Home Blog Page 119

अयोध्या में राम मंदिर उद्घाटन को लेकर कैसे पुरानी बाजार महावीर मंदिर में हुआ भव्य आयोजन, पढ़ें पूरी खबर 

0

पंडितों द्वारा शुरू हुआ अखंड रामचरित्र मानस पाठ, 22 जनवरी को राम मंदिर उद्घाटन के दिन संध्या में होगा भक्ति जागरण और प्रसाद वितरण 

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर के उद्घाटन व भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान को लेकर नगर के पुरानी बाजार में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें रविवार से पंडितों द्वारा अखंड रामचरित्र मानस पाठ शुरू किया गया है। इसके पूर्व सुबह में स्थानीय वार्ड पार्षद कुमकुम गुप्ता व उनके पति पूर्व वार्ड पार्षद रंजीत कुमार पूजा पर बैठकर पंडितों के साथ अखंड रामचरित्र मानस पाठ का शुभारम्भ किया।

महावीर मंदिर सहित पूरे मुहल्ले को भव्य व आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही हनुमान पताका व झंडी भी मार्गों के उपर लगाया गया है। वहीं प्राण प्रतिष्ठा के दिन भक्ति जागरण का आयोजन किया जायगा। इसको लेकर स्थानीय मंदिर समिति के लोगों द्वारा एक माह पूर्व से ही तैयारी की गई है।

स्थानीय पूर्व वार्ड पार्षद रंजीत कुमार ने बताया कि अयोध्या में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा व मंदिर उद्घाटन के अवसर पर पुरानी बाजार स्थित महावीर स्थान परिसर में भक्ति जागरण का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मंदिर के आस-पास रहे मकानों को भी आकर्षक लाईट से सजाया गया है।

उन्होंने बताया कि 21 जनवरी से मंदिर में भव्य पूजा-अर्चना किया गया है, जो अगले दिन 22 जनवरी को महाभोग के साथ प्रसाद वितरण के साथ संपन्न होगा। इसके बाद संध्या में भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से कलाकार हिस्सा लेने आएंगे। बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर उद्घाटन व प्राण प्रतिष्ठा को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह बना हुआ है।

लोग स्वेच्छा से दान देकर इस आयोजन को वृहद रूप से मनाने में जुटे हैं, साथ ही इस दिन मंदिर सहित पूरे मुहल्ले के घरों में दीप प्रज्जवलित करने की भी तैयारी है। इसकी तैयारी में महावीर मंदिर के पुजारी चंदन पांडेय व मंदिर समिति के पंकज कुमार उर्फ टुनटुन, बब्लू कुमार, पत्रकार सूरज कुमार, चंदन कुमार, मिथुन कुमार, जितू कुमार, कार्तिक कुमार, पियूष कुमार, छोटू कुमार तथा विष्णु कुमार आदि लोग जुटे हैं।

गौरतलब हो कि राम मंदिर उद्घाटन व प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे जिले में तैयारी की गई है, जिसमें हर लोग तन-मन से जुटे हैं। इसके अलावा नगर के संकट मोचन, प्रसाद बिगहा स्थित दुर्गा मंडप, शोभनाथ मंदिर, साहेब कोठी षिव-पार्वती मंदिर तथा स्टेषन रोड सहित पूरे शहर के मंदिरों में 22 जनवरी को भव्य पूजा व दीपोत्सव किया जाएगा।

नवादा नगर परिषद की बैठक में मुख्य पार्षद ने क्यों कहा निर्धारित एजेंडा को नहीं होने दिया गया पारित, पढ़ें पूरी खबर 

0

कई पार्षदों ने मुख्य पार्षद पर समय से बैठक नहीं करने का लगाया आरोप, कार्यपालक पदाधिकारी ने कई एजेंडे पर मिली सहमति 
Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा नगर परिषद नवादा के मुख्य पार्षद पिंकी कुमारी द्वारा बुलाई गई बैठक का आयोजन शनिवार को नगर भवन में आयोजित की गई। आयोजित बैठक में कुल छह एजेंडों पर विचार विमर्श करना था, लेकिन एक भी एजेंडा पर चर्चा नहीं हुई।

