Home Blog Page 81

नवादा सांसद विवेक ठाकुर और पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह के साथ क्यों हुई बैठक, पढ़ें पूरी खबर 

0

नवादा सहित पूरे बिहार में चल रही रेल विकास परियोजनाओं पर हुई चर्चा, किउल-गया रेलखंड सहित नवादा स्टेशन के विकास को लेकर जोर-शोर से जुटे हैं सांसद

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा के लोकसभा क्षेत्र के सांसद विवेक ठाकुर ने पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह के साथ बैठक की। बैठक के प्रारम्भ में महाप्रबंधक ने सांसद का स्वागत किया।

बैठक के दौरान नवादा सहित बिहार में चल रहे रेल विकास परियोजनाओं एवं यात्री सुविधा से जुड़े कई मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। साथ ही सांसद द्वारा रेल विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया गया।

उक्त जानकारी हाजीपुर जोन के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने दी। गौरतलब हो कि इन दिनों बिहार सहित किउल-गया रेलखंड पर रेलवे के विकास कर तेजी से चल रहा है। पूरे बिहार में रेलवे को हाइटेक तरीके से डेवलप करने का कार्य किया जा रहा है।

ऐसे में इसको और बेहतर बनाने पर विचार विमर्श किया गया। बता दें कि किउल-गया रेलखंड पर नवादा स्टेशन सहित दोहरीकरण का कार्य चरम पर है। सांसद श्री ठाकुर नवादा स्टेशन को आधुनिक संसाधनों से लैस कराने को लेकर प्रयासरत हैं।

वहीं किउल-गया रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधाओं पर भी बैठक में गहन चर्चा किये। बता दें कि इस रेलखंड पर दोहरीकरण का कार्य पूरा अक्टूबर 2024 तक पूरा होना है। इसके साथ ही मार्च 2025 तक नवादा स्टेशन हर सुविधाओं से अपडेट हो जाएगा।

इसके बाद इस रेलखंड पर लम्बी दूरी की कई ट्रेनों का ठहराव भी होने का कयास लगाया जा रहा है, जिसके लिए सांसद श्री ठाकुर जोर-शोर से लगे हैं। फिलवक्त नवादा सांसद इस रेलखंड सहित नवादा स्टेशन को अपडेट कराने लिए लगातार प्रयासरत हैं, ताकि नवादा की विकास को लेकर किया गया वादा पूरा हो सके। 

नवादा में किसके घर को सुप्तावस्था में खंगाल कर फरार हो गया चोर, परिजनों में मची कोहराम, पढ़ें पूरी खबर 

0

नवादा के इस गांव में रात को सोते रह गए घर के लोग और घर को खंगालकर निकल गया चोर

चोरी की इस बड़ी वारदात से दहशत में ग्रामीण, जांच में जुटी पुलिस, मंगाया गया खोजी कुत्ता 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले में चोरी की बढ़ती वारदात पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। आये दिन चोरी की बड़ी घटनायें जिले में हो रही है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है। दो दिनों पहले ही पूर्व जिला पार्षद के बंद घर से चोरी की बड़ी वारदात होने के बाद अब रोह थाना क्षेत्र के सुंदरा गांव में मंगलवार की देर रात्रि अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है।

स्थानीय निवासी गृहस्वामी गोरेलाल महतो के घर से करीब 20 लाख रुपए की गहने और 50 हजार रुपए नगद की चोरी कर ली गई है। सभी गहने जेवर और रुपए लोहे के आलमीरा में रखे हुए थे। चोरों ने आलमीरा को तोड़कर घटना को अंजाम दिया है।

वहीं इसके साथ-साथ बक्से में रखे हुए तांबे-पीतल के बर्तन भी चुरा लिया है। घर से कुछ दूरी पर दो अटैची पाए गए हैं। जिसका पूरा सामान वहीं पर बिखरा पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सुंदरा गांव पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

