HomeBreaking Newsनवादा में तेज रफ्तार का तांडव:...

नवादा में तेज रफ्तार का तांडव: 24 घंटे में तीन भीषण सड़क हादसे, तीन की मौत, दस से अधिक घायल

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो अन्य हादसों में गई दो और जान, मुखिया पति समेत कई गंभीर

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे के भीतर जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए तीन बड़े सड़क हादसों ने तीन लोगों की जान ले ली, जबकि मुखिया पति समेत दस से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घटनाओं के बाद जिले भर में दहशत और मातम का माहौल है।

हिसुआ-राजगीर पथ पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा

ताजा मामला रविवार दोपहर का है। हिसुआ-राजगीर पथ पर हिसुआ थाना क्षेत्र के भुलन बिगहा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-6, हिसुआ गढ़ मोहल्ला निवासी मो. खालिद के 20 वर्षीय पुत्र मो. कामरान खालिद के रूप में हुई है।

वहीं घायल युवक मो. अफाक आलम के 22 वर्षीय पुत्र फुरकान बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मृत्युंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेजा। घायल युवक को पहले हिसुआ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

नवादा-जमुई पथ पर दो युवकों की दर्दनाक मौत

दूसरी घटना शनिवार की रात नवादा-जमुई पथ पर पकरीबरावां प्रखंड के धमौल थाना क्षेत्र अंतर्गत जमहड़िया गांव के पास घटी। यहां बाइक और अज्ञात वाहन की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुलनी पंचायत के अटारी गांव निवासी विनोद यादव के 20 वर्षीय पुत्र रवि कुमार और धनेश्वर यादव के 25 वर्षीय पुत्र सतीश यादव के रूप में हुई है।

धमौल थाना के अपर थानाध्यक्ष इंद्रमल मांझी ने बताया कि रात करीब 8:15 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों के अनुसार, रवि अपनी फुआ के यहां अलीगंज जा रहा था और सतीश उसके साथ बाइक पर सवार था। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।

मुखिया पति समेत दस लोग घायल, स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई

तीसरी घटना में मुंगेर से श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे वारिसलीगंज के मुखिया पति समेत दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शेखपुरा जिले के कुसुम्भा थाना क्षेत्र अंतर्गत विजयनगर पुल के पास तेज रफ्तार से आ रही एक चारपहिया वाहन के चकमा देने से स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ताड़ के पेड़ से टकरा गई।

हाजीपुर पंचायत की मुखिया आशो देवी के पति बौधु चौधरी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें सदर अस्पताल से विम्स पावापुरी रेफर किया गया है। घायलों में उप मुखिया अशोक चौधरी, पूर्व वार्ड सदस्य रामदेव यादव, विकास यादव, सुनील यादव, चालक इम्तियाज अंसारी समेत अन्य शामिल हैं। चालक इम्तियाज अंसारी ने बताया कि वाहन के सभी एयरबैग खुल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page