नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड से दामाद ने ससुर को कराया था अपहरण, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भदोखरा से पुलिस ने बरामद कर पायी बड़ी सफलता Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास से एक व्यवसायी का अपहरण शनिवार की सुबह कर ली गई। इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को जैसे ही मिली, त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यक्ति को महज एक घंटे में बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।
एसपी अभिनव धीमन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शनिवार को सूचना मिली कि नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुछ व्यक्ति द्वारा एक व्यवसाई का अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए
तत्क्षण घटनास्थल पर पहुंच आसपास के लोगों से पूछताछ कर अपहृत व्यक्ति के बरामदगी को लेकर छापेमारी की गई। सटीक आसूचना संकलन एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर महज एक घंटे के अंदर अपहृत व्यवसायी को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भदोखर गांव से सकुशल बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि घटना में संलिप्त एक चालक को गिरफ्तार कर थाना परिसर लाया गया एवं उससे सघन पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि पूछताछ के क्रम में यह बात सामने आई कि अपहृत व्यवसायी संजीव का दामाद उदय कुमार पिता प्रकाश साव जो
रजौली थाना क्षेत्र के बहादुरपुर का रहने वाला है, उसके द्वारा ही अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया था। दहेज के रुप में पैसे की मांग को लेकर दामाद ने घटना को अंजाम दिया था।
अग्रतर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार चालक रजौली थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी गोविंद प्रसाद का पुत्र मुकेश कुमार है तथा जब्त बोलेरो नियो जिसका नम्बर बाीआर/27पी-3695 है।
जब बच्चों ने अपने माता-पिता का पांव पखार कर किया पूजा तो माता-पिता की आंखों में छलक आए आंसू, पाश्चात्य सभ्यता के जगह बच्चों को सिखाया जा रहा भारतीय संस्कृति और सभ्यता
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
एक तरफ जहां पूरी दुनिया 14 फरवरी को लोग पाश्चात्य सभ्यता से जुड़े वैलेंटाइन डे मनाने जुटे थे, वहीं सुदृढ़ शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित बिहार के प्रतिष्ठित संस्थानों में अग्रणी मॉडर्न शैक्षणिक समूह नवादा के द्वारा संचालित विद्यालयों में मॉडर्न इंगलिश स्कूल न्यू एरिया,
मॉडर्न इंगलिश स्कूल कुंतीनगर, न्यू मॉडर्न इंगलिश स्कूल न्यू एरिया, मॉडर्न चिल्ड्रन स्कूल पुरानी कचहरी, मॉडर्न पब्लिक स्कूल रामनगर, मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल हिसुआ एवं मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल नारदीगंज में मातृ-पितृ पूजन दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस कड़ी में मॉडर्न इंगलिश स्कूल कुंती नगर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत
मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष डॉ अनुज सिंह, प्राचार्य गोपाल चरण दास, मिथिलेश कुमार विजय एवं बच्चों के माता-पिता के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने अपने माता-पिता का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। इस दौरान बच्चों और उनके माता-पिता के आंखें भर आई।
बच्चों ने अपने माता-पिता के चरण धोए। जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने अपने माता-पिता का पूजा किया, उन पर पुष्प वर्षा की और फिर तिलक लगाकर उनकी आरती की। वहीं इस दौरान माता-पिता ने अपने बच्चों की लंबी उम्र की कामना की। बच्चे जिस समय अपने माता-पिता से पूजन के दौरान गले लगे सभी का हृदय द्रवित हो गया। पूजन के सामूहिक दृश्य से सभी आनंदित थे।
इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में मॉडर्न समूह के अध्यक्ष डॉ अनुज ने कहा कि आज का दिन माता-पिता के समर्पण का दिन है। माता-पिता प्रत्यक्ष रूप से ईश्वर के रूप में होते हैं। माता और पिता का बच्चों के साथ समय बीतना चाहिए। उनसे बातें करनी चाहिए। संतान को अपने माता-पिता से प्रतिदिन कुछ देर उसके विचारों को साझा करनी चाहिए।
माता-पिता का भी बच्चों के प्रति मित्रवत व्यवहार हो। माता-पिता भी अपने संतान पर विश्वास रखें, उनका हौसला बढ़ाए। माता-पिता की सेवा कर हम अपना सिर्फ कर्तव्य का निर्वहन करते हैं। इसलिए कम से कम अपने कर्तव्य के पालन में हम चूक ना करें। हमें अपनी संस्कृति को नहीं भूलनी चाहिए। इस दौरान विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों के द्वारा माता-पिता को समर्पित गीत, भजन, नृत्य आदि की प्रस्तुति दी गई,
जिसमें सौम्या, रानी, अर्जित, समीक्षा ग्रुप ने गणेश वंदना के साथ नृत्य प्रस्तुति कर कार्यक्रम का आगाज किया। नर्सरी एवं यूकेजी के नन्हे मुन्ने बच्चों के द्वारा मुझे माफ करना ओ साईं राम गीत पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति की गई। जोया, खुशी, कनिका ग्रुप के द्वारा ओ माता-पिता तुझे वंदन गीत की मधुर प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया।
हंसिनी रितिका ग्रुप ने बाबा मैं तेरी मल्लिका गीत पर शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का आकर्षण आलिया आस्था ग्रुप के द्वारा वृद्धाआश्रम पर आधारित नाटक की प्रस्तुति रही। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गोपाल चरण दास ने बच्चों को संबोधित करते हुए
कहा कि माता-पिता के बिना हमारा जीवन अधूरा है, हम अपने मां-बाप के कर्ज को कभी नहीं चुका सकते हैं। उन्होंने बच्चों से अपने मां-बाप की सेवा करने का आग्रह किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम की समाप्ति की गई। कार्यक्रम के संचालन में सभी विद्यालयों के शिक्षकों की महती भूमिका रही।
एसपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी जानकारी, मृतक सुमित अपने दोस्तों के साथ चोरी का बाइक बेचने का करता था काम, लेनदेन में विवाद होने पर दोस्तों द्वारा घटना का दिया गया अंजाम
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा नगर थाना पुलिस ने सुमित हत्या कांड का सफल उद्भेदन करते हुए इस हत्या मामले में शामिल दो विधि विरूद्ध बालक को निरूद्ध किया है। निरूद्ध बालक की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का शर्ट, पैंट, बेल्ट तथा टूटा हुआ मोबाइल बरामद किया है। इस संबंध में एसपी अभिनव धीमन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि
घटना के महज 24 घंटे के अंदर अपहरण कर हत्या के कांड में संलिप्त 2 विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया। एसपी ने बताया कि 11 फरवरी को नगर थाना क्षेत्र से एक युवक के लापता होने का कांड संख्या 162/25 दर्ज किया गया था। उसके एक दिन के पश्चात 12 फरवरी 2025 को
नेमदारगंज थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी के पास एक युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस द्वारा शव की पहचान नगर थाना में दर्ज कांड में गुमशुदा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कुम्भी गांव निवासी जितेन्द्र चौधरी का पुत्र सुमित कुमार उर्फ अमित के रूप में किया गया।
पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। इस कांड की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्री धीमन के निर्देशानुसार सदर एसडीपीओ-वन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम को अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर निर्देशित किया गया।
उन्होंने बताया कि गठित टीम के द्वारा तकनिकी आसूचना संकलन एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर कांड में संलिप्त 2 अभियुक्त को हिरासत में लिया गया। एसपी ने बताया कि हिरासत में लिए गए दोनों बालक ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि मृतक सुमित और उसका दोस्त राजीव एक साथ मिलकर चोरी की बाइक बेचने का काम करते थे।