वहीं पीड़ित परिवार से पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड को भी बुलाया है। लेकिन डॉग स्क्वायड भी कोई साक्ष्य नहीं जुटा पाया है। इसके बाद मामले के उद्भेदन के लिए जिला एफएसएल की टीम को बुलाया गया है।

पीड़ित परिवार द्वारा कयास लगाया जा रहा है कि रात करीब डेढ़ बजे अपराधी मकान के पिछले हिस्से से छत पर चढ़कर घर के अंदर घुसा होगा। घर में गोरेलाल का भाई बसंत कुमार और मां राधा रानी देवी अपने-अपने कमरे में सो रहे थे।

अपराधियों ने दोनों के कमरे की कुंडी को बाहर से लगा दिया। पंखे की आवाज और गहरी नींद में होने के कारण किसी को घर के अंदर घुसने का कुछ भी पता नहीं चल सका। जिसका लाभ उठाते हुए चोर आलमीरा तोड़कर जेवरात, नगद रुपए और ट्रंक तोड़कर पीतल के बर्तन लेकर आसानी से फरार हो गए।

करीब साढ़े चार बजे गृहस्वामिनी राधा रानी देवी की नींद खुली तो उसने अपने कमरे को बाहर से बंद पाया। जिसके बाद उसने फोन करके पड़ोसी को जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसी किसी तरह घर के अंदर प्रवेश कर दोनों के कमरे को बाहर से खोला।

उसके बाद लोगों ने देखा कि घर में चोरी हो गई है। आलमीरा और ट्रंक टूटा हुआ है और जेवर, नगद रुपए और कांसा-पीतल के बर्तन गायब हैं। जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। रोह थानाध्यक्ष बसंत कुमार राय ने बताया कि इस मामले में पीड़ित गृहस्वामी गोरेलाल महतो के पुत्र बसंत कुमार के द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है।

जिसमें करीब 15-20 लाख रुपए के जेवर और 50 हजार रुपए नगद चोरी होने की बात कही गई है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी एवं वैज्ञानिक आधार पर मामले का उद्भेदन करने में जुटी है।

थाली थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष का निलंबन बाद भी खखन्दुआ हत्याकांड में अब तक किसी की नहीं हुई गिरफ्तारी, एसआईटी का हुआ है गठन, पढ़ें पूरी खबर 

0

पत्थर खदान के सुरक्षा कर्मी की बेरहमी से पिटाई के बाद हुई थी मौत, अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर अब अकबरपुर व नेमदारगंज थानाध्यक्ष को भी दी गई जिम्मेदारी 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के थाली नक्सल थाना क्षेत्र के खखन्दुआ पत्थर खदान क्षेत्र में भगवती स्टोन क्रसर के सुरक्षा कर्मी विनोद सिंह हत्याकांड में अब तक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। घटना को लेकर पुलिस की ओर से एसडीपीओ रजौली गुलशन कुमार का आधिकारिक बयान जारी किया गया है।

जिसमें कांड के अब तक की प्रगति की जानकारी दी गई है। एसडीपीओ की ओर से जारी बयान को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया गया है, जिसमें एसडीपीओ द्वारा कहा गया है कि घटनास्थल का निरीक्षण करने पर यह बात सामने आई कि आरोपित पक्ष के लोग उक्त खदान में पूर्व से काम किया करते थे।

बरसात में काम बंद होने के कारण उनलोगों को हटा दिया गया था। वे लोग स्थानीय हैं और अब भी वहां काम करना चाह रहे हैं। द्वेष भाव में उक्त गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिसमें उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कांड का अनुसंधान किया जा रहा है। अनुसंधानकर्ता को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। एसआईटी का गठन किया गया है। अकबरपुर व नेमदारगंज थानाध्यक्ष को भी इस काम में लगाया गया है। टेक्निकल टीम का भी सहयोग लिया जा रहा है।

क्या थी पूरी घटना

बता दें कि शुक्रवार 30 अगस्त की रात्रि खखंदुआ भगवती स्टोन क्रसर के सुरक्षा कर्मी विनोद सिंह की बेरहमी से पिटाई की गई थी। रात में ही डायल 112 को सूचना देकर घटनास्थल पर बुलाया गया था। 112 की टीम घायल को अकबरपुर पीएचसी में इलाज के लिए लेकर पहुंची थी।

