प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में छात्राओं के साथ लगाया जा रहा महिला सशक्तिकरण सभा, फ्रेंडली होकर छात्राओं को किया जा रहा सशक्त
राजकीय कन्या इंटर विद्यालय में छात्राओं को महिला दारोगा ने पढ़ाया नये कानून का पाठ
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा के सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में छात्राओं को सशक्त व निडर बनाने के लिए नवादा पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण सभा आयोजित कर महिला पुलिस पदाधिकारी द्वारा स्कूलों में छात्राओं के साथ उनकी भावनाओं को सुनकर उनके अंदर आत्म विश्वास जगाया जा रहा है। शुक्रवार को नगर के राजकीय कन्या इंटर विद्यालय में नगर थाना के एसआई रीना कुमारी ने छात्राओं के साथ बैठक कर उनकी बातों को सुनने का काम किया

और नये कानून की जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं ने कहा कि जब से डायल 112 की सुविधा मिली है, तब से निडर होकर कहीं भी आने-जाने लगे हैं। पुलिस का सहयोग मिलने से लड़कियों व महिलाओं में निडरता आई है।

महिला हेल्प लाईन की पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में जाकर स्कूली छात्राओं को एक जुलाई 2024 से लागू की गई नए कानून की दी जा रही जानकारी काफी कारगर साबित हो रही है। छात्राओं को नये कानून का पाठ पढ़ाते हुए एसआई रीना कुमारी ने बताया कि

महिलाओं और बच्चों के साथ होने वाले अपराध से निपटने के लिए नए आपराधिक कानूनों में 37 धाराओं को शामिल किया गया है। पीड़ित और अपराधी दोनों के संदर्भ में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों को जेंडर न्यूट्रल बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार करने पर दोषी को आजीवन कारावास या मृत्युदंड की सजा मिलेगी। झूठे वादे या नकली पहचान के आधार पर यौन शोषण करना अब आपराधिक कृत्य माना जाएगा।

उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के लिए 7 दिनों के अंदर बलात्कार पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट जांच अधिकारी के पास भेजना अनिवार्य हो गया है। इसके अलावा महिला एसआई ने बताया कि अब NCRB ने एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया है,

जिसमें NCRB आपराधिक कानूनों का संकलन है। उन्होंने बताया कि यह ऐप Google Play Store और Apple App Store पर उपलब्ध है। इस ऐप से आप नए आपराधिक कानून के बारे में और अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

गौरतलब हो कि इसके पूर्व नगर के जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल नवीन नगर में छात्राओं को नये कानून की जानकारी दी गई, जहां एकांत कमरे में छात्राओं की बातों को सुनकर उन्हें नये कानून के फायदों से अवगत कराया गया था।
