56 रनों की धमाकेदार जीत, रेहान मलिक बने मैन ऑफ द मैच, डॉ अनुज ने कहा “खेल से धैर्य, संघर्ष और ईमानदारी की भावना का होता है विकास”
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा नगर के कुंती नगर स्थित मॉडर्न इंग्लिश स्कूल के खेल मैदान में आयोजित मॉडर्न क्रिकेट लीग जूनियर 2026 का फाइनल मुकाबला रोमांच, उत्साह और खेल भावना से भरपूर रहा। खिताबी जंग में मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, हिसुआ और मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कुंती नगर आमने-सामने थे, लेकिन अंततः कुंती नगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 56 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

पहले बल्लेबाजी में कुंती नगर का विस्फोटक प्रदर्शन
टॉस जीतकर मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, हिसुआ ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी कुंती नगर की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। जिसमें अनुराग वर्मा ने 31 रन, प्रत्युष कुमार ने 31 रन तथा रेहान मलिक ने 45 रनों की शानदार पारी खेली। निर्धारित 10 ओवर में कुंती नगर की टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 148 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। हिसुआ की ओर से सोएम ने 3 विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई हिसुआ
149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिसुआ की टीम 10 ओवर में 5 विकेट पर 92 रन ही बना सकी। जिसमें अभिजीत राज सिंह, ऋषभ वर्मा तथा प्रिंस ने बेहतर बल्लेबाजी की। कुंती नगर की सधी हुई गेंदबाजी और फील्डिंग के आगे हिसुआ की टीम टिक नहीं पाई।मैन ऑफ द मैच बने रेहान मलिक- 45 रनों की दमदार पारी के लिए रेहान मलिक को “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार दिया गया। उनकी बल्लेबाजी ने मैच की दिशा ही बदल दी।

निदेशक डॉ. अनुज ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथि के रूप में मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ. अनुज सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और राष्ट्रगान के बाद मैच का शुभारंभ कराया। खेल समापन के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने कहा: “खेल केवल शरीर को नहीं, बल्कि मन को भी मजबूत बनाता है। खेल से अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व और सहयोग की भावना विकसित होती है। जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है आपका प्रयास और टीम भावना।”

उन्होंने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों की सराहना करते हुए कहा कि आज के खिलाड़ी ही कल के भविष्य के सितारे हैं। निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से वे विद्यालय, जिला और देश का नाम रोशन करेंगे।

निर्णायक और आयोजन की सराहना
मैच में निर्णायक की भूमिका स्टेट पैनल अंपायर राकेश रंजन और राष्ट्रपति से पुरस्कृत खेल शिक्षक अलखदेव यादव ने निभाई। स्कोरर की जिम्मेदारी कल्पना कुमारी ने संभाली। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय टीमवर्क और नियमित अभ्यास को दिया।


Recent Comments