मुख्य पार्षद श्रीमती कुमारी ने बताया कि नगर परिषद के हित में राज्य योजना से नगर परिषद क्षेत्र के बड़ी-बड़ी योजनाओं का चयन एवं प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए विभाग को भेजने, नया नगर भवन खरीदी बिगहा के पास भवन निर्माण विभाग से बनाने, मिर्जापुर दशकर्म स्थल पर बोरिंग,

पानी टंकी, नल तथा शेड लगाने, मोती बिगहा में शव दाह के लिए चूल्हा एवं शेड निर्माण करने, नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न दशकर्म स्थलों पर पहाड़ी चापाकल एवं शेड निर्माण तथा नगर परिषद क्षेत्र में कच्चा नाला, पइन, पोखर कच्चा सड़क निर्माण के लिए

भाड़े पर पोकलेन तथा आवश्यकता अनुसार भाड़े पर ट्रैक्टर रखने के बिंदुओं पर विचार विमर्श कर पारित किया जाना था, परंतु कुछ वार्ड पार्षदों द्वारा विरोध कर उसे पारित नहीं होने दिया गया,

जिससे जनहित के कई एजेंडों पर कोई बात नहीं बनी। जबकि बैठक के बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ज्योत प्रकाश ने बताया कि मुख्य पार्षद द्वारा बैठक में लायी गई सभी योजनाओं सर्व सम्मति से पारित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि कई वार्ड पार्षदों ने मुख्य पार्षद पर बैठक नहीं बुलाने का आरोप लगाया है। बता दें कि इसके पूर्व 16 जनवरी को भी नगर परिषद की बैैैठक बुलाई गई थी, जिसे मुख्य पार्षद ने अवैध करार दिया था।

डेढ़ साल बाद किस हत्या आरोपी इनामी अपराधी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर 

0

उपेंद्र सिंह हत्याकांड का 25 हज़ार इनामी आरोपी हथियार के साथ चढ़ा पुलिस के हत्थे 
Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सौर पंचायत की दौलतपुर ग्रामीण अवकाश प्राप्त लिपिक उपेंद्र सिंह हत्याकांड मामले के 25 हजार का इनामी आरोपी को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया। गिरफ्तार आरोपी दौलतपुर गांव के अनिल सिंह के पुत्र सुधांशु कुमार उर्फ लाला को वारिसलीगंज पुलिस ने एक देसी कट्टा तथा दो जिंदा कारतूस के साथ शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

उक्त जानकारी प्रेसवार्ता आयोजित कर पकरीबरावां एसडीपीओ महेश चौधरी ने दिया। उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर दरियापुर स्थित सकरी नदी पुल के दक्षिण एक पान दुकान पर छापेमारी कर पास सुधांशु कुमार उर्फ लाला को गिरफ्तार किया गया।

जांच के क्रम में आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी को पकड़ने के लिए सरकार द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। गौरतलब हो कि 11 जुलाई 2023 को वारिसलीगंज स्थित एसएन सिन्हा कॉलेज के पीछे नवनिर्मित मकान में घुसकर सेवा निवृत्त लिपिक की हत्या कर दी गई थी।

हत्या बाद एक आरोपी गुड्डू को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी सुधांशु कुमार उर्फ लाला फरार चल रहा था। बताया गया कि फरार चल रहे आरोपी के घर न्यायालय के आदेश पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई भी की गई थी, बावजूद आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं हो सका था।

हत्या मामले के फरार चल रहे गिरफ्तार आरोपी लाला पकरीबरावां पुलिस अनुमंडल का टॉपटेन वांटेड अपराधी में शामिल था। उपेंद्र सिंह हत्याकांड की साजिश पटना स्थित बेउर जेल से रची गई थी।

जांच पड़ताल में आरोपी का भाई गुड्डू सिंह सहित दो लोगों को पटना बेउर जेल से रिमांड पर लेकर पुलिस द्वारा पूछताछ की गई थी।

नवादा में तेज रफ्तार के कहर में कैसे बूझ गया दो घरों का दीपक, पढ़ें पूरी खबर

0

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, दो भाई की मौत, एक जख्मी

घर के दो बड़े पुत्र की हुई मौत, चार बहनों का करना था शादी

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले में तेज रफ्तार की कहर लगातार जारी है। आए दिन जिले में सड़क हादसे में लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला नवादा-गया पथ पर हिसुआ थाना क्षेत्र के चातर मोड़ के पास शुक्रवार रात्रि की है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया,

