पुलिस पर फायरिंग कर भागा, खदेड़कर दबोचा गया—लाइनपार मिर्जापुर से लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तारी
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा नगर थाना पुलिस को लंबे समय से नाको दम कर रहा एक कुख्यात अपराधी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गुरुवार की दोपहर लाइनपार मिर्जापुर मुहल्ला स्थित मुसहर टोली में हथियार लहराकर आतंक फैला रहे अपराधी को पुलिस ने साहसिक कार्रवाई करते हुए लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अपराधी पुलिस को देखते ही फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़ा और कुछ ही दूरी पर धर दबोचा। इस दौरान भागने के क्रम में अपराधी ईंट पर गिर गया, जिससे वह जख्मी हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

गिरफ्तार अपराधी की पहचान लाइनपार मिर्जापुर मुसहर टोली निवासी युगल मांझी के पुत्र राजू मांझी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था और दोबारा इलाके में दहशत का माहौल बना रहा था। पुलिस के अनुसार राजू मांझी रात के समय हथियार के बल पर राहगीरों से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था।

हालांकि पुलिस फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है, लेकिन मौके से लोडेड पिस्टल बरामद होने से उसकी आपराधिक मंशा साफ झलकती है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।


Recent Comments