Home Blog Page 56

आप भी जानिए, भारतीय संस्कृति के प्रति मॉडर्न अपने बच्चों को कैसे कर रहा पारंगत, असमिया बिहू लोक नृत्य पर ऐसे झूमे मॉडर्न के बच्चे, पढ़ें पूरी खबर 

0

असम के बिहू नृत्य की प्रस्तुति ने किया मंत्र मुग्ध, निदेशक डॉ अनुज ने कहा अपने छात्रों को एक व्यापक भारतीय नागरिक के रूप में विकसित करने व हमारी भारतीय संस्कृति और इसकी विरासत के हर कोने को तलाशने के लिए रहता है एक कदम आगे

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्धता प्राप्त संस्थानों में अग्रणी विद्यालय मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में असम से आए कलाकारों द्वारा बिहू नृत्य प्रस्तुत किया गया। लोकप्रिय बिहू नर्तक रंजीत गोगोई के नेतृत्व में 10 सदस्यों एक टीम ने बिहू नृत्य में अपना शानदार प्रदर्शन किया, जो आसामी लोक नृत्य की एक लोकप्रिय शैली है।

कार्यक्रम का उद्घाटन मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ अनुज सिंह, प्राचार्य गोपाल चरणदास, उपप्राचार्य मिथिलेश कुमार विजय एवं सुजय कुमार तथा बिहू लोक नृत्य के निर्देशक रंजीत गोगोई के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम के दौरान रंजीत गोगोई की टीम ने बिहू नृत्य से स्कूली बच्चों का मन मोह लिया। 

निदेशक डॉ अनुज ने कहा बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता को लेकर किये जाते हैं ऐसे कार्यक्रम 

इस अवसर पर निदेशक ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहू असम का पारंपरिक लोक नृत्य है। यह आमतौर पर बिहू त्योहार के दिन किया जाने वाला नृत्य है जो की असमिया नववर्ष और कृषि फसल का जश्न मनाता है। बिहू नृत्य पूरे वर्ष में किसी भी समय किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मॉडर्न इंग्लिश स्कूल हमेशा अपने छात्रों को एक व्यापक भारतीय नागरिक के रूप में विकसित करने व हमारी भारतीय संस्कृति और इसकी विरासत के हर कोने को तलाशने के लिए एक कदम आगे रहता है।

जैसा कि सभी जानते हैं, स्पिक-मैके एक स्वैच्छिक आंदोलन है जो युवाओं और बच्चों में हमारे देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के बारे में जागरूकता लाने का प्रयास करता है। प्रतिष्ठित कलाकार शैक्षणिक संस्थानों में प्रदर्शन करते हैं। शास्त्रीय संगीत, हिंदुस्तानी और कर्नाटक दोनों, गायन और वाद्य, भारत के शास्त्रीय नृत्य रूप, पूरे भारत के लोक संगीत और लोक नृत्य, पारंपरिक हस्तशिल्प व चित्रकारी तथा योग छात्रों को पेश किए जाते हैं। इस लोक नृत्य के दौरान असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत नृत्य-संगीत और उत्सव की भावना का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसमें पारंपरिक बिहू नृत्य संगीत और गतिविधियां शामिल थी। 

टीम लीडर रंजीत गोगोई व उनके कलाकारों ने वाद्य यन्त्रों की दी जानकारी 

इस दौरान कलाकारों में शामिल टीम के लीडर रंजीत गोगोई, चंद्र हीरा, तनुष्का सैकिया, हंसिका बोरा तथा डेजी सैकिया इत्यादि कलाकारों ने स्कूली बच्चों को बिहू नृत्य के स्टेप के साथ-साथ पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोलक, बांसुरी, पेपा (भैंस के सिंग से बनी तुरही) बजाकर उसके इस्तेमाल के बारे में बताया। इस अवसर पर टीम लीडर रंजीत गोगोई ने अपने संबोधन में कहा कि

पारंपरिक नृत्य प्रत्येक देश का प्रतीक है और यह राष्ट्र के इतिहास और विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह हमारे देश और संस्कृति को पूरी दुनिया से परिचित कराने का सबसे अच्छा तरीका है। उन्होंने मॉडर्न के सांस्कृतिक, नृत्य और संगीत क्लबों के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने इसे अगली पीढ़ियों तक बनाए रखने और संप्रेषित करने की जिम्मेदारी ली है,

साथ ही अपने छात्रों को इन कलाओं का अभ्यास कर उनके शैक्षणिक और पेशेवर जीवन में होने वाले किसी भी तरह के अनुचित दबाव को दूर करने में मदद की है। विद्यालय के उपप्राचार्य सुजय कुमार ने कहा कि हमारा विद्यालय हमेशा अपने विद्यार्थियों के नैतिक और भौतिक रूप से सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व विकास और उन्हें शारीरिक और मनोवैज्ञानिक रूप से स्वास्थ्य रखने के बारे में सोचता है। 