वहां से उन्हें सदर अस्पताल लाया गया था। सदर अस्पताल से भी उन्हें हायर संस्थान रेफर किया गया था। 01 सितंबर रविवार को पटना के अपोलो अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। रविवार की रात शव को सदर अस्पताल लाया गया था। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ था।

इस मामले में भाजपा नेता व परिजनों पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया था। जिसके बाद एसपी के द्वारा थाली थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष ललन कुमार को पुलिस लाईन हाज़िर कर दिया गया था। बावजूद घटना के चार-पांच दिन बीत गए हैं।

किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। भाजपा नेता व पूर्व विधायक अनिल सिंह और पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने भी इस कांड में पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे। फिलवक्त किसी भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।

किउल-गया रेलखंड सहित अलग-अलग स्टेशनों से गुजरने वाली कई ट्रेनें हुई रद्द, कई का बदला समय-सारिणी, पढ़ें पूरी खबर 

0

दानापुर मंडल के अशोकधाम स्टेशन पर एनआई कार्य के मद्देनजर ट्रेनों के परिचालन में किया गया बदलाव

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

पूर्व मध्य रेल अंतर्गत दानापुर मंडल के अशोकधाम स्टेशन पर एनआई कार्य के मद्देनजर कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।

वहीं कई ट्रेनें रद्द भी किया गया है। इसको लेकर हाजीपुर जोन के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने उक्त जानकारी को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी किया है। जिसमें रद्द की गयी ट्रेनों में किउल-गया रेलखंड पर चलने वाली गाड़ी संख्या- 03355 व 3356

किउल-गया पैसेंजर ट्रेन 5, 7 एवं 9 सितम्बर को रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या- 13207 व 13208 जसीडीह-पटना एक्सप्रेस 7 सितम्बर को रद्द रहेगी। इसके अलावा आंशिक समापन व प्रारंभ कर चलायी जाने वाली ट्रेनों में

पटना से खुलने वाली गाड़ी संख्या- 03206 पटना-किउल फास्ट पैसेंजर व किउल से खुलने वाली गाड़ी संख्या- 03205 किउल-पटना फास्ट पैसेंजर 7 एवं 9 सितम्बर को आंशिक प्रारंभ मोकामा से किया जायेगा।

इसके साथ ही रेलवे ने पुनर्निधारित कर चलायी जाने वाली ट्रेनों की सूची जारी करते हुए बताया कि गाड़ी संख्या- 13241 बांका-राजेन्द्रनगर एक्सप्रेस ट्रेन 5 एवं 9 सितम्बर को बांका से 8.45 के बजाए 11.15 बजे खुलेगी।

गाड़ी संख्या- 13331 धनबाद-पटना एक्सप्रेस 5 सितम्बर को धनबाद से 8.05 बजे के बजाए 10.05 बजे खुलेगी। गाड़ी संख्या- 03356 गया-किउल पैसेंजर 4, 6 एवं 9 सितम्बर को गया से 7.20 के बजाए 10.20 बजे खुलेगी।

गाड़ी संख्या- 03355 किउल-गया पैसेंजर 4, 6 एवं 8 सितम्बर को किउल से 14.40 बजे के बजाए 17.00 बजे खुलेगी। गाड़ी संख्या- 03205 किउल-पटना पैसेंजर 5 सितम्बर को किउल से 15.00 बजे के बजाए 16.45 बजे खुलेगी।

गाड़ी संख्या- 03274 पटना-देवघर पैसेंजर 7 सितम्बर को पटना से 9.55 बजे के बजाए 11.30 बजे खुलेगी। हालांकि अन्य सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 7 सितम्बर को गया से खुलने वाली 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन तिलैया और कुरौता पतनेर स्टेशन के बीच 90 मिनट कंट्रोल करके चलाई जायेगी।

