भूमि विवाद में चली गोलियां, फिर जमकर हुआ पथराव, पुलिस ने कार्रवाई कर किया 8 लोगों को गिरफ्तार, 4 रायफल, एक रिवॉल्वर व 109 राउंड कारतूस किया जब्त
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिला अंतर्गत नारदीगंज थाना क्षेत्र के पंडपा गांव में बुधवार की दोपहर भूमि विवाद के दौरान जंग का मैदान बन गया, जिसमें जमकर पथराव और गोलीबारी हुई। हालांकि, गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। जबकि, पथराव में कई लोग चोटिल हुए।

सूचना बाद पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं एसपी अभिनव धीमन भी मामले की जांच करने घटना स्थल पर पहुंचे। गिरफ्तार लोगों के पास से चार राइफल, एक रिवाल्वर सहित राइफल का 94 व रिवाल्वर का 15 कारतूस बरामद किया गया है। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया गया है।

मौके से पुलिस ने तीन वाहन जिसमें एक फार्च्यूनर, एक थार जिप के अलावा टाटा पंच को जब्त किया। थानाध्यक्ष प्रभा कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में आरा जिले का एक, नालंदा जिले का एक, डुमरांव के दो, पालीगंज के दो, शेखपुरा के एक तथा नौबतपुर के एक व्यक्ति शामिल हैं। इस घटना में दोनों पक्षों के बीच हुई रोड़ेबाजी में दो लोग जख्मी हुए हैं।

एक पक्ष के पंडपा निवासी अर्जुन रविदास व दूसरे पक्ष के पटना जिले के बाढ़ थाना के नदवां गांव निवासी अरविन्द सिंह उर्फ अरविन्द पहलवान बताए जा रहे हैं। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद नारदीगंज में भर्ती कराया गया है, जहां कार्यरत चिकित्सक ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभा कुमारी व अन्य पुलिस पदाधिकारी पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में एसडीओ अखिलेश कुमार, सदर एसडीपीओ हुलास कुमार, हिसुआ इंस्पेक्टर रंजन कुमार के अलावा सीओ रईस आलम सहित अन्य अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की।

बताया गया कि पटना जिले के नदवां निवासी अरविन्द सिंह उर्फ अरविन्द पहलवान अपने सहयोगियों के साथ हरवे-हथियार से लैस होकर पंडपा गांव में खरीदी गई भूमि पर गेट लगाने के लिए आये थे, तभी पंडपा गांव के अनुसूचित परिवारों ने विरोध कर दिया। अनुसूचित परिवारों का कहना था कि इस भूमि का हमलोगों को वासिगत पर्चा मिला हुआ है।

वहीं अरविन्द सिंह का कहना था कि यह जमीन हमारे द्वारा खरीदारी की गई है। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच रोड़ेबाजी हो गया, जिसमें दो लोग जख्मी हो गये। उसके बाद आसमानी फायरिंग कर दशहत फैलाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद गांव के लोग दशहत में हैं। फिलवक्त मामला जो भी हो वह जांच का विषय बन गया है।

क्या कहते हैं पुलिस पदाधिकारी
सदर एसडीपीओ-वन हुलास कुमार ने मीडिया को बताया कि बुधवार की दोपहर करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि हरवे हथियार के साथ कुछ लोग पंडपा गांव पहुंचे हैं, जहां भूमि विवाद को लेकर आठ राउंड फायरिंग की गई है। इस मामले में दोनों पक्षों से आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है,

जिसमें चार राइफल व एक रिवाल्वर के अलावा राइफल का 94 गोली, 315 बोर व रिवाल्वर का 15 गोली जब्त किया गया है। यह मामला पूरी तरह से भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है। पंडपा गांव में एक भूखंड है, जो रैयती है, जिसपर पंडपा गांव के कुछ अनुसूचित परिवार बसे हुए हैं, जिनके पास वासिगत पर्चा भी है। सीओ ने कहा है कि यह भूमि रैयती है। अनुसूचित परिवार के भूमि का दाखिल-खारिज नहीं हुआ है।
