित असहायों की मदद जैसे चलाये जा रहे कई कार्यक्रम

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

कांवरियों के लिए वैेसे तो नवादा में कई जगह सेवा शिविर लगा हुआ है, जहां केवल कांवरियों को भोजन परोसा जा रहा है। लेकिन शहर में एक ऐसा भी कांवरियों का शिविर लगा है, जिसमें पढ़ने वाले बच्चे शिक्षा के साथ-साथ सेवा धर्म का काम भी कर रहे हैं। इतना ही नहीं पुलिस बहाली परीक्षा में बाहर से आये अभयार्थियों को भी निःशुल्क भोजन परोसा जा रहा है।

श्री दयालु कान्हाजी फाउंडेशन के अंतर्गत निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर न्यू रेलवे स्टेशन के प्रांगण में चलाया जा रहा है। नये स्टेशन के रास्ते में लगाये गये शिविर में बड़ी संख्या में स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले कांवरियों को भोजन परोसा जा रहा है। जिसमें सुबह में बिस्कुट, गर्म पानी और दोपहर 12 बजे से निःशुल्क भंडारा की व्यवस्था की गयी है।

यह शिविर सावन माह के पहले दिन 22 जुलाई से शुरू किया गया है, जो 19 अगस्त पूर्णिमा तक चलेगा। इस शिविर में केवल कांवरियों को ही नहीं बल्कि जिले में आयोजित पुलिस बहाली परीक्षा में आये अभ्यार्थियों को भी भोजन व चाय के रूप में लाभ मिल रहा है। पिछले दिन आयोजित बिहार पुलिस बहाली परीक्षा के दौरान भूख-प्यास से परेशान अभ्यर्थियों के लिए यह शिविर वरदान साबित हुआ है।

फेडरेशन के संस्थापक सौरभ कुमार ने बताया कि इस सेवा शिविर का सबसे बड़ा खासियत यह है कि हर वैसे लोगों को लाभ दिया जा रहा है, जो भूख से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि कांवरियों के अलावा पुलिस बहाली परीक्षा में आये अभ्यार्थियों को भी निःसंकोच भोजन परोसा गया है, ताकि इस जिले में आये बाहरी अभ्यार्थियों को भूखे नहीं रहना पड़े।

उन्होंने बताया कि नये स्टेशन पर पानी तक की सुविधा नहीं है। ऐसे में सुल्तानगंज से होकर गंगा जल लेकर देवघर जाने वाले कांवरियों के लिए शिविर काफी सहायक साबित हो रही है। इस शिविर में फेडरेशन के जितने भी सदस्य हैं सभी पढ़ने लिखने वाले किशोर व युवा बच्चे हैं।

उन्होंने बताया कि फेडरेशन के माध्यम से वृक्षा रोपण सहित असहायों की मदद जैसी जनहित के कई कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसमें नवादा जिला एवं नवादा शहर के आसपास क्षेत्रों में प्रत्येक वर्ष 500 वृक्ष लगाना एवं देखभाल करना, यदि किन्हीं लोगों के यहां कोई पार्टी या श्राद्ध कार्यक्रम में खाना बचे तो इस संस्था से सम्पर्क कर उस खाना को गरीबों में वितरण कराया जाना,

गरीब एवं असहाय लोगों को भोजन का प्रबंध करवाना, ऐसे बच्चे जो आर्थिक कमी के कारण पढ़ नहीं पा रहे हैं तो उसे यथा संभव मदद करना, गरीब एवं असहाय लोगों को ठंड में कम्बल व कपड़ा वितरण करना, भीषण गर्मी के समय ठंडा शरबत या नींबू पानी का वितरण करना, लावारिस पशुओं का स्वास्थ्य एवं भोजन का प्रबंध करना, धार्मिक जूलूस, पूजा पंडाल एवं परीक्षा के समय सभी लोगों के लिए निःशुल्क खाना व पानी का शिविर लगाकर उनको मदद करना

