केमेस्ट्री परीक्षा के दौरान बेहोश हुई छात्रा, मजिस्ट्रेट और डायल-112 की तत्परता से बची जान, इलाज के बाद फिर लौटी परीक्षा देने
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रजौली इंटर विद्यालय में इंटरमीडिएट केमेस्ट्री विषय की परीक्षा के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परीक्षा कक्ष में बैठी एक छात्रा अचानक चक्कर खाकर बेहोश हो गई। छात्रा के बेहोश होते ही वीक्षकों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना केंद्राधीक्षक व प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को दी गई।

सूचना मिलते ही मजिस्ट्रेट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डायल-112 की टीम को मौके पर बुलाया। कुछ ही देर में पहुंची डायल-112 की टीम ने मजिस्ट्रेट के सहयोग से बेहोश छात्रा को सुरक्षित अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. हिमांशु कुमार ने छात्रा का प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सक ने बताया कि बेहोश हुई छात्रा की पहचान नरौली गांव निवासी खुशी कुमारी के रूप में हुई है। जांच के बाद आवश्यक सुई एवं दवाएं दी गईं, जिसके बाद छात्रा की हालत में सुधार हुआ। हैरान करने वाली बात यह रही कि इलाज के बाद छात्रा ने हिम्मत नहीं हारी और मजिस्ट्रेट के साथ पुनः परीक्षा केंद्र पहुंचकर अपनी अधूरी परीक्षा पूरी की।

मिली जानकारी के अनुसार परीक्षा कक्ष में मौजूद एक अन्य छात्रा द्वारा सेंट (पर्फ्यूम) का उपयोग किए जाने से खुशी कुमारी को एलर्जी हो गई थी, जिससे उसे चक्कर आया और वह बेहोश हो गई।

इस पूरे मामले पर एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन ने बताया कि परीक्षा के दौरान एक छात्रा की तबीयत अचानक खराब हुई थी, जिसे तत्काल प्राथमिक इलाज उपलब्ध कराया गया। फिलहाल छात्रा की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। बता दें कि यह घटना न सिर्फ प्रशासन की सतर्कता को दर्शाती है, बल्कि छात्रा के हौसले की भी मिसाल बन गई है।





Recent Comments