डीएम के लिखित आदेश से मचा हड़कंप, अग्निशमन पदाधिकारी को मौके पर जांच व कार्रवाई का निर्देश
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिला मुख्यालय के रामनगर मुहल्ला स्थित विश्वकर्मा अपार्टमेंट में संचालित डोमिनोज़ आउटलेट को लेकर उठी स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी शिकायत ने अब प्रशासनिक स्तर पर गंभीर मोड़ ले चुकी है। अपार्टमेंटवासियों की शिकायत पर जिला मजिस्ट्रेट नवादा रवि प्रकाश ने इसे गंभीर मानते हुए लिखित आदेश जारी कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिए हैं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

डीएम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि विश्वकर्मा अपार्टमेंट, रामनगर नवादा के एक चार मंजिला आवासीय भवन है, जिसके ग्राउंड फ्लोर पर डोमिनोज़ आउटलेट का संचालन किया जा रहा है। आदेश में कहा गया है कि आउटलेट में एलपीजी गैस के माध्यम से लगातार व्यावसायिक कुकिंग होती है, जिससे गैस रिसाव, आग अथवा विस्फोट का गंभीर खतरा बना रहता है।

डीएम के आदेश में यह भी दर्ज है कि खाना पकाने के दौरान उत्पन्न अत्यधिक गर्मी और धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंचता है, जिससे वहां रहने वाले परिवारों को सांस लेने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति आवासीय क्षेत्र के लिए पूरी तरह असुरक्षित और नियमों के विरुद्ध मानी गई है।

परिवादियों की मौजूदगी में जांच का निर्देश
जिला मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश ने अपने आदेश में नवादा अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि “अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से डोमिनोज़ आउटलेट की जांच परिवादियों की उपस्थिति में करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।” यह आदेश प्रशासन की सख़्त मंशा को दर्शाता है कि मामले को सिर्फ काग़ज़ों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि मौके पर पहुंचकर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

इन लोगों ने लगाई जान-माल की गुहार
इस मामले को लेकर बीके सुहास, पिंकी कुमारी, श्याम अग्रवाल, विकास कुमार, उदय जैन, राजेश कुमार, संजय कुमार, सुमित कुमार बोहरा, अजीत पाल सिंह तथा गौतम भगत सहित अन्य अपार्टमेंट निवासियों ने संयुक्त रूप से परिवाद दायर कर प्रशासन से परिवारों की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

एसपी से लेकर थाना तक भेजी गई प्रतिलिपि
निवासियों ने बताया कि शिकायत पत्र की प्रतिलिपि नवादा एसपी, सदर एसडीओ, सदर एसडीपीओ, अग्निशमन पदाधिकारी और नगर थाना को भी भेजी गई है, ताकि किसी संभावित हादसे से पहले समय रहते कार्रवाई हो सके। अब डीएम के लिखित आदेश के बाद यह साफ हो गया है कि आवासीय क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रशासन का शिकंजा कसने वाला है। आगे की कार्रवाई पर पूरे शहर की नजरें टिकी हुई है।




Recent Comments