Home Blog Page 100

एक्शन मोड में नवादा डीएम, इतने बजे के बाद खुला रहेगा स्कूल-कोचिंग तो होगी कार्रवाई

0

भीषण गर्मी एवं लू को देखते हुए डीएम ने निकाला आदेश, धारा 144 के तहत हुआ आदेश निर्गत 

निजी व सरकारी सभी तरह के शिक्षण संस्थानों को 10वीं कक्षा तक सुबह 10.30 से शाम 4 बजे तक व 11वीं और 12वीं कक्षा सुबह 11.30 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखने का आदेश हुआ जारी

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा डीएम प्रशांत कुमार सीएच द्वारा भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए धारा 144 के तहत आदेश निर्गत किया गया है कि नवादा जिले के सभी निजी व सरकारी विद्यालयों सहित अन्य शिक्षण संस्थानों को दोपहर में बंद कर देना है।

जिसमें प्री स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों, कोचिंग संस्थानों में 10वीं कक्षा तक सभी कक्षाओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 10.30 बजे से शाम 4 बजे तक एवं वर्ग 11वीं व 12वीं के कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 11.30 बजे से शाम 4 बजे तक प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार नवादा जिले में भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति है, जिसके कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की सम्भावना है।

इसको लेकर सभी शिक्षण संस्थानों व विद्यालय प्रबंधन को डीएम के द्वारा निर्देश दिया गया है कि वे उपर की उल्लेखित आदेश के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों को तद्नुसार निर्धारित करेंगे।

उक्त आदेश 30 अप्रैल 2024 से प्रभावी रहेगा। गौरतलब हो कि इन दिनों जिस स्तर से प्रचंड गर्मी और लू कहर जारी है, उसमें 10 बजे के बाद घर से निकलना लोगों के लिए घातक साबित हो रहा है।

वहीं छोटे बच्चों का इस लू के लहर में स्कूल जाना काफी खतरनाक हो गया है। ऐसे में नवादा डीएम श्री सीएच पूरी तरह से गंभीर हैं और इस आदेश का उलंघन करने वाले शिक्षण संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। 

बता दें कि इन दिनों जिले का तापमान 44 डिग्री के पार कर जा रहा है, वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होने का कोई आसार नहीं दिख रहा है। ऐसे में कई शिक्षण संस्थान अभी तक डीएम के आदेश का पालन नहीं करते हुए बच्चों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं।

बता दें कि लू का कहर इतना बढ़ गया है कि सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है, बावजूद कई विद्यालयों में समय परिवर्तन नहीं किया गया है।

सावधान:- अब फिंगरप्रिंट के माध्यम से हो रहा साइबर ठगी, नवादा पुलिस ने किया उजागर, पढ़ें पूरी खबर 

0

फिंगरप्रिंट का क्लोनिंग कर साइबर फ्रॉड में संलिप्त 4 अभियुक्त को नवादा पुलिस ने किया राजगीर से गिरफ्तार

गिरफ्तार साइबर ठगों के पास से 2 लाख रूपये सहित ठगी में इस्तेमाल किये जाने वाले कई उपकारणों को किया गया बरामद 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में साइबर ठगी का नायाब तरीका अपनाकर लोगों के बैंक अकाउंट को खंगालने का काम किया जा रहा है। ऐसे ही साइबर ठगों के एक गिरोह को नवादा पुलिस ने नालंदा से गिरफ्तार करने में सफलता पायी है।

ये सभी साइबर ठग फिंगरप्रिंट का क्लोनिंग बनाकर लोगों के बैंक खाते से रूपये उड़ाने का काम करता था। इस बड़ी सफलता के बाद एसपी कार्तिकेय के शर्मा ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर गिरफ्तार साइबर ठगों के करतूतों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 4 मार्च 2024 को साइबर थाना में नगर के सिन्हा भवन स्थित मेडिकेयर गायत्री एवं स्टोन हॉस्पिटल के डॉ प्रेम सागर चौधरी के द्वारा आवेदन दिया गया था, जिसमें उन्होंने अपने साथ हुए साइबर फ्रॉड की जानकारी दी।

