दृष्टिबाधित होने के बावजूद दूसरी बार UPSC में शानदार सफलता, कहा— रविराज ने नवादा ही नहीं, पूरे बिहार का मान बढ़ाया, माता-पिता को मिठाई खिलाकर दी बधाई
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के लिए गौरव का क्षण तब बना जब जिले के दृष्टिबाधित प्रतिभाशाली युवा रविराज ने दूसरी बार संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए अखिल भारतीय 20वीं रैंक प्राप्त कर इतिहास रच दिया।

इससे पहले भी रविराज UPSC में 182वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। रविराज की इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई देने के लिए नवादा के प्रसिद्ध व्यवसायी व भाजपा नेता रवि गुप्ता उनके घर पहुंचे।

उन्होंने रविराज की माता विभा सिन्हा और पिता रंजन कुमार सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें मिठाई खिलाई और इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी। इस दौरान भाजपा नेता रवि गुप्ता ने कहा कि दृष्टिबाधा जैसी कठिन परिस्थिति के बावजूद रविराज ने जो सफलता हासिल की है,

वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि रविराज ने अपनी मेहनत और लगन से नवादा ही नहीं बल्कि पूरे बिहार का नाम देशभर में रोशन किया है।

मौके पर भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष अजीत शंकर और समाजसेवी गोरे लाल ने भी रविराज की इस उपलब्धि पर परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने कहा कि रविराज की सफलता युवाओं के लिए संघर्ष और संकल्प की मिसाल है।



Recent Comments