HomeBreaking Newsअंधविश्वास की आग में उजड़ा परिवार,...

अंधविश्वास की आग में उजड़ा परिवार, मचा कोहराम, कार्रवाई में जुटी पुलिस

भूत-पिचाश के शक ने ली महिला की जान, रजौली में खूनी संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों के लोग हुए घायल

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र स्थित सती स्थान मुहल्ले में अंधविश्वास ने ऐसा कहर बरपाया कि गुरुवार की सुबह दो गोतिया परिवारों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। भूत-पिचाश करने के आरोप को लेकर शुरू हुई मारपीट में 35 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे मुहल्ले में दहशत और मातम का माहौल है।

मृतका की पहचान, चार मासूमों के सिर से उठा मां का साया

इस घटना में जान गंवाने वाली महिला की पहचान सती स्थान मुहल्ला निवासी सुधीर चौधरी की पत्नी किरण देवी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। किरण देवी अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों—दो बेटियां और दो बेटे—को अनाथ छोड़ गई है। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तीन-चार दिन से चल रहा था विवाद

अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन संटू कुमार ने बताया कि बीते तीन-चार दिनों से पड़ोस में रहने वाले स्व. तुलसी चौधरी के पुत्र नरेश चौधरी और महेंद्र चौधरी के परिवार द्वारा किरण देवी व उनकी भाभी ललिता देवी पर भूत-पिचाश करने का आरोप लगाकर लगातार झगड़ा किया जा रहा था। गुरुवार को यह विवाद हिंसा में बदल गया।

ईंट-रॉड से हमला, घर में घुसकर की गई मारपीट

आरोप है कि नरेश चौधरी का पुत्र मुकेश कुमार, नटरू चौधरी, बेटी शोभा कुमारी, महेंद्र चौधरी की पत्नी किरण देवी और बहु बबीता देवी ने मिलकर ईंट और लोहे के रॉड से घर में मौजूद किरण देवी और ललिता देवी पर जानलेवा हमला कर दिया। महिलाओं को बचाने आए सुधीर चौधरी भी बुरी तरह घायल हो गए। दूसरे पक्ष से भी दो लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

अस्पताल में टूटा दम, इलाके में तनाव

सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने किरण देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायल ललिता देवी और सुधीर चौधरी इलाजरत हैं। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस का बयान: तीन हिरासत में, फोरेंसिक जांच शुरू

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि सती स्थान मुहल्ले में दो गोतिया परिवारों के बीच विवाद के कारण मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों से 4-5 लोग घायल हुए हैं और एक महिला की मौत हुई है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलन कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।

अंधविश्वास बना मौत की वजह

इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास की भयावह तस्वीर सामने ला दी है, जहां भूत-पिचाश जैसे आरोप के विवाद में एक महिला की जान चली गई है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि कब तक अंधविश्वास के मकड़जाल में निर्दोषों की बलि चढ़ती रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page