हरितालिका तीज व्रत को लेकर बनी उहापोह, ब्राह्मण महासभा ने क्या जारी किया शुभ मुहूर्त, पढ़ें पूरी खबर 

0

तृतीया-चतुर्थी तिथि पर तीज व्रत का इसबार बन रहा कई शुभ संयोग, ब्राह्मण महासभा ने कहा 5 सितम्बर गुरुवार को नहाय-खाय और 6 सितम्बर शुक्रवार को है निर्जला उपवास व पूजा 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

पति की दीर्घायु के लिए सुहागिन महिलाएं निर्जला हरितालिका तीज व्रत करती हैं, परंतु इसबार तीज व्रत पर कई शुभ संयोग बन रहा है। वहीं आम लोगों में इस व्रत की तिथि को लेकर काफी उहापोह बनी हुई है।

ऐसे में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा नवादा एवं अध्यात्म भारती परिषद ने संयुक्त रुप से उपस्थित विद्वत्व जनों द्वारा इस व्रत को लेकर लिए गए निर्णय का प्रकाशन जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी विद्याधर पांडेय  ने शुभ मुहूर्त जनहित में जारी किया है, जो निर्णय सिंधु, धर्म सिंधु एवं बनारस पञ्चांग में वर्णित तत्यों के आधार पर है।

उन्होंने बताया कि हरितालिका तीज का नहाय-खाय 5 सितम्बर गुरुवार को है और निर्जला उपवास व व्रत 6 सितम्बर शुक्रवार का दिन शुभ बना है, जिसमें पूजा मुहूर्त संध्या प्रदोषकाल 5.14 बजे से रात्रि 11.45 तक है। उन्होंने कहा कि दूसरे किसी भ्रम में नहीं पढ़ते हुए उक्त शुभ तिथि को ही हरितालिका तीज मनाएं।

उन्होंने कहा कि धर्म सिंधु, व्रत निर्णय सिंधु एवं बनारस पंचांग वर्णित श्लोक में कहा गया है कि तत्र चतुर्थी संहिता यातुसा व्रत फल प्रभा! अवैध व्यकरा स्त्रीणां पुत्र पौत्र प्रवर्धिनी!! अर्थात् हरितालिका व्रत मुख्य रुप से तृतीया-चतुर्थी संयुक्त तिथियों में ही किया जाता है, जो स्त्रियों के सौभाग्य, पुत्र, पौत्र को वृद्धि करने में सहायक होता है।

उन्होंने कहा कि द्वितीया-तृतीया मिश्रित तिथि में यह व्रत नहीं होता है, इससे व्यथा और हानि होती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भाद्रपद शुक्ल पक्ष तृतीया शुक्रवार को दोपहर 12.09 तक है। इसके बाद चतुर्थी तिथि लग रही है, अत्यंत ही शुभ है।

इसके साथ ही कई शुभ संयोग भी मिल रहा है, जिसमें हस्त नक्षत्र सुबह 8.09 बजे से, शुक्ल योग, कन्या एवं तुला राशि की चन्द्रमा व्याप्त है। वहीं अमृत सिद्धि योग होने से पुत्र-पौत्र एवं सौभाग्य वृद्धि का योग है।

पंडित जी बताते हैं कि स्त्रियों के सबसे पवित्र हरितालिका तीज व्रत, जो सौभाग्य व पति के दीर्घायु, पुत्र-पौत्र आदि वृद्धि एवं विकास के लिए भाद्रपद‌ तृतीया को किया जाता है। वहीं कुमारी कन्याएं भी अच्छे घर वर की प्राप्ति के लिए करती है।

नवादा में चोरों का हौसला बुलंद, किस पूर्व जिला पार्षद के बंद घर को चोरों ने खंगाला, पढ़ें पूरी खबर 

0

घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस, एफएसएल टीम को भी लगाया गया जांच में, महीनों से बंद था घर 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले में इन दिनों चोरों का हौसला बुलंद है। आये दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही है। ऐसा ही एक मामला जिले के नरहट थाना क्षेत्र स्थित बभनौर गांव में रविवार की रात्रि हुई है,

