भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा देश की राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस और उनके नेताओं का स्तर इतना गिर गया है कि एक राज्य के मुख्यमंत्री बिहार के डीएनए पर करते हैं आपत्तिजनक टिप्पणी
भाजपा ने प्रेसवार्ता कर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर साधा निशाना
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
देश की राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस और उनके नेताओं का स्तर इतना गिर गया है कि एक राज्य के मुख्यमंत्री बिहार के डीएनए पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के राज्य सभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के घर पर आयकर के छापा में करोड़ों का काला धन पकड़ा गया है। इस मामले में कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी चुप्पी साधे हुए हैं।

उक्त बातें शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में आायोजित प्रेसवार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ भ्रष्टाचारियों का अड्डा बनकर रह गया है। कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी खुद नेशनल हैराल्ड केश में जमानत पर हैं।

जिलाध्यक्ष श्री मेहता ने कहा कि बिहार के डीएनए पर जो आपत्तिजनक टिप्पणी तेलंगाना मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने किया है, आज न तो उसपर कांग्रेस पार्टी के नेता और ना ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कुछ टिप्पणी कर रहे हैं।

ऐसे मुख्यमंत्री को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए और बिहारियों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 6 दिसम्बर को आयकर विभाग ने शराब निर्माण कंपनी बलदेव साहू एंड समूह के 10 स्थानों पर झारखंड तथा ओडिसा में छापेमारी की है।

आयकर विभाग ने बलदेव साहू कंपनी के बोलांगिर कार्यालय से 30 किलोमीटर दूर स्थित सतपुड़ा कार्यालय में एक छापे में 225 करोड़ कैश बरामद किया है, जहां कार्यालय के 9 खंडों में 500, 200 और 100 के नोट बंडल में रखे गये थे।

श्री मेहता ने कहा कि आयकर विभाग की टीम ने मशीनों का उपयोग कर नोटों की गिनती की और उन्हें 157 बैगों में भरा, जब बैग कम पड़ गये, तो नोटों को और बैगों में भरकर उन्हें ट्रक में डालकर बैंक में ले जाया गया। इस घोटाले में बलदेव साहू और समूह कंपनी के धीरज प्रसाद साहू के अलावा उनके परिवार के कई सदस्य शामिल हैं।

पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना ने कहा कि राज्य सभा चुनाव के दौरान वर्ष 2018 में धीरज प्रसाद साहू ने जो शपथ पत्र चुनाव आयोग को दिया था, उसमें अपनी संपत्ति 34 करोड़ रुपये बताया था। उन्होंने खुद पर 2.36 करोड़ रुपये का कर्ज भी घोषित किया था, जबकि वित्तीय वर्ष 2016-17 के इनकम टैक्स रिटर्न में उन्होंने अपनी आमदनी मात्र एक करोड़ रुपये से अधिक बताया था।

पूर्व में धीरज साहू कांग्रेस में प्रदेश स्तर के महत्वपूर्ण पद पर रह चुके हैं और उन्हें प्रदेश में कांग्रेस के सबसे बड़े फाइनेन्सर के रूप में देखा जाता है। मौके पर भाजपा के विजय पांडेय, अरविंद गुप्ता, युवा ज़िलाध्यक्ष अभिजीत कुमार सिन्हा, तेजस सिन्हा, चुनाव सेल के संयोजक जितेंद्र बब्लू तथा चंदन राजवंशी आदि मौजूद थे।