कुछ दिन पहले पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों में मनमुटाव शुरू हो गया था, जिस कारण राजीव मृतक सुमित को सबक सिखाना चाहता था। इसी द्वेष भाव में आकर राजीव के द्वारा 8 फरवरी को सुमित को पडयंत्र के तहत घटनास्थल पर बुलाया गया एवं मदद के लिए अपने अन्य 2 साथी को भी बुलाया गया।
उसके बाद राजीव के द्वारा सुमित के सिर पर ईंट से मारकर बेहोश कर देने के पश्चात तीनों ने मिलकर रस्सी से गले को बांधकर उसकी हत्या कर दी एवं साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को शोभिया नदी के पास राजा देवर कॉलोनी स्थित झाड़ी में फेंक दिया।
उन्होंने बताया कि अभियूक्तों की निशानदेही पर मृतक का शर्ट, पेंट, बेल्ट एवं मोबाइल बरामद किया गया। एसपी श्री धीमन ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्त से पुछताछ के उपरांत न्यायिक हिरासत भेज दिया गया तथा इस घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
कौआकोल के महुलियाटांड़ नक्सली हमला में पुलिस से लूटा गया था इंसास रायफल, झारखंड के बोकारो अंतर्गत पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित बंसी गांव के जरवा जंगल में पुलिस व नक्सली मुठभेड़ के दौरान ढेर हुए दो नक्सलियों के पास से 16 साल बाद बरामद हुआ रायफल
नवादा एसपी ने विज्ञप्ति जारी कर रायफल बरामदगी व महुलियाटांड़ की घटना में शामिल महिला नक्सली सहित दो नक्सलियों के ढेर होने की दी जानकारी, 9 फरवरी 2009 को महुलियाटांड़ की घटना में थानाध्यक्ष सहित शहीद हुए थे 11 पुलिस जवान
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले के चर्चित महुलियाटांड़ नक्सली हमला का 16 साल बीत गया है, हर साल संत रैदास जयंती व फरवरी माह में इसकी याद ताजा हो जाती है, लेकिन इसबार महुलियाटांड़ के 16वें बरसी से पूर्व बड़ी सफलता झारखंड पुलिस ने हासिल की है। पिछले महीने 22 जनवरी को झारंखंड के बोकारो जिला अंतर्गत पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के बंसी गांव स्थित जरवा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाई गई
सर्च ऑपरेशन में महिला नक्सली सहित दो नक्सली मारे गये। पुलिस मुठभेड़ में मारे गये दोनों नक्सलियों के पास से बरामद एक एके-47 व दो इंसास रायफल में एक इंसास रायफल महुलियाटांड़ में 16 साल पूर्व पुलिस से लूटी गई रायफल की पहचान हुई है। उक्त जानकारी देते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमन ने बताया कि 22 जनवरी को बोकारो जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों व नक्सलियों के बीच
मुठभेड़ में एक महिला एरिया कमांडर शांति देवी व एक नक्सली सदस्य मनोज टुडू मारा गया है। सुरक्षा बलों ने इस मुठभेड़ में 15 लाख के इनामी रीजनल कमेटी सदस्य रणविजय महतो को गिरफ्तार करने में सफल रही। उन्होंने बताया कि बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के बंसी गांव के समीप जंगल में पुलिस जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी।
मुठभेड़ में पुलिस बलों ने दो हार्डकोर नक्सली को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों के पास से एक एके-47 राइफल और दो इंसास रायफल बरामद किए गए हैं, जिसमें एक इंसास की पहचान 16 साल पूर्व नवादा जिला अंतर्गत कौआकोल थाना क्षेत्र के महुलियाटांड़ गांव में संत रैदास जयंती के दौरान पुलिस से लूटी गई रायफल के रूप में किया गया है। बंसी गांव के समीप जरवा जंगल में नक्सलियों के होने की सूचना स्थानीय पुलिस को मिली।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुबह 5 बजे से पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों तरफ से काफी देर तक फायरिंग हुई। मुठभेड़ में दो नक्सलियों की गोली लगने से मौत हो गई। नक्सलियों के दस्ते की सूचना पर जरवा जंगल पहुंची सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी, इसमें महिला नक्सली शांति देवी और मनोज टुडू मुठभेढ़ में मारे गये।