दो घंटे तक चले कार्यक्रम में बच्चों ने उठाया लुफ्त 

दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर 12वीं तक के बच्चों ने सभ्य दर्शक की तरह बैठकर नृत्य का आनंद लिया। अंत में कलाकारों की पूरी टीम को विद्यालय के प्रबंध निदेशक द्वारा पुष्प गुच्छ एवं शाल देकर सम्मानित किया गया, जो कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए स्पिक-मैके के तहत उनके द्वारा किए जा रहे महान प्रयास के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

कार्यक्रम के संचालन में विद्यालय के शिक्षकों में धर्मवीर सिन्हा, सुजय कुमार, मिथिलेश विजय, मुकेश कुमार, उमेश पांडेय, रोशन मिश्रा, राकेश रोशन, मनीष कुमार पांडेय, दीपक पुष्टि, धर्म प्रकाश, लकी कुमारी, स्वीटी कुमारी, हनी कुमारी, दिव्या, बुसरा तथा नृत्य शिक्षक पुरुषोत्तम सहित सभी विद्यालय परिवार की सराहनीय भूमिका रही।

कैसे हो रहा है सीएम के आगमन की तैयारी, 10 फरवरी को प्रगति यात्रा पर नवादा आएंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पढ़ें पूरी खबर 

0

डीएम-एसपी ने लिया गोविंदपुर के महावरा गांव का जायजा, दिया कई आवश्यक निर्देश, लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत लगाये जाने वाले स्टाल का किया निरीक्षण

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में प्रस्तावित बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रगति यात्रा 10 फरवरी को होने वाला है। इस प्रगति यात्रा की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को डीएम रवि प्रकाश तथा एसपी अभिनव धीमन ने जिले के उग्रवाद प्रभावित

गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के महावरा में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का दौरा कर जायजा लिया। उन्होंने हेलीपैड निर्माण स्थल का समतलीकरण व सम्पर्क पथ कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो सके।

इसके साथ ही बैरिकेटिंग कार्य को अंतिम रूप दिये जाने का निर्देश दिया। डीएम श्री प्रकाश ने राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सह गोविंदपुर पंचायत की पूर्व मुखिया अफरोजा खातून के साथ लगाये जाने वाले स्टॉल के संबंध में विस्तृत समीक्षा की तथा

नमूने के तौर पर लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत लगाये जाने वाले स्टाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद स्थानीय अधिकारियों को कई निर्देश दिया। मौके पर संबंधित अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

महावरा गांव का निरीक्षण के बाद अधिकारियों के काफिले के साथ अकबरपुर व रजौली के लिए रवाना हो गए, जहां मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित है। गौरतलब हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन से पूर्व प्रस्तावित स्थलों के अलावा सरकारी दफ़्तरों सहित शहर के महत्वपूर्ण स्थलों को सुसज्जित किया जा रहा है। 

किउल-गया रेलखंड पर सीआरएस ने ऐसे किया नवादा-तिलैया दोहरीकरण के स्पीड ट्रयाल का निरीक्षण, पढ़ें पूरी खबर 

0

नये साल में 124 किलोमीटर लंबे किउल-गया दोहरीकरण परियोजना का कार्य हुआ पूर्ण, संरक्षा आयुक्त द्वारा विशेष ट्रेन से नवादा से तिलैया के मध्य 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से सफलतापूर्वक किया गया स्पीड ट्रायल

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

बुधवार को रेल विभाग के पूर्वी जोन के संरक्षा आयुक्त सुवोमोय मित्रा ने दानापुर मंडल के किउल-गया रेलखंड पर दोहरीकरण परियोजना अंतर्गत लगभग 17 किलोमीटर लंबे नवदोहरीकृत नवादा-तिलैया रेलखंड का निरीक्षण किया।

इस दौरान संरक्षा आयुक्त द्वारा नवादा और तिलैया के मध्य नवनिर्मित दोहरीलाइन एवं पुल-पुलिया तथा नवादा और तिलैया स्टेशन के मध्य स्टेशन भवन, पैनल रूम, रिले रूम एवं आईपीएस रूम का निरीक्षण किया गया। साथ ही संरक्षा आयुक्त द्वारा विशेष ट्रेन से नवादा से तिलैया के मध्य 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल भी किया गया।

संरक्षा आयुक्त की अनुमति प्राप्त होते ही नवदोहरीकृत रेलखंड पर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक जयंत कुमार चौधरी सहित निर्माण विभाग तथा दानापुर के उच्चाधिकारी मौजूद थे। विदित हो कि किउल एवं गया पूर्व मध्य रेल के दानापुर एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल का प्रमुख स्टेशन है।

यह रेलखंड ग्रैंडकॉर्ड एवं मेन लाइन के यातायात दबाव को भी कम करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसकी महत्ता को देखते हुए 124 किलो मीटर लंबे किउल-गया रेलखंड का दोहरीकरण 1200 करोड़ रूपये की लागत से वित्तीय वर्ष 2015-16 में प्रदान की गई थी। इस परियोजना के पूरा हो जाने से किउल-गया रेलखंड में ट्रेनों की गति में वृद्धि होगी और क्षेत्र के औद्योगिक विकास में गति आएगी।