जिससे बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, वहीं बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गया। मृतक का पहचान बुंदेलखंड ओपी थाना क्षेत्र के न्यू अंसार नगर मुहल्ला निवासी मो नौशाद अंसारी के 27 वर्षीय पुत्र मो दिलशाद अंसारी के रूप में की गई। वहीं दूसरे मृतक की पहचान हिसुआ थाना क्षेत्र के सिंहीन गांव निवासी मो खुर्शीद अंसारी के 24 वर्षीय पुत्र मो शाहवाज अंसारी के रूप में हुई है।

दोनों मृतक युवक आपस में ममेरा-फुफेर भाई लगते हैं। वहीं घायल युवक की पहचान मो सुफियान के रूप में किया गया है, जिसकी हालत काफी गंभीर है। बताया जाता है कि सभी लोग न्यू अंसार नगर  मुहल्ला से हिसुआ के सिंहीन गांव जा रहे थे। इसी दौरान चातर के समीप बाइक में पीछे से अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया।

घर के बड़े पुत्र की मौत ने परिवार में मचाया कोहराम

मृतक के पिता खुर्शीद अंसारी ने कहा कि हमें चार बेटा है, जिसमें मृतक शाहनवाज घर का सबसे बडा़ औलाद था। बड़े पुत्र की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पूरे घर का बोझ बडा़ बेटा ही अपने कंधे पर उठाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था, लेकिन तेज रफ्तार अज्ञात ने मेरा सभी अरमान पर पानी फेर दिया।

मृतक बड़े पुत्र के कंधे पर था चार बहनें की शादी का बोझ

मो नौशाद अंसारी ने कहा कि हमें 6 संतान है, जिसमें चार लड़की और दो लड़का है, लेकिन तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आने से बड़ा बेटा नौशाद की मौत हो गई है। बड़े बेटे के ही कंधे पर अपनी चार बहनों की शादी करने की जिम्मेदारी थी, लेकिन तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी की चपेट में आने से बड़े बेटे की मौत हो गई है। मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार सदमे में है।

बड़े बेटे के कंधे पर अपनी बहन की शादी का जिम्मेवारी था, बेटा की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया  है। हिसुआ थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही  घटनास्थल पर पहुंच मामले की तहकीकात करते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जहां से दोनों शवों को परिजनों के हवाले कर दिया गया।

भगवान श्री राम की प्राणप्रतिष्ठा और गणतंत्र दिवस के उपलक्ष में कैसे मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं ने नृत्य और गीत प्रस्तुत कर किया भावविभोर, पढ़ें पूरी खबर

0

मॉडर्न के निदेशक डॉ अनुज सिंह ने कहा बहुत गर्व की बात है कि भगवान श्री राम फिर से अयोध्या में अपनी जन्म स्थान पर स्थापित होंगे

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

माडर्न इंग्लिश स्कूल, न्यू एरिया, नवादा के सभा भवन में 22 जनवरी को होने वाला भगवान श्री राम का अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा एवं आगामी 26 जनवरी को राष्ट्रीय त्योहार गणतंत्र दिवस को लेकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ अनुज सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 22 जनवरी को हमारा देश में फिर से दिवाली होगा और बहुत गर्व की बात है कि भगवान श्री राम फिर से अयोध्या में अपनी जन्म स्थान पर स्थापित होंगे।

विद्यालय के उपप्राचार्य सुजय कुमार ने बताया कि भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर विद्यालय के बच्चों में काफी उत्साह है। विद्यालय के बच्चों ने नृत्य एवं गीत के माध्यम से राम आएंगे, राम आएंगे, अवध में राम आए हैं…. जैसे कई गीतों की प्रस्तुति दी।

उन्होंने बताया की संगीत के शिक्षक पुरुषोत्तम, पवन और अनिल कुमार ने मिलकर विद्यार्थियों को सांस्कृतिक कार्यक्रम में भूमिका निभाने के लिए तैयार किया। भगवान श्री राम और देशभक्ति से संबंध रखने वाले कई गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी। दसवीं के विद्यार्थियों ने नवादा जिले के लाल शहीद चंदन सिंह पर एक नाटक की  प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया।