क्या था महुलिया टाड़ की घटना जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के महुलियाटांड़ गांव में वर्ष 2009 में संत रैदास जयंती के अवसर पर पहुंचे थानाध्यक्ष सहित 11 पुलिस जवानों की धोखे से हत्या कर उनके पास रहे हथियार को नक्सलियों ने लूट लिया था। इस दर्दनाक घटना में तत्कालीन थानाध्यक्ष रामेश्वर राम, एएसआई इंद्रदेव सिंह, बीएमपी हवलदार श्याम लाल हंसदा, बीएमपी जवान
कृपालु कुमार, अशोक कुमार, जितेन्द्र कुमार मंडल के अलावा सैप जवानों में अनिल कुमार, विजय शंकर सिंह, सत्यदेव सिंह तथा मनोज कुमार शहीद हो गए थे। ज्ञात हो कि 9 फरवरी 2009 को इस घटना का अंजाम नक्सलियों ने एक साजिश के तहत धोखे से दिया था। जब-जब इस पर्व का दिन आता है, उस मंजरी की टीस को ताजा कर देती है।
इस घटना में शिकार हुए तत्कालीन महादलित थानाध्यक्ष रहे रामेश्वर राम को एक जात के नाम पर संत रैदास जयंती में उद्घाटन के लिये बुलाकर धोखे से इस घटना को अंजाम दिया गया था, जिसमें नक्सलियों ने 11 जवानों को हमेशा के लिये मौत की नींद सुला दिया था।
ग्रामीणों ने शिक्षक को जमकर किया धुनाई, विरोध में किया सड़क जाम, आरोपी प्रधान शिक्षक को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ, आक्रोशित लोगों ने की तोड़फोड़
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में फिर शिक्षा के मंदिर को भगवान कहे जाने वाले गुरू जी ने कलंकित करने का घिनौना काम किया है। स्कूल की एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाले प्रधान शिक्षक को ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दिया। उसके बाद स्कूली छात्र और ग्रामणों ने नवादा-जमुई पथ को विद्यालय के समीप सड़क जाम कर शिक्षक के खिलाफ आक्रोश जताया।
सड़क जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जा रही थी, तभी ग्रामीणों ने शिक्षक की जमकर पिटाई करते हुए पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उसके बाद सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों का गुस्स शांत हुआ और सड़क को जाम से मुक्त किया। घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र के सोनू बिगहा क्षेत्र की है।
वहीं पीड़ित छात्रा ने बताया कि उसके पेट में दर्द था और जब वह छुट्टी मांगने प्रधानाध्यापक के पास गई, तो उन्होंने उससे अनुचित मांग की। छात्रा ने इसकी जानकारी अपनी सीनियर छात्राओं को दी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने स्कूल में तोड़फोड़ कर वहां रहे
एक बाइक और कुर्सियों को तोड़ दिया। पुलिस ने किसी तरह प्रधानाध्यापक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और स्कूल के बच्चों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया है।
22 दिनों में विद्यालय के प्रधान शिक्षक द्वारा छात्रा से छेड़खानी का आया दूसरा मामला बता दें कि 22 दिनों पूर्व भी इस तरह की एक घटना सामने आ चुकी है, जिसमें जिले के पकरीबरावां प्रखंड अन्तर्गत कोनंदपुर पंचायत के एक इंटर स्कूल के प्रधान शिक्षक ने नवमी की छात्रा के साथ छेड़खानी करने का घिनौना काम किया था। जिसकी शिकायत के बाद पुलिस मामले की कार्रवाई कर रही है। हालांकि, आरोपी प्रधान शिक्षक घटना के बाद स्कूल से फरार हो गया था।
पीड़ित बालिका नवमी में पढ़ती थी, जिसे विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार उसका हाथ पकड़कर गलत नियत से एक कमरे में जबरन ले जा रहे थे, तभी बालिका छात्रा हाथ छुड़ाकर वहां से भाग गई और इसकी सूचना परिवार वालों को देने के बाद मामला तूल पकड़ लिया था। वही घटना फिर से होना मानवता को कलंकित करने जैसा हो गया है।
9 साल बाद आया फैसला से मृतक के परिजनों ने न्यायालय को दिया धन्यवाद, गोविन्दपुर थाना कांड 16/06 से जुड़ा है मामला
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा व्यवहार न्यायालय के एक अदालत ने खेत में पशु घुसने को लेकर दो लोगों के बीच हुये झगड़े में समझाने गये एक व्यक्ति की हुई हत्या के मामले में चार लोगों को आजीवन कारवास तथा अर्थ दंड की सजा सुनाई है। घटना के 9 साल बाद आई फैसले में सजा पाने वाले पिता-पुत्र सहित चार लोग शामिल हैं।