जिसमें पूर्व जिला पार्षद सदस्य शांति देवी के बंद घर को अज्ञात ने खंगाल दिया। चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गया। उसके बाद चोरों ने घर के बक्से में रखे सोने, चांदी के आभूषण एवं आवश्य सामान सहित लाखों की संपत्ति चोरी कर फरार हो गया।

सुबह जब ग्रामीणों ने घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ देखा तो इसकी सूचना नवादा में रह रहे गृह स्वामी को इसकी सूचना दिया। आनन-फानन में गृह स्वामी घर पहुचे और घर में चोरी की घटना देख स्थानीय नरहट पुलिस को सूचना दिया।

सूचना के बाद दलबल के साथ इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह घटना स्थल पर पहुंचकर चोरी के मामले की जांच शुरू की। घटना में शामिल चोरों तक पहुंचने के लिए वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू किया गया, इसके लिए नवादा से एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया।

एफएसएल टीम ने बारीकी से टूटे हुए ताले, रूम के अंदर से चोरी हुए सामानों की जगह सहित सभी स्थलों की जांच कर साक्ष्य जुटाने में जुट गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घर महीनों से बंद पड़ा था।

घर के सभी लोग सभी बाहर रहते थे। बंद घर का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही इस घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

कोडरमा में अवैध देहव्यापार में संलिप्त नवादा के किस दस युवक-युवतियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर 

0

होटल स्पाइसी में पुलिस ने की छापेमारी, देह व्यापार के आरोप में एक महिला समेत 5 युवतियां और होटल मैनेजर सहित 5 युवक गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक हिरासत में

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

बिहार में शराबबंदी के बाद झारखंड के सीमावर्ती जिला कोडरमा में शराब और शबाब का धंधा जोरों पर है। इसी कड़ी में देहव्यापार के खिलाफ कोडरमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने कोडरमा थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित बागीटांड़ चेकनाका के समीप रहे होटल स्पाइसी में रात्रि को छापेमारी कर न केवल देहव्यापार का खुलासा किया, बल्कि होटल से आपत्तिजनक अवस्था में एक महिला सहित 5 युवतियां और 5 युवकों को गिरफ्तार करने में सफल रही।

पकड़े गए सभी आरोपी बिहार राज्य के झारखंड से सटे सीमावर्ती जिला नवादा के बताए जाते हैं। गौरतलब हो कि कोडरमा पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि बागीटांड़ स्थित होटल स्पाइसी में अवैध रूप से देहव्यापार का धंधा चलाये जा रहे हैं।

जिसकी सूचना पर एसपी के निर्देशन में प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार के नेतृत्व में कोडरमा थाना प्रभारी सुजित कुमार और पुलिस टीम के द्वारा होटल स्पाइसी में छापेमारी किया गया। इस दौरान एक महिला, 4 युवतियां और होटल मैनेजर समेत 5 युवकों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं मौके पर से अवैध शराब और विभिन्न प्रकार की आपत्तिजनक चीजें बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में होटल मैनेजर नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के तरगिल निवासी राजनन्दन प्रसाद का पुत्र संजय कुमार, नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के परमा गांव निवासी नरेश प्रसाद का पुत्र धर्मेंद्र कुमार,

रोह थाना क्षेत्र के बारापांडेय गांव निवासी मुन्द्रिका प्रसाद यादव का पुत्र मुकेश कुमार के अलावा पटना जिले के गर्दनीबाग मुहल्ला निवासी सुरेन्द्र सिंह का पुत्र सुमन कुमार एवं पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के पिंटू कुमार शामिल हैं। 

वहीं अवैध देहव्यापार के धंधे में पकड़ी गई महिला और चारों युवतियां भी बिहार के नवादा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की बताई जा रही है।पुलिस ने घटना को लेकर कांड संख्या- 200/24 दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

