HomeBreaking Newsतपती गर्मी में बच्चों के हुनर...

तपती गर्मी में बच्चों के हुनर का महाकुंभ: मॉडर्न शैक्षणिक समूह के समर कैंप में दिखा प्रतिभा का विस्फोट

नृत्य, तैराकी, आर्ट-क्राफ्ट, इंग्लिश स्पोकन से लेकर खेलकूद तक… छह दिनों तक बच्चों की रचनात्मकता को मिलेगा नया आसमान, हजारों छात्र-छात्राओं से गुलजार हुए सभी विद्यालय

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

समर कैम्प में अपना हुनर दिखाते बच्चे

नवादा। गर्मी की छुट्टियों को यादगार, रचनात्मक और ज्ञानवर्धक बनाने के उद्देश्य से मॉडर्न शैक्षणिक समूह नवादा द्वारा संचालित सभी विद्यालयों में सोमवार से छह दिवसीय भव्य समर कैंप का शुभारंभ हुआ। दक्षिण बिहार और झारखंड के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शुमार मॉडर्न शैक्षणिक समूह के इस आयोजन ने पहले ही दिन बच्चों के उत्साह, ऊर्जा और प्रतिभा से पूरे विद्यालय परिसर को जीवंत बना दिया।

वाटर टैंक में एन्जॉय करते बच्चे

समर कैंप का आयोजन मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंती नगर, मॉडर्न इंग्लिश स्कूल न्यू एरिया, न्यू मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, मॉडर्न चिल्ड्रेन स्कूल पुरानी कचहरी, मॉडर्न पब्लिक स्कूल रामनगर, मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल हिसुआ एवं नारदीगंज में एक साथ किया गया। यह कैंप नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया है।

पेंटिंग का आनंद लेते बच्चे

न्यू एरिया स्थित न्यू मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में कैंप का उद्घाटन मॉडर्न इंग्लिश स्कूल के प्राचार्य गोपाल चरण दास, उपप्राचार्य सुजय कुमार एवं न्यू मॉडर्न इंग्लिश स्कूल के प्राचार्य सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पुष्पवर्षा कर अतिथियों का भव्य स्वागत किया।

जुडो – कराटे सीखते बच्चे

उद्घाटन अवसर पर प्राचार्य गोपाल चरण दास ने कहा कि समर कैंप केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का मंच है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों को व्यवहारिक, सामाजिक और रचनात्मक रूप से भी मजबूत बनाना आवश्यक है।

समर कैम्प में उत्साह पूर्वक जुटे बच्चों

छह दिवसीय इस समर कैंप में ड्राइंग-पेंटिंग, आर्ट-क्राफ्ट, नृत्य-संगीत, मेहंदी, रंगोली, तैराकी, बाल कवि सम्मेलन, इंग्लिश स्पोकन, संस्कृत श्लोक वाचन और विभिन्न खेल गतिविधियों को शामिल किया गया है। पहले दिन बच्चों ने उत्साहपूर्वक हर गतिविधि में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

नृत्य शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार के निर्देशन में बच्चों को विभिन्न गीतों पर डांस की बारीकियां सिखाई गईं। वहीं अनुमेहा कुमारी, ममता मंडल, हनी कुमारी और लकी कुमारी ने छात्राओं को कपड़ों पर आर्ट-क्राफ्ट बनाने की अनोखी विधियां सिखाईं। इंग्लिश स्पोकन सत्र में ललन मिश्रा, कुमारी प्रतिभा और रूपाली राणा ने बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

छोटे बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पूजा कुमारी, संयुक्ता अजय, विनीता कुमारी, नीलम कुमारी, प्राची कुमारी, शांभवी वत्स और नूरजहां की अहम भूमिका रही। वहीं कुमारी स्वीटी एवं शांभवी वत्स के निर्देशन में नन्हे बच्चों को तैराकी का प्रशिक्षण भी दिया गया।

खेल शिक्षक राकेश रोशन और नीतीश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों के गुर सिखाए। समर कैंप के सफल आयोजन में विद्यालय के दर्जनों शिक्षकों ने सक्रिय योगदान दिया। हजारों छात्र-छात्राओं की भागीदारी से विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्साह, आनंद और रचनात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।

अभिभावकों ने भी विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समर कैंप बच्चों के लिए सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को विकसित करने का बेहतरीन मंच बन रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page