HomeBreaking Newsनवादा वासियों का सपना हुआ पूरा:...

नवादा वासियों का सपना हुआ पूरा: वारिसलीगंज में लगने जा रही बड़ी चीनी मिल के जमीन पर पहुंचे अपर मुख्य सचिव, फिर दिए बड़े संकेत

वारसलीगंज के मकनपुर में 114 एकड़ भूमि का किया गया निरीक्षण, निवेशकों को जल्द बुलाने और गन्ना उत्पादन बढ़ाने के दिए निर्देश

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा वासियों का सपना अब पूरा होने जा रही है। बुधवार को नवादा दौरे पर पहुंचे अपर मुख्य सचिव, गन्ना उद्योग विभाग, बिहार, पटना-सह-नवादा जिला प्रभारी सचिव के. सेंथिल कुमार ने वारसलीगंज प्रखंड के मौजा मकनपुर में प्रस्तावित चीनी मिल स्थापना के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि चीनी मिल स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा जल्द से जल्द निवेशकों को स्थल पर आमंत्रित किया जाए।

इस मौके पर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने प्रस्तावित भूमि से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। प्रशासन द्वारा मकनपुर में 102 एकड़ सरकारी एवं 12 एकड़ निजी भूमि, कुल 114 एकड़ क्षेत्रफल में चीनी मिल स्थापना का प्रस्ताव गन्ना उद्योग विभाग को भेजा गया है, जिसके तहत यह निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने कहा कि चीनी मिल की स्थापना से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और किसानों को गन्ना उत्पादन एवं विपणन के लिए बेहतर और सुलभ व्यवस्था मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने अधिकारियों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने तथा सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस योजना बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर, गोपनीय शाखा प्रभारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता नवादा सदर, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page