किउल-गया के दोहरीकरण से लखीसराय, शेखपुरा, नवादा एवं अन्य जिलों के विकास में और गति आएगी। इसका लाभ बिहारवासियों को तो मिलेगा ही साथ ही दिल्ली-हावड़ा मार्ग पर यात्रा करने वाले अन्य प्रदेश के यात्री भी लाभान्वित होंगे। इस दोहरीकरण परियोजना को कई चरणों में पूरा किया गया है।

पहले चरण में दिसंबर 2019 में मानपुर-वजीरगंज रेलखंड का कार्य पूर्ण करते हुए परिचालन के लिए खोला गया। इसके उपरांत विभिन्न चरणों में दोहरीकरण कार्य पूर्ण करते हुए वजीरगंज-तिलैया रेलखंड को सितंबर 2022 में, किउल-शेखपुरा को फरवरी 2023 में,

शेखपुरा-काशीचक को सितंबर 2023 में, काशीचक-वारिसलीगंज रेलखंड को जनवरी 2024 में तथा वारिसलीगंज-नवादा रेलखंड को जुलाई 2024 में परिचालन के लिए खोला जा चुका है। इस दोहरीकरण परियोजना के तहत कुछ नयेे यार्डों का भी निर्माण किया गया है,

जिसमें पैमार, नवादा, सिरारी, वजीरगंज, करजरा, करौटा पतनेर, काशीचक, शेखपुरा, वारिसलीगंज एवं मानपुर आदि प्रमुख है। किउल और गया के मध्य 124 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड में 32 बड़े तथा 304 छोटे पुलों का निर्माण किया गया है।  



सोशल मीडिया पर लड़कियों का अश्लील वीडिओ और फोटो के नाम पर ब्लैकमेल करने वाला अपराधी को साइबर पुलिस ने ऐसे दबोचा, पढ़ें पूरी खबर

0

गिरफ्तार युवक लड़कियों को शादी का झांसा देकर अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर वायरल करने का देता था धमकी

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में साइबर अपराधी प्रतिदिन नए-नए तरकीब निकालकर लोगों को ठगने का काम कर रहा हैं। कभी ब्रांडेड कंपनी का एजेंसी दिलाने तो कभी नौकरी लगाने के नाम पर अब तक झांसा देने का मामला सामने आता रहा है,

लेकिन अब लड़कियों को शादी का झांसा देकर उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की बात कह कर पैसे ठगने के मामले का खुलासा हुआ है। ऐसा ही एक साइबर अपराधी को साइबर थाना पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

नवादा एसपी अभिनव धीमन ने इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए एसआईटी का गठन किया, उसके बाद सघन छापेमारी कर जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी बिरेन्द्र प्रसाद का 21 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार आनंद के पास रहे दो मोबाइल में कई लड़कियों का आपत्तिजनक फोटो व वीडियो पाया गया। जिसके बाद उसका दोनों मोबाइल को जब्त करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी को न्यायिक हिरासत में भेजने का काम किया।

इस सम्बंध में एसपी अभिनव धीमन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गिरफ्तार आनंद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लड़कियों से दोस्ती कर शादी का झांसा देता था और उसका अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर ब्लैकमेल करता था।

इस तरह की जानकारी मिलने पर एसआईटी का गठन किया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरतलब हो कि साइबर क्राइम का यह नया फंडा सामने आते ही सोशल मीडिया चलाने वालों में हलचल मच गया है।

बता दें कि ऐसे फ्रॉड के कारण कई लड़कियों की जिंदगी तबाह होने से पुलिस ने बचाने का का बड़ा कार्य किया है। आगे भी ऐसे साइबर फ्रॉड जो सोशल मीडिया के माध्यम से लड़कियों का शोषण व ब्लैकमेल करता है उसपर भी अंकुश लगाने की जरूरत है, साथ ही उन लड़कियों व उनके अभिभावकों को भी इसके लिए सतर्कता बरतने की जरूरत है। 



बसंतोत्स्व से पहले माॅडर्न इंटरनेशनल स्कूल हिसुआ में ऐसे मना वार्षिकोत्सव, बच्चों ने दिखाया कला का जौहर, पढ़ें पूरी खबर 

0

रंगारंग कार्यक्रमों से छात्रों ने दर्शकों का खूब किया मनोरंजन, निदेशक डॉ अनुज ने कहा बच्चों को भारतीय संस्कृति की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किया जाता है ऐसे आयोजन, बच्चों को हर क्षेत्र में पारंगत करना हमारा मुख्य उद्देश्य 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के हिसुआ में स्थित मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में बसंतोत्सव से पूर्व धूमधाम से वार्षिकोत्सव समारोह मनाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यालय के छात्रों को भारतीय संस्कृति की मुख्यधारा से जोड़ना था। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ अनुज सिंह, सचिव डॉ शैलेश कुमार, विद्यालय के निदेशक संजय कुमार सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ नवादा के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, प्राचार्य मिखाइल चौधरी एवं मॉडर्न समूह के अन्य विद्यालयों के उपप्राचार्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य ने सभी अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मॉडर्न समूह के निदेशक डॉ अनुज ने कहा कि जीवन, आदर्श मूल्य पर तब माना जाएगा, जब विचारों का मंथन होगा। अपने जीवन और आसपास की सभी नकारात्मकता को भी मंथन कर सकारात्मक में हम बदलने का प्रयास करें तो जीवन का हर दिन हमारे लिए महाकुंभ है। विद्यालय का वार्षिकोत्सव अपने पूरे वर्ष भर के विद्यालय की शैक्षणिक और समस्त क्रियात्मक गतिविधियों को प्रदर्शित करने का एक सकारात्मक माध्यम होता है।

