HomeBreaking Newsइंस्टाग्राम पर प्यार के जाल में...

इंस्टाग्राम पर प्यार के जाल में फंसी युवती, टांगी से ताबड़तोड़ किया वार

ऑनलाइन इश्क बना ब्लैकमेल का हथियार… दोस्तों संग सुनसान जगह ले जाकर जबरन दबाव, इंकार पर जान लेने की कोशिश; पुलिस बोली– डिजिटल रिश्तों में जरा सी चूक पड़ सकती है भारी

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा में सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक दोस्ती प्यार बनकर ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि एक युवती की जान पर बन आई। नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम के जरिए हुई पहचान, उसके बाद हुआ प्यार, फिर ब्लैकमेल और अंततः टांगी से जानलेवा हमले की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। यह मामला न सिर्फ अपराध की क्रूरता दिखाता है, बल्कि डिजिटल सतर्कता की गंभीर जरूरत भी बताता है।

पीड़ित युवती के अनुसार करीब आठ महीने पहले अकबरपुर थाना क्षेत्र के देवरा गांव निवासी छोटू यादव से इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम में बदल गई। 12 फरवरी 2026 को मुलाकात के दौरान युवक ने मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। आरोप है कि उसी वीडियो को आधार बनाकर वह युवती पर दबाव बनाने लगा।

मंगलवार की शाम युवक ने फिर मिलने के लिए बुलाया। युवती का आरोप है कि उसे नवादा की ओर एक सुनसान जगह पर ले जाया गया, जहां पहले से उसके कुछ दोस्त मौजूद थे। वहां जबरन संबंध बनाने का प्रयास किया गया। युवती के विरोध करने पर टांगी और अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में उसका दाहिना पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।

घटना के बाद आरोपित युवती को बेहोशी की हालत में एक निजी अस्पताल ले गए, प्राथमिक इलाज के बाद देर रात करीब 11:30 बजे चारपहिया वाहन से सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। परिजनों ने बुधवार को उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिक खून बह जाने से स्थिति चिंताजनक थी।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पीड़िता व परिजनों से बयान लिया गया है। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

क्या है सबक ?

सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संबंध बनाते समय सतर्कता बेहद जरूरी है। निजी तस्वीरें या वीडियो साझा करना गंभीर खतरे में डाल सकता है। डिजिटल भरोसा कई बार जानलेवा जाल भी साबित हो सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page