प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश उपेन्द्र कुमार ने बुधवार को यह सजा गोविन्दपुर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी रामेश्वर दास, संजय दास, राजेन्द्र दास तथा अरूण दास को सुनाया है। घटना 27 जुलाई 2006 के शाम की बताई जाती है।
यह मामला गोविन्दपुर थाना कांड 16/06 से जुड़ा है। बताया जाता है कि घटना के समय ध्रुवो चौधरी की गाय रामेश्वर दास के खेत में फसल खा रही थी। जिसको लेकर ध्रुवो चौधरी एवं रामेश्वर दास के बीच कहा-सुनी होने लगा। इसी बीच अखिलेश चौधरी बकसौती बाजार से लौट रहा था
और हो हल्ला होने पर कहा कि लड़ते क्यों हो गाय को कानी हाउस पहुंचा दो। इतने में रामेश्वर दास एवं अन्य अभियुक्तों ने अखिलेश चौधरी को बेरहमी से पीटाई कर दिया। इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी कौशल्या देवी के बयान पर कांड दर्ज किया गया था।
अपर लोक अभियोजक दीपक कुमार ने अदालत में अभियोजन का पक्ष रखा। घटना के गवाहों द्वारा अदालत में दिेये गये बयान का अवलोकन के बाद न्यायाधीश ने रामेश्वर दास, संजय दास, राजेन्द्र दास व अरूण दास को भादवि की धारा 302 के तहत दोषी पाते हुए
आजीवन कारावास व प्रत्यके को 20 हजार रूपये अर्थ दंड की सजा सुनाई। सजा पाने वालों में अरूण दास व रामेश्वर दास दोनों पुत्र-पिता हैं। इस फैसले से पीड़ित परिजनों ने राहत की सांस ली और न्यायालय के इस फैसले का स्वागत करते हुए धन्यवाद दिया।
नर्सरी से लगातार 12वीं तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दिया गया लॉन्ग एकेडमीक कैरियर अवार्ड, बच्चों ने प्रस्तुत किया रंगारंग कार्यक्रम
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंती नगर में बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के ग्यारहवीं के छात्र-छात्राओं की ओर से आयोजित इस समारोह में सबने मिलकर विद्यालय की यादों को ताजा किया।
विदाई समारोह कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन डॉ अनुज सिंह, प्राचार्य गोपाल चरण दास, उपप्राचार्य मिथिलेश कुमार विजय तथा वरिष्ठ शिक्षक धर्मवीर कुमार सिन्हा के द्वारा संयुक्त रूप से विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण उपरांत दीप प्रज्वलित कर किया गया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ ग्यारहवीं की छात्राएं रिद्धि, सौभ्या, शिखा, रुचिका व अनुप्रिया के द्वारा स्वागत गीत से अभिनंदन के साथ किया गया।
एकल गीत पर जिंदगी के सफर में गरिमा ने अपनी सुरीली आवाज से सब का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में मुकाबला गीत पर नाम्या माथुर ने नृत्य की शानदार प्रस्तुति से माहौल को खुशनुमा बना दिया। इसके बाद रोशनी, शम्मी, श्रेयांशी, रुपाली व नंदनी ने खूबसूरत लोक नृत्य पेश किया। गरिमा, स्तुति, प्रेरणा ने अक्सर इस दुनिया में गीत पर अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दी। हर्ष ने खाई के पान बनारस वाला गीत पर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया।
12वीं की छात्रा रोशनी सिन्हा ने आजा नचले गीत पर शानदार प्रस्तुति दी एवं उन्होंने विद्यालय में बिताए अपने सुनहरे लम्हें को याद करते हुए सबको भावुक कर दिया। बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभवाें को जूनियर साथियों के साथ साझा करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति अडिग रहने की सलाह दी।
इस विदाई समारोह में ग्यारहवीं एवं बारहवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम तीन घंटे तक लगातार जारी रहा। कार्यक्रम में हास्य-व्यंग्य, नृत्य, गीत, एकांकी और सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करने वाले कार्यक्रम शामिल रहे। छात्रों ने हर कार्यक्रम को सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया तथा दर्शकों की वाहवाही बटोरी।
निदेशक डॉ अनुज सहित अन्य शिक्षकों ने बताया सफलता का मूल मंत्र
विद्यालय के निदेशक डॉ अनुज सिंह ने बच्चों को सफलता का मंत्र बताते हुए कहा कि एक विचार लो और उस विचार को अपने जीवन का सार बना लो- उसी को सोचो और उसी के स्वप्न देखो। उस विचार से अपने मस्तिष्क, मांसपेशियों, कोशिकाओं, शरीर के हरेक भाग को उससे भरने दो और दूसरे अन्य विचारों को अकेला छोड़ दो। यही सफलता का रास्ता है। विद्यालय के प्राचार्य एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने बोर्ड परीक्षार्थियों को परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी।