जिसके परिणाम स्वरूप बच्चों में उत्साह उमंग और नवीन प्रेरणा नव वर्ष के लिए प्राप्त होते हैं। वार्षिकोत्सव केवल एक कार्यक्रम ही नहीं होता, बल्कि इस तरह के समारोह से छात्रों के शिक्षा, अनुशासन और प्रतिभा तथा विद्यालय के स्तर का बोध कराता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को भारतीय संस्कृति की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन किये जाते हैं। बच्चों को हर क्षेत्र में पारंगत करना हमारा मुख्य उद्देश्य है। 

सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाया कला का जौहर

विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गान प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का स्वागत किया। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिसमें समूह गान, देश भक्ति गीत, देशभक्ति नृत्य, लोकगीत, लोक नृत्य, समूह नृत्य, पंजाबी, हरियाणवी और डांडिया विशेष रहा। वार्षिक उत्सव में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के सुंदर डांस, नाटक, प्रसंग, सामाजिक कुरीतियों पर आधारित नाटक, माता-पिता का सम्मान पर आधारित नाटक, भाई-बहन की प्रेम आदि कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

मुख्य अतिथियों के स्वागत में निशा भारती, सुमन, श्रेया, तनु ने शानदार गीत के माध्यम से अभिनंदन किया। आजू मिथिला नगरिया गीत पर सौम्या, मुस्कान, राजश्री ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया। बिहार गौरव गान में पूरे बिहार से जुड़ी हुई सभ्यता एवं संस्कृति को नृत्य के द्वारा अनुपम, आरोही, सृष्टि, खुशी, श्रेया संगम ने अपने तालमेल से दर्शकों का मन मोह लिया। माता-पिता में ही भगवान गीत पर रागिनी, श्रुति, आंचल, सुहानी, तनु ने अपने मधुर स्वरों से दर्शकों के आंखों में आंसू ला दिए।

बड़ा निक लागे अपन देशवा के माटी गीत पर साहिल, पियूष, अभिजीत, राजवीर ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। वीणा के बजैया सातों सुर के रचैया गीत पर निशा सुमन ने मधुमास की याद ताजा कर दी। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आकर्षण बेटी पढ़ाओ देश बचाओ नाटक की प्रस्तुति शिवानी, ममता, कशिश, शालू माही द्वारा किया गया। नाटक के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति गलत अवधारणा को दूर करने की बात बताई गई।

इसके बाद छात्रों ने हिंदी और अंग्रेजी नाट्य मंचन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के छात्रों में शिवम, केशव, प्रिंस, अनुभव, माही, सोनाली, असरा, राजनंदनी, रितु दिव्यांका, श्रेया, चाहत आदि के द्वारा किया गया। इस तरह से लगभग 5 घंटे तक कार्यक्रम का निरंतर आयोजन चलते रहा। विद्यार्थियों ने भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुतियों ने परिवर्तन और दृढ़ता को दर्शाया और समापन कार्यक्रम ने जीवंत कोरियोग्राफी के साथ जीवन और आनंद का जश्न मनाया। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों के परिजन और विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बच्चों को सम्मानित कर मुख्य अतिथि ने कहा विद्यालय के साथ-साथ अभिभावक भी बच्चों को दें अच्छी शिक्षा

कार्यक्रम के उपरांत सभी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर मुख्य अतिथि के द्वारा सम्मानित किया गया। अंत में मुख्य अतिथि ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि  हमारा विद्यालय शहर में बच्चों को अच्छे संस्कार एवं अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा देने के लिए सदैव तत्पर है। इस विद्यालय में निरंतर वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। विद्यालय के साथ-साथ आप सभी का कर्तव्य है कि स्कूल के बाद बच्चों को घर में पढ़ायें, अच्छी-अच्छी आदतें सिखायें, शिक्षा दें, उनको समय दें। स्कूल के बाद बच्चे अपने घर में अपनों से सीखते हैं।

आप बच्चों को शिक्षा देने के लिए स्कूल का सहयोग करें। विद्यालय का वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों के अंदर छिपी हुई प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिलता है, सभी विद्यार्थियों को ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन में भाग लेना चाहिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के उपप्राचार्य सायन मुखर्जी सहित शिक्षकों में मिथिलेश कुमार, सुधीर कुमार, एसके रंजन, मनोरंजन पांडेय गोपाल कृष्ण, प्रभात कुमार, पंकज पांडेय, वीरेंद्र कुमार, आरपी शर्मा, ओपी शर्मा, अरविंद कुमार, रवि शंकर कुमार, जयंत कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, लक्ष्मी कुमारी, जुनाफा मैम, मनीषा साहू, सोनू कुमार, गोपाल कुमार, आशुतोष कुमार तथा भीष्म प्रताप सहित सभी विद्यालय परिवार की भूमिका सराहनीय रही।