नाटक के माध्यम से दिखाया गया कि शहीद चंदन सिंह किस तरह आतंकवादियों से लोहा लेते-लेते शहीद हो गए और नवादा का उसने सीना चौड़ा कर दिया। विद्यालय  के सभी बाल कलाकारों ने देश रंगीला है आदि गीत प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। सभी के गीत और नृत्य सुनकर नवमी दशमी के छात्र-छात्राएं भावविभोर हो गये।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गोपाल चरण दास, बीएन झा, अनुमेहा कुमारी, वंदना कुमारी तथा अंजना दीक्षित सहित सभी छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और भगवान श्री राम के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।

सनसनी- दिनदहाड़े नवादा में किस ब्यूटीशियन महिला की चाकू गोदकर हुई हत्या, मचा कोहराम, पढ़ें पूरी खबर 

0

नगर थाना क्षेत्र के गया रोड शोभिया के समीप बजाज शोरूम के सामने चलाती थी ब्यूटी पार्लर

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक महिला की चाकू गोदकर  हत्या कर दिया। इस घटना के बाद  पूरे शहर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी अनुसार नगर थाना क्षेत्र के सुदामा नगर निवासी राजकुमार प्रसाद की 34 वर्षीय पत्नी श्वेता कुमारी की हत्या कर दी गई है। मृतिका श्वेता कुमारी गया रोड शोभिया के समीप बजाज शोरूम के सामने डायमंड लेडीज ब्यूटी पार्लर के नाम से दुकान चलती थी

तथा उनके पति नगर के मेन रोड में फल आढ़त । शुक्रवार को वह अपने पार्लर में थी, तभी अज्ञात अपराधियों ने उसकी ब्यूटी पार्लर में घुसकर करीब 30 से 40 बार चाकू गोदकर निर्मल हत्या कर फरार होने में सफल रहा।

इस घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब मृतिका का पुत्र अपनी मां से मिलने ब्यूटी पार्लर गया था, तभी उसने देखा खून से लगभग उसकी मां जमीन पर पड़ी है, इसके बाद उसने अपने पिता राजकुमार प्रसाद व मौसेरे भाई को सूचना दिया।

इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में सदस्य अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं नगर थाना इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि इस घटना को लेकर वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है,

जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि मृतक महिला की ब्यूटी पार्लर में घटना से पूर्व दो महिला को ब्यूटी पार्लर से निकलते हुए देखा गया। फिलवक्त पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कोल्ड डे पर एलर्ट जारी- नवादा में डीएम ने 20 जनवरी तक बढ़ाई गई सभी स्कूलों की छुट्टी, वर्ग 8 तक की पढ़ाई रहेगी बंद, पढ़ें पूरी खबर 

0

बढ़ते ठंड व शीतलहर को लेकर डीएम ने लिया बड़ा फैसला, बच्चों को मिलेगी राहत 
9 से उपर क्लास सुबह दस से चार बजे तक होंगे संचालित
Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा में बढ़ते ठंड और शीतलहरी को देखते हुए डीएम आशुतोश कुमार वर्मा के निर्देश पर जिले के सभी निजी व सरकारी विद्यालयों (प्री-स्कूल एवं आंगनबाडी केन्द्रों सहित) के वर्ग-8 तक शैक्षणिक गतिविधियों पर 20 जनवरी 2024 तक प्रतिबंध लगाया गया है। वर्ग-9 से उपर की कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियों 10 बजे से 4 बजे के बीच पर्याप्त सावधानी के साथ जारी रहेगी।

मिशन दक्ष एवं बोर्ड परीक्षा को लेकर संचालित होने वाली विशेष कक्षाओं का संचालन इससे मुक्त रहेगा। डीएम श्री वर्मा ने कहा कि नवादा जिला अन्तर्गत न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से ठंड एवं शीतलहर के कारण विद्यालय, प्री-स्कूल तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पढ़ने की संभावना है।

