HomeBreaking Newsनवादा की बेटियों का जलवा: इंटर...

नवादा की बेटियों का जलवा: इंटर में छाईं सपना-श्रेया, शैली ने भी किया कमाल, पूरे बिहार में नवादा की बेटियों का बज रहा डंका

गरीबी को दी मात, मेहनत से रचा इतिहास — कौआकोल की सपना बनी स्टेट सेकंड टॉपर, पकरीबरावां की श्रेया कॉमर्स में चौथे स्थान पर, और नवादा शहर की शैली वर्मा बनी जिले की सेकंड टॉपर, पूरे जिले में जश्न का माहौल, सांसद विवेक ठाकुर ने दी बधाई

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

 नवादा की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम में जिले की छात्राओं ने ऐसा परचम लहराया कि पूरा बिहार उनका लोहा मान रहा है। नवादा जिले की सपना, श्रेया और शैली वर्मा ने यह साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं है।

कौआकोल प्रखंड के नावाडीह गांव की सपना कुमारी ने 479 अंक लाकर पूरे राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है, वहीं पकरीबरावां की श्रेया कुमारी ने कॉमर्स संकाय में 94.80 प्रतिशत अंक के साथ चौथा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

साधारण परिवार से आने वाली सपना की यह सफलता किसी चमत्कार से कम नहीं है। उनके पिता गांव में छोटी सी परचून दुकान चलाते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद सपना ने अपनी मेहनत और लगन से इतिहास रच दिया। इससे पहले भी वह मैट्रिक परीक्षा में राज्य स्तर पर छठा स्थान हासिल कर चुकी हैं।

लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए इस बार उन्होंने अपनी रैंकिंग में सुधार कर राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। उनकी सफलता पर गांव से लेकर पूरे प्रखंड में जश्न का माहौल है।

दूसरी ओर, पकरीबरावां बाजार की रहने वाली श्रेया कुमारी ने कॉमर्स संकाय में चौथा स्थान हासिल कर सभी को चौंका दिया। उनके पिता तेल मिल चलाते हैं और माता गृहिणी हैं। श्रेया ने सीमित संसाधनों के बीच अपनी मेहनत, सेल्फ स्टडी और थोड़ी बहुत कोचिंग के सहारे यह मुकाम हासिल किया। वह रोजाना 8-9 घंटे पढ़ाई करती थीं और अब आगे चलकर सीए बनने का लक्ष्य रखती हैं।

सिर्फ यही नहीं, नवादा शहर की शैली वर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉमर्स में जिले की सेकंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उन्होंने 469 अंक (93.80%) प्राप्त किए। उनकी सफलता में परिवार के सहयोग और कड़ी मेहनत की अहम भूमिका रही।

छात्राओं की इस ऐतिहासिक सफलता पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी खुशी जाहिर की है। सांसद विवेक ठाकुर ने सपना और श्रेया को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे नवादा के लिए गर्व की बात है। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अजीत कुमार ने सपना के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नवादा की बेटियों की यह सफलता न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। आज पूरा नवादा इन बेटियों की सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page