तिलकोत्सव से लौट रहे नवादा के किस इलाके के एक परिवार का वाहन हुआ भीषण सड़क हादसे का शिकार, तीन की गई जान, पढ़ें पूरी खबर

0

चालक सहित अन्य चार हुए जख्मी, नवादा के कुृंज गांव से लखीसराय के अरवां गांव तिलकोत्सव में शामिल होने गये थे परिवार के लोग, खुशी के माहौल में गम की आंसू ने मचाया कोहराम

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रोह प्रखंड क्षेत्र स्थित कुंज गांव में शादी की खुशनुमा माहौल उस समय गम में तब्दील हो गया, जब तिलकोत्सव समारोह से वापस लौट रहे एक वाहन जमुई जिला अंतर्गत सिकंदरा में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया।

शव लाने के लिए परिजन जमुई रवाना हो गए। बताया जाता है कि जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के सिकंदरा बाजर में मंगलवार की सुबह बालू लदा हाइवा ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि स्कॉर्पियो में सवार तीन अन्य लो गंभीर रूप से घायल हो गये।

मृतकों की पहचान नवादा जिला अन्तर्गत रोह थाना क्षेत्र के कुंज गांव निवासी 62 वर्षीय अरुण सिंह, 66 वर्षीय रामाकांत सिंह तथा बीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घायलों की पहचान विपिन सिंह, कृपा शंकर, गौरव तथा वाहन चालक वरुण कुमार के रूप में की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार स्कॉर्पियो पर सवार सभी लोग लखीसराय जिला अन्तर्गत कजरा थाना क्षेत्र के अरवां गांव से तिलकोत्सव में शामिल होकर कुज लौट रहे थे,

तभी सिकंदरा मुख्य चौक पर बालू लदे अनियंत्रित हाइवा ट्रक ने स्कार्पियो में जोरदार टक्टर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो मिडिल स्कूल के गेट को तोड़ते हुए कैंपस में जा घुसा। घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात करते हुए तीनो शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई अस्पताल भेज परिजनों को सूचना दी।

वहीं सभी घायलों को इलाज के लिए सिकंदरा अस्पताल भेज दिया गया। सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मचा है और शादी की गीत की जगह लोगों का चित्कार शुरू हो गया। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

सनसनी- प्रयागराज जा रहे नवादा के एक परिवार का वाहन हुआ दुर्घटनाग्रस्त, शहर के इस युवक की हुई दर्दनाक मौत, पढ़ें पूरी खबर 

0

नगर के पुरानी बाजार निवासी गौरव चौरसिया अपने परिवार के साथ महाकुम्भ स्नान करने जा रहा था प्रयागराज, भभुआ के समीप कुदरा में हुई दुर्घटना, दो बच्चों की हालत गंभीर, परिजनों में मचा कोहराम 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में सुबह-सुबह सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आया है, जिसमें प्रयागराज जा रहे एक परिवार की वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में पुरानी बाजार महावीर मंदिर के समीप रहने वाला पान दुकानदार गौरव चौरसिया उर्फ दुखन की दर्दनाक मौत घटना स्थल पर ही हो गई।

वहीं वाहन पर सवार उनके दो छोटे-छोटे बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे यूपी वाराणसी के BHU में भर्ती कराया गया है। वाहन पर कुल 9 लोग सवार थे। इस घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पुरानी बाजार के लोगों में शोक की लहर बन गई है।

बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम मृतक गौरव अपने ससुराल के परिजनों के साथ अपनी अर्टिका कार से प्रयागराज महाकुम्भ में स्नान करने जा रहे थे, तभी भभुआ स्थित हाइवे पर कुदरा के समीप तेज रफ्तार से जा कार एक टैंक लोरी से टकरा गई।

दुर्घटना इतना भयानक था कि कार का प्रखच्चा उड़ गया। कार पर सवार अन्य लोग भी गंभीर रुप से घायल हैं, जिन्हें भभुआ में भर्ती कराया गया है। यह दुर्घटना देर रात्रि दो बजे के करीब होने की बात कही जा रही है। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजन व स्थानीय लोग घटना स्थल की ओर रवाना हो गए हैं। 

माॅडर्न चिल्ड्रेन स्कूल और मॉडर्न पब्लिक स्कूल में बच्चों ने ऐसे धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव, पढ़ें पूरी खबर 

0

रंगारंग प्रस्तुति कर नन्हें-मुन्हें बच्चों ने लोगों का मन मोहा, निदेशक डॉ अनुज ने कहा शिक्षा के साथ-साथ छात्रों के कौशल विकास के लिए इस तरह की सांस्कृतिक गतिविधि समय-समय पर होते रहना अत्यंत जरुरी 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

मॉडर्न चिल्ड्रेन स्कूल पुरानी कचहरी रोड नवादा एवं मॉडर्न पब्लिक स्कूल रामनगर नवादा के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन मॉडर्न इंग्लिश स्कूल न्यू एरिया के बहुउद्देशीय सभागार में किया गया था। जिसमें कक्षा नर्सरी से लेकर पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थी प्रतिभागी थे।

