दीपावली व छठ पर्व मनाने से पहले जान लें डीएम व एसपी ने क्या जारी किया फरमान, पढ़ें पूरी खबर

पदाधिकारियों के साथ बैठक कर डीएम ने दिया आवश्यक निर्देश, डीएम ने कहा अवैध पटाखा बेचने वालों के विरूद्ध की जायगी निरोधात्मक कार्रवाई, एसपी ने कहा असमाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा डीएम आशुतोष कुमार वर्मा ने दीपावली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने को लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 29 अक्टूबर को धनतेरस, 31 अक्टूबर को दीपावली पर्व है, जिसमें पटाखा के कारण कहीं भी अप्रिय घटना घट सकती है, इसके लिए अग्निशमन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी हॉस्पीटल में 24 घंटे डॉक्टर की उपस्थिति अनिवार्य है, साथ ही एम्बुलेंस की व्यवस्था रखनी होगी।

अवैध पटाखा बेचने वालों पर होगी निरोधात्मक कार्रवाई 

पटाखों की बिक्री केवल लाईसेंसधारी दुकानों द्वारा ही की जा सकती है। अवैध पटाखा बेचने वाले के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जायेगी। पटाखा बिक्री स्थल पर अनुज्ञप्तिधारियों को कम से कम दो पोर्टेबल अग्निशाम यंत्र रखना अनिवार्य है। डीएम ने कहा कि छठ महापर्व 5 नवम्बर को नहाय खाय, 6 नवम्बर को खरना, 7 नवम्बर को संध्या अर्घ्यदान एवं 8 नवम्बर 2024 को प्रातःकालीन अर्घ्यदान है।

इस अवसर पर नदियों, तालाबों, एवं घाटों पर श्रद्धालुओं, छठव्रतियों एवं उनके परिवार के सदस्यों की भारी भीड़ एकत्र होती है। आस्था के महापर्व छठ व्रत के अवसर पर डीएम के द्वारा नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी बीडीओ को सभी छठ घाटों को पूर्ण सफाई, प्रकाश की व्यवस्था, चेंजिंग रूम तथा शौचालय आदि की व्यवस्था के अलावा जिलेवासियों के लिए सभी प्रकार की आधारभूत सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

विधि व्यवस्था संधारण करने के लिए हर संभव कदम उठाने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के लिए शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर लिया गया है। छठ के अवसर पर ज्यादा गड्ढे वाले तालाब पर गोताखोर तैयार रखें। कभी-कभी ज्यादा पानी रहने के कारण डूबने की स्थिति हो जाती है, इसके लिए महाजाल एवं गोताखोर अवश्य तैयार रखेंगे। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण घाटों जहां पर भीड़-भाड़ ज्यादा रहती है, नियंत्रण के लिए पदाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात रहेंगे एवं शांति व्यवस्था बनाये रखेंगे।

उन्होंने जिलेवासियों से निवेदन किया है कि दीपावली एवं छठ महापर्व में अपने-अपने बच्चों और बृद्धजनों के पॉकेट में पूरा पता एवं फोन नंबर जरूर लिखकर डाल दें, ताकि यदि कोई बच्चा व बृद्धजन रास्ता भटक जाते हैं तो जिला प्रशासन उनके पते एवं फोन नंबर के माध्यम से उनके परिवार जनों से मिलाने का प्रयास कर सके। भीड़-भाड़ वाले जगहों पर सतर्कता बरतनी है। मनरेगा के तहत रोड की स्थिति यदि अधूरा हो तो उसे ध्यान में रखेंगे एवं

घाट पर जाने वाली रास्ता में गड्ढा है तो उसे मरम्मत कर सही कर लेंगे, ताकि छठव्रती एवं अन्य लोगों को आने-जाने में असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि पर्व को सकारात्मक दृष्टिकोण एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाना है। छठ पर्व में घाट पर जाने वाले रास्ते में साफ-सफाई एवं प्रकाश की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। नहाय खाय के दिन से लेकर पारण तक घाटों की निगरानी करनी होगी। 

एसपी ने कहा शरारती तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

एसपी अभिनव धीमन ने कहा कि शरारती तत्वों पर पैनी नजर रहेगी। छेड़खानी की घटना अगर हो तो वहां नियंत्रण रखना है एवं सख्ती से कार्रवाई करना है। सभी पूजा समिति के साथ बैठक कर खतरनाक घाटों को चिन्हित और सुव्यस्थित करने का भी निर्देश दिया गया। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भी गहरे नदी और तालाबों वाले जगहों पर ध्यान रखना होगा, खास कर मोतनाजे में लोग पानी के लिए एवं स्नान के लिए आयेंगे, जहां डूबने की स्थिति से रोकना है।

घाट वाले स्थानों पर पटाखा छोड़ना मना है। छठ के समय एनाउन्समेंट के द्वारा लोगों को सतर्कता के बारे में जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नदी की गहराई के लिए प्रतीक चिन्ह एवं बैरिकेटिंग का निर्माण अवश्य करायेंगे। सिविल पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के द्वारा संयुक्त रूप से पटाखों के दुकान पर छापेमारी करेंगे। उन्होंने कहा कि असमाजिक तत्वों पर पैनी नजर रहेगी। उन्होंने सभी उपस्थित शांति समिति के सदस्यों को दीपावली एवं छठ पर्व की शुभकामनाएं दी।

एसडीओ नवादा सदर एवं रजौली द्वारा सभी बीडीओ व सीओ को दीपावली एवं छठ पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने का आवश्यक निर्देश दिया गया। मौके पर अपर समाहर्ता, जिला गोपनीय प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर व रजौली, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवादा व रजौली, भूमि सुधार उपसमाहर्ता नवादा, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नवादा सदर, वारिसलीगंज तथा रजौली सहित सभी बीडीओ एवं सीओ मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page