यह आदेश शुरू में 13 जनवरी से 16 जनवरी 2024 तक लागू किया गया था, जिसे बढ़ाकर अब 18 जनवरी 2024 तक कर दिया गया, लेकिन ठंड का कहर जारी रहने के कारण इस छुट्टी को बढ़ाकर 20 जनवरी तक कर दिया गया है। चुंकि 21 जनवरी को रविवार का साप्ताहिक छुट्टी रहता है इस वजह से अब सभी विद्यालय सोमवार यानि 22 जनवरी से खुलेगी।

अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर व रजौली, जिला शिक्षा अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को इस आदेश का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब हो कि मौसम विज्ञान ने शीतलहर को लेकर एलर्ट जारी किया गया है, जिसमें तापमान में गिरावट के साथ-साथ शीतलहर व कनकनी में बढ़ोत्तरी होने की सम्भावना जारी किया है।

ऐसे में बच्चों व बुजुर्गों पर प्रतिकूल असर देखा जा रहा है। इन हालातों में बच्चों की सेहत का ख्याल करते हुए नवादा डीएम ने ठोस कदम उठाते हुए स्कूलों में वर्ग 8 तक के बच्चों को छुट्टी का आदेश दिया है। इसके साथ ही लोगों को आगाह किया गया है कि ऐसे मौसम में हर लोग सावधानी बरतें और सेहत का ख्याल रखें। जनसम्पर्क विभाग ने बताया कि हालत आगे भी ऐसी ही रही तो स्कूलों की छुट्टी बढ़ाई जा सकती है।

शीतलहर व ठंड को लेकर जारी आदेश को सभी सरकारी व निजी विद्यालयों को भेज दिया गया है। बता दें कि वर्तमान में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चूका है, ऐसे में हर लोगों को सतर्क व सावधान रहने की जरुरत है।

राजद के मुख्य प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने क्यों कहा नीतीश-तेजस्वी की सरकार सालों भर रहती है जनता के बीच, पढ़ें पूरी खबर 

0

बिहार सरकार के आपदा विभाग मंत्री मो शाहनवाज ने कहा बिहार में महागठबंधन की सरकार देश ही नहीं विदेशों में भी कर रही कृतिमान स्थापित
महज 70 दिनों में बिहार सरकार ने दो लाख से अधिक दे चुकी है नौकरियां

कार्यकर्ता सम्मेलन में लोक सभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का किया गया अपील
Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

महज 15 महीने के अंदर बिहार में बनी महागठबंधन की सरकार देश ही नहीं विदेशों में भी कृतिमान स्थापित कर चुकी है। नीतीश-तेजस्वी की सरकार 365 दिन जनता और अपने कार्यकर्ताओं के बीच रहती है। महागठबंधन की सरकार 70 दिनों में दो लाख से अधिक शिक्षकों की बहाली कर चुकी है। उक्त बातें गुरूवार को नवादा के नगर भवन में आयोजित एक दिवसीय कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रदेश राजद के मुख्य प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कही।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से हम अपने कार्यकर्ताओं को केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार की नाकामी और बिहार सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देने आये हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नौकरियों की भरमार कर दी है, जिसमें 4 लाख नियोजित शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी विभिन्न क्षेत्रों में नौकरियां देने का काम किया, चाहे दारोगा हो या सिपाही हो सभी की बहाली की गई है और आगे भी की जाती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि हम पढ़ाई, दवाई, कमाई और सिंचाई की बात करते हैं तो वहीं केंद्र में बैठे मोदी की सरकार दंगाई, लड़ाई और फसाद की बात करती है।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सच और झूठ की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम है राम नाम जपना, सारा वोट अपना। उन्होंने यह भी कहा कि हम भी राम के पुजारी हैं, लेकिन हमने राम के घर बनाने में नहीं बल्कि राम के जनता को बसाने का काम किया है। श्री तिवारी ने कहा कि बिहार में भाजपा द्वारा जनता के बीच गलत अफवाह फैलाई जा रही है, जिसमें नित दिन महागठबंधन की सरकार को गिरने की बात कही जा रही है, लेकिन एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि बिहार महागठबंधन की सरकार अपनी चट्टानी एकता के साथ है और आगे भी रहेगी।