सर्वप्रथम मुख्य अतिथि के रूप में मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ अनुज सिंह, मॉडर्न स्कूल के प्राचार्य गोपाल चरणदास, उपप्राचार्य सुखदेव प्रसाद सिंह एवं अनुज कुमार सिन्हा, वरिष्ठ शिक्षक अरुण कुमार तथा सीमा कुमारी के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। वार्षिकोत्सव में स्कूली बच्चों ने एक से बढ़ कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से वहां मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्टूडेंट्स ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को बहुत ही यादगार बना दिया। छात्र-छात्रा ने एकल नृत्य और सामूहिक नृत्य करके दर्शकों का मन लुभाया। कई छात्र-छात्राओं ने ड्रामा, नाटक प्रस्तुत करके समाज के लोगों को जागरूक किया। पर्यावरण, पेड़ की अंधाधुंध कटाई से हानि, हिंदू-मुस्लिम एकता, देशभक्तों की वीरता, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे संदेश संगीत और नाटक के माध्यम से छोटे-छोटे बच्चों ने दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गोपाल चरण दास ने अपने अभिभाषण में कहा कि शिक्षा के व्यावहारिक पक्ष को इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मजबूती का आयाम मिलता है। मंच संचालन का कार्य विद्यालय के विद्यार्थी में अदिति-स्वराज, आलोक-विनायक तथा सिमरन-प्रीति के द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के सम्मान में ऋद्धि, अनुराधा, सव्या, शिखा, रुचि एवं परि के द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति की गई।

सानिया, पायल, साक्षी, स्नेहा के द्वारा बड़ा निक लागे हमार देशवा के माटी गीत पर शानदार नृत्य की प्रस्तुति की गई। नर्सरी एवं यूकेजी के ऋषभ विराट, अंकित, वैभव, मानसी, वेदांश ग्रुप ने आहा टमाटर बड़े मजेदार गीत पर दर्शकों का दिल जीत लिया। दूसरी कक्षा के आदर्श, अभिजीत, अनुभव, नव्या, ऋषभ ग्रुप ने दिल दिया है जान भी देंगे ए वतन तेरे लिए गीत पर शानदार देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुति की।

नर्सरी के केशव, शानवी, श्याम,आराध्या के द्वारा फैशन शो का भी आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का आकर्षण रहे चतुर्थ एवं पंचम वर्ग के विद्यार्थी अंकित, श्रेया, पारुल, पलक ,सृष्टि, मयंक के द्वारा वृद्धाआश्रम पर आधारित शानदार नाटक की प्रस्तुति। इस तरह से लगभग 4 घंटे तक निरंतर कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। अंत में सभी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर मुख्य अतिथि के द्वारा सम्मानित किया गया। 

निदेशक ने कहा बच्चों को अच्छा नागरिक बनाने में माता-पिता के बाद शिक्षण संस्थानों का होता है अहम योगदान 

इस अवसर पर मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक ने कहा कि बच्चों को अच्छा नागरिक बनाने में माता-पिता के बाद शिक्षण संस्थानों का अहम योगदान होता है। शिक्षकों को बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए गुणवत्ता पूर्वक शिक्षा देनी चाहिए। उन्होंने कहा मुझको लगता है कि इन सब गुणों में मॉडर्न सबसे अव्वल दर्जे का स्कूल है। जिस तरह स्कूल के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, इससे पता चलता है कि हमारे विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र बहुत मेहनती हैं।

उन्होंने सभी का उत्साहवर्धन भी किया। डॉ अनुज ने कहा शिक्षा के साथ-साथ छात्रों के कौशल विकास के लिए इस तरह की सांस्कृतिक गतिविधि समय-समय पर होते रहना चाहिए। छात्रों को अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित जरूर करना चाहिए और उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मेहनत अति आवश्यक है। इस आयोजन में छात्रों के अभिभावकगण और शहर के कई गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम को देखने के लिए समारोह स्थल पर पहुंचे और आनंद उठाया।

कार्यक्रम को सफल बनाने वाले शिक्षकों में सुजय कुमार, चंद्रदीप प्रसाद, अंजना दीक्षित, अनुमेहा कुमारी, माधवी कपूर, अनुपमा चंद्र, राकेश रोशन, मनीष कुमार पांडेय, समीर सौरभ, मुकेश कुमार, नृत्य शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार, पवन कुमार सिन्हा, अनिल विश्वकर्मा, मारुति, शुभलता, मिथिलेश, सुजाता, पायल, मिंटू, सोनम, नंदिनी तथा निशा सहित दोनों विद्यालयों के सभी शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।

सेवा निवृत्ति के अंतिम दिन तक नवादा पर ऐसे मेहरबान दिखे बिहार के मुख्य डाक महाध्यक्ष, पासपोर्ट कार्यालय का भी कर दिया जीर्णोद्धार, पढ़ें पूरी खबर 

