HomeBreaking Newsनवादा की प्रधान जिला जज की...

नवादा की प्रधान जिला जज की अचानक मौत, कई सवाल छोड़ गई घटना

आवास में अचेत मिली जिला जज शिल्पी सोनीराज, अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित, एफएसएल जांच में जुटी पुलिस, न्यायिक महकमे में शोक की लहर, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया पटना, न्यायालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था पार्थिव शरीर

Report by Nawada News Xpress / नवादा सूरज कुमार

नवादा की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिल्पी सोनीराज के आकस्मिक निधन से जिले भर में शोक की लहर दौड़ गई। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता और न्यायालय कर्मी स्तब्ध रह गए। सभी लोग निजी अस्पताल धर्मशीला देवी हॉस्पिटल की ओर दौड़ पड़े, जहां कुछ ही देर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को भी प्रतिदिन की भांति प्रधान जिला जज शिल्पी सोनीराज ने न्यायालय में नियमित रूप से अदालती कार्य का निपटारा किया और शाम को अपने सरकारी आवास चली गईं। शुक्रवार की सुबह वे अपने आवास के कमरे में अचेत अवस्था में पाई गई। तत्काल उन्हें धर्मशीला देवी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

निधन की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान दलबल के साथ धर्मशीला देवी अस्पताल पहुंचे। नगर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। जिलाधिकारी के निर्देश पर सिविल सर्जन कई चिकित्सकों की टीम के साथ अस्पताल पहुंचे, लेकिन सभी प्रयास निष्फल रहे। रिश्तेदारों के पहुंचने के बाद प्रधान जिला जज के पार्थिव शरीर को सदर अस्पताल लाया गया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा गया।

मौत संदेहात्मक, एफएसएल जांच में जुटी पुलिस

प्रधान जिला जज शिल्पी सोनीराज की मौत को पुलिस ने संदेहात्मक मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर एफएसएल की टीम को धर्मशीला देवी अस्पताल बुलाया गया। टीम ने शव एवं अन्य संबंधित वस्तुओं की बारीकी से जांच कर कई अहम साक्ष्य एकत्र किए। वहीं नगर थाना पुलिस ने घटना के दिन सरकारी आवास में मौजूद लोगों के मोबाइल फोन भी जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन कर रही है।

न्यायालय परिसर में अंतिम दर्शन, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई विदाई

शुक्रवार को पार्थिव शरीर को पटना ले जाने से पूर्व व्यवहार न्यायालय के मुख्य द्वार पर लाया गया, जहां सैकड़ों अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और न्यायिक पदाधिकारियों ने अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए। पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसी क्रम में जिला अधिवक्ता संघ एवं अनुमंडल अधिवक्ता संघ के संयुक्त तत्वावधान में शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा की अध्यक्षता जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष तेज नारायण यादव ने की। महासचिव अरविंद कुमार ने कहा कि अल्प अवधि में ही उन्होंने अपनी कार्यशैली से सभी को प्रभावित किया। अनुमंडल संघ के अध्यक्ष मो. तारिक ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और न्यायप्रिय बताया। शोकसभा में लोक अभियोजक मनोज कुमार, सरकारी वकील राजीव नयन रंजन, अधिवक्ता गौरी शंकर सिंह, कुमार चंदन, राजेश कुमार सिन्हा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि शिल्पी सोनीराज वर्ष 2016 में अपर जिला जज बनी। उन्होंने जहानाबाद और लखीसराय में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय सहित कई पदों पर कार्य किया। वे राज्य विधिक सेवा प्राधिकार की सदस्य सचिव और पटना उच्च न्यायालय में संयुक्त रजिस्ट्रार भी रही। उनका सेवानिवृत्ति वर्ष 2033 निर्धारित था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page