आपदा मंत्री मो शाहनवाज ने कहा नवादा लोक सभा सीट के लिए प्रत्याशी का चयन करना पार्टी का काम
राजद कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए बिहार सरकार के आपदा विभाग के मंत्री मो शहनवाज ने कहा कि नवादा लोक सभा सीट के लिए पार्टी अपने स्तर से नाम तय करेगी, वह जिसे भी प्रत्याशी बनायेगी, हम सबों को उन्हें भारी मतों से विजयी बनाकर लोक सभा भेजते हुए केंद्र की मोदी सरकार को उखाड़ फेंकना है। इसबार हमलोगों को केंद्र सरकार की झूठी वादों में नहीं फंसना है। भाजपा का काम है शिकारी आयेगा जाल बिछायेगा और भोली-भाली जनता को अपने झूठे वादों में फंसायेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि आपलोग पंचायत स्तर तक जायें और बिहार सरकार की उपलब्धियों को बतायें, साथ ही केंद्र की मोदी सरकार के नाकामी को भी बताने का काम करें। उन्होंने कहा कि केंद्र की जो नीति है उसमें हम अपने ही देश में पराये बन रहे हैं। केंद्र की सरकार डॉ भीम राव अम्बेडकर द्वारा बनाई गई संविधान को समाप्त करने पर अमादा है। हर दिन कानून को बदला जा रहा है, एक दिन केंद्र सरकार ऐसा कानून बनायेगा कि मेरी माताएं-बहनों की गोद में खेल रहे बच्चे को भी बेगाना कर देगा। उन्होंने कहा कि आगामी लोक सभा चुनाव में पार्टी द्वारा दिये जाने वाले प्रत्याशी को एक-एक मत देकर विजयी बनाने में अभी से ही जुट जायें।

इस कार्यक्रम को विधायक सैयद रूकनुद्दीन, विधायक भूदेव चौधरी, रजौली विधायक प्रकाश वीर, राजद के प्रदेश प्रवक्ता ऋषि मिश्रा, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष बबीता यादव, शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर राय, प्रदेश महासचिव भाई विनोद यादव, प्रदेश सचिव श्रवण कुशवाहा, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम कुमार चन्द्रवंशी तथा महिला प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रेणू सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष उदय कुमार यादव ने किया। मौके पर रामदेव प्रसाद, सीताराम चौधरी, चंदन चौधरी, कौशल राय, जिला पार्षद नीतीश राज, राजू यादव, सूर्यदेव वर्मा, उमेश शर्मा, निक्की सिंह तथा ईं केबी यादव सहित सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरूष कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

कांग्रेस के 138वां स्थापना पर नवादा के कोंग्रेसी विकास सिंह ने डोनेट फॉर देश अभियान में दिया 1.38 लाख, फिर क्या दिया पार्टी ने, पढ़ें पूरी खबर

0

पार्टी ने थैंक यू कहते हुए दिया प्रमाण पत्र, नवादा कांग्रेस हुआ गौरवान्वित 

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

देश भर में कांग्रेस पार्टी का 138वां स्थापना दिवस हर लोग अपनी-अपनी ओर से बढ़-चढ़कर लेने की होड़ में लगे रहे। इसको लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा क्राउड फंड मैनेजमेंट के तहत अभियान  चलाया जा रहा है जिसे डोनेट फॉर देश अभियान का नाम दिया गया है।

इस अभियान में नवादा के कांग्रेस नेता विकास कुमार ने भी अपनी सहभागिता दिखाते हुए सहयोग किया है। उन्होंने पार्टी का जितना वर्ष हुआ उसी हिसाब से राशि भी डोनेट किया। उन्होंने पार्टी के 138वां स्थापना पर 1 लाख 38 हजार रुपए डोनेट कर नवादा को गौरवान्वित किया है।

16 जनवरी 2024 की तिथि में उनकी राशि कांग्रेस पार्टी को प्राप्त हुई, जिसपर पार्टी ने इसके लिए पार्टी ने उन्हें थैंक यू कहते हुए प्रमाण पत्र दिया है। गौरतलब हो कि कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर 18 दिसंबर 2023 को इस अभियान की शुरुआत की गई।

पार्टी के स्थापना के 138वीं वर्षगाठ पर शुरू किए गए कार्यक्रम में देश भर के पार्टी नेता, कार्यकर्ता, समर्थक आदि राशि डोनेट कर रहे हैं, जिसमें नवादा जिले के कई कांग्रेसी नेताओं व कार्यकताओं के द्वारा भी राशि डोनेट किया गया है।

