शाम को पटवन करने गया था किसान, रात में हुआ कत्ल — इलाके में दहशत, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के बनियाबिगहा गांव के बधार में गेहूं के खेत से एक युवक का गला रेतकर किया गया शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बनियाबिगहा निवासी महावीर महतो के 40 वर्षीय पुत्र अनुज उर्फ सत्तू प्रसाद के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि अनुज बुधवार की शाम करीब छह बजे अपने खेत में लगे सब्जी की फसल में पटवन करने गए थे। रात करीब साढ़े सात बजे पत्नी से फोन पर बात हुई और उन्होंने बताया कि पाइप मोड़ रहे हैं।

कुछ देर बाद उन्होंने फोन कर कहा कि खाना तैयार हो जाए तो दिन का बचा चावल फ्राय कर देना। इसके बाद रात आठ बजे जब पत्नी ने दोबारा फोन किया तो फोन नहीं उठा। परिजनों ने रातभर चिंता में समय बिताया।

गुरुवार की सुबह खोजबीन के दौरान जब परिजन मोटर पम्पसेट वाले खेत की ओर पहुंचे तो गेहूं के खेत में खून बिखरा दिखा और आगे बढ़ने पर खेत के अंदर अनुज का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही परिजन चीत्कार करने लगे और देखते ही देखते गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार, नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार, एसआई रौशन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इस नृशंस हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Recent Comments