उक्त आवेदन में उन्होंने बताया कि उनके खाता से 22 अक्टूबर 2023 से 28 जनवरी 2024 तक कुल 1,58,700 रुपये सीएसपी से निकाला गया है। एसपी ने बताया कि उक्त आवेदन के आधार पर साइबर थाना 4 मार्च 2024 को धारा 379/420 आईपीसी एवं 66(सी) (डी) आईटी एक्ट के तहत कांड संख्या- 17/24 दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्री शर्मा के निर्देशानुसार साइबर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। जिसके बाद तकनीकी अनुसंधान की मदद से इस साइबर फ्रॉड में संलिप्त 4 अभियुक्त को नालंदा जिले के राजगीर से गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वे लोग भोले-भाले लोगों के फिंगरप्रिंट का क्लोनिंग कर एवं लोन का प्रलोभन देकर उनके बैंक अकाउंट से फ़र्जी तरीके से पैसे की निकासी करते थे। उन्होंने कहा कि इनसे सघन पूछताछ कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची 

जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के भलुआ गांव निवासी विन्दो राम का 26 वर्षीय पुत्र नौलेश कुमार, वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मोसमा गांव निवासी दरबारी चौधरी का 22 वर्षीय पुत्र राजकुमार, नवादा जिले के  मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अषाढ़ी गांव निवासी द्वारिका पासवान का 27 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार तथा नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र स्थित इसुआ गांव निवासी अवध चौहान का 33 वर्षीय पुत्र रामबाबु कुमार शामिल है।

क्या-क्या हुआ बरामद 

गिरफ्तार सभी साइबर अपराधियों के पास से पुलिस ने 7 मोबाइल, 2 लैपटॉप, 3 चेक बुक, 3 पासबुक, 13 एटीएम कार्ड, 24 सिम कार्ड, 3 पैन ड्राईव, 5 ओटीजी मशीन, 4 फिंगर स्कैनर, 1 स्टाप मेकिंग मशीन तथा 255 नकली फिंगर प्रिंट के अलावा 2 लाख रूपये नगदी बरामद किया गया है।

क्या आप जानते हैं मई और जून में क्यों नहीं है शुभ विवाह का योग, पढ़ें पूरी खबर 

0

शुक्रास्त ने शहनाई की गूंज पर लगाया ग्रहण, 24 सालों बाद वैशाख और ज्येष्ठ में कारोबार रहेगा ठप

26 अप्रैल से बंद हुआ विवाह का योग, 9 जुलाई से बजने लगेगी शहनाई 

शादी विवाह के लिए पूरे साल में बचा मात्र 24 शुभ मुहूर्त 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

वैशाख और ज्येष्ठ का महीना शुभ विवाह के लिए सबसे उत्तम माह माना जाता है। इन दो महीनों में शहनाई की गूंज के साथ कारोबार भी खूब होता है। लेकिन इसबार उक्त दोनों महीने में शुक्रास्त ने ग्रहण लगा दिया है, जिससे अगले दो माह तक कोई भी शुभ विवाह नहीं हो सकता है।

यह 24 सालों के बाद देखने को मिला है। वैशाख और ज्येष्ठ में जिस तरह से लग्न का दौर चलता है वह हर तरह के कारोबारियों को साल भर का कमाई दे देता था, लेकिन इसबार कारोबारियों की कमाई ठप पड़ गई है। मई-जून जैसे गर्मी में लग्न नहीं रहेगा,

परंतु बरसात के समय जुलाई माह यानि आषाढ़ माह में 8 दिन लग्न रहने से कारोबारियों को थोड़ी बहुत राहत पहुंचाएगा। इसके बाद 18 जुलाई से चातुर्मास शुरू हो जायेगा, जो चार महीने तक यानि 11 नवम्बर तक रहेगा।

इसके बाद साल के अंतिम दो महीने नवम्बर में 7दिन तथा दिसंबर में 9 दिन ही लग्न रहेगा। कुल मिलाकर कहा जाय तो अप्रैल के बाद 2024 में कुल 24 लग्न ही शेष बचे हैं, जिसमें लोग शुभ विवाह कर सकेंगे।

क्या कहते हैं पंडित जी 

ज्योतिषाचार्य पंडित धर्मेन्द्र झा बताते हैं कि 26 अप्रैल के बाद से शुक्रास्त शुरू हो गया है, जिससे ग्रह नक्षत्र कमजोर पड़ गया है। यह 24 सालों के बाद हुआ है। पंडित श्री झा ने बताया कि 18 जून तक ही शुक्रास्त रहेगा, परंतु ग्रह नक्षत्र के सामान्य होने में समय लगेगा। यह ग्रह नक्षत्र 8 जुलाई तक प्रभावित रहेगा।

