50 फीट ऊंचा सूर्यधाम! आखिर किस खास मकसद से बनाया गया था नवादा का यह अनोखा मंदिर? पढ़ें पूरी खबर

50 फीट ऊंचा सूर्यधाम

मिट्टी की प्रतिमा से शुरू हुई सूर्योपासना की परंपरा ने लिया भव्य सूर्यधाम का रूप, खुरी नदी के तट पर स्थित मिर्जापुर सूर्य मंदिर का इतिहास और इसकी खास परिकल्पना जानकर रह जाएंगे हैरान

Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान नवादा शहर के लाइनपार मिर्जापुर स्थित सूर्यधाम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है। खुरी नदी के तट पर अवस्थित यह ऐतिहासिक सूर्य मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। छठ महापर्व के अवसर पर यहां व्रतियों और श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ता है कि पूरा इलाका छठमय हो जाता है।

ads

मान्यता है कि इस पवित्र घाट पर सच्चे मन से छठ करने वाले व्रतियों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही वजह है कि समय के साथ इस मंदिर के प्रति लोगों की आस्था और श्रद्धा लगातार बढ़ती गई।

ad

मिट्टी की प्रतिमा से शुरू हुई थी सूर्योपासना की परंपरा

मिर्जापुर सूर्यधाम मंदिर का इतिहास काफी पुराना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, 1940 के दशक में खुरी नदी के किनारे मिट्टी से भगवान सूर्य की प्रतिमा बनाकर पूजा-अर्चना की जाती थी। उस समय नदी के आसपास घनी झाड़ियां और पेड़-पौधे हुआ करते थे। स्वर्गीय पुजारी रामस्वरूप पांडेय स्थानीय लोगों को छठ पूजा कराते थे। उनके बाद उनके पुत्र स्वर्गीय हरि पांडेय ने इस परंपरा और जिम्मेदारी को आगे बढ़ाया।

शक्ति, बुद्धि और भक्ति

वर्ष 1975 के आसपास ग्रामीणों और शहर के कुछ लोगों ने एकजुट होकर नदी किनारे की झाड़ियों को साफ कराया और छठ घाट का निर्माण किया। इसके बाद धीरे-धीरे इस स्थान को व्यवस्थित और विकसित करने का प्रयास शुरू हुआ। समाजसेवी बासुदेव भोजपुरी के अथक प्रयासों से मंदिर के विकास और विस्तार को नई दिशा मिली। आज इसी प्रयास का परिणाम है कि मिर्जापुर सूर्यधाम की पहचान नवादा ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है।

ad

50 फीट ऊंचा मंदिर बनाने के पीछे थी खास परिकल्पना

मंदिर के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय 1980 के दशक में शुरू हुआ, जब यहां भव्य सूर्य मंदिर के निर्माण का प्रस्ताव सामने आया। मंदिर के वर्तमान पुजारी के अनुसार, मंदिर निर्माण को लेकर एक विशेष परिकल्पना तैयार की गई थी। निर्णय लिया गया कि मंदिर को धरातल से लगभग 50 फीट ऊंचा बनाया जाएगा, ताकि सूर्यदेव की पहली किरण सीधे मंदिर में स्थापित भगवान सूर्य की प्रतिमा पर पड़े।

ads

इसी विशेष उद्देश्य को ध्यान में रखकर मंदिर का निर्माण कराया गया। अपनी ऊंचाई और विशेष स्थापत्य परिकल्पना के कारण यह मंदिर अलग पहचान रखता है। समय के साथ यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई और मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक फैलती चली गई।

ads

आस्था बढ़ी तो जुड़ते चले गए देवी-देवताओं के मंदिर

मंदिर के विकास के साथ यहां धार्मिक गतिविधियों का भी विस्तार होता गया। शुरुआती दौर में पंडित वाल्मीकि पांडेय ने अपनी पत्नी गीता देवी के साथ शिव-पार्वती और हनुमान जी की प्रतिमाओं की स्थापना कराई थी। इस कार्य में स्थानीय नीलकंठ मिस्त्री का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बाद में श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था को देखते हुए मंदिर परिसर में मां दुर्गा, शीतला माता, लक्ष्मीनारायण और राधाकृष्ण की प्रतिमाएं भी स्थापित कराई गईं। इस तरह सूर्यधाम मंदिर धीरे-धीरे एक बड़े धार्मिक परिसर के रूप में विकसित होता चला गया।

advertisment

तालाब से लेकर घाट और विवाह मंडप तक का हुआ निर्माण

छठ के दौरान खुरी नदी में पानी की कमी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में तालाबों का निर्माण कराया गया। सबसे पहले हरि प्रसाद गोलेदार ने साहू समाज के सहयोग से तालाब का निर्माण कराया। इसके बाद वर्तमान सचिव गोपाल प्रसाद ने दूसरे तालाब का निर्माण कराया। दोनों तालाबों में मोटर के माध्यम से पानी भरने की व्यवस्था भी की गई।

ads

वर्ष 2010 में छठ के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए समाजसेवी राजकुमार साव और अरविन्द कुमार सुसुम के प्रयास से दो घाटों का चैनल निर्माण कराया गया। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक बड़े हॉल का निर्माण कराया गया, जहां छठव्रतियों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। हालांकि बाद में इस हॉल का उपयोग पुलिस सुरक्षा कर्मियों के लिए किया जाने लगा। वहीं, लगभग छह वर्ष पूर्व नगर परिषद की ओर से यहां विवाह मंडप का भी निर्माण कराया गया।

advertisement

कमेटी के जिम्मे मंदिर की व्यवस्था, छठ पर रहती है विशेष तैयारी

वर्तमान में मिर्जापुर सूर्यधाम मंदिर की देखरेख एक कमेटी के माध्यम से की जा रही है। इसमें दिनेश प्रसाद भोजपुरी अध्यक्ष, गोपाल प्रसाद सचिव तथा गया साव कोषाध्यक्ष हैं।

समिति के सचिव गोपाल प्रसाद बताते हैं कि मंदिर के नियमित रखरखाव के साथ छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाता है। रेलवे गुमटी से लेकर मंदिर घाट तक व्यवस्था दुरुस्त रखने का प्रयास किया जाता है। नदी में चैनल घाट के निर्माण का कार्य नगर परिषद की ओर से कराया जाता रहा है।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के दौरान प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं।

आस्था, इतिहास और परंपरा का संगम है मिर्जापुर सूर्यधाम

मिट्टी की प्रतिमा से शुरू हुई सूर्योपासना की परंपरा आज भव्य सूर्य मंदिर का स्वरूप ले चुकी है। लगभग 50 फीट ऊंचे इस मंदिर की खास परिकल्पना, खुरी नदी का तट और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था इसे नवादा के प्रमुख धार्मिक स्थलों में विशिष्ट पहचान दिलाते हैं। यही कारण है कि शहर में कई नए सूर्य घाट विकसित होने के बावजूद छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु मिर्जापुर सूर्यधाम पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करना अपनी आस्था और परंपरा का हिस्सा मानते हैं।

ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page