उपप्राचार्य मिथिलेश कुमार विजय ने कहा कि शिक्षा और शिक्षक एक दूसरे के पूरक होते हैं। इंसान को जिंदगी भर हर चीज को सीखने की जरूरत होती है, कहीं कोई भी इंसान परिपूर्ण नहीं है। इंसान इसी धरती पर आकर हर चीज की जांच, परख कर सीखता है। वरिष्ठ शिक्षक धर्मवीर सिन्हा ने उपस्थित छात्र छात्राओं को बहुत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि आप सीखने का प्रयास हर वक्त करें।
किसी भी चीज को निडर होकर सीखें, साथ ही निडर होकर पढ़ाई करें। निडरता के साथ अगर आप सीखते हैं या पढ़ते हैं तो आपको अच्छी मंजिल अवश्य मिलेगी। छात्र छात्राओं को उन्होंने अपने देश में योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया। अंत में सभी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि के द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह का समापन आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्र गान के साथ किया गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा के दौरान नवादा में विकास से सम्बंधित विधायक विभा देवी सौंप चुकी है ज्ञापन, बरहगैनियां पइन को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसपर सड़क निर्माण व दोनों तरफ दूकान बनाने का भी किया गया मांग
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में केंद्रीय विद्यालय और मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर नवादा विधायक विभा देवी की घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी वायरल हो रहा है। जिले के शिक्षाविद्, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने विधायक विभा देवी के द्वारा केंद्रीय विद्यालय तथा
मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने की घोषणा का स्वागत किया और उम्मीद जताई है कि जिले में शीघ्र ही ये दोनों शिक्षण संस्थानों की स्थापना होगी। लोगों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम व वाट्सएप के माध्यम से विधायक विभा देवी को जमीन उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया है।
विदित हो कि विधायक ने मुख्यमंत्री को दिए अपने मांग पत्र में स्पष्ट किया है कि तत्कालीन सांसद संजय पासवान, भोला सिंह, गिरिराज सिंह और चंदन सिंह तक का कार्यकाल केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर टांय-टांय फिस्स रहा।
लोगों को भरोसा है कि मुख्यमंत्री और नवादा के वर्तमान सांसद विवेक ठाकुर इसपर गंभीरता से विचार करेंगे तथा विधायक विभा देवी की पहलकदमी को अंजाम तक पहुंचाएंगे। समाजसेवी सह पूर्व मुखिया अरविंद मिश्रा, पेंशनर समाज के डॉ ओंकार निराला,
शिक्षाविद् डॉ मदन कुमार, छात्र विकास कुमार, सेवानिवृत शिक्षक रामवरण प्रसाद, रामरूप प्रसाद यादव, रामाशीष यादव, ईश्वरी प्रसाद, श्रीकांत यादव, सुरेश प्रसाद, राकेश रौशन, घुटर यादव तथा नवल कुमार आदि ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्माे के माध्यम से पूर्व राज्य मंत्री राजबल्लभ प्रसाद
एवं विधायक विभा देवी की घोषणाओं का स्वागत किया है और विकसित नवादा की संभावित तस्वीर पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उक्त लोगों ने उनके द्वारा बरहगैनियां पइन को अतिक्रमण से मुक्त कराकर उसपर सड़क निर्माण करने और दोनों तरफ दूकान बनाने की मांग का भी समर्थन किया है।
सवर्ण समाज की दशा-दिशा पर किया विचार गोष्ठी में डॉ अनुज ने कहा सवर्ण समुदाय को जागरूक रहने की है आवश्यकता, समाज के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार किसी व्यक्ति ने सवर्ण समाज को एक मंच पर विचार के लिए रखा गोष्ठी