तथा असहाय वृद्ध को प्रत्येक वर्ष तीर्थ यात्रा करवाने में मदद करना जैसे जनहित कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। संस्थापक सौरभ ने बताया कि इस शिविर में सदस्य उदय साहू, साहिल कुमार, तुषार कुमार, मोनू कुमार, राजा कुमार, पीयूष कुमार, अमित कुमार तथा सुनील सिन्हा आदि के साथ-साथ आम लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।

नवादा में सुबह-सुबह हुई बड़ी हादसा, बच्चों से भरी स्कूल बस कैसे सड़क किनारे गड्ढे में पलटी, कई बच्चे हुए घायल, पढ़ें पूरी खबर 

0

पुलिस की मदद से बच्चों को निकाला गया सुरक्षित, पुलिस ने बस को जब्त करते हुए चालक को किया गिरफ्तार, घायल बच्चों को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में कराया गया भर्ती

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले में सुबह-सुबह बड़ी हादसा हो गई, जिसमें बच्चों से भरी एक स्कूल बस सड़क किनारे गड्ढे में पलटी मार दी। यह हादसा जिले के पकरीबरावां प्रखंड के धमौल थाना क्षेत्र स्थित रेवार मोड़ के पास घटी है।

बताया जाता है कि यह स्कूल बस बच्चों को लेकर प्रतिदिन की तरह स्कूल जा रहा था, तभी उक्त स्थान पर स्कूल बस असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। बस के गड्ढे में गिरने से कई बच्चों को चोटें आई है।

वहीं सभी बच्चों को सुरक्षित बस से निकाल कर घायल बच्चों का इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। इस घटना में किसी प्रकार की हताहत की कोई खबर नहीं है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस राहत कार्य के साथ कार्रवाई में जुट गई है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर की लापरवाही से यह हादसा हुई है। दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह स्कूल बस जमुई जिले के प्राइवेट विद्यालय केरला इंग्लिश स्कूल का बताया जा रहा है।

घटना के संबंध में धमौल थाना के थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार पप्पू ने बताया कि घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर सभी बच्चों को सुरक्षित बस से निकालने का काम किया है। इस घटना में कुछ बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, सभी का इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं बस ड्राइवर अलाउद्दीन मल्लिक का पुत्र जानम मल्लिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया। 

 

नवादा में दो बहनों के रहस्मयी ढंग से गायब होने का 8 दिनों बाद भी नहीं मिला कोई सुराग, परिजनों ने लगाया एसपी से गुहार, पढ़ें पूरी खबर 

0

नवादा के पकरीबरावां से गायब दोनों बेटियों की सकुशल बरामदगी के लिए परिजन खा रहे दर-दर की ठोकरें, ममेरी-फुफेरी दोनों बहनों में एक बहन पटना की है रहने वाली

ठठेरा जाति की दोनों बहनें 30 जुलाई को घर से बाजार निकलने के बाद से नहीं है कोई अता-पता, परिजनों में मचा है कोहराम

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र स्थित हनुमान नगर मुहल्ले से बाजार गई दो बहनें रहस्मयी ढंग से लापता हो गई है। दोनों बहनें ठठेरा जाति की है जो आपस में ममेरी-फुफेरी बहन है। दोनों बहनें 30 जुलाई से गायब है, जिसको लेकर स्थानीय थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराया गया है।

वहीं इस घटना को लेकर परिजन एसपी के जनता दरबार में भी दोनों बहनों की सकुशल बरामदगी को लेकर आवेदन दे चुके हैं। स्थानीय निवासी शिक्षक स्व रामेश्वर प्रसाद के पुत्र पप्पू कुमार व उनकी पत्नी गणिता देवी ने बताया कि मेरे साला नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के पेशोर गांव का रहने वाले हैं

और वर्तमान में वह पटना में रह रहे हैं, उनकी पुत्री पिछले तीन माह से पकरीबरावां में मेरे साथ रह रही थी। उन्होंने बताया कि नबालिग मेरी पुत्री इंटर की छात्रा है, दोनों बहनें किसी काम से पकरीबरावां बाजार निकली थी, उसके बाद से दोनों का कहीं कोई अता-पता नहीं चल रहा है।

इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पिछले आठ दिनों से लापता दोनों बहनों को लेकर परिवार में दहशत बनी है कि कहीं किसी अनहोनी का शिकार न हो जाय। हालांकि, पीड़ित परिजनों ने बताया कि एसपी से मिलने के बाद सकुशल बरामदगी का आश्वासन मिला है।

वहीं थाना ने मीडिया को बताया कि पुलिस दोनों बहनों की सकुशल बरामदगी को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है, जल्द ही दोनों बहनों को पुलिस सुरक्षित बरामद करने में सफल होगी। गौरतलब हो कि नबालिग बहन के साथ गायब दोनों बहनों की तलाश में परिजन भी अपनी तरफ एड़ी-चोटी एक करने में जुटे हैं।

इधर, परिजनों में भय बना है कि कहीं किसी रैकेट के चुंगल में दोनों बहनें तो नहीं फंस गई है। फिलवक्त, परिजनों की उम्मीदें पुलिस पर टिकी है और दोनों बेटियों की सकुशल बरामदगी के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। 

नवादा में ठनका से मौत पर सीएम ने जताया शोक, जानें कहां-कहां बरसा मौत का आसमानी कहर, छह लोगों की जा चुकी है जान, पढ़ें पूरी खबर  

0

मुख्यमंत्री ने मृतक के पीड़ित परिजनों को आपदा के तहत 4-4 लाख का आर्थिक सहायता देने का किया घोषणा 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार  

नवादा में बुधवार का दिन ब्लैक वेडनेसडे साबित हुआ, जिसमें आसमानी कहर ने मौत की बारिश कर दी। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ठनका गिरने से मां-बेटे सहित 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी है।

प्राकृतिक के इस कहर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतक के आश्रितों को आपदा से सहायता देने का घोषणा किया। जानकारी अनुसार आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मां-बेटे सहित 6 लोगों की मौत हो गयी है।

मृतकों में अकबरपुर थाना क्षेत्र के ओरैया गांव निवासी लखन यादव की पत्नी कालो देवी व पुत्र संजय यादव, पकरीबरावां थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी रुपन यादव की पत्नी सारो देवी कादिरगंज थाना क्षेत्र के सहजपुरा गांव निवासी नरेश यादव का पुत्र चंदन कुमार, रोह थाना क्षेत्र के खरगू बिगहा गांव निवासी ब्रह्मदेव पंडित का पुत्र

श्याम सुन्दर पंडित व वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के भलुआ गांव निवासी राणा कुमार की पत्नी रीना कुमारी की मौत वज्रपात से हो गई। इस घटना के बाद सदर अस्पताल में मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार गूंजती रही है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच राहत कार्य में जुटी रही। उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवादा जिले में वज्रपात से 6 लोगों की हुई मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने वज्रपात से झुलसे व्यक्ति का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है

और उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का अनुपालन करें।

खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें। गौरतलब हो कि बरसात के मौसम में किसान खेती में जुटे हैं, ऐसे में अचानक बारिश के साथ ठनका गिरने से मौत के चपेट में आने की यह अब तक की सबसे बड़ी घटना सामने आई है। 

नवादा का कौन है पीएनबी के पूर्व शाखा प्रबंधक सहित 6 लोग, जिसे इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर करोड़ों घोटाला में किया गया निलंबित, पढ़ें पूरी खबर

0

मेटलाइफ इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर ग्राहकों से लगभग डेढ़ करोड़ रुपए का किया गया है गबन, मामला रजौली पीएनबी से है जुड़ा 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के रजौली में पंजाब नेशनल बैंक के मेट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर ग्राहकों से डेढ़ करोड़ रुपए की राशि गबन का मामला ने सनसनी फैला दिया है। इस मामले में पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक सहित 6 बैंक कर्मी को निलंबित कर दिया गया है।

निलंबित कि जाने वाले बैंक कर्मियों में पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक राकेश पांडेय उर्फ राकेश रंजन, स्पेशल ऑफिसर सुधीर कुमार, विवेक कुमार, हेड क्लर्क विकास कुमार, कैशियर विकास कुमार तथा क्लर्क केशव कुमार शामिल है। मामले का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार को पटना से पंजाब नेशनल बैंक के तीन सदस्यीय टीम मामले की जांच करने के लिए सुबह लगभग 10 बजे रजौली स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पहुंची।