बिहार में शराबबंदी के बाद कोडरमा बना अवैध शराब और शबाब का अड्डा 

बताते चलें कि बिहार में शराबबंदी के बाद झारखंड के सीमावर्ती जिला कोडरमा में बिहार के विभीन्न जिलों से ख़ास कर नवादा और गया आदि जिलों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में शराब के शौकीनों का कोडरमा में आगमन हो रहा है,

ये लोग रात्रि में शराब का जमकर सेवन करने के बाद सड़क और रेलमार्ग से पुनः बिहार वापस लौट जाते हैं। शराब के ये शौकीन लोग शराब के साथ रातें रंगीन भी करते हैं, झुमरीतिलैया के कई होटलों में देर रात तक शराब परोसने का काम बेधड़क किया जा रहा है।

ग़ौरतलब हो कि दो माह पूर्व बागीटांड़ के एक होटल में शराब पीने के बाद उत्पन्न हुई विवाद को लेकर होटल मैनेजर सहित दो युवकों को गोली मारकर हत्या कर दिया था, ज्ञात हो कि जिस होटल स्पाइसी में देहव्यापार का धंधा करने का आरोप है

वह करीब दो माह पहले ही खुला था। इस सम्बंध में थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध रूप से देहव्यापार के आरोप में पकड़े गए एक महिला व 4 युवतियां और होटल मैनेजर सहित 5 आरोपी सभी बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं।

जानिए, देश की सबसे बड़ी शिक्षा संस्थान IIAM बोधगया ने कैसे बिहार के शिक्षा स्तर को मजबूत करने में दे रहे योगदान, पढ़ें पूरी खबर 

0

सरकार के स्पर्श कार्यक्रम के माध्यम से आईआईएम बोधगया ने 5 गांवों को गोद लेकर किया शुरुआत, पहले चरण में स्थानीय मोहदार गांव के प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को सिखाया शिक्षा को आसानी से ग्रहण करने का गुर, ग्रामीणों को प्रोत्साहित करने के लिए किया गया स्वास्थ्य जांच व कम्बल वितरण 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

देश की बड़ी शिक्षण संस्थानों में आईआईएम बोधगया द्वारा ग्लैड भारत फाउंडेशन के सहयोग से “स्पर्श” कार्यक्रम में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके तहत ग्रामीण छात्रों की समग्र शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए आईआईएम बोधगया के छात्रों के नेतृत्व में इस पहल की शुरुआत की गई है।

प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के शैक्षिक सशक्तिकरण पर केंद्रित इस पहल की शुरुआत आईआईएम बोधगया द्वारा गोद लिए गए 5 गांवों में मोहदार, तुरी बुज़ुर्ग, तुरी खुर्द, बापूनगर और रामपुर शामिल हैं।

पहले चरण में मोहदार गांव से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। गोद लिए गए इन गांवों में संस्थान द्वारा विभिन्न सामुदायिक विकास गतिविधियों में सक्रिय रूप से संलग्न है, जिसमें तुरी खुर्द में त्ज़ु ची द्वारा स्वास्थ्य सर्वेक्षण और मोहदार में कंबल वितरण किया गया। 

छात्रों में दिखा उत्साह 

आईआईएम बोधगया की सीएसआर कमिटी प्रगति के 12 छात्रों एवं 3 फैकल्टी गण, चेयरपर्सन सीएसआर डॉ सुरेश केजी, को-चेयरपर्सन सीएसआर डॉ जॉनसन अभिषेक मिंज़ एवं डॉ गार्गी रॉय की एक टीम ने ग्लैड भारत फाउंडेशन के अहमद एवं प्राथमिक विद्यालय मोहदार की प्रिंसिपल रूबी कुमारी के साथ

छात्रों के लिए शिक्षा के अनुभवों को बढ़ाने के उद्देश्य से इस परियोजना को शुरू किया। इस कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं उक्त सभी की उपस्थिति ने इस पहल को लेकर समाज के उत्साह और समर्थन को उजागर किया।