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा करने के बाद डॉ अनुज को हर समाज व धर्म के लोगों का भरपुर समर्थन मिल रहा है। बारी-बारी से अलग-अलग समाज के लोगों की दषा और दिषा पर आयोजित किया जा रहा विचार गोष्ठी में लोग काफी प्रभावित हो रहे हैं। इसका परिणाम है कि अभी से ही हर समाज के लोगों ने डॉ अनुज को ही अपना मत देने की ठान ली है। जिले की कुंती नगर स्थित मॉडर्न स्कूल के खेल परिसर में सवर्ण समाज की दशा और दिशा पर एक दिवसीय विचार गोष्ठी सह चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिले के जाने-माने शिक्षाविद व समाजसेवी डॉ अनुज सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस एक दिवसीय चिंतन शिविर में नवादा प्रखंड, नगर परिषद नवादा एवं नारदीगंज प्रखंड सहित जिले भर के हजारों की संख्या में सवर्ण समाज के बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवाओं ने परिचर्चा में हिस्सा लिया।
बिहार केसरी श्री बाबू के चित्र पर माल्यार्पण के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम कार्यक्रम की शुरुआत समाजसेवी डॉ अनुज सिंह, श्रीकांत सिंह, मुनेष्वर प्रसाद सिंह, जगदीश सिंह, महेंद्र प्रसाद, अनुज प्रसाद सिंह, गौरीशंकर सिंह, रविंद्र सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर बिहार केसरी डॉ श्री कृष्ण सिंह के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष डॉ अनुज सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की दशा और दिशा उसकी उचित शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करती है। शिक्षा के द्वारा ही हम अपने समाज को सुदृढ़ बना सकते हैं, इसलिए सभी सवर्ण समाज के बुद्धिजीवियों से अपील है कि आप अपने भावी पीढ़ी को शत प्रतिशत शिक्षित करें।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज नवादा धीरे-धीरे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, परंतु अभी भी कृषि, रोजगार व स्वास्थ्य के मामले में काफी पीछे है। आज भी ग्रामीण स्तर पर इन सभी चीजों में कमी देखने को मिलता है। इसपर आजतक किसी जनप्रतिनिधि ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। केवल यहां हमारा मत लेने आते हैं, उसके बाद एक बार भी समाज की व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग नहीं करते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जहां तक हो सकेगा हमारा सहयोग नवादा को शिक्षित बनाकर आगे ले जाने में रहेगा। इन सब कमियों को दूर करने के लिए हम सभी नवादा वासियों को विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होगा, जब हमारा समाज एक होकर सब की समानता की बात करेगा।
वक्ताओं ने कहा सवर्ण समाज हमेषा से सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का किया काम मौके पर उपस्थित वक्ताओं में नारदीगंज विद्यालय के पूर्व प्राचार्य श्रीकांत सिंह ने कहा कि समाज एकता के साथ यदि एकजुट हो गया तो उसकी दशा एवं दिशा तय करने का काम करता है। सवर्ण समाज हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला समाज है। हालांकि, ऐसी बात भी नहीं है कि सवर्ण समाज से कोई समाज सेवक नहीं हुए हैं। लेकिन वे सारे अपने समाज सहित दूसरे समाज को सुधारने में लगे रहे। जबकि, सवर्ण समाज में सुधार की बेहद जरूरत है। उनकी बातों का समर्थन करते हुए कोसला पंचायत के पूर्व मुखिया रविंद्र सिंह ने कहा कि आज हमारे सवर्ण समाज में आपसी फूट है, जिसके कारण हम सभी पीछे रहे हैं।
आर्थिक रूप से आज भी हमारा समाज कहीं न कहीं कमजोर है। उन्होंने उपस्थित सभी सवर्णों का आह्वान करते हुए कहा कि सवर्ण एकता के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर चलें, ताकि सामाजिक व राजनीतिक स्तर पर समाज को मजबूत किया जा सके। समस्त समाज परंपरा एवं प्रेरणा का संगम है। नारदीगंज के पूर्व प्रमुख गौरी शंकर सिंह ने कहा कि समाज से कुरीतियों को दूर करने के लिए हमें एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। समाज एक आईना है जो व्यक्ति का निर्माण करने में अपनी महती भूमिका निभाता है।