उसके बाद 9 जुलाई से लग्न शुरू हो जायेगा। पंडित जी बताते हैं कि जुलाई माह यानि आषाढ़ माह में भी शादी विवाह का लग्न मात्र 8 दिन 17 जुलाई तक ही रहेगा, इसके बाद 18 जुलाई से चातुर्मास शुरू हो जायेगा, जो चार माह 16 नवम्बर तक रहेगा।

उन्होंने बताया कि नवम्बर माह में 17 तारीख से 26 नवम्बर तक मात्र 7 दिन ही शुभ लग्न रहेगा। इसके बाद दिसंबर माह में 9 दिन लग्न है, जो 2दिसंबर से शुरू होकर 15 दिसंबर तक रहेगा। उन्होंने बताया कि इस साल अब मात्र 24 दिन ही शादी विवाह के योग्य लग्न शेष है। 

क्या है शुभ विवाह का लग्न तिथि 

जुलाई माह में 9, 11, 12, 13, 14, 15, 16 तथा 17 जुलाई तक शुभ लग्न है। वहीं नवम्बर माह में 17, 18, 22, 23, 24, 25 तथा 26 नवम्बर तक शुभ लग्न है, इसके बाद दिसंबर माह में 2, 3, 4, 9, 10, 11, 12, 13, 14 तथा 15 तक ही शुभ लग्न रहेगा।

रायफल चोरों को पकड़ने में विफल पुलिस की खबर चलाने पर भड़के थानेदार, पत्रकार पर दर्ज किया झूठा मुकदमा, पढ़ें पूरी खबर 

0

घटना के 9 दिनों बाद भी रायफल चोरों को पकड़ने में पुलिस के हाथ अब तक खाली

पुलिस ने चोरी के अगले दिन रायफल व कारतूस तो बरामद किया, पर चोरों के गिरेबान तक पहुंचने में पुलिस हो रही फेल

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा लोकसभा में प्रथम चरण मतदान के पूर्व रात्रि 18 अप्रैल को मतदान केंद्र की सुरक्षा में तैनात एक पुलिस जवान से चोरी हुई रायफल और कारतूस मामले में दुस्साहस की सारी हदें पार कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला शातिर चोर पुलिस की गिरफ्त से अब तक बाहर है।

हालांकि पुलिस ने 20 अप्रैल की सुबह नवादा लोकसभा अन्तर्गत वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र स्थित पकरीबरावां प्रखंड के मतदान केन्द्र संख्या-234 से चोरी गई एसएलआर रायफल और कारतूस को तो बरामद कर ली, लेकिन चोर की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर उंगलियां उठने लगी है।

इधर, घटना की खबर को कशिश न्यूज के संवाददाता सन्नी भगत द्वारा प्रमुखता से दिखाने पर बराबर सुर्खियां में रहने वाले पकरीबरावां थानाध्यक्ष अजय कुमार ने कशिश न्यूज़ के संवाददाता सन्नी भगत पर एक झूठा मुकदमा न्यायालय में दायर किया है। भादवि के धारा 188, 193, 500, 504, 505, 506, 420, 468, 469, 471 तथा 66 डी आईटी एक्ट के तहत दर्ज प्राथमिकी संख्या-186/24 का अनुसंधानकर्त्ता पीएसआई स्नेहा कुमारी को बनाया गया है।

वहीं थानाध्यक्ष अपनी विफलता को छुपाने के उद्देश्य से खबर को सच्चाई से दिखाने वाले पत्रकार पर ही झूठा मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण में नवादा लोकसभा सीट पर मतदान 19 अप्रैल को हुआ था। मतदान केंद्र की सुरक्षा में तैनात समस्तीपुर जिला बल के जवान उत्तम कुमार राउत की एसएलआर रायफल और 20 कारतूस 18 अप्रैल की रात्रि मतदान केन्द्र पर से ही चोरी हो गई थी।

हालांकि, पुलिस ने इस मामले में घटना के अगले दिन मतदान केन्द्र से कुछ दूरी पर एक ताड़ के पेड़ के नीचे झाड़ी से चोरी हुई रायफल और 20 कारतूस को लावारिश अवस्था में बरामद किया था। लेकिन, चोरी की घटना के नौ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। सूत्रों की माने तो इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया था।

