बिहार चैम्बर की प्रदेश कार्यकारिणी में तीसरी बार मिली जगह, मगध के व्यापारियों की आवाज बने रहेंगे रवि गुप्ता, जिले से लेकर प्रदेश तक खुशी की लहर
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा के लाल व प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी रवि गुप्ता को एक बार फिर बड़ी उपलब्धि मिली है। बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की प्रदेश कार्यकारिणी में उन्हें मगध क्षेत्र से सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह लगातार तीसरी बार है जब रवि गुप्ता ने प्रदेश चैम्बर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, जो उनके नेतृत्व, सक्रियता और व्यापारियों के प्रति समर्पण को दर्शाता है। व्यापारियों को संगठित करने और उनकी समस्याओं को मंच तक पहुंचाने में रवि गुप्ता की भूमिका हमेशा अहम रही है।

व्यापारियों में खुशी का माहौल
उनके प्रदेश कार्यकारिणी में चयन के बाद नवादा जिले के साथ-साथ पूरे मगध क्षेत्र के व्यापारियों में खुशी का माहौल है। दूरभाष के माध्यम से बड़ी संख्या में व्यापारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। व्यापारिक सुरक्षा, प्रशासनिक सहयोग और कारोबार से जुड़ी समस्याओं के समाधान में उनका सहयोग आने वाले समय में और भी प्रभावी माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एक 75 वर्ष पुरानी, प्रदेश की सबसे संगठित और बिहार के विकास में निरंतर भागीदारी निभाने वाली अग्रणी संस्था है। ऐसे में इस प्रतिष्ठित संस्था की प्रदेश कार्यकारिणी में तीसरी बार स्थान मिलना नवादा और मगध क्षेत्र के लिए भी गर्व की बात है।

व्यापारियों की समस्याएं उठाना मेरी पहली प्राथमिकता – रवि
प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य बनने पर रवि गुप्ता ने बिहार चैम्बर के अध्यक्ष पी. के. अग्रवाल सहित सभी प्रदेश पदाधिकारियों के प्रति आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं, सुरक्षा और हितों के लिए वे पहले की तरह पूरी मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे। जिले में उन्हें बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से आर. पी. साहू, मुन्ना कुमार साहू, सुनील कुमार गुप्ता, पारस कुमार सिंह, मुन्ना खान, सतीश कुमार, सतेंद्र यादव, पीयूष कुमार वर्णवाल, गौतम भारती, विनय कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं समाजसेवी शामिल हैं।


Recent Comments