गंगा दशहरा, शनि जयंती और मलमास मेले की तिथियां भी घोषित, 17 मई से शुरू होगा एक माह का ऐतिहासिक मलमास मेला
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। जिलेभर में वट सावित्री पूजा को लेकर सुहागिन महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बाजारों में श्रृंगार सामग्री, पूजन सामग्री, पंखा और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए अभी से भारी भीड़ उमड़ने लगी है। इसी बीच वट सावित्री पूजा की सही तिथि और शुभ मुहूर्त को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अलग-अलग जानकारियों के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई थी।

इसी उहापोह को खत्म करते हुए ब्राह्मण महासभा और अध्यात्म भारती ने शास्त्र एवं बनारस पंचांग के आधार पर वट सावित्री पूजा, शनि जयंती, गंगा दशहरा और मलमास मेले की आधिकारिक तिथियों और शुभ मुहूर्त की घोषणा कर दी है। महासभा ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भ्रामक तिथियों पर ध्यान न दें। ब्राह्मण महासभा की बैठक की अध्यक्षता श्याम सुंदर पांडेय ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वट सावित्री पूजा 16 मई, शनिवार को ही मनाई जाएगी। पूजा का शुभ मुहूर्त प्रातः 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक रहेगा। इस दिन सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर वट वृक्ष के नीचे सावित्री, सत्यवान और धर्मराज की पूजा कर अपने पति की लंबी आयु की कामना करेंगी।

महासभा ने बताया कि इसी दिन भगवान शनि की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। वहीं 16 मई की मध्य रात्रि यानी 17 मई को रात 12:30 बजे से मलमास मेले का शुभारंभ हो जाएगा, जो पूरे एक माह तक चलकर 15 जून को समाप्त होगा। इसके अलावा 26 मई को गंगा दशहरा मनाया जाएगा, जिसे गंगा अवतरण जयंती के रूप में भी जाना जाता है। बैठक में जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी पंडित विद्याधर शास्त्री, पांडेय अभिमन्यु, मोहन पांडेय, लक्ष्मण पांडेय, राजेंद्र पांडेय, मनोज मिश्र और विष्णुदेव पांडेय समेत कई गणमान्य ब्राह्मण उपस्थित रहे।


Recent Comments