अगले दिन पूछताछ कर सभी को निर्दाेश पाकर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने छोड़ दिया था। वहीं, इस घटना को कशिश न्यूज पर सबसे पहले खबर दिखाए जाने के बाद थानेदार ने कशिश न्यूज के संवाददाता सन्नी भगत पर एक झूठा मुकदमा मुख्य न्यायधीश के समक्ष दायर किया है। ज्ञात हो कि घटना के 9 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

चोर अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जाता है। वहीं, पत्रकार को फर्जी तरीके से आरोपी बनाए जाने से जिलेभर के पत्रकारों में रोष है। रिपोर्टर पर एफआईआर की निंदा करते हुए पत्रकारों ने कहा है कि पुलिस अपनी विफलता को दबाने के लिए पत्रकारों के खिलाफ दमन की कार्रवाई कर रही है, ताकि पत्रकार डर से अपने कलम की धार को कुंद कर दे।

ज्ञात हो कि प्राथमिकी दर्ज करने वाले पकरीबरावां थानाध्यक्ष अजय कुमार इसके पूर्व जिले के अकबरपुर थाना के थानाध्यक्ष थे, जहां जिले के वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र नाथ भैया को थाली थाना के एक पुराना कोर्ट परिवाद के आधार पर अकबरपुर बाजार से गिरफ्तार कर उन्हें जलील किया था।

इंटरमीडिएट विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा को लेकर क्या है तैयारी, पढ़ें पूरी खबर 

0

जिला प्रशासन ने जारी किया संयुक्तादेश, 29 अप्रैल से 11 मई तक होगी परीक्षा 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में इंटरमीडिएट विशेष एवं कम्पार्टमेन्टल परीक्षा 29 अप्रैल 2024 से प्रारंभ होकर 11 मई 2024 तक दोनों पालियों में सम्पन्न कराया जाना है, जिसमें  प्रथम पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। इंटरमीडिएट विशेष एवं कम्पार्टमेन्टल परीक्षा 2024 कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर डीएम प्रशांत कुमार सीएच व एसपी कार्तिकेय के शर्मा द्वारा संयुक्तादेश जारी किया गया है। 

दो केंद्रों पर ली जाएगी परीक्षा 

उक्त परीक्षा जिला मुख्यालय स्थित दो केंद्रों पर ली जायेगी, जिसमें कन्या इंटर विद्यालय नवादा एवं प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय, नवादा में ली जायेगी। परीक्षा स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शैक्षणिक वातावरण में संचालन को लेकर सभी केन्द्रों में सशस्त्र लाठी बल के साथ स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

गश्ती दल सह जोनल दंडाधिकारी में सशस्त्र लाठी बल के साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है, साथ ही गश्ती दल सह सुपर जोनल दंडाधिकारी में सशस्त्र लाठी बल के साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। उड़नदस्ता सह सुपर जोनल दंडाधिकारी में सशस्त्र व लाठी बल के साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है।

परीक्षा केन्द्र पर जूता-मोजा पहनकर आने पर रहेगी रोक 

इंटरमीडिएट विशेष एवं कम्पार्टमेन्टल परीक्षा 2024 में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश करना वर्जित होगा। परीक्षार्थी जूता-मोजा की जगह चप्पल पहनकर ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करेंगे। वीडियोग्राफी की व्यवस्था एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन में बाधा डालने वाले असमाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है।

परीक्षा प्रारंभ होने के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थी के प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी है। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के समय गेट पर फ्रिस्किंग की व्यवस्था रहेगी। महिला परीक्षार्थियों के लिए महिला पुलिस कर्मी, महिला वीक्षक, महिला केन्द्राधीक्षक व महिला कर्मी ही करेंगी। सदर एसडीओ अखिलेश कुमार द्वारा परीक्षा केन्द्रों के 500 गज की परिधि में धारा 144 के तहत 29 अप्रैल से 11 मई तक निषेधाज्ञा आदेश जारी करने का निर्देश दिया गया है। 

