SIT की कार्रवाई से हड़कंप, डाक पार्सल की आड़ में गांजा तस्करी का हुआ बड़ा खुलासा, गिरफ्तार तस्कर पहले भी गांजा तस्करी में काट चूका है 7 साल की सजा
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने डाक पार्सल के नाम पर ले जाए जा रहे 142 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर एसपी का एक्शन
पुलिस अधीक्षक नवादा को 11 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली कि नारदीगंज थाना क्षेत्र से होकर एक उजले रंग के पिकअप वाहन में डाक पार्सल की आड़ में अवैध मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।

हाईवे चेकिंग में खुला तस्करी का राज
SIT की टीम ने नारदीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बनगंगा मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान “डाक पार्सल” अंकित एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया। जांच के क्रम में चालक केबिन में बने गुप्त बॉक्स को काटकर खोला गया, जहां से हल्के भूरे रंग के प्लास्टिक टेप में लिपटे 71 पैकेट गांजा बरामद किए गए।
142 किलो गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार
बरामद सभी पैकेटों का वजन लगभग 2-2 किलोग्राम पाया गया। कुल मिलाकर पिकअप वाहन से 142 किलोग्राम गांजा, 2 मोबाइल फोन और 2 हजार रूपये नकद जब्त किए गए। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।

पहले भी जा चुका है जेल, आपराधिक इतिहास उजागर
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार किया है। आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में भी गांजा तस्करी के एक मामले में 7 वर्ष जेल की सजा काट चुका है और लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले को लेकर 12 जनवरी 2026 को नारदीगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या-13/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, अन्य फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बता दें कि गिरफ्तार अभियुक्त पटना जिले के अथमलगोला थाना अंतर्गत सानो-बहादुरपुर चंदा निवासी स्व. योगेन्द्र सिंह के पुत्र ओम प्रकाश सिंह है। जिसके पास से 142 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसका अनुमानित कीमत 70 लाख रूपये आंकी जा रही है।

एसपी का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिले में नशे के कारोबार, तस्करी और सेवन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थ के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


Recent Comments