0

प्रधान डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र के नए कार्यालय का ऑनलाइन किया उद्घाटन, इसके पूर्व जिले के कई क्षेत्रों में उप डाकघर खोल दे चुके हैं सौगात 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

बिहार के मुख्य डाक महाध्यक्ष अनिल कुमार सेवा निवृत के अंतिम दिन तक नवादा वासियों को सौगात देना नहीं भूले। शुक्रवार को नवादा डाक मंडल के पासपोर्ट सेवा केंद्र  जो, प्रधान डाकघर के प्रांगण में स्थित है उसका जीर्णोद्धार बिहार के मुख्य डाक महाध्यक्ष बिहार द्वारा किया गया। बताते चलें कि प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र वर्षों से आम जनता की सेवा कर रहा है।

यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपना पासपोर्ट बनवाने के लिए आते हैं। लेकिन पासपोर्ट ऑफिस का जीर्णोद्धार नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही थी। जिसका जीर्णोद्वार मुख्य मुख्य डाक महाध्यक्ष बिहार अनिल कुमार के कर कमलों द्वारा किया जाना बड़ी सौगात है। उन्होंने ऑनलाइन के माध्यम से इसका उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्य डाक महाध्यक्ष ने बताया कि अब यहां की जनता को और भी सुगमता से पूरी सहूलियत के साथ अपना पासपोर्ट का काम कर सकेगें, अपना और अपने परिजनों का पासपोर्ट बनवा सकेगें। उन्होंने बताया कि नवादा जिले में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग अपना पासपोर्ट बनवाने व इससे जुड़ी जानकारियों के लिए आते हैं। ऐसे में इस भवन के नवीनीकृत हो जाने से लोगों को काफी सुविधाएं मिलने लगेगी।

आज अनिल कुमार डाक विभाग की सेवा को पूरा कर सेवा निवृत भी हो रहे हैं, और इस क्षण को देख सभी लोग भावुक भी हो रहे थे। इस मौके पर मुख्य डाक महाध्यक्ष ने ऑनलाइन तरीके से ही लोगों से जुड़ें, उनसे संवाद किये। नवादा के डाक अधीक्षक नीरज कुमार चौधरी के साथ-साथ दर्जनों अधिकारी कर्मचारी भी जुड़े हुए थे, साथ ही साथ नवादा के दूर दराज से आये हुए कई नागरिक, महिलाएं, बच्चे भी जुड़े हुए थे।

आज भी वह उसी जोश और जज्बे से भरे हुए दिखे, सरकारी सेवा के आखिरी दिन भी वह पूरी सिद्दत के साथ लोगों के लिए तत्पर रहे। इस अवसर पर अपनी बक्तव्य देते हुए कई बार वह भावुक भी हुए, उन्होंने डाक विभाग के तमाम सहकर्मियों का आभार प्रकट किया और बताया कि सेवा निवृत के बाद भी लोगों की सेवा करते रहेगें।

उन्होंने बताया कि विगत 3 माह में ही पूरे बिहार में अनगिनत कार्य हुए हैं, कई सारे सरकारी भवनों का जीर्णोदार किया गया। कई सारे भवन को सुन्दर बनाया गया। पूरे बिहार में सैकड़ों डाकघर खोले गए हैं, ताकि लोगों को सहूलियत मिल सके। बता दें कि पिछले दो माह के अंदर 30 से भी अधिक नए डाकघर खोले गए हैं। प्रत्येक पंचायत भवन में डाकघरों को शिफ्ट किया गया, ताकि लोगों को दूर नहीं जाना पड़े।

श्री कुमार ने अपने कार्यकाल में लगातार अपने कार्यों से लोगों के दिलों पर राज किया है। डाक विभाग में रहते हुए डाकघर की योजनाओं के माध्यम से आम जनता की खूब सेवा की है, उनका कहना है कि हमें डाक विभाग के रूप में एक ऐसा व्यवस्था मिला है, जिसके माध्यम से हम जरुरतमंदो की मदद कर सकते हैं। श्री कुमार ने बताया कि यह उनके लिए गौरव का विषय है कि उन्हें डाक विभाग के माध्यम से लोगों की सेवा करने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि डाक निर्यात केंद्र के माध्यम से विगत कुछ माह में ही 2000 से भी अधिक लोग निर्यातक बनकर लाखों कमा रहे हैं।

नवादा में भी 20 से अधिक लोग निर्यातक बन गए हैं और अपने समानों को विदेशों में निर्यात कर रहे हैं। डाक विभाग में कार्य  करते हुए उन्हें हर तबके व हर वर्ग के लोगों की मदद करने का मौका मिला है। उन्होंने सभी डाककर्मी से भी आग्रह किया कि, हम बहुत ही खुशनसीब हैं कि डाक विभाग हमें लोगों की सेवा करने का मौका दे रहा है। मौके पर डाक अधीक्षक नवादा  नीरज कुमार चौधरी, सहायक डाक अधीक्षक विकास कुमार, ज़िला पार्षद विनीता मेहता, निरीक्षक  रवि प्रकाश, राहुल कुमार, उपडाकपाल अजय कुमार, मार्केटिंग हेड जितेंद्र कुमार,  डाक सहायक अभिषेक कुमार, सोनू कुमार व  अन्य डाक कर्मियों के सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे l