समाहरणालय में बना जिला नियंत्रण कक्ष

परीक्षा में पल-पल की गतिविधियों से ज्ञातव्य को लेकर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष के समीप जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है, जिसका दूरभाष संख्या-06324-212261 है। नियंत्रण कक्ष में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस कुमारी रीता सिन्हा तथा पुलिस पदाधिकारी के रूप में इंस्पेक्टर सचिन्द्र कुमार यादव पुलिस कार्यालय, नवादा रहेंगे।

जिला नियंत्रण कक्ष परीक्षा अवधि के दिन सुबह 8 बजे से संचालित होगा। वहीं जिला नियंत्रण कक्ष के लिए 2 सुरक्षित दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। आपात स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष में अग्निशाम दस्ता, विद्युत व्यवस्था, बज्रवाहन, अश्रु गैस दस्ता, चिकित्सा व्यवस्था, सशस्त्र बल तथा लाठी बल आदि की प्रतिनियुक्ति गयी है। अग्निशाम पदाधिकारी, नवादा दूरभाष संख्या- 06324-215286 तथा मोबाइल नंबर 8809457732 है।

केन्द्र पर परीक्षार्थियों व वीक्षकों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रहेगी रोक 

संयुक्तादेश में कहा गया कि परीक्षा कक्ष में कोई भी परीक्षार्थी एवं वीक्षक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जिसमें मोबाइल फोन, ब्लू टूथ, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक वॉच, स्मार्ट वॉच एवं मैगनेटिक वॉच आदि लेकर नहीं जायेंगे, इसका अनुपालन केन्द्राधीक्षक दृढ़ता से सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संचालन तथा विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में अपर समाहर्ता चन्द्रशेखर आजाद एवं मुख्यालय डीएसपी इमरान परवेज रहेंगे। परीक्षावधि में सदर एसडीओ तथा सदर एसडीपीओ विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी करना सुनिश्चित करेंगे।

कैसे प्रेम जाल में फंसा शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने वाला प्रेमी चढ़ा पुलिस के हत्थे, पढ़ें पूरी खबर 

0

मामला दर्ज होते ही पुलिस ने 24 घंटे के अन्दर आरोपी प्रेमी को किया गिरफ्तार

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार  

प्रेम जाल में फंसाकर एक युवती को शादी का झांसा दे यौन शोषण के मामले में नवादा पुलिस ने प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर यह सफलता हासिल की है।

दरअसल 25 अप्रैल 2024 को पीड़िता पकरीबरावां थाना आई और अपने साथ हुए शादी का झांसा देकर शारीरिक यौन शोषण का शिकायत दर्ज कराई। उक्त आवेदन के आधार पर पकरीबरावां थाना में धारा 376/420 भादवि के तहत कांड संख्या- 189/24 दर्ज किया गया।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी कार्तिकेय के शर्मा ने थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आया कि थाना क्षेत्र के पोक्सी गांव निवासी अरुण रविदास का पुत्र संजीव कुमार नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित शुभम हॉस्पिटल में काम सीखने गया था,

जहां पूर्व से उक्त अस्पताल में नर्स के रूप में काम कर रही पीड़िता को अपने प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झूठा आश्वासन देकर 3 वर्षों से शारीरिक शोषण करता आ रहा था।

जब पीड़िता ने शादी करने को लेकर दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी प्रेमी संजीव कुमार शादी करने से साफ इंकार कर गया। गिरफ्तार आरोपी प्रेमी से पूछताछ के बाद शुक्रवार को पुलिस उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया।

गौरतलब हो कि भोली-भाली युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनके जीवन से जिस तरह खिलवाड़ किया जा रहा है, ऐसे में नवादा एसपी द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई प्रशंसनीय है।

दुल्हन के भाई के साथ मारपीट व दुल्हन के ससुर की हत्या मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पढ़ें पूरी खबर 

0

हत्या कांड में फ़रार अभियुक्त को नवादा पुलिस ने 48 घंटे के अंदर किया गिरफ़्तार

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवी बीघा में बहन की विदाई करने गए भाई के साथ मारपीट व बीच बचाव करने गए ससुर की हत्या मामले में पुलिस ने एक हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि उक्त गांव से ब्रह्मदेव यादव के बेटा सुधीर कुमार का बारात जमुई जिला के रिसडी गांव में गया था।

बाराती में खाना अच्छा नहीं खिलाने को लेकर ग्राम देवी बीघा के अजय कुमार एवं रिसडी के लड़की के भाई रामप्रवेश यादव के बीच धक्का मुक्की एवं हाथापाई हो गया था। इस घटना को लेकर अजय कुमार ने लड़की के भाई को मारपीट करने की धमकी दी थी।