वक्ता अनिल सिंह ने कहा डॉ अनुज ने नवादा के इतिहास में पहली बार पूरे सवर्ण समाज को एकजुट करने का किया सराहनीय कार्य समाजसेवी अनिल सिंह ने कहा कि नवादा के इतिहास में आज पहली बार पूरे सवर्ण समाज को एकजुट करने का कार्य डॉ अनुज सिंह के द्वारा किया गया है। आज तक किसी ने सभी सवर्ण को आमंत्रित कर उनकी कठिनाइयों को जानने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने सभा में आए हुए लोगों को आने वाले विधानसभा चुनाव में एक स्पष्टवादी, शिक्षित, कर्तव्यनिष्ठ उम्मीदवार के पक्ष में अपना सहयोग करने की बातें कही।
आंगनबाड़ी सेविका अध्यक्ष ने कहा अनुज बाबू आगे आते हैं तो पूरा सवर्ण समाज करेगा मदद इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका के जिला अध्यक्ष सोनसा के विजय कुमार सिंह ने कहा कि आजतक नवादा विधानसभा में जो भी प्रतिनिधि आए केवल हमारे समाज को ठगने का काम किया है। किसी ने भी पूरे मन से ध्यान नहीं दिया, यदि अनुज बाबू आगे आते हैं तो पूरा सवर्ण समाज को एकजुट होकर नवादा के विकास के लिए सोचना होगा। तभी हमारी दशा और दिशा सुधर सकती है।
डॉ अनुज ने सवर्ण समाज को संगठित होकर समाज हित में काम करने के लिए किया प्रेरित अंत में डॉ अनुज सिंह के द्वारा सभी आगंतुकों को धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा सवर्ण समाज को संगठित होकर समाज के हित के लिए काम करने को लेकर प्रेरित किया गया। मौके पर मनोज कुमार भारती आतौआ, चंदन कुमार गोनावां, विजय कुमार मंजौर, दिनेश कुमार अकेला न्यू एरिया, संजीव कुमार काजीबीघा, प्रो बलराम सिंह पसई, राकेश कुमार गौरव गोनी, रामचरित्र सिंह पचियाडीह, सुरेश प्रसाद सिंह विक्कू,
युगल किशोर सिंह नथनपुरा, सुनील सिंह हंड़िया, महेंद्र प्रसाद सिंह न्यू एरिया, रामनरेश सिंह पैक्स अध्यक्ष गुरम्हा, गोरेलाल सिंह समाय, तपेश्वर सिंह, डॉ संजय कुमार सुमन उर्फ साकेत बिहारी, प्रो कृष्ण कुमार प्रभाकर, प्रवीण कुमार नारदीडीह तथा रामसागर सिंह मियां बिगहा सहित दर्जनों वक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में अनुज सिंह समर्थक सोनू कुमार, विकास कुमार, राजेश कुमार, दिलीप कुमार, विपिन कुमार, अरुण कुमार, पारस कुमार, डॉ संजय कुमार, मनोज कुमार, विपुल कुमार, ईश कुमार, अभय सिंह, सुनील कुमार तथा अनीता देवी सहित सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही।
शहर के श्री शक्ति धाम मंदिर श्री अग्रसेन भवन में मारवाड़ी समाज के कुल देवी राणी सती दादी जी का धूमधाम से पूजा-अर्चना के साथ मनाया गया 10वां वार्षिकोत्सव
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
राणी सती देवी दादी जी महारानी है…….. और श्यामा मेरो प्यारे……..जैसी भक्ति गीतों पर दिनों भर मारवाड़ी समाज की महिलाएं भक्ति भाव में झूम उठी।
मंगलवार को नगर के पुरानी जेल रोड स्थित श्री शक्ति धाम श्री अग्रसेन भवन में बनी देवी राणी सती दादी जी की स्थापना के 10वां वार्षिकोत्सव पर भव्य पूजनोत्सव का आयोजन किया गया।
मारवाड़ी समाज के लोगों की कुल देवी राणी सती दादी जी के मंगल पाठ में दर्जनों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सबसे पहले श्री गणेश वंदना करते हुए मंगल पाठ किया गया, उसके बाद भजन कीर्तन का दौर चला, फिर भक्ति जागरण का कार्यक्रम शाम तक चलता रहा।
तत्पश्चात महाआरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। भक्ति जागरण में झारखंड धनबाद से आये नीरज सांवरिया की टीम ने भक्ति गीतों का ऐसा जलवा बिखेरा कि लोग झूम उठे।
इस दौरान ज्योत दादी जी का चरित्र वर्णन में सती होकर शक्ति रूपेण राणी सती दादी जी के रूप में विराजमान रहने को कलाकारों ने संगीत के माध्यम से सुनाया। वहीं समाज की महिलाओं ने सिंदूरदान की रस्म भी निभायी।
साथ ही दादी जी का भव्य श्रृंगार व छप्पन भोग भी किया गया। बताया गया है कि आज के ही दिन नवादा में राणी सती दादी जी की स्थापना किया गया था। जिसको लेकर जिले के मारवाड़ी समाज के लोग अपने कुल देवी राणी सती दादी जी की पूजा-अर्चना
भव्य रूप से करने इसी तिथि को हर साल जुटते हैं और श्रद्धाभाव से भोग का प्रसाद ग्रहण करते हैं। एक तरफ जहां मारवाड़ी समाज के सैकड़ों लोग जुटे थे, वहीं वारिसलीगंज के प्रेम अग्रवाल सहित कई लोग श्रद्धाभाव से इस पूजा में शामिल होने पहुंचे।