शिक्षा को छात्रों के लिए बनाया मज़ेदार और प्रभावपूर्ण

आईआईएम बोधगया के छात्रों और डॉ गार्गी रॉय द्वारा ऐक्टिविटीज़ में एक संवादात्मक शैक्षिक सत्र शामिल रहा, जिसने शिक्षा को छात्रों के लिए मज़ेदार और प्रभावपूर्ण बनाया। डॉ सुरेश केजी ने कहा कि आईआईएम बोधगया और ग्लैड भारत फाउंडेशन के बीच का यह

सहयोग छात्रों को मूल्यवान शिक्षण अनुभव प्रदान करेगा एवं इससे जुड़ी अतिरिक्त कक्षाएं छात्रों को दीर्घकालिक लाभ प्रदान करेंगी। कार्यक्रम में भाग लेने वाले एक छात्र ने अपने पसंदीदा शिक्षक का उल्लेख करते हुए सत्रों के माध्यम से नई चीजें सीखने व करने पर खुशी व्यक्त की।

क्या है “स्पर्श” कार्यक्रम 

“स्पर्श” कार्यक्रम प्राथमिक स्तर के छात्रों में ज्ञान को बढ़ाकर उनकी शैक्षिक नींव को मजबूत करने तथा संचार पूर्ण शिक्षण सत्रों, महत्वपूर्ण निर्देश और साप्ताहिक एवं मासिक आधार पर आयोजित नियमित मूल्यांकन के माध्यम से सीखने के परिणामों में सुधार करने

की दिशा में योगदान देने के साथ-साथ ग्रामीण छात्रों के समग्र विकास के लिए कहानी कहने और दिलचस्प अंग्रेजी अभ्यास सत्र सहित विशेष सत्र भी प्रदान करेगा। भाषा कौशल और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए छात्र अपनी पाठ्यपुस्तकों से अंग्रेजी और हिंदी सामग्री को उंचे स्वर से पढ़ने में भी संलग्न होंगे।

यह पहल सूक्ष्म स्तर पर बिहार के शैक्षिक विकास में योगदान देने के साथ ही बिहार में साक्षरता दर में सुधार और राज्य में शैक्षिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के व्यापक लक्ष्यों के अनुरूप है, जिससे दीर्घकालिक सामाजिक व आर्थिक प्रगति होगी।

शताब्दी वर्ष शुरू होने से पहले आरएसएस परिचय वर्ग में क्या दी जा रही जानकारी, पढ़ें पूरी खबर

0

वक्ताओं ने कहा संघ समाज के सभी वर्गों के बीच बिना किसी भेदभाव व जात-पात के कर रहा कार्य, नगर के मिर्जापुर माहुरी वैश्य सेवा सदन में आयोजित हुआ कार्यक्रम, संघ के विचारों लोगों को कराया गया अवगत

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में रविवार को माहुरी वैश्य सेवा सदन, मीरापुर (मिर्जापुर), नवादा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वाधान में संपर्क विभाग की ओर से संघ परिचय वर्ग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें संघ के विचारों से लोगों को अवगत कराया गया।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए  अधिवक्ता संघ के सचिव अरूण कुमार ने बताया कि आज समाज में समस्याओं के समाधान के लिए हिन्दुओं को एक होने की जरूरत है। मुख्य वक्ता के रूप में संघ के नालंदा के विभाग संघचालक

डाॅ अशोक कुमार ने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष शुरू होनेवाला है। इस अवसर पर समाज के बीच संघ को जाने की जरूरत है। संघ समाज के सभी वर्गों के बीच बिना किसी भेदभाव, किसी जात-पात का भाव लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि संघ के शाखाओं में देशहित की बातें कब प्रवेश कर जाती हैं, पता भी नहीं चलता। गौरतलब हो कि शताब्दी वर्ष की तैयारी को लेकर संघ द्वारा जिले भर में परिचय वर्ग कार्यक्रम चलाकर लोगों के बीच संघ की विशेषता पर प्रकाश डाला जा रहा है।