इस घटना के चार दिन बाद 24 अप्रैल की सुबह लड़की का भाई रामप्रवेश यादव अपनी बहन को विदा करने उसके ससुराल देवी बीघा थाना पकरीबरावां जैसे ही आया कि अजय कुमार, रंजित कुमार, पिंकी कुमारी तीनों पिता रविन्द्र यादव, सुनीता देवी पति रविन्द्र यादव तथा प्रीति कुमारी पति रंजित कुमार सभी लोग उसके साथ मारपीट करने लगे।

इसी क्रम में उसे बचाने दूल्हा सुधीर कुमार के पिता ब्रह्मदेव यादव गए तो वे लोग लड़की के भाई रामप्रवेश यादव को छोड़कर ब्रह्मदेव यादव को मारने लगे एवं गला दबा दिया। जिसने इलाज के क्रम में चिकित्सक द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।

इस संबंध में मृतक के पुत्र धीरज कुमार के आवेदन पर पकरीबरावां थाना में धारा 302/34 भादवि के तहत कांड संख्या- 187/24 दर्ज किया गया। नवादा एसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कांड की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया।

उपरोक्त पांचों अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। एसपी ने बताया कि इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर 25 अप्रैल की रात्रि 12 बजे के करीब इस कांड के अभियुक्त रंजित कुमार पिता रविन्द्र यादव को प्रखंड कार्यालय पकरीबरावां से 100 मीटर पश्चिम पक्की सड़क पर बालू लड़े ट्रक के साथ गिरफ्तार किया गया।

अभियुक्त से सघन पूछताछ कर उसे शुक्रवार 26 अप्रैल को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया। शेष फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

नवादा में डीएम को क्यों बृहद आश्रय गृह का करना पड़ा औचक निरीक्षण, पढ़ें पूरी खबर 

0

निरीक्षण के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों को दिया कई आवश्यक निर्देश

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

भीषण गर्मी को देखते हुए नवादा डीएम प्रशांत कुमार सीएच गुरुवार को बृहद आश्रय गृह का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। डीएम के साथ निरीक्षण के क्रम में सहायक निदेशक बाल संरक्षण सह सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक अर्पणा झा भी मौजूद थी।

निरीक्षण के दौरान बाल संरक्षण पदाधिकारी मुकेश कुमार उपस्थित पाये गए। डीएम ने सर्वप्रथम बालिका गृह के  यूनिट-01 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि विभिन्न जिलों से कुल आये 56 बालिकाएं आवासित हैं।

उन्होंने बालिका गृह के अधीक्षक कुमारी प्रियंका को निर्देश दिया कि विभाग द्वारा उपलब्ध कराये जाने वाले सभी सुविधाएं आवासित बालिकाओं को मुहैया करायें।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्रथम तल एवं द्वितीय तल पर शौचालयों में साफ-सफाई को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्देश अधीक्षक एवं सहायक निदेशक को दिया। बालिका गृह के निरीक्षण के उपरांत डीएम श्री सीएच ने बालक गृह का भी निरीक्षण किया।

जिसमें बालक गृह के बालक अधीक्षक राजा बाबू उपस्थित पाये गए। बालक गृह में कुल 13 बच्चे आवासित पाया गया। बालक गृह के निरीक्षण उपरांत कॉमन फैसिलिटी सेंटर का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि इस भवन का प्रयोग वर्तमान में नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में सहायक निदेशक बाल संरक्षण को निदेश दिया गया कि आवासित बच्चों का पठन-पाठन की क्रियाएं इसी भवन में करायी जाय।

साथ ही यह भी निदेश दिया गया कि सीसीटीवी और पुलिस बल की नियमित पर्यवेक्षण करना सुनिश्चित करेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह का कोई चूक न हो। डीएम ने बृहद आश्रय गृह में सभी बच्चों को सुरक्षित रखने एवं आधारभूत सुविधाएं देने का निर्देश दिया।

गौरतलब हो कि इन दिनों भीषण गर्मी प्रचंड रुप धारण किये हुए है ऐसे में इसका प्रभाव बच्चों पर अधिक पड़ रहा। इसी को लेकर डीएम श्री सीएच ने बृहद आश्रय गृह का निरीक्षण कर बच्चों के रहन-सहन का जायजा लिया।

