HomeBreaking Newsकॉलेज जाने से डरी लड़की' की...

कॉलेज जाने से डरी लड़की’ की खबर निकली फर्जी? चार यूट्यूबरों पर FIR से मचा हड़कंप, जानें किन-किन यूट्यूबरों पर दर्ज हुआ प्राथमिकी

छेड़छाड़ और भय के नाम पर सनसनी फैलाने का आरोप, पीड़ित युवक बोला- अश्लील वीडियो बनाकर यूट्यूब पर किया बदनाम, नगर थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी, बदलो बिहार न्यूज, यूथ इंडिया, टाइम्स ऑफ नवादा और मगध टाइम्स के संचालक बने आरोपी

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा में सोशल मीडिया और यूट्यूब पर एक लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ तथा भय के कारण कॉलेज नहीं जाने की खबर प्रसारित करना चार यूट्यूबरों को भारी पड़ गया। मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जिले के मीडिया और सोशल मीडिया जगत में हड़कंप मच गया है। नगर थाना क्षेत्र के भदौनी शोभनाथ मंदिर मोहल्ला निवासी अजीत मिस्त्री के पुत्र सोनू कुमार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उनके पड़ोसी विनोद प्रसाद ने अपने परिवार के साथ मिलकर झूठी और भ्रामक कहानी गढ़ी तथा चार यूट्यूबरों को बुलाकर वीडियो बनवाया,

जिसे यूट्यूब पर प्रसारित कर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई गई। प्राथमिकी में बदलो बिहार न्यूज के संचालक शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के वरसा गांव निवासी गुलशन कुमार, यूथ इंडिया के संचालक काशीचक थाना क्षेत्र के जलालपुर सरकट्टी निवासी नीतीश कुमार, टाइम्स ऑफ नवादा के संचालक रोह थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी प्रिंस कुमार तथा मगध टाइम्स के संचालक नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र के धर्मपुरा निवासी गुलशन कुमार को आरोपी बनाया गया है।

फैक्ट्री के धुएं और प्रदूषण को लेकर हुआ था विवाद

आवेदन में सोनू कुमार ने कहा है कि उनके पड़ोसी विनोद प्रसाद अपने घर में तेल, आटा और दाल की फैक्ट्री चलाते हैं। फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं, धूल, गंदे पानी, शोर और कंपन से आसपास के लोगों को परेशानी होती है तथा घरों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। आरोप है कि 28 मई 2026 को जब उन्होंने इस संबंध में आपत्ति जताई तो विनोद प्रसाद ने गाली-गलौज की और कथित रूप से दो लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि राशि नहीं देने पर बेटी और पत्नी के माध्यम से झूठा एवं अश्लील वीडियो बनाकर बदनाम कर देंगे।

‘झूठी कहानी गढ़कर किया वायरल’, आत्महत्या तक की नौबत आने का दावा

सोनू कुमार ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि रुपये नहीं देने पर संबंधित यूट्यूबरों को बुलाकर उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से वीडियो तैयार कराया गया और उसे यूट्यूब पर प्रसारित कर दिया गया। इससे उनका पूरा परिवार मानसिक तनाव में है और सामाजिक रूप से अपमानित महसूस कर रहा है।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, शुरू हुई जांच

नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 549/26 दर्ज कर ली गई है। मामले में नामजद सभी आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

सोशल मीडिया की सनसनी अब पुलिस जांच के घेरे में

छेड़छाड़ और कॉलेज छोड़ने की मजबूरी जैसे गंभीर आरोपों वाली खबरों के फर्जी होने के दावे तथा चार यूट्यूबरों पर दर्ज एफआईआर ने पूरे जिले में चर्चा छेड़ दी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि वायरल खबरों के पीछे की सच्चाई क्या है और जिम्मेदार कौन है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page