नवादा के इस इलाके में हाथियों की झुंड ने मचाया तबाही, घने जंगल में रातभर ग्रामीणों में बनी रही दहशत, पढ़ें पूरी खबर
धान के खलिहानों को रौंदकर खूब मचाया तबाही, वन विभाग ने ग्रामीणों की मदद से झुंड को खदेड़ा, कौआकोल में के जंगली गांव में पंहुचा हाथियों का झुंड, रजौली में हाथियों से तबाही की याद हुई ताज़ा
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

जमुई जिले के घने जंगलों से भटककर पहुंचा हाथियों का झुंड शनिवार देर रात कौआकोल के जंगली इलाके में दाखिल हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार हाथी महुडर पंचायत के करमाटांड़, भिखोमोह, रजवरिया, दनियां और रानीगदर के जंगलों में घूमते रहे।

हथियों ने किया फसलों को नुकसान
हाथियों ने कई किसानों के खलिहान में रखे धान, बिचाली और अन्य फसलों को जमकर नुकसान पहुंचाया। ग्रामीण गोरेलाल राय, बिंदेश्वरी राय, तुलसी राय और किशोरी राय ने बताया कि झुंड ने बड़ी मात्रा में धान की फसल बर्बाद कर दी है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस बार किसी प्रकार की जानमाल की अनहोनी नहीं हुई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से देर रात ही हाथियों के झुंड को खदेड़ दिया गया। गौरतलब है कि इससे पहले रजौली इलाके में भी हाथियों का एक झुंड पहुंच गया था, जिसने कई गांवों में फसलों, झोपड़ियों और बाड़ों में भारी तबाही मचाई थी।

कौआकोल में हाथियों की ताजा आमद ने ग्रामीणों को रजौली वाली घटना की याद दिला दी और रातभर दहशत का माहौल बना रहा। बता दें कि रजौली के जंगलों में झारखंड के चतरा जंगल से कई बार हाथियों की झुंड भटक कर पहुंचते रहे हैं। जिससे कई जंगली ग्रामीण इलाकों में तबाही हो चुकी है।