कार्यक्रम की समाप्ति पर धन्यवाद ज्ञापन सुनील कुमार चौधरी ने किया। कार्यक्रम का आयोजन आदित्य विशाल जिला समरसता प्रमुख के द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदीप कुमार बर्मन, उदय शंकर, नवीन कुमार, निश्चल जी, ध्रुव भगत तथा विनय अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता लगे रहे।



राजद क्यों पूरे देश में जातिगत गणना कराने व आरक्षण की सीमा को 65 प्रतिशत करने की मांग को लेकर दिया धरना, पढ़ें पूरी खबर 

0

समाहरणालय के समीप डॉ भीमराव अम्बेदकर की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर धरना का किया गया  शुरूआत, केन्द्र और राज्य सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ खूब बरसे राजद कार्यकर्ता 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में प्रदेश राजद के अह्वान पर केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जिला राजद के तत्वाधान में रविवार को समाहरणाय स्थित डॉ भीम राव अम्बेदकर पार्क में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव की अध्यक्षता में आयोजित धरना कार्यक्रम की शुरूआत डॉ भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर किया गया। जिलाध्यक्ष श्री यादव ने धरना को सम्बोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जातिगत जनगणना कराने और बिहार में आरक्षण की सीमा को 65 प्रतिशत बढ़ाये जाने

के निर्णय को 9वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर राजद नेताओं व कार्यकर्ताओं ने धरना दिया है। उन्होंने कहा कि कहा कि वर्ष 1990 में मंडल कमीशन की अनुशंसा लागू करने के समय से ही राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद जातिगत जनगणना कराने की मांग करते रहे हैं।

केंद्र की यूपीए सरकार के समय लालू व अन्य समाजवादी नेताओं की मांग पर जातिगत जनगणना हुई, लेकिन फाइनल रिपोर्ट आते-आते केंद्र में भाजपा की सरकार बन गयी, जिसने जातिगत जनगणना के आंकड़े को प्रकाशित नहीं किया और उसे फ्रीज कर दिया।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे तेजस्वी यादव के पहल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की एवं राष्ट्रीय स्तर पर जातिगत जनगणना कराने की मांग की थी, लेकिन केंद्र सरकार राजी नहीं हुई। 

राजद के प्रदेश सचिव सह नवादा लोकसभा के राजद के पूर्व प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव जब बिहार में उपमुख्यमंत्री थे तब पूरे बिहार में जातिगत गनणा किया गया। साथ ही 65 प्रतिशत आरक्षण के दायरे को संविधान के 9वीं अनुसूची में शामिल कराने को लेकर केंद्र सरकार पर दबाब बनाया जाय,

ताकि वंचित समाज के लोगों को उनकी संख्या के आधार पर सामाजिक एवं आर्थिक न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि बिहार के तर्ज पर पूरे देश में जाती जनगणना कराया जाय, जिससे भारत के वंचित समाज का वास्तविक स्थिति पटल पर आ सके, इससे वंचितों के संवैधानिक अधिकार सुरक्षित होंगे एवं आरक्षण पर लगातार हो रहे हमलों पर अंकुश लगेगा। 

मौके पर राजद अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव गौतम कपूर चंद्रवंशी, महिला जिलाध्यक्ष रेणू सिंह, ई. केबी प्रसाद यादव, उमेश शर्मा रामचंद्र यादव, राजकुमार यादव, प्रेमा चौधरी, नीलम पासवान, निक्की सिंह, पिंकी भारती, सीताराम चौधरी, राजद युवा जिलाध्यक्ष कौशल राय, युवा प्रधान महासचिव चंदन चौधरी,

नगर अध्यक्ष राजू यादव, सुधांशु यादव, कैलाश यादव, मुनेश्वर प्रसाद, गणेश रविदास, अशोक यादव, मुकेश यादव, शम्भू यादव, देवव्रत कुमार, मंटू यादव, जितेन्द्र कुमार दीपू, संजय यादव, अनिल यादव तथा अरमान हुसैन सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

You cannot copy content of this page