नवादा में कैसे असंभव को संभव कर दिया न्यूरोसर्जन डॉ ब्रजेश ने, पढ़ें पूरी खबर 

0

धर्मशीला देवी हॉस्पिटल में डॉ ब्रजेश ने ब्रेन का हड्डी पेट में रखकर किया चौंकाने वाला ऑपरेशन, जटिल ब्रेन सर्जरी कर मरीज की बचाई जान

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा के धर्मशीला देवी हॉस्पिटल में न्यूरोसर्जन डॉ ब्रजेश ने चौंकाने वाला इलाज कर असम्भव को सम्भव ही नहीं बनाया, बल्कि मरीज को भी स्वास्थ्य कर दिया। आम तौर पर किसी भी इंसान का ब्रेन सर के हड्डी के भीतर होता है, पर जरा सोचिये अगर सर के हड्डी को पेट के भीतर रखा गया हो तो….मेडिकल साइंस में भी कभी-कभी ऐसा चमत्कार होता है जिसे कर दिखाया धर्मशीला देवी हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ ब्रजेश कुमार ने।

दरअसल, नारदीगंज निवासी 23 वार्षिय अनुज कुमार को जब धर्मशीला देवी हॉस्पिटल लाया गया तब वह कोमा में थे। वे एक सड़क दुर्घटना में बुरी तरह जख्मी हो गये थे। न्यूरोसर्जन डॉ ब्रजेश कुमार और ट्राउमा टीम ने तुरंत उसका उपचार शुरू कर दीया। सीटी स्कैन से पता चला कि उसके मस्तिष्क के भीतर के हिस्से में गंभीर चोट लगी है।

मरीज की जान बचाने के लिए डॉ ब्रजेश और उनकी ट्राउमा टीम ने तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया। सर्जरी के दौरान पाया गया कि ब्रेन का प्रेशर काफ़ी बढ़ा हुआ था, जिससे मरीज के जान को खतरा हो सकता था। तब न्यूरोसर्जन डॉ ब्रजेश ने सबको आश्चर्यचकित करने वाला निर्णय लिया। उन्होंने मस्तिष्क के चोटिल वाले हिस्से की हड्डी को हटाया ताकि ब्रेन के प्रेशर को संतुलित किया जा सके। 

उन्होंने सर से हटाए गए हड्डी को मरीज के पेट के अंदर रखा। डॉ ब्रजेश ने बताया कि ऐसा इस लिए किया गया, ताकि हड्डी शरीर का हिस्सा होने के कारण ख़राब ना हो। पेट के अन्दर रखने से हड्डी में इन्फेक्शन नहीं होता और हड्डी को जरुरी पोषक तत्व मिलता रहता है। मरीज कि हालत में जब सुधार हुआ तब दुबारा सर्जरी का निर्णय लिया गया। इसबार मरीज के पेट के अन्दर रखी हड्डी को निकाल कर दुबारा सर के उसी हिस्से में सफतला पूर्वक जोड़ दीया गया।

मरीज अब बिलकुल स्वस्थ है और बात करने पर उसने कहा कि धर्मशीला देवी अस्पताल के डॉक्टर्स उसके लिये भगवान से कम नहीं हैं, जिन्होंने उसे एक नयी जींदगी दी है। मरीज के पिता सतीश चौहान ने कहा कि वह काफ़ी खुश हैं कि उनका बच्चा बिलकुल ठीक हो गया है। उन्होंने डॉ ब्रजेश की सराहना करते हुए कहा कि जब उनका लड़का अस्पताल में आया था तब कोमा मे था,