विगत 2-3 दिनों से जांच टीम के द्वारा रजौली स्थित शाखा में जांच की जा रही थी। पटना से आई जांच टीम के द्वारा कुछ भी बताने से साफ इनकार किया जा रहा है। जिससे रजौली स्थित ब्रांच में पदस्थापित अन्य बैंक कर्मियों के भी गबन के मामले में फंसने की संभावनाएं प्रतीत हो रही है। फिलहाल पंजाब नेशनल बैंक के कई कर्मी शक के घेरे में है।

बताया जाता है कि पंजाब नेशनल बैंक के जोनल हेड के निगरानी में पूरे मामले की जांच चल रही हैं और जैसे-जैसे बैंक कर्मियों की संलिप्तता इस गबन में सामने आ रही है। वैसे-वैसे सभी को निलंबित किया जा रहा है। बैंक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह पता चला है कि मेटलाइफ इंश्योरेंस कंपनी पंजाब नेशनल बैंक से टैगिंग है और यहीं से पंजाब नेशनल के अकाउंट होल्डरों को मेटलाइफ का जानकारी देकर उसका इंश्योरेंस कराया जाता था।

कैसे होता था गबन का खेल 

बैंक सूत्रों से जो जानकारी मिली है उससे यह पता चला है कि बैंक कर्मी शाखा प्रबंधक के साथ मिली भगत करते हुए मेट लाइफ के नाम से ही एक अकाउंट अपने ब्रांच में खोलकर रखे हुए थे तथा ग्राहक से मेट लाइफ इंश्योरेंस में पैसा जमा करने के नाम पर चेक लेते थे और इस अकाउंट में पैसा को डेबिट करते हुए निकालते थे।

मेटलाइफ में सालाना जमा करने के नाम पर बैंक कर्मी मेटलाइफ के उपभोक्ताओं से मोटी रकम लेकर सालाना जमा करने के नाम पर चेक लेते थे और अपने अकाउंट में क्रेडिट कर पैसा को डेबिट कर लेते थे। रजौली के निवासी संजय कुमार अधिवक्ता ने बताया कि मार्च के महीने में उनसे मेटलाइफ में पैसा जमा करने के नाम पर 5 लाख का सेल्फ चेक लिया गया था।

उनके खाते से पैसे की निकासी भी हो गई, लेकिन आज तक मेट लाइफ इंश्योरेंस में पैसा नहीं जमा हो पाया है। इस पूरे महाघोटाला में मेट लाइफ इंशोयरेन्स कंपनी के कर्मी विजय कृष्ण का अहम भूमिका है इसी के द्वारा रजौली पंजाब नेशनल बैंक में पदस्थापित पूर्व ब्रांच मैनेजर के साथ साठगांठ करते हुए पंजाब नेशनल बैंक के अन्य कर्मी के सहयोग से बैंक के भोले-भाली ग्राहकों को मेट लाइफ में इंशोयरेन्स के नाम इन्वेस्ट करवाया और बड़े पैमाने पर घोटाले की प्रक्रिया को अंजाम दिया है।

इस घोटाले में अब तक पंजाब नेशनल बैंक में पदस्थापित पांच कर्मियों पर बैंक के उच्च अधिकारियों के द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है। पंजाब नेशनल बैंक के वरीय अधिकारी के द्वारा बारीकी से पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया गया है। पिछले दो दिनों से पटना से आई जांच टीम मेट लाइफ इंशोयरेन्स से जुड़े एक-एक दस्तावेज और इससे जुड़े कस्टमर को बुलाकर गहन पूछताछ किया जा रहा है।

साथ ही इस पूरे घोटाले प्रकरण मामले में शामिल कर्मियों के उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पूरा मामला प्रकाशन में आने के बाद पंजाब नेशनल बैंक मेट लाइफ इंशोयरेन्स कराने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। इस संबंध में घोटाले की जांच करने आये अधिकारी से जब पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बताने से परहेज करते नजर आये। फिलवक्त इस घोटाले का शिकार हुए ग्राहकों को अपने राशि की वापसी का इंतजार है।

You cannot copy content of this page