पार्टी नेता विकास कुमार ने भी अपनी सहभागिता दिखाते हुए आगे आए और बढ़-चढ़कर सहयोग किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे लोकप्रिय और पुरानी पार्टी है। देश की आजादी के आंदोलन से लेकर अबतक राष्ट्र निर्माण में कांग्रेस पार्टी की भूमिका सबसे अहम रही है।

ऐसे में आम लोगों को भी इस अभियान का हिस्सा बनने के लिए उन्होंने प्रेरित किया और कहा किसी भी पार्टी की मजबूती में सबका योगदान होना जरुरी है।

नवादा में ठंड का कहर जारी, कैसे जिला प्रशासन हुआ एलर्ट, 104 स्थानों पर किया गया अलाव की व्यवस्था, पढ़ें पूरी खबर  

0

आपदा के माध्यम से जरूरतमंदों के बीच 1898 कंबलों का जिले भर में किया गया वितरण
चिन्हित स्थानों पर अलाव जलाने तथा रैन बसेरा को दुरूस्त करने का डीएम ने दिया निर्देश 
Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा में लगातार ठंड का सितम जारी है, जिससे जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड से राहत को लेकर डीएम आशुतोष कुमार वर्मा के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन के तत्वावधान में सार्वजनिक स्थानों पर नियमित तौर पर अलाव जलाया जा रहा है तथा पंचायतों में कंबल का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न स्थलों पर स्थित रैन बसेरों व आश्रय घरों का संचालन किया जा रहा है।

डीएम के निर्देश पर वरीय अधिकारियों द्वारा ठंड से बचाव कार्यों का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है। आपदा प्रभारी विकास कुमार पांडेय ने बताया कि सभी अंचल अधिकारियों के द्वारा चिन्हित स्थलों पर लगातार अलाव की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी नवादा व रजौली के द्वारा भी समय-समय पर रात्रि में निकलकर अलाव स्थलों व रैन बसेरों का निरीक्षण कर लोगों से फ़ीडबैक लिया जा रहा है। कई चौक-चौराहों, बाजारों, रैन बसेरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अस्पताल सहित भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर अलाव जलाया जा रहा है।

गुरूवार को जिले में 104 से अधिक स्थलों पर अलाव जलाया गया है। सभी अंचल अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत मुख्य स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है। जिला सूचना जनसंपर्क अधिकारी सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी रैन बसेरा में एक विशेष फीडबैक का रजिस्टर भी है, जहां आश्रय लेने वाले लोग अपना फीडबैक दे सकते हैं। रैन बसेरा में आमजन के लिए निःशुल्क रहने की व्यवस्था की गई है। सभी रैन बसेरों में कार्पेट, चौकी, गद्दा, चादर, तकिया तथा पीने का पानी आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।

डीएम श्री वर्मा के निर्देश पर सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा 1898 कंबल प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पदाधिकारियों को उपलब्ध करा दिया गया है। समाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक अर्पणा झा ने बताया कि शत्-प्रतिशत कंबल का वितरण संबंधित प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा जरूरतमंदों के बीच कर दी गई है। जरूरतमंदों में रिक्शा चालकों, ऑटो चालकों, दिव्यांगजनों तथा वृद्धजनों के बीच कंबल का वितरण किया गया।

डीएम द्वारा सभी अंचल अधिकारियों एवं नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत मुख्य स्थानों पर नियमित तौर पर अलाव की व्यवस्था करने एवं रैन बसेरों व आश्रय घरों का संचालन करने का निर्देश दिया गया है, ताकि ठंड के कारण किसी को कोई समस्या नहीं हो। डीएम श्री वर्मा ने आवश्यकतानुसार अलाव स्थलों तथा रैन बसेरों व आश्रय घरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को इसका अनुश्रवण करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा है कि आम जनता से भी बढ़ते ठंड के मद्देनजर एडवायजरी का अनुपालन करने का आह्वान किया है। बढ़ती शीतलहर में किसी भी जिलेवासियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके लिए सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया गया है।

You cannot copy content of this page