नवादा जिले के नारदीगंज में दबंगों के कहर से प्रताड़ित एक परिवार पहुंचा एसपी से गुहार लगाने, आवेदन के साथ दिया स्थानीय पुलिस की करतूत का ऑडियो क्लिप, पढ़ें पूरी खबर

0

पुलिस से गुहार लगाने पर नहीं मिली न्याय तो एसपी कार्यालय पहुंच जान-माल की सुरक्षा को लेकर दिया आवेदन, पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर दबंगों की मदद करने का लगाया आरोप

Report byNawada NewsXpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में दबंगों के कहर से प्रताड़ित महिला अपने परिवार के साथ एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए आवेदन दिया। इतना ही नहीं दबंगों के पक्ष में पुलिस द्वारा की गई प्रताड़ना का ऑडियो क्लिप भी दिया गया। स्थानीय निवासी स्व मथुरा पांडेय की पत्नी ललीता देवी बुधवार को नवादा समाहरणालय पहुंच एसपी कार्यालय में आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा का गुहार लगायी।

पीड़िता ने बताया कि मेरे पिता का मात्र एक पुत्र था, जिसकी मृत्य 13 जनवरी 2025 को अस्पताल ले जाने के कम में हो गई। हमारे मायके में अब हम दो बहनों के अलावा कोई भी नहीं रहे। पीड़िता ने बताया कि हम अपने भाई का श्राद्धकर्म कर रहे थे कि हमारे गांव के ही एक बड़े अपराधी किस्म का व्यक्ति जिसका नाम सुनील यादव पिता स्व सुरेश यादव व उनका पुत्र सोशील उर्फ सुशील यादव तथा पत्नी रूकमणी देवी एवं उसके साथ रहने वाले कुछ अज्ञात अपराध कर्मी जिसे देखने पर पहचान सकती हूं

वह सभी हमारे घर में घुसकर जबरन गाली गलौज करते हुए कहा कि तुम्हारा भाई मरने से पहले घर बेच दिया है, तुमलोग इस घर में नहीं रह सकते हो। पीड़िता ने बताया कि इतना कहकर घर का सामान फेंकने लगे तथा धक्का-मुक्की करने लगे। इस धटना कि सूचना तुरंत थाना प्रभारी नारदीगंज को दिये, जिसके बाद हमारे पति के फोन पर धमकी आने लगी। पीड़िता ने गुहार लगाते हुए कहा कि थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिये, जिसका कोई रिसिविंग भी नहीं दिया गया।

महिला ने बताया कि आवेदन का फोटो कॉपी हमारे पास है जरूरत पड़ने पर दे सकती हूं। पीड़िता ललीता देवी ने बताया कि हमारे भाई के ब्रह्ममोज की रात्रि उक्त दबंग अपने गुर्गों के साथ हमारे घर में घुसकर सारा सामान लगभग एक लाख रूपये मूल्य का चोरी कर लिया तथा दबंगों द्वारा धमकी दिया गया कि इसकी सूचना कहीं दिया तो पूरे परिवार को जान से ही नहीं बल्कि जिन्दा घर में जलाकर मार देंगे।

पीड़िता ने गुहार लगाते हुए बताया कि जाते-जाते दबंगों ने धमकी दिया कि तुम्हारे घर में बहू-बेटियों के साथ दुष्कर्म भी करेंगे। दहषत में पूरा परिवार रात गुजारने के बाद सुबह होते ही पीड़िता ने इसकी सूचना सबसे पहले स्थानीय थाना को दी, जिसके बाद डायल 112 को फोन कर बुलाये, तब डायल 112 की पुलिस हमारे घर आई, जिसमें एसआई मुकेश कुमार ने हमारी मदद करने के बजाय कहने लगे कि तुम्हारा बाप भाई मरने से पहले घर बेच दिया है।

तुमलोग घर खाली कर दो और तुम पर एफआईआर हो गया है, जिसका रिर्कार्डिंग हमारे पुत्र कुन्दन कुमार के फोन में किया गया है। जिसे पेन ड्राइव में दे रही हूं। पीड़िता ने बताया कि सुनील यादव एक बहुत बड़ा कुख्यात अपराधी है, जिसका केवल नारदीगंज थाना में 15 से ज्यादा अपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें नारदीगंज थाना कांड संख्या- 180/20, 38/20, 70/21, 49/11, 43/11, 34/09, 125/15,87/17 तथा 71/13 सहित अन्य मामले दर्ज हैं।

पीड़िता ने बताया कि हाल में पुलिस पर हमला तथा बाजार मे रंगदारी वसूलना तथा टोटो स्टैंड में सभी टोटो टेम्पू से रंगदारी वसूलना, घर कब्जा करना, जमीन जोत लेना तथा मुसहरी में शराब बेचवाना जैसे अपराध करना इनका मुख्य पेशा है। इतना ही नहीं थाना को मेल जोल में लाकर काफी दहशत फैलाए हुए हैं। हमारे घर में गेट नहीं लगाने दिया जा रहा है।

You cannot copy content of this page