सनसनी- नवादा में नकली मोबिल ऑयल का बड़ा खुलासा, कोलकाता की टीम ने नवादा पुलिस की सहयोग से छापेमारी कर करोड़ों का माल किया जब्त

गुल्फ कंपनी के नाम पर चल रहा था फर्जी कारोबार, हड्डी गोदाम से भारी मात्रा में डुप्लीकेट सामान बरामद

Report by Nawada News Xpress/नवादा / सूरज कुमार

नवादा नगर थाना क्षेत्र में नकली मोबिल ऑयल के बड़े रैकेट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। कोलकाता से आई चार सदस्यीय टीम ने नगर थाना पुलिस की सहयोग से नगर के हड्डी गोदाम मुहल्ले में छापेमारी कर करोड़ों रुपये के डुप्लीकेट मोबिल ऑयल और पैकिंग सामग्री को जब्त किया है।

बताया जा रहा है कि गुल्फ ऑयल लुब्रिकेंट्स इंडिया लिमिटेड के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली मोबिल ऑयल की पैकिंग और सप्लाई की जा रही थी। टीम ने मौके से कंपनी के डुप्लीकेट रैपर, फर्जी स्टिकर, क्यूआर कोड, स्कैनर और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले हजारों कंटेनर, कैप और अन्य सामान बरामद किए हैं।

कंपनी के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि इस तरह का नकली मोबिल ऑयल अगर वाहनों में इस्तेमाल होता है, तो इंजन को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। जांच में सामने आया है कि नवादा समेत आसपास के कई इलाकों में डुप्लीकेट स्टिकर लगाकर इसे खुलेआम बेचा जा रहा था।

नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमाशंकर सिंह के अनुसार इस मामले में मो नियाज के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया है। दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया कि वह हड्डी गोदाम स्थित अपने ठिकाने से बड़े स्तर पर नकली मोबिल ऑयल का कारोबार चला रहा था।

पुलिस ने कांड संख्या 350/26 दर्ज कर कॉपीराइट अधिनियम 1957 और अन्य धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 955 नकली कंटेनर, हजारों फर्जी लेबल, कैप, सिल्वर फॉइल, क्यूआर कोड कूपन, विभिन्न कंपनियों के नाम पर

तैयार और खाली डिब्बे समेत भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद नवादा में नकली ऑयल के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page