लेकिन अब खुशी हो रही है कि वह अपने लड़के को स्वस्थ्य अवस्था में घर ले जा रहे हैं। न्यूरोसर्जन डॉ ब्रजेश ने कहा कि यह एक जटिल सर्जरी था और यह इसलिए संभव हो सका क्योंकि पुरे दक्षिण बिहार मे धर्मशीला देवी हॉस्पिटल ही एक ऐसा अस्पताल है जहां इस तरीके के ऑपरेशन के लिए सारे आधुनिक उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टर्स की टीम और कुशल नर्सिंग स्टॉफ के साथ सारी सुविधा मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि इस सर्जरी को सफल बनाने में डॉ ज्योति सिन्हा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। अस्पताल के चेयरमैन अविनाश कुमार ने जटिल सर्जरी कर मरीज की जान बचाने के लिये डॉक्टर्स और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि आगे भी अस्पताल इस तरीके का सेवा प्रदान करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि मरीजों को इलाज के लिये अब बाहर जाने की जरुरत नहीं है, क्योंकि दूसरी जगहों से बेहतर सुविधा अब धर्मशीला देवी हॉस्पिटल में मौजूद है। उन्होंने ने ये भी कहा कि अब आयुष्मान सेवा उपलब्ध होने के कारण, सभी लोग जिनके पास राशन कार्ड या आयुष्मान कार्ड हो तो इसका लाभ उठा सकते हैं।

दो माह पूर्व जब्त ट्रक के तहखाना से कैसे निकला गांजा का खजाना, पढ़ें पूरी खबर 

0

मादक पदार्थ के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 176 किलोग्राम गांजे के साथ तीन अभियुक्त को नवादा पुलिस ने किया गिरफ्तार 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा पुलिस ने एक बड़े मामले का उजागर करने में सफलता हासिल की है। दरअसल, पुलिस ने जिस ट्रक को दो माह पूर्व गांजा तस्करी के मामले में जब्त किया था, उसी ट्रक में बना तहखाना से गांजा का खजाना निकला है।

इसको लेकर एसपी कार्तिकेय के शर्मा ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 23 फरवरी 2024 की मध्य रात्रि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक जो झारखंड राज्य से नवादा की ओर आ रही है तथा गया जिले की ओर जाने वाली है। ट्रक में गिट्टी लोड है जिसके अंदर गांजा छिपा कर लाया जा रहा है।

सूचना पर नगर थाना नवादा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को कृषि फार्म के उत्तर नवादा-गया मेन रोड एसएच-8 के पास पकड़ लिया गया था। उन्होंने बताया कि तलाशी लेने पर ट्रक ड्राईवर के सीट के पीछे तहखाना बनाकर उसमें छिपाकर रखा हुआ पॉलीथीन में टैप किया 61 पॉकेट में 61 किलो गांजा बरामद किया गया था।

इसको लेकर नगर थाना में 24 फरवरी 2024 को कांड संख्या- 308/24, धारा 8/20 (बी) (ii)(सी)/22/29 एनडीपीएस एक्ट दर्ज किया गया था। वहीं गिरफ्तार चालक सुबोध पासवान को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। सुबोध पासवान से पूछताछ के क्रम में उसने अपना अपराध स्वीकार किया एवं गांजा के तस्करी में संलिप्त अन्य अभियुक्तों का नाम पता भी बताया।

इस दौरान कांड के गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशानुसार सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम के द्वारा कांड के अनुसंधान के क्रम में तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई, जिसमें अकबरपुर थाना क्षेत्र के बेला निवासी शशिभूषण शर्मा के दो पुत्र राकेश कुमार व रौशन सिंह को नगर के बाबा के ढाबा के पास क्रेटा कार बीआर 01एचक्यू – 5263 व दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया, साथ ही 20 हजार रूपये भी बरामद किया गया।

पुलिस ने उक्त दोनों के निशानदेही पर तीसरा तस्कर रोह थाना क्षेत्र के बघौर गांव निवासी मिथलेश सिंह के पुत्र रविरंजन सिंह को हिसुआ से गिरफ्तार किया गया। एसपी श्री शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार राकेश कुमार द्वारा अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया गया कि वह लोग पिछले करीब 6-7 महीने से ओडिशा के झारसुगुडा से गांजा लाकर बेचा करते थे।

उसने यह भी बताया की पूर्व में जब्त ट्रक संख्या- बीआर 01 जीई- 5638 में तहखाना बनाया गया था, जिसमें पुलिस से बचने के लिए गाड़ी में गिट्टी लोड करके लाते थे। राकेश कुमार के द्वारा बताया गया कि ट्रक के केबीन में एक तहखाना में अभी भी गांजा है।

ट्रक में बने तहखाना से बीपीआरओ की उपस्थिति में जब्त उक्त ट्रक की तलाशी लिया गया, तो एक-एक किलोग्राम का कुल 176 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे जब्त कर थाना लाया गया है।

You cannot copy content of this page