25 हजार घूस लेते ही अकबरपुर थाना के इस एसआई को निगरानी ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा में नये साल की शुरुआत होते ही निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना ने बड़ी कार्रवाई कर सनसनी फैला दिया है। नवादा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ धमाकेदार कार्रवाई करते हुए अकबरपुर थाना में पदस्थापित एसआई प्रमोद कुमार को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

केस डायरी और गिरफ्तारी रोकने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
जानकारी अनुसार गिरफ्तार दारोगा एक आपराधिक कांड में मदद करने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी रोकने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित विकास कुमार (निवासी नवादा) ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के पास इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि अकबरपुर थाना कांड संख्या 484/25 में उनके जीजा और भांजा को गिरफ्तार नहीं करने तथा केस डायरी में सहूलियत देने के नाम पर दारोगा प्रमोद कुमार लगातार पैसे की मांग कर रहा था।

सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद डीएसपी गौतम कृष्ण के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया।
थाना गेट पर ही दबोचा गया दारोगा
शुक्रवार को जैसे ही एसआई प्रमोद कुमार अकबरपुर थाना के गेट पर परिवादी से 25,000 रुपये रिश्वत ले रहे थे, तभी पहले से तैनात निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा। टीम ने दारोगा के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली और उसे हिरासत में ले लिया।

विशेष न्यायालय में होगी पेशी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2026 में यह भ्रष्टाचार के खिलाफ दर्ज दूसरी प्राथमिकी है, जबकि ट्रैप से जुड़ा यह साल का पहला मामला बताया गया है। पूछताछ के बाद गिरफ्तार दारोगा को पटना स्थित विशेष न्यायालय (निगरानी) में पेश किया जाएगा।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश
निगरानी ब्यूरो ने दो टूक शब्दों में कहा है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो बिना डर के तुरंत संपर्क करें। निगरानी ने हेल्पलाइन नंबर: 0612-2215344, व्हाट्सएप नंबर: 9473494167 पर शिकायत करने के लिए उक्त नंबर को जारी किया है। गौरतलब हो कि नये साल में इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि रिश्वतखोरों के लिए अब कोई जगह नहीं है, निगरानी की नजर हर कदम पर है।


Recent Comments